श्री राघवेंद्र तिवारी

(प्रतिष्ठित कवि, रेखाचित्रकार, लेखक, सम्पादक श्रद्धेय श्री राघवेंद्र तिवारी जी  हिन्दी, दूर शिक्षा, पत्रकारिता व जनसंचार,  मानवाधिकार तथा बौद्धिक सम्पदा अधिकार एवं शोध जैसे विषयों में शिक्षित एवं दीक्षित। 1970 से सतत लेखन। आपके द्वारा सृजित ‘शिक्षा का नया विकल्प : दूर शिक्षा’ (1997), ‘भारत में जनसंचार और सम्प्रेषण के मूल सिद्धांत’ (2009), ‘स्थापित होता है शब्द हर बार’ (कविता संग्रह, 2011), ‘​जहाँ दरक कर गिरा समय भी​’​ ( 2014​)​ कृतियाँ प्रकाशित एवं चर्चित हो चुकी हैं। ​आपके द्वारा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के लिए ‘कविता की अनुभूतिपरक जटिलता’ शीर्षक से एक श्रव्य कैसेट भी तैयार कराया जा चुका है। आज प्रस्तुत है आपका एक अभिनव गीत “वही कि जिसकी साँसों में...”)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ # 243 ☆।। अभिनव गीत ।। ☆

☆ “वही कि जिसकी साँसों में...” ☆ श्री राघवेंद्र तिवारी ☆

☆

छँटे हुये से मिले

उसे सारे दुर्दिन

भोग रही है जिन्हें

घसीटे की दुलहिन

 

वही जिसे हर जापा

करना होता ही था

जिसका हर सपना अब

बिल्कुल छोटा ही था

 

उसके आगे मुस्तकबिल

भी था खड़ा हुआ

वही काटती समय रही थी

जो गिन गिन

 

वही जिसे सहने थे

सासू के ताने

वही जिसे आते थे

आँसू अनजाने

 

वही कि जिसकी साँसों

में थी दमा बसी

वही कि जिसकी सुविधा

के मर गये हिरन

 

वही कि जिसके अंग

अंग की  चुकी अगन

वही खनक न पायी

होकर के बरतन

 

वही कि जो सूरज सा

ताप लिये रहती

वही आज मुरझाई

लगती स्वर्ण किरन

 

वही पड़ी है आज

झोपड़ी में निश्चल

कोई नहीं है आज

उसे देने सम्बल

 

कामगार मजदूरों

की बस यही कथा

फेल दिखे इनकी

उन्नति के सभी मिशन

☆

©  श्री राघवेन्द्र तिवारी

18-7-2025

 संपर्क​ ​: ई.एम. – 33, इंडस टाउन, राष्ट्रीय राजमार्ग-12, भोपाल- 462047​, ​मोब : 09424482812​

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted