सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’

(संस्कारधानी जबलपुर की सुप्रसिद्ध साहित्यकार सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ ‘जी सेवा निवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, डिविजनल विजिलेंस कमेटी जबलपुर की पूर्व चेअर पर्सन हैं। आपकी प्रकाशित पुस्तकों में पंचतंत्र में नारी, पंख पसारे पंछी, निहिरा (गीत संग्रह) एहसास के मोती, ख़याल -ए-मीना (ग़ज़ल संग्रह), मीना के सवैया (सवैया संग्रह) नैनिका (कुण्डलिया संग्रह) हैं। आप कई साहित्यिक संस्थाओं द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित हैं। आप प्रत्येक शुक्रवार सुश्री मीना भट्ट सिद्धार्थ जी की अप्रतिम रचनाओं को उनके साप्ताहिक स्तम्भ – रचना संसार के अंतर्गत आत्मसात कर सकेंगे। आज इस कड़ी में प्रस्तुत है आपकी एक अप्रतिम गीत – संकल्प…।

? रचना संसार # 56 – गीत – संकल्प…  ☆ सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’ ? ?

☆

संकल्पों को शीश झुकाकर,

संस्कार को ग्रहण करो।

सद्गुण की माला फेरो तुम,

सत्कर्मों को वरण करो।।

*

मर्दन करके सदा दंभ का,

एक नया इतिहास गढ़ो।

पौरुष से जीतो इस जग को,

सत्य राह पर सदा बढ़ो।।

कुंठित मन के भाव त्याग कर,

नित उत्तम आचरण करो।

*

अंतर्मन विश्वास जगा कर,

साहस संयम धैर्य रहे।

शोषित जन के दग्ध हृदय में,

शीतल जल भी स्निग्ध बहे।।

दीनों के तुम बनो मसीहा,

तन की पीड़ा हरण करो।

*

स्वारथ के बादल उमड़े हैं,

मानवता की ज्योति जगा।

चीर-हरण रोको धरती का,

चंदन माटी माथ लगा।।

दुष्ट दानवों का वध करके,

वीरों का अनुसरण करो।

*

मायावी आँधी को रोको,

छल- प्रपंच से सदा बचो।

निष्ठाओं की डोर पकड़कर,

कोमल सुर संगीत रचो।।

सद्भावों की बाजे सरगम,

यह प्रण तुम आमरण करो।

☆

© सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’

(सेवा निवृत्त जिला न्यायाधीश)

संपर्क –1308 कृष्णा हाइट्स, ग्वारीघाट रोड़, जबलपुर (म:प्र:) पिन – 482008 मो नं – 9424669722, वाट्सएप – 7974160268

ई मेल नं- meenabhatt18547@gmail.com, mbhatt.judge@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted