डॉ राकेश ‘ चक्र’
(हिंदी साहित्य के सशक्त हस्ताक्षर डॉ. राकेश ‘चक्र’ जी की अब तक 120 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। जिनमें 7 दर्जन के आसपास बाल साहित्य की पुस्तकें हैं। कई कृतियां पंजाबी, उड़िया, तेलुगु, अंग्रेजी आदि भाषाओँ में अनूदित । कई सम्मान/पुरस्कारों से सम्मानित/अलंकृत। इनमें प्रमुख हैं ‘बाल साहित्य श्री सम्मान 2018′ (भारत सरकार के दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी बोर्ड, संस्कृति मंत्रालय द्वारा डेढ़ लाख के पुरस्कार सहित ) एवं उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान द्वारा ‘अमृतलाल नागर बालकथा सम्मान 2019’। उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर बाल साहित्य की दीर्घकालीन सेवाओं के लिए दिया जाना सर्वोच्च सम्मान ‘बाल साहित्य भारती’ (धनराशि ढाई लाख सहित)। आदरणीय डॉ राकेश चक्र जी के बारे में विस्तृत जानकारी के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें संक्षिप्त परिचय – डॉ. राकेश ‘चक्र’ जी।
आप “साप्ताहिक स्तम्भ – समय चक्र” के माध्यम से उनका साहित्य आत्मसात कर सकेंगे।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – समय चक्र – # 112 ☆
☆ कविता – महान ग्रंथों की पहेलियाँ… ☆ डॉ राकेश ‘चक्र’ ☆
1.
रामायण के कौन रचियता, बच्चो बोलो नाम।
अद्भुत रचना की है उनने, दशरथनंदन राम।।
2.
कृष्ण, अर्जुन संवाद हुआ है, वह ग्रंथ है कौन।
शिक्षा, ज्ञान, कर्म बतलाती, बिल्कुल रहकर मौन।।
3.
तुलसीदास ने ग्रंथ लिखा है, उसका नाम बताओ।
राम की जिसमें कथा निराली, सच की विजय सुनाओ।।
4.
वेद हैं कितने प्यारे बच्चो, संख्या तो बतलाओ।
सदा सत्य का ज्ञान कराएँ, अलग-अलग बतलाओ।।
5.
सबसे पहला वेद कौन है, जल्दी बोलो नाम।
जीवन का सदमार्ग बताए, आए जनहित काम।।
6.
वेदों के कुल मंत्र हैं कितने, जिसमें अदभुत ज्ञान।
अथक अर्थ हैं उसमें बच्चो, सुख पाते हैं कान।।
7.
वेदों में श्लोक हैं कितने, संख्या जल्दी बतलाओ।
वेदव्यास ने किया संपादन, कुछ तो ज्ञान कराओ।।
8.
महाभारत है ग्रंथ पुराना, उसके लेखक कौन।
शिक्षा, नीति , ज्ञान सिखाए, अब हैं बिल्कुल मौन।।
9.
सत्यार्थ प्रकाश ग्रंथ लिखा है, उनका बोलो नाम।
वेदों का सब सार बताए, किए देश हित काम।।
10.
धर्मशास्त्र इतिहास लिख गए, भारत रत्न मिला है।
नाम बताओ उनका बच्चो, देश का किया भला है।।
11.
कितने हैं पुराण लिखे गए, संख्या जल्दी बतलाओ।
देवों की सब कथा कहानी, कुछ तो आज हमें सुनाओ।।
उत्तर – 1.महर्षि बाल्मीकि जी, 2.श्रीमद्भागवत गीता,3. रामचरित मानस, 4.चार वेद( ऋग्वेद, अर्थववेद, यजुर्वेद, सामवेद), 5. ऋग्वेद, 6. तेईस हजार चार सौ उनासी, 7. चार लाख, 8.महर्षि वेदव्यास जी, 9.महर्षि दयानंद , 10.डॉ पी. वी. काणे जी , 11. अट्ठारह
© डॉ राकेश चक्र
(एमडी,एक्यूप्रेशर एवं योग विशेषज्ञ)
90 बी, शिवपुरी, मुरादाबाद 244001 उ.प्र. मो. 9456201857
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈