सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’
(संस्कारधानी जबलपुर की सुप्रसिद्ध साहित्यकार सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ ‘जी सेवा निवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, डिविजनल विजिलेंस कमेटी जबलपुर की पूर्व चेअर पर्सन हैं। आपकी प्रकाशित पुस्तकों में पंचतंत्र में नारी, पंख पसारे पंछी, निहिरा (गीत संग्रह) एहसास के मोती, ख़याल -ए-मीना (ग़ज़ल संग्रह), मीना के सवैया (सवैया संग्रह) नैनिका (कुण्डलिया संग्रह) हैं। आप कई साहित्यिक संस्थाओं द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित हैं। आप प्रत्येक शुक्रवार सुश्री मीना भट्ट सिद्धार्थ जी की अप्रतिम रचनाओं को उनके साप्ताहिक स्तम्भ – रचना संसार के अंतर्गत आत्मसात कर सकेंगे। आज इस कड़ी में प्रस्तुत है आपकी एक अप्रतिम गीत – राम अवतार…।
रचना संसार # ८७ ☆
☆ गीत – राम अवतार… ☆ सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’
☆
पावन नवमीं चैत्र की, लिए राम अवतार।
कौशल्या बलिहार हैं, होती जयजयकार।।
*
मंगल गाते देवता, नभ बरसाते फूल।
सुर नर मुनि व्याकुल बड़े, मिले चरण की धूल।।
छवि मनहर शिशुराम की, दशरथ देख निहाल।
नमन करें जन-जन उन्हें, अवध पुरी के लाल।।
ढ़ोल नगाड़े बज रहे, सजते तोरण द्वार।
पावन नवमीं चैत्र की, लिए राम अवतार।।
*
भक्तों को हैं तारते, रखते हृदय विशाल।
दानव को हैं मारते, दुष्टों के हैं काल।।
जगतारक प्रभु राम हैं, जपिए प्रभु अभिराम।
जनक लली के नाथ हैं, दशरथ नंदन राम।।
जग के पालनहार हैं, महिमा अपरम्पार।
पावन नवमीं चैत्र की, लिए राम अवतार।।
*
नार अहिल्या तारते, धर्म परायण राम।
दीनदयाल कृपाल हैं, भक्ति करो निष्काम।।
राम नाम का जप करो, भक्तों आठों याम।
अवध नाथ रघुनाथ को, शत -शत करूँ प्रणाम।।
भक्तों की रक्षा करें, दुष्टों का संहार।
पावन नवमीं चैत्र की, लिए राम अवतार।।
☆
© सुश्री मीना भट्ट ‘सिद्धार्थ’
(सेवा निवृत्त जिला न्यायाधीश)
संपर्क –1308 कृष्णा हाइट्स, ग्वारीघाट रोड़, जबलपुर (म:प्र:) पिन – 482008 मो नं – 9424669722, वाट्सएप – 7974160268
ई मेल नं- meenabhatt18547@gmail.com, mbhatt.judge@gmail.com
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈






