सुश्री सविता खण्डेलवाल ‘भानु’

(लेखन-प्रकाशन – गत 2022 से छंद लेखन, एकल प्रकाशन– कलम के नवांकुर, अनुग्रह नवप्रस्तारित छंद पर लेखन (मैजिक बुक ऑफ रिकॉर्ड), साझा संकलन – तकरीबन 10, द्वादश ज्योतिर्लिंग (लंदन बुक आफ रिकार्ड), अनेकता में एकता (एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड), छंदावली – (मैजिक बुक ऑफ रिकॉर्ड), महाकाल साहित्य सम्मान से सम्मानित। आज प्रस्तुत है आपकी एक भावप्रवण कविता !! सावन अब जल बरसाओ !!)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ ☆ सविता साहित्य # ११ ☆

☆ !! सावन अब जल बरसाओ !! ☆ सुश्री सविता खण्डेलवाल “भानु” ☆

तरस रही है रोज निगाहें, काले मेघा आ जाओ ।

आया पावन मास सुहाना, 

सावन अब जल बरसाओ ।।

*

रीते है सब ताल-तलैया, धरती भी तुम्हें पुकारे ।

 कल-कल करते झरनों के अब, मधुरिम से गीत सुना रे ।।

रिमझिम-रिमझिम जमकर बरसो, गीत खुशी के मिल गाओ ।

आया पावन मास सुहाना,

सावन अब जल बरसाओ ।।

*

तेरे आने की आहट से, मन पुलकित हो जाते ।

धरती करती श्रृंगार नया, अरु मोर पपीहा गाते ।।

छुपा रखी है जो अंतस में, वो प्रेम सुधा झलकाओ ।

आया पावन मास सुहाना,

सावन अब जल बरसाओ ।।

*

बाग-बाग में झूले डलते, झूले  है राधा कृष्णा ।

तृप्त हृदय सबके हो जाते, मिट जाती सारी तृष्णा ।।

करो जलाभिषेक भोले का, गंग धार को ले आओ ।

आया पावन मास सुहाना,

सावन अब जल बरसाओ ।।

© सुश्री सविता खण्डेलवाल “भानु”

झालरापाटन राजस्थान

संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted