सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’
(संस्कारधानी जबलपुर की सुप्रसिद्ध साहित्यकार सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ ‘जी सेवा निवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, डिविजनल विजिलेंस कमेटी जबलपुर की पूर्व चेअर पर्सन हैं। आपकी प्रकाशित पुस्तकों में पंचतंत्र में नारी, पंख पसारे पंछी, निहिरा (गीत संग्रह) एहसास के मोती, ख़याल -ए-मीना (ग़ज़ल संग्रह), मीना के सवैया (सवैया संग्रह) नैनिका (कुण्डलिया संग्रह) हैं। आप कई साहित्यिक संस्थाओं द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित हैं। आप प्रत्येक शुक्रवार सुश्री मीना भट्ट सिद्धार्थ जी की अप्रतिम रचनाओं को उनके साप्ताहिक स्तम्भ – रचना संसार के अंतर्गत आत्मसात कर सकेंगे। आज इस कड़ी में प्रस्तुत है आपकी एक अप्रतिम गीत – मस्त -मस्त नयन…।
रचना संसार # 59 – गीत – मस्त -मस्त नयन… ☆ सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’
☆
मस्त- मस्त ये नयन तुम्हारे,
हिय में आग लगाते हैं।
चलते फिरते मयखाने ये,
मदिरा मधुर पिलाते हैं।।
*
मोती जैसे चमकें ये तो,
बंद करें पलकें खोलें।
पढ़े प्रेम की भाषा निशदिन,
बिन बोले ही रस घोलें।।
स्वप्न सजीले नयन लजीले,
पल छिन नये सजाते हैं।
*
मस्त मस्त ये नयन तुम्हारे,
हिय में आग लगाते हैं।।
**
दो नैनों की अद्भुत लीला,
तिरछे नयन कटारी हैं।
चैन चुराते जीवन भर का,
माया इनकी न्यारी है।।
बिन इनके सूना जग सारा,
पिय से यही मिलाते हैं।
*
मस्त मस्त ये नयन तुम्हारे,
हिय में आग लगाते हैं।।
**
बहकाते है नयन साँवरे,
मनवा धोखा खा जाता ।
लगता है जब रोग प्रेम का,
दीप जिया में जल जाता।।
नयन रसीले हरदम देखो,
प्रेम सुधा बरसाते है।
*
मस्त मस्त ये नयन तुम्हारे,
हिय में आग लगाते हैं।।
☆
© सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’
(सेवा निवृत्त जिला न्यायाधीश)
संपर्क –1308 कृष्णा हाइट्स, ग्वारीघाट रोड़, जबलपुर (म:प्र:) पिन – 482008 मो नं – 9424669722, वाट्सएप – 7974160268
ई मेल नं- meenabhatt18547@gmail.com, mbhatt.judge@gmail.com
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈






