श्री अरुण कुमार दुबे
(वरिष्ठ साहित्यकार श्री अरुण कुमार दुबे जी, उप पुलिस अधीक्षक पद से मध्य प्रदेश पुलिस विभाग से सेवा निवृत्त हुए हैं । संक्षिप्त परिचय ->> शिक्षा – एम. एस .सी. प्राणी शास्त्र। साहित्य – काव्य विधा गीत, ग़ज़ल, छंद लेखन में विशेष अभिरुचि। आज प्रस्तुत है, आपकी एक भाव प्रवण रचना “हो इबादत रब की जैसे कीजिये…“)
☆ साहित्यिक स्तम्भ ☆ कविता # ११७ ☆
हो इबादत रब की जैसे कीजिये… ☆ श्री अरुण कुमार दुबे ☆
☆
ये सक़ाफ़त मगरिबी अच्छी नहीं
खुद रिवायत की हँसी अच्छी नहीं
आदमी को बरहमी अच्छी नहीं
दिल दुखाकर ली ख़ुशी अच्छी नहीं
*
पास तुम अपनी अना का दो भुला
हद से ज्यादा आज़जी अच्छी नहीं
*
बात करके मसअले को हल करो
बे वजह की दुश्मनी अच्छी नहीं
*
मत करो इमदाद पर हिम्मत तो दो
दोस्त दिल की मुफ़्लिसी अच्छी नहीं
*
तू नहीं कमजोर है यह याद रख
आँख में तेरी नमी अच्छी नहीं
*
अपनी मेहनत से करो रोशन इसे
उसने गर क़िस्मत लिखी अच्छी नहीं
*
रब्त के धागों को ही काटे अगर
दोस्त ऐसी दिल्लगी अच्छी नहीं
*
रात दिन दौड़ा करे चाहे जिधर
मन की ये आवारगी अच्छी नहीं
*
जन्म देना मौत रब के हाथ है
पाप है ये ख़ुदकुशी अच्छी नहीं
*
रोज़ मिल जाता बहाना इक नया
जानते सब मयकशी अच्छी नहीं
*
हो इबादत रब की जैसे कीजिये
दिल बहलने आशिक़ी अच्छी नहीं
*
इल्म की अब रोशनी हर सिम्त है
आपके घर तीरगी अच्छी नहीं
*
सुनने वाले के न जो दिल पर लगे
अय अरुण वो शाइरी अच्छी नहीं
☆
© श्री अरुण कुमार दुबे
सम्पर्क : 5, सिविल लाइन्स सागर मध्य प्रदेश
सिरThanks मोबाइल : 9425172009 Email : arunkdubeynidhi@gmail. com
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈





