स्व. प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’
(आज प्रस्तुत है गुरुवर स्व. प्रोफ. श्री चित्र भूषण श्रीवास्तव जी द्वारा रचित – “कविता – रक्षाबंधन…” । हमारे प्रबुद्ध पाठकगण प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ जी काव्य रचनाओं को प्रत्येक शनिवार आत्मसात कर सकेंगे.।)
☆ काव्य धारा # 234 ☆
☆ रक्षाबंधन विशेष – रक्षाबंधन… ☆ स्व. प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆
☆
राखी है प्रीति मे पगे उपहार का बंधन
भाई बहिन के पवित्र प्यार का बंधन
*
नाजुक हैं पर मजबूत हैं ये रेशमी धागे
बंधन न बडा कोई भी इन धागो के आगे
सुकुमार अंगुलियों का मधुर प्यार है इनमें
कोमल कलाईयो की झनकार है इनमें
प्यारी बहिन का भाई पे अधिकार का बधंन।
राखी है…..
*
यह रस्म नहीं मन की छुपी आश है इसमें
भाई बहिन के रिश्तों का विश्वास है इनमें
इन धागों से दो दूर के संसार बंधे हैं
भारत की भावनायें और संस्कार बंधे हैं
राखी है प्यार भरे परिवार का बंधन।
राखी है…..
*
भाई बहिन के प्रेम की पहचान है राखी
भावों का एक सुख भरा एहसास है राखी
बन्धुत्व के विस्तार का तेवहार है राखी
राखी बंधी कलाई का प्रिय प्यार है राखी
बहिनों के मन के सपनों की मनुहार है राखी।
राखी है…..
*
है हिंद के इतिहास का एक रंग भी इसमें
जब हिंदू बहिन से बंधाई राखी हुमाॅयू ने
रखी थी लाज राखी की रानी को बचाने
धर्मो का मर्म समझ भेदभाव भुला के
राखी है नेह के मधुर व्यवहार का बंधन ।
राखी है…..
*
जब धरती को हर्षाती हैं सावन की घटायें
मनमोर को वनमोर सा रिझाती हैं घटाये
रक्षा और प्रीति के गुंथे कई तार है इसमें
भावों का मधुर रसभरा भंडार है इसमें।
इतना सुखद न कोई भी संसार का बंधन।
राखी है…..
*
इन रेशमी धागों में है एक सुखभरा संसार
हर मन में जो भर जाता है सावन का मधुर प्यार
आपस के प्रेमभाव का उद्गार है राखी
सावन के सरस माह का श्रृंगार है राखी
भारत के सदाचार सरोकार का बंधन।
राखी है…..
☆
© स्व. प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’
साभार – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’
ए २३३ , ओल्ड मीनाल रेजीडेंसी भोपाल ४६२०२३
मो. 9425484452
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈





