डॉ राकेश ‘चक्र’
(हिंदी साहित्य के सशक्त हस्ताक्षर डॉ. राकेश ‘चक्र’ जी की अब तक लगभग तेरह दर्जन से अधिक मौलिक पुस्तकें ( बाल साहित्य व प्रौढ़ साहित्य ) तथा लगभग चार दर्जन साझा – संग्रह प्रकाशित तथा कई पुस्तकें प्रकाशनाधीन।लगभग चार दर्जन साझा – संग्रह प्रकाशित तथा कई पुस्तकें प्रकाशनाधीन। कई कृतियां पंजाबी, उड़िया, तेलुगु, अंग्रेजी आदि भाषाओँ में अनूदित । कई सम्मान/पुरस्कारों से सम्मानित/अलंकृत। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा बाल साहित्य के लिए दिए जाने वाले सर्वोच्च सम्मान ‘बाल साहित्य श्री सम्मान’ और उत्तर प्रदेश सरकार के हिंदी संस्थान द्वारा बाल साहित्य की दीर्घकालीन सेवाओं के लिए दिए जाने वाले सर्वोच्च सम्मान ‘बाल साहित्य भारती’ सम्मान, अमृत लाल नागर सम्मान, बाबू श्याम सुंदर दास सम्मान तथा उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी संस्थान के सर्वोच्च सम्मान सुमित्रानंदन पंत, उत्तर प्रदेश रत्न सम्मान सहित बारह दर्जन से अधिक राजकीय प्रतिष्ठित साहित्यिक एवं गैर साहित्यिक संस्थाओं से सम्मानित एवं पुरुस्कृत।
आदरणीय डॉ राकेश चक्र जी के बारे में विस्तृत जानकारी के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें संक्षिप्त परिचय – डॉ. राकेश ‘चक्र’ जी।
आप “साप्ताहिक स्तम्भ – समय चक्र” के माध्यम से उनका साहित्य प्रत्येक गुरुवार को आत्मसात कर सकेंगे।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – समय चक्र – # २६४ ☆
☆ गीत – पक्षी अपनी तान में… ☆ डॉ राकेश ‘चक्र’ ☆
☆
अनगिन नर तन गढ़े हुए हैं
नीरवता शमशान में।
कभी पेड़ के पत्ते हिलते
पक्षी अपनी तान में।
**
एक पक्षी को देखा मैंने
रँग था उसका काला।
कब्रगाह पर घूम रहा था
इधर उधर मतवाला।
खोज रहा था जाने किसको
बदल बदल कर पाला।
*
जीते जी क्यों मर जाते हैं
अपनी – अपनी शान में।।
**
एक तरफ शमशान और था
जिसमें थे राखों के ढेर।
गाय , बैल पशु यहाँ चरते हैं
आपस में न रखते वैर।
ग्वाला उनके साथ घूमता
बांध मुंडासा रहा था हेर।
*
झगड़ – झगड़ कर जीते जी
मर जाते पहचान में।।
**
पास नहीं था कोई वहाँ पर
पुत्र , पुत्रियाँ और नाती।
पत्नी , पास – पड़ोसी न थे
न बंधू और न जाती।
धन , दौलत के सभी मीत थे
कौन लिखे किसको पाती।
*
कर्म यहाँ जैसे हैं छोड़े
खुसर – पुसर है कान में।।
**
कौवे बोलें , तोता बोलें
पेड़ों की डालों से।
सर – सर स्वर फूटा पेड़ों से
झुरमुट और झालों से।
मरते आए लोग यहाँ पर
कितने ही कालों से।
*
पत्थर , मिट्टी दीख रही है
नर तन के अरमान में।।
☆
© डॉ राकेश चक्र
(एमडी,एक्यूप्रेशर एवं योग विशेषज्ञ)
90 बी, शिवपुरी, मुरादाबाद 244001 उ.प्र. मो. 9456201857
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈



