श्री संतोष नेमा “संतोष”
(आदरणीय श्री संतोष नेमा जी कवितायें, व्यंग्य, गजल, दोहे, मुक्तक आदि विधाओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं. धार्मिक एवं सामाजिक संस्कार आपको विरासत में मिले हैं. आपके पिताजी स्वर्गीय देवी चरण नेमा जी ने कई भजन और आरतियाँ लिखीं थीं, जिनका प्रकाशन भी हुआ है. आप डाक विभाग से सेवानिवृत्त हैं. आपकी रचनाएँ राष्ट्रीय पत्र पत्रिकाओं में लगातार प्रकाशित होती रहती हैं। आप कई सम्मानों / पुरस्कारों से सम्मानित/अलंकृत हैं. “साप्ताहिक स्तम्भ – इंद्रधनुष” की अगली कड़ी में आज प्रस्तुत है – संतोष के दोहे… । आप श्री संतोष नेमा जी की रचनाएँ प्रत्येक शुक्रवार आत्मसात कर सकते हैं।)
☆ साहित्यिक स्तम्भ – इंद्रधनुष # 268 ☆
☆ संतोष के दोहे… ☆ श्री संतोष नेमा ☆
☆
नदियाँ नाले कह रहे, हमसे बढ़ कर कौन |
तोड़ें सब तट बंध हम, जगत देखता मौन ||
*
रिपटा हो या पुल बड़ा, या पर्वत चट्टान |
तोड़ चले इन सभी को, लेकर नदी उफान ||
*
नदियाँ जब भी दिखातीं, रौद्र रूप विकराल |
त्राहि- त्राहि सब करें, नत मस्तक हो काल ||
*
मूक बनी जनता सभी, सह कुदरत की मार |
नेता गाल बजा रहे, बैठे पैर पसार ||
*
दोष नियति को दे रहे, बिन सोचे हम आप |
भूल रहे हम नियति है, सदा हमारी बाप ||
*
नदियाँ हम से पूछतीं, अक्सर एक सवाल |
पर्यावरणी चेतना, होगी कभी बहाल ||
*
बादल बरसें गरज कर, बढ़े नदी का नीर |
विध्वंशक नदियाँ बनी, कौन सुने जन पीर ||
*
मानो मदिरा पान कर, बरस रही बरसात |
सरिता आकुल बह रही, भीगे सब जज्बात ||
☆
© संतोष कुमार नेमा “संतोष”
वरिष्ठ लेखक एवं साहित्यकार
आलोकनगर, जबलपुर (म. प्र.) मो 7000361983, 9300101799
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈






