डॉ सत्येंद्र सिंह
(वरिष्ठ साहित्यकार डॉ सत्येंद्र सिंह जी का ई-अभिव्यक्ति में स्वागत। मध्य रेलवे के राजभाषा विभाग में 40 वर्ष राजभाषा हिंदी के शिक्षण, अनुवाद व भारत सरकार की राजभाषा नीति का कार्यान्वयन करते हुए झांसी, जबलपुर, मुंबई, कोल्हापुर सोलापुर घूमते हुए पुणे में वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी के पद से 2009 में सेवानिवृत्त। 10 विभागीय पत्रिकाओं का संपादन, एक साझा कहानी संग्रह, दो साझा लघुकथा संग्रह तथा 3 कविता संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी झांसी, जबलपुर, छतरपुर, सांगली व पुणे महाराष्ट्र से रचनाओं का प्रसारण। जबलपुर में वे प्रोफेसर ज्ञानरंजन के साथ प्रगतिशील लेखक संघ से जुड़े रहे और झाँसी में जनवादी लेखक संघ से जुड़े रहे। पुणे में भी कई साहित्यिक संस्थाओं से जुड़े हुए हैं। वे मानवता के प्रति समर्पित चिंतक व लेखक हैं। अप प्रत्येक बुधवार उनके साहित्य को आत्मसात कर सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपकी एक व्यंग्य कविता – “पड़ोसियों के कान “।)
☆ साहित्यिक स्तम्भ ☆ सत्येंद्र साहित्य # ३२ ☆
व्यंग्य रचना – पड़ोसियों के कान… ☆ डॉ सत्येंद्र सिंह ☆
दीवारों के भी कान होते हैं,
कहावत बहुत प्रसिद्ध है
पुरानी भी है
कितनी पुरानी है
कोई नहीं जानता, पर
पड़ोसियों के कानों की चर्चा भी
कम नहीं है।
असल में हर घर की दीवारों से
पड़ोसियों के दृष्ट, अदृष्ट कान
चिपके रहते हैं।
चारों ओर बसे पड़ोसियों की
चिंता करते रहते हैं।
कौन किस धर्म का है,
किस जाति का है,
कितना अमीर है
कितना गरीब है
किसके यहां कौन आया,
कौन गया,
किसने क्या कहा,
किसने क्या सुना
किसने क्या खाया,
क्या पीया,
क्या पहना,
किस बात पर
घर में झगड़ा हुआ
और
किस बात पर
ठहाके लगे,
सब बातों का
ख्याल रखते हैं
सुनकर अपने ढंग से
अभिव्यक्त करते हैं।
*
परंतु अपने यहां
क्या हो रहा है
इसकी किसीको
भनक तक नहीं
लगने देते।
अब यह बात दूसरी है कि
बाकी के पड़ोसी भी
उनकी तरह ही
कान वाले होते हैं।
सब एक दूसरे के राज
जानना चाहते हैं
और चाहते हैं कि
उनके राज कोई
न जान पाए।
*
पड़ोसी व्यक्ति ही नहीं
मोहल्ले, बस्ती, जिले
प्रदेश और देश भी होते हैं
उनके कान भी वैसे ही होते हैं
जो एकसाथ सबको
सुन सकें
और विभिन्न तरीकों से
अभिव्यक्त कर सकें।
*
दबी जुबान से
दूसरे का राज तीसरे को
विश्वास में लेकर
बताते हैं
साथ ही
यह भी कहते हैं
किसी से कहना मत।
☆
© डॉ सत्येंद्र सिंह
सम्पर्क : सप्तगिरी सोसायटी, जांभुलवाडी रोड, आंबेगांव खुर्द, पुणे 411046
मोबाइल : 99229 93647
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈






मनुष्य स्वभाव पर प्रहार करती रचना। जबकि इस स्वभाव को बदलना असंभव है। हार्दिक बधाई!😊👌👌
वास्तविकता है, असहनीय होते हुए भी वश से बाहर है । निंदक नियारे राखिए आंगन कुटी ज्वार, बिन पानी साबुन बिना निर्मल करे सुभाय ।