श्री मनोज कुमार शुक्ल “मनोज”
संस्कारधानी के सुप्रसिद्ध एवं सजग अग्रज साहित्यकार श्री मनोज कुमार शुक्ल “मनोज” जी के साप्ताहिक स्तम्भ “मनोज साहित्य ” में आज प्रस्तुत है आपकी भावप्रवण कविता “सजल – जीवन की है रीति”। आप प्रत्येक मंगलवार को आपकी भावप्रवण रचनाएँ आत्मसात कर सकेंगे।
मनोज साहित्य # १८७ – सजल – जीवन की है रीति ☆
समांत- आर,
पदांत – आर फिर तुम पाओगे।
रोला छंद – यति – 11+ 13=24
☆
बाॅंटोगे यदि प्यार, प्यार फिर तुम पाओगे।
अगर करोगे वार, वार फिर तुम पाओगे।।
*
जीवन की है रीति, प्रेम से खुशियाँ मिलतीं।
ठानोगे यदि रार, रार फिर तुम पाओगे।।
*
अवसादों से दूर, नींव को सुदृढ़ कर लें।
खुशियाँ मिलें अपार, पार फिर तुम पाओगे।।
*
दूजों का सम्मान, ध्यान रखना भी सीखो ।
पहनाओगे हार, हार फिर तुम पाओगे।।
*
मुश्किल में ईमान, कर्म का चोला पहनो।
खुशियाँ बहतीं-धार, धार फिर तुम पाओगे।।
☆
© मनोज कुमार शुक्ल “मनोज”
14/8/25
संपर्क – 58 आशीष दीप, उत्तर मिलोनीगंज जबलपुर (मध्य प्रदेश)- 482002
मो 94258 62550
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈




