श्री श्याम खापर्डे

(श्री श्याम खापर्डे जी भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी हैं। आप प्रत्येक सोमवार पढ़ सकते हैं साप्ताहिक स्तम्भ – क्या बात है श्याम जी । आज प्रस्तुत है आपकी भावप्रवण कविता “आखिरी पड़ाव…”।) 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ ☆ क्या बात है श्याम जी # २३० ☆

☆ # “आखिरी पड़ाव…” # ☆

☆

जिनका कोई नहीं होता

उनका खुदा होता है

यही सुनते-सुनते इंसान

बचपन से जवानी

जवानी से बूढ़ा होता है

 

पहले तीनों पड़ाव

हंसते खेलते गुजर जाते हैं

लेकिन आखिरी पड़ाव में

सबके चेहरे

मायूसी से उतर जाते हैं

 

वह हालात से मजबूर होता है

बीमारियों से चूर होता है

उसका हर कोई अपना

उससे बहुत दूर होता है

 

वह ढूंढता है अपनापन

प्यार भरे दो मीठे बोल

सुनकर जिसे खिल उठे

उसका तन और मन

 

लेकिन उजड़ी हुई बगियां में

फूल नहीं खिलतें हैं

कहने को तो

भरी पूरी फुलवारी है

पर सब मतलब से ही मिलते हैं

 

वह उपेक्षित सा

कोने में पड़ा होता है

एकांत में स्वर्गीय पत्नी को

याद करके रोता है

 

वह बहू बेटे पर बोझ है

बात-बात पर तिरस्कृत होता रोज है

किस्मत ने क्या दिन दिखाएं है

अब रिश्तो के

सही मायने समझ आएं है

 

वह अचानक एक दिन

चुपचाप कहीं दूर चला जाता है

उसकी कोई खोज खबर लेने

तक नहीं आता है

भटकते भटकते

वह जब थक जाता है

तब दूसरे शहर में

एक वृद्धाश्रम में

जगह पाता है

वृद्धाश्रम में

अनेक हम उम्र मिलते हैं

उनके स्नेह और प्यार से

उसके जख्म

धीरे-धीरे सिलते है

वह बरसों बाद फिर मुस्कुराता है

उसका चेहरा फूलों सा खिल जाता है

वह सोचता है

जीवन भर जिनके लिए संघर्ष किया

जिनके लिए मर मर कर जिया

उन्होंने आखिरी पड़ाव पर

तिरस्कृत कर

घर से निकाल दिया

उसने क्या चाहा था

सिर्फ दो वक्त एक निवाला

क्या कोई नहीं था

उसे खिलाने वाला ?

वह समझ गया है

व्यर्थ जीवन भर की

मेहनत और परिश्रम है

सच्चाई तो यह है कि

 हमें आखिरी पड़ाव पर

जाना वृद्धाश्रम है /

☆

© श्याम खापर्डे 

फ्लेट न – 402, मैत्री अपार्टमेंट, फेज – बी, रिसाली, दुर्ग ( छत्तीसगढ़) मो  9425592588

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’  ≈

Please share your Post !

Shares
5 1 vote
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted