स्व प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’
(आज प्रस्तुत है गुरुवर स्व प्रोफ. श्री चित्र भूषण श्रीवास्तव जी द्वारा रचित – “कविता – पर्यटन…” । हमारे प्रबुद्ध पाठकगण स्व प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ जी काव्य रचनाओं को प्रत्येक शनिवार आत्मसात कर सकेंगे.।)
☆ काव्य धारा # २३८ ☆
☆ पर्यटन… ☆ स्व प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆
☆
बंधी नियमित जिदंगी से होती है सबको घुटन
इससे मन बहलाव के हित जरूरी है पर्यटन
*
तेज गति के वाहनो से सुलभ अब आवागमन
घूमने जाने का इससे बढ़ा दिखता है चलन
*
शिक्षा ने भी बढ़ाया है परिभ्रमण का हौसला
इससे बढ़ता जा रहा है दूरिज्म का सिलसिला
*
देश और विदेश में कई अनोखें स्थान है
जहां जाने देखने का मन में आता ध्यान है
*
ऐसे स्थल धार्मिक हैं प्राकृतिक या कलात्मक
और कई है ऐतिहासिक औद्योगिक या सृजनात्मक
*
पर्यटन सुविधाओं के भी है वहां साधन कई
और होती जा रही हैं आये दिन सुविधाये नई
*
स्थानीय लोगों को मिल जाते सहज रोजगार भी
इससे नये नये केन्द्रों को है रच रही सरकार भी
*
अलौकिक सुख शांति भी बिखरी वहां परिवेश में
खोजे गये है स्थल ऐसे देश और परदेस में
*
नदी निर्झर झील वन मोहक प्रकृति शोना सुखद
अलौकिक सुख शांति है बिखरी जहां आनन्दप्रद
*
घोलती मधुरस जहा पर मन में नित प्राकृत छटा
बातें करती मौन सबसे प्रकृति हिलमिल सर्वदा
*
कान्हा रणथम्भौर कार्बेट एलोरा और अजंता
बुलाते हैं मौन सबको मिलने नालन्दा गया
*
अभय वन में शेर चीता बायसन गेंडे जंगली सुअर
सहज दिखते घूमते फिरते निडर से बेफिकर
*
पर्वतो में हिमालय सतपुडा विन्धय अरावली
शत्रुओ के मन में जिनको देख मचती खलबली
*
नदियां अगणित पतित पावन गंगा यमुना नर्मदा
समुद्री तट झील डल जिनसे न मन होता विदा
*
किले जैसे ग्वालियर झांसी तथा चितौडगढ
है जहां इतिहास जीवित और जो अब भी सुदृढ
*
मूर्तियां खजुराहो की अब भी है सुंदर प्राणवान
जो धरोहर विश्व के इतिहास की सबसे महान
*
शहरो में दिल्ली अयोध्या काशी मुम्बई आगरा
जोधपुर जयपुर उदयपुर पटना चेन्नई द्वारका
*
देश और परदेस में लाखो सुघर स्थान है
जिनकी इस संसार में है प्रसिद्धि और सम्मान है
*
दर्शनीय स्थलो से मिलता ज्ञान अनुभव जागरण
बहुत सी नई जानकारी और खुश होता है मन
*
बन गया है पर्यटन एक लाभप्रद उद्योग अब
कर रहे विस्तार इसका इसी से है देश सब
*
आइये इसका यथोचित हम भी तो शुभ लाभ लें
इस नवल उद्योग को बढ़ने में समुचित साथ दे।
☆
© प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’
ए २३३ , ओल्ड मीनाल रेजीडेंसी भोपाल ४६२०२३
मो. 9425484452
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈




