श्री श्याम खापर्डे

(श्री श्याम खापर्डे जी भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी हैं। आप प्रत्येक सोमवार पढ़ सकते हैं साप्ताहिक स्तम्भ – क्या बात है श्याम जी । आज प्रस्तुत है आपकी भावप्रवण कविता “सहारा…”।) 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ ☆ क्या बात है श्याम जी # 226 ☆

☆ # “सहारा…” # ☆

☆

हर रिटायर्ड आदमी

उम्र के आखिरी पड़ाव पर

बीमारियों से थक हारकर

जब एकांत में बैठकर

अपने अतीत को याद कर

कुछ सोचता है

खुशियों को खोजता  है

 

कुछ रंगीन यादें

चलचित्र की भांति

आंखों के सामने से

क्रमवार गुजरती है

कुछ किस्से कहानियों की

बरबस ही याद आती है

वह उनमें खो जाता है

कुछ पल का सुकून पाता है

 

जब तंद्रा  टूटती हैं

यादें पीछे छूटती हैं

तब वह फिर वही पर

अपने आप को

खड़ा पाता हैं  

टूटा हुआ, निर्बल

असहाय हो जाता है

अंदर ही अंदर

उसे रिश्तों की कमी खलती है

उसकी आंखें पश्चाताप में जलती हैं  

इच्छाएं घुटकर हाथ मलती हैं  

जब रिश्तों की कड़वाहट

उसे छलती है

उसे लगता है

वह अपनों के बीच अकेला है

यह दुनिया बस

दिखावे का मेला है

 

किसी को उसके होने या ना होने से

कोई फर्क नहीं पड़ता है

जिनके लिए वह जीवन भर

दुनिया से रहा लड़ता है

 

सब अपने छोड़कर

अपने आशियाने बनाकर 

चले गए

वह देखता रहा

उसके अरमान जीते जी

छले गए

 

वह यह सब सहता है

आंखों से नीर बहता है

वह भावनाओं में बहकर

पत्नी को पास बिठाकर

भारी मन से कहता है

सब पानी के बुलबुले थे

जरा सी आंच में फूट गए

समय के प्रवाह में बहकर

हमारे अपने हमसे रूठ गए

आज –

हम दोनों ही एक दूसरे का सहारा है

परिस्थितियां जैसी भी हो

दुष्कर कैसी भी हो

जनम जनम का साथ तुम्हारा है /

☆

© श्याम खापर्डे 

फ्लेट न – 402, मैत्री अपार्टमेंट, फेज – बी, रिसाली, दुर्ग ( छत्तीसगढ़) मो  9425592588

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’  ≈

Please share your Post !

Shares
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted