श्री श्याम खापर्डे
(श्री श्याम खापर्डे जी भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी हैं। आप प्रत्येक सोमवार पढ़ सकते हैं साप्ताहिक स्तम्भ – क्या बात है श्याम जी । आज प्रस्तुत है आपकी भावप्रवण कविता “सावन बीत रहा है…”।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ ☆ क्या बात है श्याम जी # 229 ☆
☆ # “सावन बीत रहा है…” # ☆
☆
तुम बिन सावन सूना सूना
तुम बिन व्याकुल मीत रहा है
अब तो आ जाओ प्रियकर
देखो सावन बीत रहा है
बादल भी उमड़ घुमड़ कर
बरस बरस कर चले गए हैं
राह तकते मेरे नैना
झूठी आस में छले गए हैं
अमराई की गाती कोयल भी
इंतजार में रूठ गई है
बूंदों की यह अप्रतिम लड़ी भी
एक-एक कर टूट गई है
हार गई हूं अब तो मैं प्रीतम
हर कोई मुझसे जीत रहा है
अब तो आ जाओ प्रियकर
देखो सावन बीत रहा है
यह फूलों का मौसम है
यह झूलों का मौसम है
बहकती तरुणाई के
भूलों का मौसम है
रिमझिम फुहारों में
भीगती काया है
भीगें अंग वस्त्रों से
यौवन उभर आया है
देह झंकृत हो
पाने प्रियवर को
अंग अंग से मादक
बज संगीत रहा है
अब तो आ जाओ प्रियकर
देखो सावन बीत रहा है
यह कैसी दूरी है
मिलने की आस अधूरी है
यह सावन बौराया है
अब मिलना जरूरी है
तुम दिल का धड़कना क्या जानो
विरह में तड़पना क्या जानो
सावन जब आग लगाता है
तब आग का भड़कना क्या जानो
पात्र मेरे प्रीत का
धीरे धीरे रीत रहा है
अब तो आ जाओ प्रियकर
देखो सावन बीत रहा है
ना सावन के झूले हैं
ना फूलों के मेले हैं
रिमझिम रिमझिम सावन में
हम तो आज अकेले हैं
इंद्रधनुष के रंगों सा
मन में उठते तरंगों सा
तुम आओ तो हो जाए
जीवन नई उमंगों सा
तुम्हारे वियोग में पागल ” श्याम “
रच कोई नया गीत रहा है
अब तो आ जाओ प्रियकर
देखो सावन बीत रहा है
तुम बिन सावन सूना सूना
तुम बिन व्याकुल मीत रहा है
अब तो आ जाओ प्रियकर
देखो सावन बीत रहा है /
☆
© श्याम खापर्डे
फ्लेट न – 402, मैत्री अपार्टमेंट, फेज – बी, रिसाली, दुर्ग ( छत्तीसगढ़) मो 9425592588
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈




