श्री अरुण कुमार दुबे
(वरिष्ठ साहित्यकार श्री अरुण कुमार दुबे जी, उप पुलिस अधीक्षक पद से मध्य प्रदेश पुलिस विभाग से सेवा निवृत्त हुए हैं । संक्षिप्त परिचय ->> शिक्षा – एम. एस .सी. प्राणी शास्त्र। साहित्य – काव्य विधा गीत, ग़ज़ल, छंद लेखन में विशेष अभिरुचि। आज प्रस्तुत है, आपकी एक भाव प्रवण रचना “तुम दुआ करना…“)
☆ साहित्यिक स्तम्भ ☆ कविता # 112 ☆
तुम दुआ करना… ☆ श्री अरुण कुमार दुबे ☆
☆
पास मालो ज़र अगर हो फिर कमी देखेगा कौन
तुम करो जो वो सही गलती सही देखेगा कौन
*
है जवानी चीज ऐसी अक्ल को अंधी करे
प्यार की रह के अलावा रह अभी देखेगा कौन
*
नफ़रतों की फ़स्ल ग़र ऐसे फली फूली यहाँ
ख़ून की नदियाँ बहेंगी फिर खुशी देखेगा कौन
*
आशिक़ों को उम्र दे लम्बी ये माँगा कर दुआ
हम न होगें तो नफ़ासत हुस्न की देखेगा कौन
*
हो रही कैसी तरक़्क़ी जो तबाही से भरी
चक्र क़ुदरत का जो बिगड़ा ज़िंदगी देखेगा कौन
*
तुम दुआ करना तुम्हें वालिद मिले मेरी तरह
तुम सरीखे पुत्र का पर ख़्वाब भी देखेगा कौन
*
इन बुज़ुर्गों की हिफाज़त और ख़िदमत कीजिये
ये न हो तो ज़िन्दगी में सादगी देखेगा कौन
*
वक़्त का पाबंद जब इंसान को रहना नहीं
वक़्त कुछ कर लो मुक़र्रर तब घड़ी देखेगा कौन
*
खून के रिश्तों का कोई मोल जब दिखता नहीं
इस सदी में काम आने बाहमी देखेगा कौन
*
क़द्र ही उस्ताद की शागिर्द जब करते नहीं
तब अरुण ये इल्म की महफ़िल सजी देखेगा कौन
☆
© श्री अरुण कुमार दुबे
सम्पर्क : 5, सिविल लाइन्स सागर मध्य प्रदेश
सिरThanks मोबाइल : 9425172009 Email : arunkdubeynidhi@gmail. com
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈






