श्री एस के कपूर “श्री हंस”
☆ “श्री हंस” साहित्य # 167 ☆
☆ मुक्तक – ।। बस प्रेम का ही इज़हार हो,तेरे हर किरदार में ।। ☆ श्री एस के कपूर “श्री हंस” ☆
☆
=1=
बस मोहब्बत का पैगाम हो तेरे हर सरोकार में।
अच्छी बातों का बखान हो तेरे हर इज़हार में।।
सवाल जिंदगी से मत करो क्या दिया है उसने।
बस बनो तुम सब पर मेहरबान अपने किरदार में।।
=2=
सुनो अंतस की बात ये प्रभु की आवाज़ होती है।
चलोगे विधान विमुख तो बात नासाज़ होती है।।
मत लेना किसी गरीब की कोई बददुआ।
जान लो परमात्मा की लाठी बेआवाज़ होती है।।
=3=
कुछ लोगों का काम होता दुर्भावना में जलते रहना।
दूसरों को संताप देकर खुशी से मचलते रहना।।
घृणा को पालना पोसना कारोबार बना लिया अपना।
किसीको ऊपर उठाना नहीं नर्क में स्वयं ढलते रहना।।
=4=
रोज़ धीरे-धीरे मरना नहीं हँस- हँस कर जीना है।
असली आनंद जीवन का मेहनत खून पसीना है।।
जरा छोड़ कर देखो अहम आनंद जीने का आयेगा।
प्रभु का मिला वरदान जीवन एक अनमोल नगीना है।।
=5=
रिश्ते भी भूखे होते हैं प्यार जता कर तो देखिए।
मिठास चाशनी की तरह जरा फैला कर तो देखिए।।
रंग भर जायेगा इस सूख चुकी दुनियादारी में।
बेवक्त बेवजह किसी को गले लगा कर तो देखिए।।
☆
© एस के कपूर “श्री हंस”
बरेलीईमेल – Skkapoor5067@ gmail.com, मोब – 9897071046, 8218685464





