डॉ.राजेश ठाकुर
( प्रो डॉ राजेश ठाकुर जी का मंतव्य उनके ही शब्दों में – “पाखण्ड, अंध विश्वास, कुरीति, विद्रूपता, विसंगति, विडंबना, अराजकता, भ्रष्टाचार के खिलाफ़ जन-समुदाय को जागृत करना ही मेरी लेखनी का मूल प्रयोजन है…l” अब आप प्रत्येक शनिवार डॉ राजेश ठाकुर जी की रचनाएँ आत्मसात कर सकते हैं. आज प्रस्तुत है आपकी एक भावप्रवण रचना “तो जानें…“.)
साप्ताहिक स्तम्भ ☆ नेता चरित मानस #1
कविता – तो जानें… ☆ प्रो. डॉ. राजेश ठाकुर
=1=
पतझड़ में बहारों का,करो एहसास तो जानें
अँधेरे में उजाले की,करो तलाश तो जानें
=2=
उन्हें क्या जगमगाना, रौशनी जिनको विरासत में
अँधेरी ज़िंदगानी में,भरो प्रकाश तो जानें
=3=
प्यास यूँ उन परिंदों की, कभी तो बुझ ही जायेगी
अगर तुम इस पपीहे की, बुझा दो प्यास तो जानें
=4=
कहीं चुनरी चढ़ाते हो, कहीं चादर चढ़ाते हो
लिपटे चीथड़े में जो, उन्हें बाँटो लिबास तो जानें
=5=
ख़ुद के ग़म में भला गमगीन न हो,कौन है ऐसा
पराये दर्द में दिल/मन होवे उदास तो जानें
=6=
अपनों के ज़नाज़े पर, तो शामिल हर कोई होता
लावारिस पड़ी ऐसी, उठाओ लाश तो जानें
=7=
खादी अगर तन में, छलावा मन में ‘राजेश’ क्यों
बनो अम्बेडकर गांधी भगत सुभाष तो जानें
☆
© प्रो. डॉ. राजेश ठाकुर
शासकीय कॉलेज़ केवलारी
संपर्क — ग्राम -धतूरा, पोस्ट – जामगाँव, तहसील -नैनपुर, जिला -मण्डला (म.प्र.) मोबा. 9424316071
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈




