हिन्दी साहित्य – परसाई स्मृति अंक – नाटक ☆ सदाचार का तावीज ☆ – श्री वसंत काशीकर

श्री वसंत काशीकर

(परसाई स्मृति” के लिए अपने संस्मरण /आलेख ई-अभिव्यक्ति  के पाठकों से साझा करने के लिए  संस्कारधानी  जबलपुर के वरिष्ठ  नाट्यकर्मी  श्री वसंत काशीकर जी  का हृदय से आभार।  आज हम प्रस्तुत कर रहे हैं श्री काशीकर जी द्वारा परसाई जी की  रचना  का नाट्य रूपान्तरण  “सदाचार का  तावीज “।)

 

✍  नाटक – सदाचार का तावीज  ✍

 

सूत्रधार – एक राज्य में बहुत भ्रष्टाचार था, जनता में बहुत ज्यादा विरोध था। लोग हलाकान थे। समझ में नही आ रहा था कि भ्रष्टाचारियों के साथ क्या सलूक किया जाये। बात राजा के पास पहुंची।

(लोग राज दरबार को दृश्य बनाते है)

राजा- (दरबारियों से) प्रजा बहुत हल्ला मचा रही है कि सब जगह भ्रष्टाचार फैला हुआ है। हमें तो आज तक कहीं दिखा। तुम्हें कहीं दिखा हो तो बताओ।

दरबारी- जब हुजूर को नही दिखा तो हमें कैसे दिख सकता है।

राजा- नहीं ऐसा नहीं है। कभी-कभी जो मुझे नही दिखता तुम्हें दिखता होगा। जैसे मुझे कभी बुरे सपने नही दिखते पर तुम्हें दिखते होंगे।

दरबारी- जी, दिखते हैं। पर वह सपनों की बात है।

राजा – फिर भी तुम लोग सारे रज्य में ढूंढकर देखो कि कहीं भ्रष्टाचार तो नहीं हैं। अगर कहीं मिल जाये तो हमारे देखने के लिए नमूना लेते आना। हम भी देखंे कि कैसा होता है।

दरबारी- महाराज वह हमें नही दिखेगा। सुना है वह बहुत बारीक होता है। हमारी आंखें आपकी विरारता देखने की इतनी आदी हो गयी है कि हमें बारीक चीज दिखती ही नही है

हमें भ्रष्टाचार दिखा भी तो उसमें हमें आपकी छबि दिखेगी, क्योकि हमारी आंखों में तो आपकी सूरत बसी है।

दरबारी 2 महाराज अपने राज्य में एक जाति है। जिसे विशेषज्ञ कहते है। इस जाति के पास ऐसा अंजन होता है कि वे उसे आंखों में आंजकर बारीक से बारीक चीज़ भी देख लेते हैं।

दरबारी 3 हां महाराज! हमारा निवेदन है क इन विशेषज्ञों को ही हुजूर भ्रष्टाचार ढूंढने का काम सौंपें।

राजा- ठीक है हमारे सामने ऐसे विशेषज्ञ जाति के आदमी हाजिर किये जाये।

सभी (मुनादी जैसे) – विशेषज्ञ हाजिर हो….

पांच लोग विशेषज्ञ बनकर आते है, उन्हे एक आदमी जानवरों जेसा हांककर लाता है

आदमी- महाराज ये इस राज्य के पांच विशेषज्ञ हैं।

राजा- सुना है, हमारे राज्य में भ्रष्टाचार है, पर वह कहां है, यह पता नही चलता। अगर तिल जाये तो पकड़कर हमारे पास ले आना।

सूत्रधार- विशेषज्ञों ने उसी दिन से पूरे राज्य में छानबीन शुरू कर दी। और दो महीने बाद फिर से दरबार में हाजिर हुए।(दरबार का दृश्य)

राजा- विशेषज्ञों तुम्हारी जांच पूरी हो गई ?

विशेषज्ञ- जी सरकार ।

राजा- क्या तुम्हें भ्रष्टाचार मिला ?

विशेषज्ञ- जी बहुत सारा मिला।

राजा- (हाथ बढाते हुए) – लाओ, मुझे बताओ। देखूं कैसा होता है

विशेषज्ञ 1 हुजूर, वह हाथ की पकड़ में नही आता। वदस्थूल देखा नही जा सकता, अनुभव किया जा सकता है।

राजा– (सोचते हुए टहल रहे है)-विशेषज्ञों तुम लोग कहते हो वह सूक्ष्म है, अगोचर है और सर्वव्यापी है। ये गुण तो ईश्वर के है। तो क्या भ्रष्टाचार ईश्वर हैं ?

विशेषज्ञ (सभी) – हां महाराज, अब भ्रष्टाचार ईश्वर हो गया है।

दरबारी 1- पर वह है कहां ? कैसे अनुभव होता है।

विशेषज्ञ – वह सर्वत्र है। इस भवन में है। महाराज के सिंहासन में है।

राजा- सिंहासन में…- कहकर उछलकर दूर खडे़ हो गये।

विशेषज्ञ- हां सरकार सिंहासन में है। पिछले माह इस सिंहासन पर रंग करने के जिस बिल का भुगतान किया गया है, वह बिल झूठा है। वह वास्तव से दुगने दाम का है। आधा पैसा बीच वाले खा गये । आपके पूरे शासन में भ्रष्टाचार है और वह मुख्यतः घूस के रूप में है।

            (सभी दरबारी एक दूसरे से काना फूंसी करते है,राजा चिंतित है।)

राजा- यह तो बड़भ् चिंता की बात है। हम भ्रष्टाचार बिल्कुल मिटाना चाहते है। विशेषज्ञों क्या तुम बता सकते हो कि वह कैसे मिट सकता है ?

विशेषज्ञ- हां महाराज, हमने उसकी योजना तैयार की है। भ्रष्टाचार मिटाने के लिए महाराज को वर्तमान व्यवस्था में बहुत से परिवर्तन करने होंगे। भ्रष्टाचार के मौके ही मिटाने होगें। जैसे ठेका है तो ठेकेदार है, ठेकेदार है तो अधिकारियों की घूस हैं। यदि ठेका मिट जाये तो उसकी घूस मिट जायेगी। इसी तरह बहुत सी चीजें है जिन कारणों से आदमी घूस लेता है, उस पर विचार करना होगा।

राजा- अच्छा आप लोग अपनी पूरी योजनाऐं रख जाये। हम और हमारा दरबार उस पर विचार करेंगे

            (दरबार का दृश्य समाप्त, विशेषज्ञ चले गये)

सूत्रधार- राजा और दरबारियों ने भ्रष्टाचार मिटाने की योजना को पढ़ा। उस पर विचार करते दिन बीतने लगे और राजा का स्वास्थ बिगड़ने लगा। एक दिन एक दरबारी ने राजा से कहा…

दरबारी 1- महाराज चिंता के कारण आपका स्वास्थ्य बिगड़ता जा रहा है। उन विशेषज्ञों ने आपको झंझट में डाल दिया है।

राजा-  हां मुझे रात को नींद नही आती।

दरबारी 2- ऐसी रिपोर्ट को आग के हवाले कर देना चाहिऐ जिसके कारण महाराज की रातों की नींद में खलल पड़ा है।

राजा-  पर करें क्या ? तुम लोगो ने भी तों भ्रष्टाचार मिटाने की योजना का अध्ययन किया है। तुम लोगो का मत है क्या ? उसे काम में लाना चाहिए।

दरबारी 3- महाराज यह योजना क्या है, एक मुसीबत है। उसके अनुसार कितने उलटफेर करने पडेंगे। कितनी परेशानी होगी। सारी व्यवस्था उलट-पुलट हो जायेगी।

दरबारी 4- जो चला आ रहा है, उसे बदलने से नई-नई कठिनाईयां पैदा हो सकती है।

दरबारी 1- हमें तो कुछ ऐसी तरकीब चाहिए जिससे बिना कुछ उलटफेर किये भष्टाचार मिट जाये।

राजा- मैं भी यह चाहता हूं पर हो कैसे ? हमारे प्रपितामाह को तो जादू आता था, हमें तो वह भी नही आता। तुम लोग ही कोई उपाय खोजो।

            (दरबार का सीन विलोप)

सूत्रधार- सभी दरबारी अलग-अलग दिशाओं में चल पडे़ पूरे राज्य का सरकारी दौरा किया। बिना भ्रष्टाचार में लिप्त हुए पूरा राज्य घूमा। स्थितियों का जायजा लिया। और उपाय खोजते रहे। आखिर उपाय मिल गया। उन्होने एक दिन दरबार में राजा के सामने एक साधु को पेश किया।

            (दरबार का दृश्य)

दरबारी 1- महाराज ‘‘एक कन्दरा में तपस्या करते हुए हमने इन महान साधक को देखा, ये चमत्कारी है। इन्होनें एक सदाचार का ताबीज बनाया है। वह मंत्रों से सिद्ध है, इसे पहनते ही आदमी एकदम सदाचारी हो जाता है।

(साधु ने अपने झोले से तबीज निकालकर राजा को दिया)

राजा- हे साधु, इस ताबीज के बारे मंे मुझे विस्तार से बताओ। इससे आदमी सदाचारी कैसे हो जाता है ?

साधु- महाराज, भ्रष्टाचार और सदाचार मनुष्य की आत्मा में होता हैं, बाहर से नही होता। विधाता जब मनुष्य को बनाता है तब किसी की आम्ता में ईमान की कला फिट कर देता है और किसी की आत्मा में बेईमानी की। इस कला में से इमान या बेईमानी के स्वर निकलते है, जिन्हे ‘‘आत्मा की पुकार‘‘ कहतेह है आत्मा की पुकार के अनुसार ही आदमी काम करता है।

राजा- जिनकी आत्मा से बेईमानी के स्वरे निकलते है उनसे कैसे ईमान के स्वर निकाले जायेंगे।

साधु- यही मूल प्रश्न है। मै कई वर्षो से इसी के चिंतन में लगा हूं। अभी मैने यह सदाचार का ताबीज़ बनाया है। जिस आदमी की भुजा पर यह बंधा होगा वह सदाचारी हो जायेगा। मैंने कुत्ते पर भी प्रयोग किया है। यह ताबीज गले में बांध देने से कुत्ता भी रोटी नही चुराता।

            (राजा और दरबारी आश्चर्य चकित हैं)

राजा- और कुछ कुछ बताईये इस ताबीज़ के विषय में। इससे तो राज्य में चमत्कार हो जायेगा, ईमान की गंगा बह निकलेगी।

दरवारह कुछ और बताईए साधु जी ?

साधु- बात यह है कि इस ताबीज़ मे भी सदाचार के स्वर निकलते है। जब किसी की आत्मा बेईमानी के स्वर निकलने लगती है तब इस ताबीज़ की शक्ति आत्मा को गला घोंट देती है और आदमी को ताबीज़ के ईमान के स्वर सुनाई पड़ते है। वह इन स्वरों को आत्मा का स्वर समझकर सदाचार की ओर प्रेरित होता है। यही इस ताबीज का गुण है महाराज।

दरबारी- धन्य हो साधु महाराज।

राजा- मुझे नही मालूम था मेरे राज्य में ऐसे चमत्कारी साधु भी है। हम आपके आभारी हैं। आपने हमारा संकट दूर किया। हम सर्वव्यापी भ्रष्टाचार से परेशान थे। मगर हमें करोड़ो की संख्या में ताबीज चाहिए।

हम राज्य की ओर से ताबीज़ो का एक कारखाना खोल देते है, आप उसके जनरल मैनेजर होगे और आपकी देखरेख में ताबीज़ बनाये जायें।

दरबारी 1- महाराज, राज्य क्यों संकट में पडे़ ? मेरा तो निवेदन है कि इसका ठेका साधु बाबा को दे दिया जाय।

दरबारी 2 हमारा सुझाव है कि साधुबाबा को हरिद्वार में सौ दो सौ एकड़ जमीन दे दी जाय एवं फैक्ट्री खोलने के लिए सरकारी मदद। हरिद्वार पवित्र भूमि है, गंगा किनारे लगी फैक्ट्री से पवित्र सदाचार के ताबीज बनेगें।

राजा – सुझाव मंजूर है। इस पर शीघ्र अमल किया जावे।

            (दरबार समाप्त)

सूत्रधार- सरकार की अनुदान योजना के अंतर्गत साधु बाबा हरिद्वार में ताबीज़ बनाने का कारखाना खुल गया। दो सौ करोड़ रूपये तबीज़ सप्लाई करने बतौर पेशगी राजा ने बाबा को दिये। राज्य के अखबारों में खबर आ गई । भ्रष्टाचारियों को चिंता सताने लगी। लाखों ताबीज़ बन गये। हर कर्मचारी की भुजा में सदाचार का ताबीज़ बांध दिया गया।

भ्रष्टाचार की समस्या का ऐसा हल निकल जाने से राजा और दरबारी खुश थे।

एक दिन राजा की उत्सुकता जागी और उन्होंने सोचा पता लगाया जाये सदाचार का ताबीज़ कैसे काम कर रहा है। वह वेश बदलकर एक कार्यालय पहुचें। जिस दिन पहुंचे महिने की दो तारीख थी।

राजा (एक कर्मचारी के पास) – मुझे जाति प्रमाण पत्र बनवाना है। (उसे सौ रूपये का नोट ेने लगता है)

कर्मचारी- भाग जा यहां से। घूस लेना पाप है।

            राजा खुश होकर चला जाता है – दृश्य लोप

सूत्रधार- राजा बहुत खुश हुए। कुछ दिन बाद राजा फिर वेश बदलकर उसी कर्मचारी पास उसी दफतर में गये उस दिन महिने का आखिरि दिन 31 तारीख थी।

            (कार्यालय का दृश्य)

राजा-  मुझे जाति प्रमाण पत्र बनवाना है। (सौ रूपये का नोट देता है ) कर्मचारी नोट लेकर अपनी जेब में रख लेता है,

राजा (कर्मचारी का हाथ पकड़ते हुए) – मै तम्हारा राजा हूं। क्या तुम आ सदाचार का ताबीज बांधकर नहीं आये।

कर्मचारी- बांधा है सरकार ये देखिये (अस्तीन चढ़ाकर दिखाता है)

सूत्रधार- राजा असमंजस में पड़ गये, सोचने लगे ताबीज़ पहनने के बाद भी ऐसा कैसे हुआ ? क्या ताबीज़ का असर कम हो गया है। राजा ने ताबीज़ पर कान लगाया और सुना –

(सभी कलाकार एक विशेष फार्मेशन में राजा कर्मचारी के ताबीज़ के ऊपर कान लगाये है)

आवाज- (एक साथ) अरे आज इक्कतीस तारीख है, आज तो ले ले …

 

गीत – भरत व्यास

 

मालिक तेरे बंदे हम, ऐसे हो हमारे करम

नेकी पर चलें और बदी से डरें

ताकी हंसते हुए निकले दम

ऐ मालिक तेरे बंदे हम …

बड़ा कमजोर है आदमी, अभी लाखों है इसमें कमी

पर तू जो खड़ा, है दयालु बड़ा, तेरी कृपा से धरती थमी

दिया तूने हमें जब जनम, तू ही झेलेगा हम सब के गम

नेकी पर चले और बदी से डरे, ताकि हंसते हुए निकले दम

ऐ मालिक तेरे बंदे हम….

 

© वसंत काशीकर 

जबलपुर, मध्यप्रदेश

Please share your Post !

Shares

रंगमंच – स्वतन्त्रता दिवस विशेष – नाटक – ☆ स्वतन्त्रता दिवस ☆ – डॉ .कुँवर प्रेमिल

स्वतन्त्रता दिवस विशेष 
डॉ कुंवर प्रेमिल

 

(आज प्रस्तुत है डॉ कुंवर प्रेमिल जी  द्वारा स्वतन्त्रता दिवस  के अवसर पर  रचित  सामाजिक चेतना का संदेश देता हुआ एक नाटक  “स्वतन्त्रता दिवस “। ) 

 

☆ नाटक – स्वतन्त्रता दिवस

 

एक मंच पर कुछेक पुरुष-महिलाएं एकत्रित हैं। वे सब विचारमग्न प्रतीत होते हैं। मंच के बाहर पंडाल में भी कुछेक पुरुष-महिलाएं-बच्चे बड़ी उत्सुकता से मंच की ओर देख रहे हैं।

तभी एक विदूषक जैसा पात्र हाथ में माइक लेकर मंच पर पहुंचता है।

विदूषक – भाइयों-बहिनों आज स्वतन्त्रता दिवस है। आज के दिन हमारा देश स्वतंत्र हुआ था। तभी न हम सिर उठाकर जीते हैं। अपना अन्न-पानी खाते-पीते हैं।

‘हम स्वतंत्र हैं’ – कहकर-सुनकर कितना अच्छा लगता है। बोलिए, लगता है कि नहीं। ‘

पंडाल से –  आवाजें आती हैं अच्छा लगता है जी बहुत अच्छा लगता है, बोलो स्वतन्त्रता की  जय, स्वतन्त्रता दिवस की जय।

(सभी स्त्री-पुरुष स्वतन्त्रता की जय बोलते हैं।)

मंच से – तभी एक महिला ज़ोर-ज़ोर से चीखने लगती है- ‘अरे काहे की स्वतन्त्रता, और कैसा स्वतन्त्रता दिवस। हम महिलाएं कुढ़-कुढ़कर जिंदगी व्यतीत करती हैं। शक का साया उन पर पूरी जिंदगी छाया रहता है।  उन्हें अविश्वास में जीना पड़ता है। न पति न सास-ससुर कोई उनकी नहीं सुनता है। जिनकी अभिव्यक्ति समाज-परिवार के साथ गिरवी रखी हो, उनकी कैसी स्वतन्त्रता। कपड़े-लत्ते, गहने सब दूसरों की पसंद के, उनका अपना कुछ नहीं है। बच्चे भी वे दूसरों की अनुमति के बिना पैदा नहीं कर सकतीं।  इक्कीसवीं सदी में भी उनकी हालत हंसी-मज़ाक से कम नहीं है।

पंडाल से – तभी पंडाल से एक आदमी बिफरकर बोला – स्त्रियों का हम पुरुषों पर मिथ्या आरोप है। हम पूरी कोशिश करते हैं उन्हें प्रसन्न रखने की फिर भी वे पतंग सी खिंची रहती हैं। हम उत्तर-दक्षिण कहेंगे तो वे पूरब-पश्चिम कहेंगी। माँ-बाप उलटे हमें ‘औरत के गुलाम’ कहकर पुकारते हैं। मज़ाक उड़ाते हैं।  छींटाकशी करते हैं। हमें तो इधर कुआं उधर खाई है। साथ में जग हँसाई है।

मंच से – एक बूढ़ा एक बूढ़ी लगभग रोते हुए बोले – ‘हमें न तो बहू पसंद करती है न हमारा सपूत ही। हमारी जमीन-जायदाद पर अपना हक बताते हैं पर सेवा से जी चुराते हैं।

बहुएँ वक्र चाल चलती हैं। पुत्र बहुओं के मोह जाल में फँसकर उनकी हाँ में हाँ मिलाते हैं। अवसान होती जिंदगी का आखिर रखवाला कौन है? मँझधार में हमारी जीवन-नैया है। बेहोशी में नाव खिवैया है। उनके पास हमारे लिए समय नहीं है। ये हमें तिल-तिल जलाते हैं। हमें वृद्धाश्रमों में छोड़ आते हैं।

पंडाल से – तभी कुछ लड़के-लड़कियां पंडाल में उठकर खड़े होकर शुरू हो जाते हैं। हमारे दादा-दादी की मुसीबतें हमसे देखी नहीं जाती हैं। पूछा जाए तो उन्हीने हमें पाला है। माताएँ हमें दादी के पास सुलाकर खुद निर्विघ्न सोती हैं। बेचारी दादी रात भर हमारे गीले कपड़े बदलती हैं। खुद गीले में सॉकर हमें सूखे में सुलाती हैं।

दादाजी लोग बिस्कुट – टॉफी – खिलौने, बाल मेगज़ीन ला लाकर देते हैं।  बिजली जाने पर दादियाँ रात भर अखबार से मच्छर उड़ाकर हमें चैन की नींद सुलाती हैं।  आखिर क्यों है ऐसा?  क्या कोई हमें बताएगा?

(मंच एवं पंडाल दोनों में अफरा-तफरी मच जाती है।  छोटा सा नाटक जी का जंजाल बन जाता है। किसी को क्या पता था कि इतनी बड़ी उलझन आकार खड़ी हो जाएगी।)

विदूषक बोला – हम सब आखिर अंधे कुएं के मेंढक ही साबित हुए। ऐसे में तो परिवार उजाड़ जाएंगे हम सब एक दूसरे पर आरोप ही लगाते रह जाएँगे। परिवार/समाज में मोहब्बत के बीज कौन डालेगा?  समाज में जो घाट रहा है – अक्षम्य है।  ऐसे में मेलजोल की भरपाई कब होगी। कब पूरा परिवार होली-दशहरा-रक्षाबंधन-स्वतन्त्रता दिवस हंसी-खुशी मनाएगा।

कब बच्चे मौज में नाचेंगे। बूढ़ा-बूढ़ी कब आँगन में रांगोली डालेंगे। कब दादा सेंतकलाज बनाकर बच्चों को उपहार बांटेंगे। कब दादा-दादी के दुखते हाथ-पैर दबाये जाएंगे। बच्चों को कब रटंत विद्या, घोंतांत पानी से निजात मिलेगी। कब प्यार-स्नेह-आत्मीयता से छब्बीस जनवरी मनेगी।

माइक बजाकर राष्ट्रगीत बजाकर मोतीचूर के लड्डू बांटने से कुछ नहीं मानेगा।  केवल स्वतन्त्रता रटने भर से स्वतन्त्रता का एहसास नहीं होगा।  जब तक आपस में प्यार-मोहब्बत,  आदर-सेवभाव, विनम्रता विकसित नहीं होगी, असली स्वतन्त्रता के दर्शन नहीं होंगे। कभी नहीं होंगे। बोलिए – स्वतन्त्रता दिवस की जय, भाई-चारे की जय, माता-पिता की जय-गुरुओं कि जय।

भाइयों, आजकल न तो पहले जैसे गुरु हैं और न पहले जैसे विद्यार्थी। स्वतन्त्रता दिवस की जय बोलने से पहले यह सब करना होगा। वरना वही ढाक के तीन पात हाथ में लगेंगे। जयहिन्द!

(इतना कहकर विदूषक नाचने लगता है। उसे नाचते देख, मंच और पंडाल में सभी नाचने लगते हैं।)

 

© डॉ कुँवर प्रेमिल 
एम आई जी -8, विजय नगर, जबलपुर – 482 002 मोबाइल 9301822782

Please share your Post !

Shares

रंगमंच – नाटक – ☆विश्व इतिहास की पहली महिला योद्धा  ..वीरांगना रानी दुर्गावती ☆ – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’

रानी दुर्गावती बलिदान पर विशेष
श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ 

 

(प्रतिष्ठित साहित्यकार श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ जी द्वारा रानी दुर्गावती बलिदान दिवस पर विशेष रूप  से लिखित नाटक। यह नाटक  बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक के लिए शिक्षाप्रद गीत, कविता एवं साक्षात्कार  का मिला जुला स्वरूप है जो अपने आप में एक प्रयोग से कम नहीं है। साथ ही यह नाटक हमें इतिहास के कई अनछुए पहलुओं से रूबरू करता है। )

 

☆ नाटक – विश्व इतिहास की पहली महिला योद्धा  ..वीरांगना रानी दुर्गावती☆

 

पात्र-

0 गायन मंडली

1 पुरूष स्वर (1)    –    पापा

2 बालिका  – चीना

3 बालक    –  चीकू

4 खंडहर की आवाजे – (अनुगूंज में महिला स्वर)

5 पुरूष स्वर (2)

6 साक्षात्कार कर्ता

 

जिनसे साक्षात्कार लेना है –

०     रानी दुर्गावती  विश्वविद्यालय के कुलपति

१.    कलेक्टर जबलपुर

२.   संग्रहालय अध्यक्ष- जबलपुर रानी दुर्गावती संग्रहालय

३.    संग्रहालय अध्यक्ष-  मंडला

४.   संग्रहालय अध्यक्ष ..दमोह

५.   मदन महल , वीरांगना दुर्गावती की समाधि के आम पर्यटक एवं उस परिसर के दुकानदार आदि

 

चीना- चीकू । मैने तुमसे कोई कहानियो की किताब लाने को कहा था तुम ये कौन सी पुस्तक उठा लाये हो पुस्तकालय से।

चीकू- दीदी यह पुस्तक है ‘रानी दुर्गावती’ वही दुर्गावती, जिसके विषय मे हमारी पाठ्य पुस्तक में छोटा सा पाठ पिछले साल हमने पढा था।

चीना- अरे वाह। तब तो इससे हमे वीरांगना दुर्गावती के विषय में पूरी जानकारी मिल जायेगी।

पापा- हां बच्चो। तुम लोग इस पुस्तक को पूरी तरह पढ डालो, यह छुटिटयो का अच्छा उपयोग होगा। फिर मै तुम्हें वह जगह घुमाने ले जाउंगा जहां दुर्गावती ने वीरगति पाई थी और मदन महल एवं अन्य वे स्थान भी दिखलाउूंगा जिनका संबंधी रानी से रहा है।

चीकू- पापा। हम लोग पुरातत्व  संग्रहालय भी चलेगे, वहां भी तो रानी से जुडे अवशेष देखने मिल सकेंगे .

पापा- हां, जरूर। तुम्हे पता है…..

पुरूष स्वर (2)- विश्व इतिहास में रानी दुर्गावती पहली महिला है जिसने समुचित युद्ध नीति बनाकर अपने विरूद्ध हो रहे अन्याय के विरोध मे मुगल साम्राज्य के विरूद्ध शस्त्र उठाकर सेना का नेतृत्व किया और युद्ध क्षेत्र मे ही आत्म बलिदान दिया।

साक्षात्कार कर्ता-   और इस विषय मे हमे बता रहे हैं …..

पापा-  बच्चो। प्रसिद्ध गीतकार प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव की एक रचना है ‘‘गोंडवाने की रानी दुर्गावती” — जिसमें उन्होनें दुर्गावती का वैसा ही समग्र चित्रण किया है जैसा प्रसिद्ध कवियत्री सुभद्रा कुमारी चैहान ने ‘‘खूब लडी मर्दानी” कविता मे रानी झांसी का वर्णन किया था। तुम यह गीत सुनना चाहेागे।

चीकू-चीना- जरूर। जरूर। सुनाइये न पापा

पापा- तो सुनो

गायक मंडली-

गूंज रहा यश कालजयी उस वीरव्रती क्षत्राणी का

दुर्गावती गौडवाने की स्वाभिमानिनी रानी का।

उपजाये हैं वीर अनेको विध्ंयाचल की माटी ने

दिये कई है रत्न देश को मां रेवा की घाटी ने

उनमें से ही एक अनोखी गढ मंडला की रानी थी

गुणी साहसी शासक योद्धा धर्मनिष्ठ कल्याणी थी

 

युद्ध भूमि में मर्दानी थी पर ममतामयी माता थी

प्रजा वत्सला गौड राज्य की सक्षम भाग्य विधाता थी

दूर दूर तक मुगल राज्य भारत मे बढता जाता था

हरेक दिशा मे चमकदार सूरज सा चढता जाता था

साम्राज्य विस्तार मार्ग में जो भी राह मे अड़ता था

बादशाह अकबर की आंखो में वह बहुत खटकता था

 

एक बार रानी को उसने स्वर्ण करेला भिजवाया

राज सभा को पर उसका कडवा निहितार्थ नहीं भाया

बदले में रानी ने सोने का एक पिंजन बनवाया

और कूट संकेत रूप मे उसे आगरा पहुंचाया

दोनों ने समझी दोनों की अटपट सांकेतिक भाषा

बढा क्रोध अकबर का रानी से न रही वांछित आशा

 

एक तो था मेवाड प्रतापी अरावली सा अडिग महान

और दूसरा उठा गोंडवाना बन विंध्या की पहचान

 

पापा- बच्चो। इससे पहले कि हम यह गीत पूरा करें, आओ बात करते है आज विंध्य अंचल की पहचान,को लेकर जिलाधीश जबलपुर  से,

साक्षात्कारकर्ता-

चीकू- चीना-पापा हमे उस गीत मे बहुत मजा आ रहा था उसे पूरा सुनवाईये ना।

पापा- अच्छा चलो जैसा तुम लोग चाहो।

गायन मण्डली-

घने वनों पर्वत नदियों से गौड राज्य था हरा भरा

लोग सुखी थे धन वैभव था थी समुचित सम्पन्न धरा

 

आती हैं जीवन मे विपदायें प्रायः बिना कहे

राजा दलपत शाह अचानक बीमारी से नहीं रहे

 

पुत्र वीर नारायण बच्चा था जिसका था तब तिलक हुआ

विधवा रानी पर खुद इससे रक्षा का आ पडा जुआ

 

रानी की शासन क्षमताओ, सूझ बूझ से जलकर के

अकबर ने आसफ खां को तब सेना दे भेजा लडने

 

बडी मुगल सेना को भी रानी ने बढकर ललकारा

आसफ खां सा सेनानी भी तीन बार उससे हारा

 

तीन बार का हारा आसफ रानी से लेने बदला

नई फौज ले बढते बढते जबलपुर तक आ धमका

 

तब रानी ले अपनी सेना हो हाथी पर स्वतः सवार

युद्ध क्षेत्र में रण चंडी सी उतरी ले कर मे तलवार

 

युद्ध हुआ चमकी तलवारे सेनाओ ने किये प्रहार

लगे भागने मुगल सिपाही खा गौडी सेना की मार

 

तभी अचानक पासा पलटा छोटी सी घटना के साथ

काली घटा गौडवानें पर छाई की जो हुई बरसात

 

भूमि बडी उबड खाबड थी और महिना था आषाढ

बादल छाये अति वर्षा हुई नर्रई नाले मे थी बाढ

 

छोटी सी सेना रानी की वर्षा के थे प्रबल प्रहार

तेज धार मे हाथी आगे बढ न सका नाले के पार

 

तभी फंसी रानी को आकर लगा आंख मे तीखा बाण

सारी सेना हतप्रभ हो गई विजय आश सब हो गई म्लान

 

पापा- बच्चो। तुम्हें पता है , उस समय तक गौंड़ सेना पैदल व उसके सेनापति हाथियो पर होते थे , जबकि मुगल सेना घोड़ो पर सवार सैनिको की सेना थी .अच्छा चीकू तुम सोचकर  बतलाओ कि इस घोड़े और हाथी के अंतर से दोनो सेनाओ की लड़ाई के तरीको में क्या फर्क होता रहा होगा ?

चीकू – .. पापा सीधी सी बात है , हाथी धीमी गति से चलते रहे होंगे और  घोड़े तेजी से भागते ही होंगे इसलिये जो मुगल सैनिक घोड़ो पर रहते होंगे  वे तेज गति से पीछा भी कर सकते रहे होंगे और जब खुद की जान बचाने की  जरूरत होती होगी तो वो तेजी से भाग भी जाते होंगे . पर पैदल गौंडी सेना धीमी गति से चलती होगी और वो जल्दी भाग भी नही सकते रहे होंगे . मैं सही कह रहा हूं न पापा !.

पापा -… बिलकुल सही बेटा . विशाल, सुसंगठित, साधन सम्पन्न मुगल सेना जो घोड़ो पर थी उनसे जीतना संख्या में कम, गजारोही गौंड सेना के लिये लगभग असंभव था,  फिर भी जिस तरह रानी ने दुश्मन से वीरता पूर्वक लोहा लिया, वह नारी सशक्तीकरण का अप्रतिम उदाहरण है। आओ बात करते है जबलपुर के रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कुलपति जी से  जो इन ऐतिहासिक मूल्यो को नई पीढ़ी में पुर्नस्थापित करने हेतु महत्वपूर्ण कार्य कर रहे है-

साक्षात्काकर्ता-

पापा – बच्चो। आओ अब उस गीत को पूरा कर लें।

गयक मडंली-

सेना का नेतृत्व संभालें संकट मे भी अपने हाथ

ल्रडने को आई थी रानी लेकर सहज आत्म विश्वास

 

फिर भी निधडक रहीं बंधाती सभी सैनिको को वह आस

बाण निकाला स्वतः हाथ से यद्यपि हार का था आभास

 

क्षण मे सारे दृश्य बदल गये बढे जोश और हाहाकार

दुश्मन के दस्ते बढ आये हुई सेना मे चीख पुकार

 

घिर गई रानी जब अंजानी रहा ना स्थिति पर अधिकार

तब सम्मान सुरक्षित रखने किया कटार हृदय के पार

 

स्वाभिमान सम्मान ज्ञान है मां रेवा के पानी मे

जिसकी आभा साफ झलकती गढ़ मंडला की रानी में

 

महोबे की बिटिया थी रानी गढ मंडला मे ब्याही थी

सारे गौंडवाने मे जन जन से जो गई सराही थी

 

असमय विधवा हुई थी रानी मां बन भरी जवानी में

दुख की कई गाथाये भरी है उसकी एक कहानी में

 

जीकर दुख मे अपना जीवन था जनहित जिसका अभियान

24 जून 1564 को इस जग से था किया प्रयाण

 

है समाधी अब भी रानी की नर्रई नाला के उस पार

गौर नदी के पार जहां हुई गौडो की मुगलों से हार

 

कभी जीत भी यश नहीं देती कभी जीत बन जाती हार

बडी जटिल है जीवन की गति समय जिसे दे जो उपहार

 

कभी दगा देती यह दुनियां कभी दगा देता आकाश

अगर न बरसा होता पानी तो कुछ और हुआ होता इतिहास

 

चीना-चीकू- मजा आ गया। इस गीत मे तेा जैसे सारी कहानी ही पिरो दी गई है।

पापा- हां बेटा।  दरअसल कोई तारीख अच्छी या बुरी नहीं होती, ये हम होते है, जो अपने कामो से उस तारीख को स्वर्णाक्षरो मे लिख डालते है, या उस पर कालिख पोत देते है, फिर उन्ही घटनाओ को इतिहास मे रचनाकार समेट कर पुस्तक तैयार कर देते है पीढियो के संदर्भेा के लिये।

पुरूष स्वर- (वाचक स्वर) रानी दुर्गावती पर अनेक पुस्तके लिखी गई है, कुछ प्रमुख इस तरह है-

  1.   राम भरोस अग्रवाल की गढा मंडला के गोंड राजा
  2.   नगर निगम जबलपुर का प्रकाशन रानी दुर्गावती
  3.   डा. सुरेश मिश्रा की कृति रानी दुर्गावती
  4.   डा. सुरेश मिश्र की ही पुस्तक गढा के गौड राज्य का उत्थान और पतन
  5.   बदरी नाथ भट्ट का नाटक दुर्गावती
  6.   बाबूलाल चौकसे का नाटक महारानी दुर्गावती
  7.   वृन्दावन लाल शर्मा का उपन्यास रानी दुर्गावती
  8.   गणेश दत्त पाठक की किताब गढा मंडला का पुरातन इतिहास

इनके अतिरिक्त अंग्रेजी मे सी.यू.विल्स, जी.वी. भावे, डब्लू स्लीमैन आदि अनेक लेखको ने रानी दुर्गावती की महिमा अपनी कलम से वर्णित की है।

महिला अनुगूंज स्वर- इस वीरांगना की स्मृति को अक्षुण्य बनाये रखने हेतु भारत सरकार ने 1988 मे एक साठ पैसे का डाक टिकट भी जारी किया है।

पापा- आओ बच्चो तुम्हे ले चले रानी की पत्थरो पर लिखी ऐतिहासिक इबारत को पढने- ये है मदन महल का किला और यह एक पत्थर आधार शिला बैलेसिंग राक, प्रकृति का अद्भुत करिष्मा, कितना आकर्षक दिखता है इस उॅचाई से, इन पहाडियो पर आओ बात करें इस एतिहासिक स्मारक पर आये इन हमारे जैसे अन्य पर्यटको से।

साक्षात्कार कर्ता-………………………

पर्यटक………………………..

चीना-पापा, जबलपुर मे रानी दुर्गावती के और कौन कौन से स्मारक है?

पापा- बेटे। रानी ने अपने शासनकाल मे जबलपुर मे अनेक जलाशयो का निर्माण करवाया, अपने प्रिय दीवान आधार सिंग, कायस्थ के नाम पर अधारताल, अपनी प्रिय सखी के नाम पर चेरीताल और अपने हाथी सरमन के नाम पर हाथीताल बनवाये थे। ये तालाब आज भी विद्यमान है। प्रगति की अंधी दौड मे यह जरूर हुआ है कि अनेक तालाब पूरकर वहा भव्य अट्टालिकाये बनाई जा रही है।

चीकू- पापा रानी दुर्गावती के समय की और भी कुछ चीजे, सिक्के आदि दिखलाइये ना।

पापा- बेटा, इस विषय मे तुम्हे रानी के नाम पर ही स्थापित रानी दुर्गावती संग्रहालय जबलपुर की अध्यक्षा बतायेंगी।

साक्षात्कार- संग्रहालय अध्यक्ष से ।

चीना- पापा, दुर्गावती ने और कौन कौन सी लडाइयां लडी थी ?

पापा- बेटा। रानी दुर्गावती ने सर्वप्रथम मालवा के राज बाज बहादुर से लडाई लडी थी, जिसमें बाज बहादुर का काका फतेहसिंग मारा गया था। फिर कटंगी की घाटी मे दूसरी बार बाज बहादुर की सारी फौज का ही सफाया कर दिया गया। बाद मे रानी रूपमती को सरंक्षण देने के कारण अकबर से युद्ध हुआ, जिसमें दो बार दुर्गावती विजयी हुई पर आसफ खां के नेतृत्व मे तीसरी बार मुगल सेना को जीत मिली और रानी ने आत्म रक्षा तथा नारीत्व की रक्षा मे स्वयं अपनी जान ले ली थी .

पुरूष 2 (वाचक स्वर)- नारी सम्मान को दुर्गावती के राज्य मे सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती थी। नारी अपमान पर तात्कालिक दण्ड का प्रावधान था। न्याय व्यवस्था मौखिक एवं तुरंत फैसला दिये जाने वाली थी . । रानी दुर्गावती एक जन नायिका के रूप मे आज भी गांव चौपाले में लोकगीतो के माध्यम से याद की जाती हैं .

गायक मडंली-

तरी नाना मोर नाना रे नाना

रानी महारानी जो आय

माता दुर्गा जी आय

रन मां जूझे धरे तरवार, रानी दुर्गा कहाय

राजा दलतप के रानी हो, रन चंडी कहाय

उगर डकर मां डोले हो, गढ मडंला बचाय

हाथन मां सोहे तरवार, भाला चमकत जाय

सरपट सरपट घोडे भागे, दुर्गे भई असवार

तरी नाना………..

वाचक स्वर- ये लोकगीत मंडला, नरसिंहपुर, जबलपुर, दमोह, छिंदवाडा, बिलासपुर, आदि अंचलो मे लोक शैली मे गाये जाते है इन्हें सैला गीत कहते है।

वाचक स्त्री कण्ठ- रानी दुर्गावती का जन्म 5 अक्टूबर 1524 को कालींजर मे हुआ था . उनके पिता कीरत सिंह चन्देल वंशीय क्षत्रिय शासक थे। इनकी मां का नाम कमलावती था। सन् 1540 में गढ मंडला के राजकुमार दलपतिशाह ने गंधर्व विवाह कर दुर्गावती  का वरण किया था। 1548 मे महाराज दलपतिशाह के निधन से रानी ने दुखद वैधव्य झेला। तब उनका पुत्र वीरनारायण केवल 3 वर्ष का था। उसे राजगद्दी पर बैठाकर  रानी ने उसकी ओर से कई  वर्षो तक कुशल राज्य संचालन किया।

वाचक पुरूष स्वर (2)- आइने अकबरी मे अबुल फजल ने लिखा है कि रानी दुर्गावती के शासन काल मे प्रजा इतनी संपन्न थी कि लगान का भुगतान प्रजा स्वर्ण मुद्राओ और हाथियो के रूप मे करती थी।

चीकू- पापा। मुझे तो लगता है, शायद यही संपन्नता, मुगल राजाओ को गौड राज्य पर आक्रमण का कारण बनी।

चीना- अरे खूब चीकू, तुम तो बडे चतुर बन गये।

पापा- हां बच्चे, तुम बिल्कुल सही हो लेकिन, महत्वपूर्ण बात यह है कि अकबर ने विधवा रानी पर हमला कर, सब कुछ पाकर भी कलंक ही पाया, जबकि रानी ने अपनी वीरता से सब कुछ खोकर भी इतिहास मे अमर कीर्ति अर्जित की।

 

© श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव 

ए-1, एमपीईबी कालोनी, शिलाकुंज, रामपुर, जबलपुर, मो ७०००३७५७९८

Please share your Post !

Shares

रंगमंच स्मृतियाँ – “कोर्ट मार्शल” – श्री समर सेनगुप्ता एवं श्री अनिमेष श्रीवास्तव

रंगमंच स्मृतियाँ – “कोर्ट मार्शल” – श्री समर सेनगुप्ता एवं श्री अनिमेष श्रीवास्तव 

(यह विडम्बना है कि  – हम सिनेमा की स्मृतियों को तो बरसों सँजो कर रखते हैं और रंगमंच के रंगकर्म को मंचन के कुछ दिन बाद ही भुला देते हैं। रंगकर्मी अपने प्रयास को आजीवन याद रखते हैं, कुछ दिन तक अखबार की कतरनों में सँजो कर रखते हैं और दर्शक शायद कुछ दिन बाद ही भूल जाते हैं। कुछ ऐसे ही क्षणों को जीवित रखने का एक प्रयास है “रंगमंच स्मृतियाँ “। यदि आपके पास भी ऐसी कुछ स्मृतियाँ हैं तो आप इस मंच पर साझा कर सकते हैं।

इस प्रयास में  सहयोग के लिए  श्री समर सेनगुप्ता जी  एवं श्री अनिमेष श्रीवास्तव जी का आभार।  साथ ही भविष्य में सार्थक सहयोग की अपेक्षा के साथ   – हेमन्त बावनकर)   

“कोर्ट मार्शल”

संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के व्यक्तिगत अनुदान योजना के अंतर्गत ( CFPGS) इस नाटक की प्रस्तुति विगत 18 मार्च 2019 तो शाम 7.30 बजे  मानस भवन, जबलपुर में श्री स्वदेश दीपक द्वारा लिखित  एवं श्री अनिमेष श्रीवास्तव के निर्देशन में की गई।

कलाकार/बैनर – समन्यास वैलफेयर सोसायटी, भोपाल

*निर्देशकीय*

मेरे लिए नाटक ‘कोर्ट मार्शल’ की कहानी जाति व्यवस्था और उसके परिणाम दिखाने वाली नहीं है बल्कि उसके भी आगे जाकर मनुष्य के सबसे बड़े विकार ‘अहंकार’ को सामने लाने और उसे समझने की कोशिश है । किसी भी कारण से किसी को भी अपने से कमतर समझना और इस वजह से उसे प्रताड़ित करना किसी नये अपराध और अपराधी का जन्मदाता हो सकता है ।

सत्य की रक्षा के लिए न्याय प्रणालियां हमेशा से ही चिंतित रहीं हैं, शायद स्वदेश दीपक जी ने कोर्ट मार्शल की रचना इसी चिन्ता की बुनियाद पर की है और इसके लिए उन्होंने बड़ी कुशलता से सेना की पृष्ठभूमि को चुना क्योंकि सेना चाहे किसी भी देश की हो अपने कौशल, सजगता, निपुणता और देशप्रेम के लिए पहचानी जाती है । जहां अनुशासन सर्वोच्य ताक़त है वहीं भावुकता सर्वाधिक बड़ी कमज़ोरी ।

मगर फिर क्या होता है जब कमज़ोरी को भड़काया जाता है और इसके लिए भावुकता को हथियार बनाया जाता है ।

हां ये ज़रूर है कि ‘गाली का जवाब गोली से नहीं दिया जा सकता’ लेकिन गाली की तह तक पहुँचें तो सभ्यता-संस्कृति का ऐसा घिनौना रूप दिखता है कि तमाम आदर्श ही गाली लगने लगते हैं ।

अतएव मैं अपने आसपास की तमाम सामाजिक और मानसिक गन्दगी के अच्छे या बुरे (जो भी हों) पक्ष के बारे में सोचना, समझना, जानना और उसे सामने लाना ज़रूरी समझता हूँ जिसकी सिद्धि के लिए प्रस्तुत नाटक ‘कोर्ट मार्शल’ मेरी बखूबी मदद करता है ।

हर चीज़ के पीछे कोई ना कोई कारण होता है । अपराध के भी कारण होते हैं ।

अपराध वो नहीं जो हुआ है और अपराधी भी वो नहीं जिसने किया है बल्कि अपराध और अपराधी वो है जिसने समय रहते कुछ बातों पर ध्यान नहीं दिया । उसे छोटा मानकर उसके खिलाफ शिकायत नहीं की, आवाज़ नहीं उठाया । यही अनदेखा, अनसुना कर दिया गया कृत्य ही कालांतर में एक भयंकर अपराध और अपराधी का रूप धारण कर लेता है ।

तथाकथित छोटे आदमी की शिकायत को वहीं दबा देना और स्वयंभू बड़े आदमी की ग़लती देखकर अपनी आंख बंद कर लेना ही अपराध है ।

कौन होता है अपराधी ? इंसान ? या उसकी सोच, उसके विचार, उसकी आत्मा । कौन ? और कौन है हंटर ऑफ दी सोल ? शत्रु कौन है, जो सामने खड़ा है वो, या वो, जो अंतस में छिपकर बैठा है ?

इन्हीं सवालों को समझने और उसके जवाब ढूंढने का नाम है नाटक ‘कोर्ट-मार्शल’

कथा सार-

नाटक की मुख्य कहानी फ्लैशबैक में है । नाटक का एक पात्र ब्रिगेडियर सूरत सिंह अतीत में हुई एक ऐसी घटना का ज़िक्र करता है जिसने उसके अब तक के जीवन के सोच की धारा ही बदल दी थी । युद्ध और कोर्ट मार्शल में मरने और मारने की बात करने वाले सूरत सिंह को अंततः कहना पड़ता है कि “पहली बार मुझे इस दिल दहला देने वाले सत्य का पता चला कि जब हम किसी जान लेते हैं तो हमारे प्राणों का एक हिस्सा भी मर जाता है, मरने वाले के साथ । सच क्या केवल उतना ही होता है जितना समझ आये ? दिखाई दे ?”

कोर्ट-मार्शल है रामचंदर का । किसी भी सैनिक की भांति रामचंदर भी अपने देश की आन-बान-शान के लिए मर मिटने को तैयार है । चुस्त, ईमानदार और अपनी ड्यूटी का पक्का रामचंदर एक आइडियल सोल्जर है । लेकिन एक दिन यह आदर्श सैनिक अपने ही रेजिमेंट के दो अफसरों को गोली मार देता है जिसमें एक की मौत हो जाती है और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो जाता है । रामचंदर अपना गुनाह कबूल करता है लेकिन ये बताना नहीं चाहता कि उसने गोली क्यों चलाई । क्यों की हत्या ?

रामचंदर का जनरल कोर्ट मार्शल किया जाता है जिसमें उसे फांसी की सज़ा सुनाई जाती है लेकिन सज़ा सुनाने वाले प्रिसाइडिंग ऑफिसर कर्नल सूरत सिंह के लिए उन्ही का निर्णय उनके गले की फांस बन जाता है ।

स्वदेश दीपक (1942)

एक भारतीय नाटककार, उपन्यासकार और लघु कहानी लेखक हैं । उन्होंने 15 से अधिक प्रकाशित पुस्तकें लिखी हैं । स्वदेश दीपक हिन्दी साहित्यिक परिदृश्य पर 1960 के दशक के मध्य से सक्रिय हैं । उन्होंने हिन्दी और अंग्रेज़ी में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की थी । छब्बीस साल उन्होंने अम्बाला के गांधी मेमोरियल कॉलेज में अंग्रेज़ी साहित्य पढ़ाया । 2004 में उन्हें संगीत नाटक अकादमी सम्मान से सम्मानित किया गया । 2 जून, 2006 को वो सुबह की सैर के लिए गये   लेकिन आज तक वापस नहीं आये ।

कृतियाँ –

  • कहानी संग्रह- अश्वारोही (1973), मातम (1978), तमाशा (1979), प्रतिनिधि कहानियां (1985), बाल भगवान (1986), किसी अप्रिय घटना का समाचार नहीं (1990), मसखरे कभी नहीं रोते (1997), निर्वासित  कहानियां (2003)
  • उपन्यास-  नम्बर 57 स्क्वाड्रन (1973), मायापोत (1985)
  • नाटक- बाल भगवान (1989), कोर्ट मार्शल (1991), जलता हुआ रथ (1998), सबसे उदास कविता (1998), काल कोठरी (1999)
  • संस्मरण- मैंने मांडू नहीं देखा (2003)

प्रस्तुति : श्री समर सेनगुप्ता, जबलपुर एवं श्री अनिमेष श्रीवास्तव, भोपाल   

Please share your Post !

Shares
image_print