श्री अरुण कुमार दुबे
(वरिष्ठ साहित्यकार श्री अरुण कुमार दुबे जी, उप पुलिस अधीक्षक पद से मध्य प्रदेश पुलिस विभाग से सेवा निवृत्त हुए हैं । संक्षिप्त परिचय ->> शिक्षा – एम. एस .सी. प्राणी शास्त्र। साहित्य – काव्य विधा गीत, ग़ज़ल, छंद लेखन में विशेष अभिरुचि। आज प्रस्तुत है, आपकी एक भाव प्रवण रचना “चाह है निर्वाण की तो…“)
☆ साहित्यिक स्तम्भ ☆ कविता # १२० ☆
चाह है निर्वाण की तो… ☆ श्री अरुण कुमार दुबे ☆
☆
जब जलाया दीप मैंने आँधियों के गांव में
तेज हलचल हो गई है बिजलियों के गाँव में
*
मूर्खता है या दिलेरी आप ही ये तय करें
घर बनाया मूषकों ने बिल्लियों के गाँव में
*
गर कोई आँखों को भाने लग गया तो पेशतर
दोस्त रहना सीख ले रुसवाइयों के गाँव में
*
सामने तारीफ़ करता पीठ पीछे गालियाँ
आदमी क्या रह रहा सरगोशियों के गांव में
*
बोलने की थी मनाही हुक्म था सरकार का
है अजूबा शोरगुल खामोशियों के गाँव में
*
टूटता उसका बदी से जा रहा है वास्ता
आना जाना हो रहा क्या नेकियों के गाँव में
*
ज़हन में हैवानियत जिसके है तारी हो रही
भेज दो बसने उसे तुम तितलियों के गाँव में
*
पेट खुद अपना नहीं भर पा रहा है आजकल
कौन भूके आ गए हैं रोटियों के गाँव में
*
चाह है निर्वाण की तो राह पकड़ो बुद्ध की
भूलकर मत पैर रखना ढोंगियों के गाँव में
*
आ गया कोई शिकारी जाल रख बन रहनुमा
छटपटाहट है अरुण जो पंक्षियों के गाँव में
☆
© श्री अरुण कुमार दुबे
सम्पर्क : 5, सिविल लाइन्स सागर मध्य प्रदेश
सिरThanks मोबाइल : 9425172009 Email : arunkdubeynidhi@gmail. com
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈





