हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ विवेक की पुस्तक चर्चा # २२१ ☆ “नूपुर के नए गीत” – कवि – स्व. डॉ. रवींद्रनाथ द्विवेदी ☆ चर्चा – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ 

(हमप्रतिष्ठित साहित्यकार श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’  जी के आभारी हैं जो  साप्ताहिक स्तम्भ – “विवेक की पुस्तक चर्चा” शीर्षक के माध्यम से हमें अविराम पुस्तक चर्चा प्रकाशनार्थ साझा कर रहे हैं । श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र जी, मुख्यअभियंता सिविल (म प्र पूर्व क्षेत्र विद्युत् वितरण कंपनी, जबलपुर ) पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। तकनीकी पृष्ठभूमि के साथ ही उन्हें साहित्यिक अभिरुचि विरासत में मिली है। उनका दैनंदिन जीवन एवं साहित्य में अद्भुत सामंजस्य अनुकरणीय है। इस स्तम्भ के अंतर्गत हम उनके द्वारा की गई पुस्तक समीक्षाएं/पुस्तक चर्चा आप तक पहुंचाने का प्रयास  करते हैं।

आज प्रस्तुत है स्व. डॉ. रवींद्रनाथ द्विवेदी जी द्वारा लिखित  “नूपुर के नए गीत” पर चर्चा।

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – विवेक की पुस्तक चर्चा#  २२१ ☆

☆ “नूपुर के नए गीत” – कवि – स्व. डॉ. रवींद्रनाथ द्विवेदी ☆ चर्चा – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆/

पुस्तक : नूपुर के नए गीत

कवि : स्व. डॉ. रवींद्रनाथ द्विवेदी

प्रकाशन प्रस्तुति : डॉ. द्विजेंद्रनाथ द्विवेदी

पुस्तक चर्चा : विवेक रंजन श्रीवास्तव

चर्चा : विवेक रंजन श्रीवास्तव, (लंदन)

☆ शब्दों की रुनझुन में जीवित एक कवि : ‘नूपुर के नए गीत’ – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

किसी कवि की मृत्यु उसके शरीर की यात्रा का अवसान हो सकती है, उसकी कविता का नहीं। कविता अपने रचनाकार के बाद भी जीवित रहती है। अक्षर  ब्रह्म कहा जाता है । विचार नाशवान नहीं होता। कभी स्मृति बनकर, कभी संवेदना बनकर और कभी किसी नई पीढ़ी के हाथों में पुस्तक बनकर वह फिर हमारे सामने आती है।

 स्वर्गीय डॉ. रवींद्रनाथ द्विवेदी का काव्य-संग्रह ‘नूपुर के नए गीत’ इसी अर्थ में एक महत्वपूर्ण साहित्यिक उपस्थिति है।  एक रचनाकार के भावलोक, विचारों, सामाजिक सरोकारों और जीवन-दृष्टि का दस्तावेज है। उनके पुत्र डॉ. द्विजेंद्रनाथ द्विवेदी ने इस कृति को प्रकाशित करवाकर अपने पिता की साहित्यिक स्मृति को सुरक्षित रखने का सराहनीय प्रयास किया है।

इस पुस्तक से जुड़ा एक पुराना साहित्यिक संदर्भ भी विशेष ध्यान देने योग्य है। जापान के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेटिक्स के पुस्तकालय कैटलॉग में वर्ष 1971 में प्रकाशित ‘नूपुर के गीत’ नामक काव्य-संकलन का अभिलेख उपलब्ध है। इस पुस्तक के 112 पृष्ठ  हैं।  रवींद्रनाथ द्विवेदी ‘रवि’ इसके संपादक थे । उनके साथ ‘प्रेमी’ और ‘नाहर’ नाम भी रचनाकारों के रूप में दर्ज हैं। पुस्तक का प्रकाशन विवरण मथुरा के अग्रवाल पुस्तक भंडार से संबंधित है। यह उल्लेख इसलिए महत्वपूर्ण है कि आज प्रकाशित ‘नूपुर के नए गीत’ को हम कवि की एक लंबी साहित्यिक यात्रा के संदर्भ में भी देख सकते हैं। लगभग पाँच दशक पुराने इस पुस्तकालय अभिलेख से उनके साहित्यिक जीवन की पूर्व उपस्थिति का प्रमाण मिलता है। यह कहना उचित नहीं होगा कि वही उनकी पहली पुस्तक थी, लेकिन इतना अवश्य है कि उनके साहित्यिक रचनाकर्म की जड़ें पुरानी हैं।

पुस्तक के आरंभ में डॉ. रवींद्रनाथ द्विवेदी की रचनात्मकता पर लिखी गई प्रस्तावना और आत्म-निवेदन पाठक को कवि के व्यक्तित्व तथा काव्य संसार से परिचित कराते हैं। प्रस्तावना में उनके गीतों की विषय-विविधता का उल्लेख है। प्रेम, विरह, आत्मसंघर्ष, सामाजिक चेतना, स्वतंत्रता, शहीदों का बलिदान, राष्ट्रीय पर्व, नारी अस्मिता और मानवीय संवेदना जैसे अनेक विषय इस संग्रह में स्थान पाते हैं। यह विविधता बताती है कि कवि का मन केवल निजी अनुभूतियों तक सीमित नहीं था। वह अपने समय, समाज और देश की हलचलों से भी गहरे जुड़ा हुआ था।

किसी रचनाकार को समझने के लिए उसकी शब्द-संपदा के साथ शब्दों के प्रति उसके व्यवहार को देखना आवश्यक है। लेखक, कवि और रचनाकार अपनी अनुभूतियों को शब्द देते हैं, किंतु शब्द-शिल्पी उन शब्दों को तराशता भी है। वह उनकी ध्वनि, अर्थ, लय और प्रभाव को पहचानता है। सामान्य भाव को भी अपनी अभिव्यक्ति से विशिष्ट बना देता है। अंग्रेजी का शब्द Wordsmith ऐसे ही रचनाकार के लिए प्रयुक्त होता है। किसी लेखक के लिए He is a true wordsmith कहना उसकी भाषा पर पकड़ और अभिव्यक्ति-कौशल की प्रशंसा है। ‘नूपुर के नए गीत’ पढ़ते हुए कवि के इसी शब्द-संसार और अभिव्यक्ति की कला को समझने का अवसर मिलता है।

संग्रह की एक उल्लेखनीय विशेषता इसकी विषयगत व्यापकता है। इसमें राष्ट्रप्रेम है, तो सामाजिक विसंगतियों के प्रति आक्रोश भी। जीवन की जटिलताओं के बीच आशा का स्वर है, तो नारी की गरिमा और आत्मसम्मान की चिंता भी। कवि अपने समय की समस्याओं से आँखें नहीं चुराता। वह कविता को केवल मनोरंजन का साधन नहीं मानता, बल्कि उसे जागरण और विचार का माध्यम बनाता है।

‘अभिनव विहान’ कविता में कवि की परिवर्तनकामी चेतना स्पष्ट दिखाई देती है। वह लिखता है—

“सदा रही हो सीमित

मेरी लघु लेखनी

बस कविता तक

ऐसी बात नहीं है।”

यहाँ कवि अपनी लेखनी की भूमिका को कविता की सीमाओं से बाहर ले जाना चाहता है। वह सामाजिक जड़ता, रूढ़ियों और संकीर्णताओं से मुक्त होकर नए युग की कल्पना करता है। उसकी आकांक्षा केवल परिवर्तन की घोषणा करना नहीं, बल्कि समाज को नई दिशा और चेतना देना है। कविता का शीर्षक ‘अभिनव विहान’ भी इसी नवप्रभात का संकेत करता है।

‘महान जन्मभूमि’ में राष्ट्र के प्रति कवि का अनुराग मुखर होता है। वह भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को स्मरण करते हुए लिखता है—

“ये देश रक्त पुत्र है रक्तदान चाहिये

ये देश धर्म पुत्र है ब्रह्म ज्ञान चाहिये।”

इन पंक्तियों में राष्ट्रप्रेम केवल भावुक उद्घोष नहीं है। इसमें देश के लिए त्याग, ज्ञान और कर्म की अपेक्षा है। कवि भारत को किसी एक जाति या धर्म की परिधि में नहीं बाँधता। वह उसकी बहुलतावादी आत्मा को पहचानता है। कविता के अंत में उसका स्वर और व्यापक हो जाता है—

“न कोई जाति है यहाँ न कोई धर्म है यहाँ

ये देश है हमारा हम सभी का धर्म देश है।”

यह दृष्टि आज भी प्रासंगिक है। देशप्रेम का अर्थ विभाजन नहीं, बल्कि साझा सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकात्मता का सम्मान है।

नारी जीवन के प्रति कवि की संवेदनशीलता भी इस संग्रह का महत्वपूर्ण पक्ष है। प्रस्तावना में ‘नारी’ और ‘सिंदूर’ जैसी रचनाओं के माध्यम से भारतीय नारी की गरिमा, त्याग और शक्ति के प्रति सम्मान का उल्लेख मिलता है। यह संवेदना परिवार और समाज में स्त्री के सम्मान को मानवीय मूल्यों का अनिवार्य अंग मानती है।

‘धरती स्नेह की प्यासी’ कविता में कवि का सामाजिक सरोकार विशेष तीव्रता से सामने आता है। इसमें धरती और मनुष्य दोनों की पीड़ा एक साथ व्यक्त हुई है। कवि लिखता है..

“अधूरा है यहाँ मानव अधूरी आज मानवता

सभी कुछ है अधूरा तुम इसे सम्पूर्ण कर डालो।”

यहाँ अधूरापन केवल व्यक्तिगत जीवन का नहीं, पूरी सभ्यता का है। भौतिक उपलब्धियों के बावजूद मनुष्य के भीतर संवेदना और मानवीयता की कमी कवि को व्यथित करती है। आगे वह कहता है—

“सच्चाई ही तुम्हारा धन परिश्रम धर्म है साथी

यही दो लाल हैं तेरे इसी में दिन बिता डालो।”

इन पंक्तियों में जीवन का एक सहज किंतु महत्वपूर्ण दर्शन है। सत्य और परिश्रम को कवि जीवन की वास्तविक पूँजी मानता है। उसकी कविता जीवन-मूल्यों की ओर लौटने का आत्मीय आग्रह करती है।

संग्रह में प्रेम और विरह की अनुभूतियाँ भी हैं। अनुक्रमणिका में ‘इश्क’, ‘अनंत वेदना’, ‘सुनो संदेश और आत्मा की’, ‘आँखों में पिया को उतार लूँगी’ और ‘तन का मिलन कहाँ होगा’ जैसे शीर्षक इस भावभूमि की विविधता का संकेत देते हैं। कवि का प्रेम केवल प्रणय की अनुभूति नहीं, बल्कि जीवन के प्रति अनुराग और संवेदना का विस्तार भी है। इसी प्रकार ‘वतन के दुलारे कहाँ हैं’, ‘आओ तो चल फिर देश दिशा करके’ और ‘स्वतंत्रता दिवस’ जैसी रचनाएँ राष्ट्रीय चेतना के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को रेखांकित करती हैं।

इस संग्रह की एक और विशेषता है गीतात्मकता और सहज भाषा। गीत का प्रभाव तभी स्थायी होता है, जब उसके भाव पाठक के अपने अनुभवों से जुड़ सकें। कवि की भाषा में सरलता है और कथ्य में स्पष्टता। वह कठिन शब्दावली का अनावश्यक बोझ नहीं डालता। उसकी रचनाओं में भावों को सीधे पाठक तक पहुँचाने की आकांक्षा दिखाई देती है। कहीं राष्ट्रीय चेतना का ओज है, कहीं प्रेम की कोमलता, कहीं सामाजिक पीड़ा और कहीं जीवन के प्रति आशावादी दृष्टि।

किसी पुत्र द्वारा पिता की साहित्यिक विरासत को इस तरह पाठकों तक पहुँचाना पारिवारिक भावुकता से आगे की बात है। यह साहित्य के प्रति उत्तरदायित्व भी है। अनेक रचनाकारों की पांडुलिपियाँ और अप्रकाशित रचनाएँ समय के साथ परिवारों में सिमटकर रह जाती हैं। ऐसे में उनका संकलन और प्रकाशन साहित्यिक धरोहर को बचाने का महत्वपूर्ण कार्य है।

‘नूपुर के नए गीत’ का शीर्षक भी अर्थपूर्ण है। नूपुर की ध्वनि में लय है, गति है और जीवन का उल्लास है। नए गीतों का आशय केवल नए समय में लिखे गीत नहीं, बल्कि पुरानी संवेदनाओं को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का प्रयत्न भी माना जा सकता है। वर्ष 1971 के ‘नूपुर के गीत’ से लेकर वर्तमान संकलन तक इस नाम की साहित्यिक यात्रा अपने आप में एक रोचक स्मृति-सूत्र बनाती है। एक ओर पुराना पुस्तकालय अभिलेख है, दूसरी ओर नई पीढ़ी के हाथों अपने पिता की रचनाओं को पुस्तकाकार उपलब्ध कराने का प्रयास। इस तरह अतीत और वर्तमान के बीच साहित्य का एक सुंदर सेतु बनता है।

किसी पुस्तक का मूल्यांकन करते समय यह भी देखना चाहिए कि वह पाठक के मन में क्या छोड़ती है। ‘नूपुर के नए गीत’ पढ़कर यह अनुभव होता है कि कविता जीवन से अलग कोई कलात्मक द्वीप नहीं है। वह जीवन के संघर्ष, प्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रीय चेतना से ही अपनी ऊर्जा प्राप्त करती है। डॉ. रवींद्रनाथ द्विवेदी की रचनाएँ इसी विश्वास की अभिव्यक्ति हैं।

एक दिवंगत कवि के गीतों को पुस्तकाकार उपलब्ध करवाने के लिए डॉ. द्विजेंद्रनाथ द्विवेदी का प्रयास विशेष साधुवाद का अधिकारी है। पिता की स्मृतियों को शब्दों के माध्यम से जीवित रखना और उन्हें सार्वजनिक साहित्यिक संसार का हिस्सा बनाना एक सुंदर सांस्कृतिक कर्म है। यह पुस्तक पाठकों को एक ऐसे कवि से परिचित कराती है, जिसकी लेखनी में निजी संवेदना के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व का भाव भी उपस्थित है।

‘नूपुर के नए गीत’ वस्तुतः उन गीतों की ध्वनि है, जो कवि के जाने के बाद भी थमी नहीं है। नूपुर की रुनझुन की तरह ये गीत स्मृतियों में बजते रहेंगे। शब्दों में सुरक्षित एक कवि का जीवन, उसकी संवेदना और उसका समय ही साहित्य की सबसे स्थायी विरासत है।

चर्चाकार… विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’

समीक्षक, लेखक, व्यंगयकार

ए २३३, ओल्ड मीनाल रेसीडेंसी, भोपाल, ४६२०२३, मो ७०००३७५७९८

readerswriteback@gmail.कॉम, apniabhivyakti@gmail.com

≈ संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – पुस्तक चर्चा ☆ कविवर श्री राजेन्द्र मिश्रा की काव्य कृति – “कर्णिका” ☆ समीक्षा – श्री यशोवर्धन पाठक ☆

श्री यशोवर्धन पाठक

☆ पुस्तक चर्चा ☆

☆ कविवर श्री राजेन्द्र मिश्रा की काव्य कृति – “कर्णिका” ☆ श्री यशोवर्धन पाठक ☆

 (१ नवम्बर – जन्म दिवस पर मंगल भाव सहित)

☆

कर्णिका श्री राजेन्द्र मिश्रा जी की सृजित काव्य रचनाओं का एक ऐसा संग्रह है जिसने पाठकों को एक कवि के भावुक मन से परिचित कराने में अपनी सार्थक भूमिका का निर्वाह किया है। कर्णिका की कविताएं पढ़ कर पाठकों को ऐसा प्रतीत होगा कि कवि ने अपने आसपास जो देखा और जो महसूस किया है वह उनकी भावनाओं और कल्पनाओ के साथ कविता के रुप में कलम के माध्यम से कागज पर उतर आया। वैसे तो श्री राजेन्द्र मिश्रा काफी समय से कविताएं लिख रहे हैं और पत्र-पत्रिकाओं में प्रमुखता से छप भी रहे हैं। उनकी कविताओं का एक ऐसा पाठक वर्ग भी है जो उनकी कविताओं को काफी आतुरता और उत्सुकता से पढ़ता है और उस पर मनन भी करता है।

कर्णिका में जिन साहित्य मनीषियों ने काव्य रचनाओं का अध्ययन और मनन करते हुए विश्लेषण किया है वे प्रतिक्रियाएं कृति की पठनीयता को सिद्ध करती हैं। महामहोपाध्याय आचार्य डा. हरिशंकर दुबे लिखते हैं कि कर्णिका के स्वर कानों में गूंज कर कहते हैं कि आशा के आकाश गिरते नहीं और कभी गिरेंगे भी नहीं। कर्ण प्रिय स्वर गूंजेंगे ही। डॉ. राजकुमार ‘सुमित्र’ के शब्दों में कहें तो, “छंद, कविता का सिंहासन है और छंदिक परंपरा के विश्वासी उसके पुजारी हैं। ” कविवर श्री सनातन कुमार वाजपेई लिखते हैं कि सभी रचनाएं भावपूर्ण हैं जो कवि के हृदय का स्वच्छ दर्पण हैं। पाथेय प्रकाशन के संयोजक श्री राजेश पाठक प्रवीण का सोचना है कर्णिका की कविताओं में समाहित मार्मिक संवेदनायें भावों का प्राबल्य और जीवन जगत की प्रतिध्वनियां कविवर के गहन चिंतन का प्रतीक हैं। पाथेय प्रकाशन द्वारा प्रकाशित यह कृति लगभग चालीस छंदबद्ध गीतों का एक ऐसा गुलदस्ता है, जो पाठक के अंतस को सीधे झकझोर देता है।

वैचारिक बहुमंजिला आयाम और आत्मीय नामकरण

रचियता का यह काव्य-संसार केवल वैयक्तिक अनुभूतियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें राष्ट्रीयता, प्रकृति प्रेम, सामाजिकता और मातृ-प्रेम के सतरंगी रंग समाहित हैं। इस काव्य-संग्रह का नामकरण भी अत्यंत आत्मीय और मार्मिक है। कवि ने अपनी पौत्री ‘कर्णिका’ के प्रथम स्पर्श से उपजी असीम सुखानुभूति और कोमलता को अपनी रचनाओं की धुरी बनाया है:

“जब मैंने अपनी पौत्री का प्रथम स्पर्श करते छुये अपने मस्तक

उसके चरणों में टिका दिया तो ऐसा लगा जैसे कमल सी कोमलता और

अबोधता ने मेरे अंतरमन को गहरे तक पुलकित कर दिया है।”

प्रकृति का सजीव और अलबेला आंचल

‘कर्णिका’ के पन्नों को पलटते ही प्रकृति अपने पूर्ण यौवन और विविध रूपों में सामने आती है। कवि का मन वनों, उपवनों, बादलों और खिलखिलाती कलियों के बीच विचरण करता है। संग्रह की कविता ‘वसुन्धरा’ में प्रकृति के श्रृंगार का ऐसा विहंगम दृश्य उभरता है कि पाठक मंत्रमुग्ध हो जाता है:

“सज गई आभूषणों से

धरा ने श्रृंगार किया

सुरभित हुयें सुमन सतरंगी

खुशनुमा संसार किया…”

प्रकृति के इसी अंचल में जब राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक गौरव का स्वर पिरोया जाता है, तो कविता ‘मेरा भारत’ के माध्यम से देश की गौरवगाथा स्वतः मुखरित हो उठती है:

“गोद गंगा, गोदावरी सरि

जमुना जल से पूर्ण भरी

करते हैं अभिषेक स्वयं घन

अवनि बनी है जल हरी। “

 

नारी गरिमा और आत्मीय सबलता का उद्घोष

इस संग्रह की सबसे बड़ी खूबी इसकी वैचारिक गहराई और संवेदनशीलता है। नारी शक्ति और उसकी कोमल किंतु दृढ़ छवि को उकेरती हुई कविता ‘मैं बालिका हूँ’ समाज को एक नया दृष्टिकोण देती है। इसमें अहंकार या देवी होने के झूठे आवरण से परे, एक सच्ची और सजीव बालिका के वास्तविक सामर्थ्य का ओजस्वी चित्रण मिलता है:

“स्नेह की गागर

छलकती

सागरों की गंभीरता हूँ

देवी नहीं

मैं बालिका हूँ।

40 वर्षों तक प्रशासनिक पदों पर सक्रिय रहने के बावजूद भी श्री राजेंद्र मिश्रा जी की काव्य साधना आज भी निरंतर जारी है। उन्होंने अपने भीतर के कवि को जीवित रखा है और उनकी काव्य साधना साहित्यिक क्षेत्र के लिए प्रेरणा और प्रोत्साहन का विषय है।

जन्म दिवस पर मंगल भाव सहित

आत्मीय बधाई और प्रणाम

🌹💐🙏

© श्री यशोवर्धन पाठक

पूर्व प्राचार्य, राज्य सहकारी प्रशिक्षण संस्थान, जबलपुर

संपर्क – डा. मिली गुहा अस्पताल के पीछे, गुप्तेश्वर, जबलपुर, मोबाइल 9407059752

≈ संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य ☆ पुस्तक समीक्षा ☆ परिदृश्य चिन्तन के – डॉ मुक्ता ☆ समीक्षा – सुश्री सुरेखा शर्मा ☆

सुश्री सुरेखा शर्मा

☆ पुस्तक समीक्षा ☆ परिदृश्य चिन्तन के – डॉ मुक्ता ☆ सुश्री सुरेखा शर्मा ☆

पुस्तक –परिदृश्य चिन्तन के

लेखिका-डॉ मुक्ता

पृष्ठ संख्या -152

प्रथम संस्करण- 2019

मूल्य -250/-

प्रकाशक –दीपज्योति ग्रुप ऑफ पब्लिकेशन, महावीर मार्ग, अलवर-301001.

☆ जीवन को सकारात्मकता ऊर्जा से परिपूर्ण करने वाला संग्रह ☆

‘देखना है ग़र मेरी उड़ान को

तो ऊँचा कर दो आसमान को।’

इस विचारधारा के साथ लेखिका की लेखनी चली है एक चिंतक के रूप में।उनका मानना है कि इन्सान चिन्ता की जगह चिन्तन को यदि जीवन का मूलमंत्र स्वीकार कर ले, तो उसके जीवन में दु:ख, अवसाद व असफलता दस्तक दे ही नहीं सकते। ज़िन्दगी के दांव-पेंचों को बहुत निकटता से देखते हुए, समझते हुए, चिन्तन करते हुए लेखिका ने अपनी लेखनी के माध्यम से महापुरुषों  के वचनों को, सूक्तियों को, कहावतों व अनुभवों को आधार बनाकर ‘परिदृश्य चिन्तन के’ रूप में पुस्तक रूप में लिपिबद्ध किया है। एक-एक विषय जीवन का पाठ पढ़ाता है और जीवन में उतारने वाला अर्थात् अनुकरणीय है…और जीवन को संवारने व सार्थक करने वाला है। प्रत्येक विषय समस्या का समाधान देेेकर, सहज छाप छोड़ जाता है।

‘चिन्ता नहीं चिन्तन’ उनके प्रथम निबंध-संग्रह के विषय में पद्मभूषण श्रद्धेय कवि नीरज जी के मतानुसार ‘यह पुस्तक हर घर में होनी चाहिए।’ उनके ही शब्दों मे—“आपकी कृति के एक-एक पृष्ठ को बड़े ध्यान से पढ़ा। इसका हर आलेख सही जीवन-निर्माण मेें सहायक सिद्ध हो सकता है । हर माता-पिता को इसे स्वयं पढ़कर अपने बच्चों को भी पढ़वानी चाहिए। जो इसका पठन करेेेगा, उसके जीवन में एक नई क्रांंति घटित होगी। यह पुुुस्तक समाज-हित में मील का पत्थर साबित होगी।”

इसी प्रकार अखिल भारतीय हिन्दी सेवी संस्थान, इलाहाबाद से आदरणीय  श्री राजकुमार शर्मा जी लिखते हैं—“प्रेरणास्पद आलेखों से परिपूर्ण इस पुस्तक को प्रारम्भ से अंत तक, रात के तीन बजे तक  पढ़ता चला गया । न नींद आँखों में उतरी, न ही झपकी आई और न ही कुर्सी से उठकर कमर सीधी की। एक-एक शब्द मनो-मस्तिष्क में गहरे में पैठता चला गया ।”  आप स्वयं अनुमान लगा सकते है कि उनका प्रथम निबंध-संग्रह ही नहीं, द्वितीय संग्रह भी हमारे जीवन के लिए बहुत बड़ी धरोहर होगा।” डाक्टर सुभाष रस्तोगी जी ने भी उस संग्रह को “जीवन के उच्चाशयों का रेखांकन “ संज्ञा से परिभाषित किया है।

इसी कड़ी में डा• रामेश्वर प्रसाद गुप्त (प्राचार्य ) दतिया (म•प्र•) से ने दोहों के माध्यम से पुस्तक की बहुत ही सहज ,सरल व सार्थक समीक्षा की है।बानगी देखिए —

“जीवन में आए नहीं,बाधाएँ और  संत्रास।

कर्मशील बनकर रहो कभी न रहो उदास।।”

——-

“मुक्ता जी की सुकृति में ,मुक्ति हेतु विचार।

 ज्ञान भक्ति सत्कर्म का चिन्तन है साकार।।”

परिदृश्य चिंतन के’ कोई कहानी संग्रह, लघुकथा संग्रह, काव्य या गीत संग्रह की तरह, मनोरंजन  करने वाला संग्रह नहीं है, अपितु एक ऐसा अनूठा संग्रह है, जो ज़िंदगी की राह पर चलते हुए पग-पग पर मिलने वाले, कठिन से कठिन प्रश्नों का उपयुक्त हल ढूंढने की सामर्थ्य रख, जीवन की राह को आसान करने वाला है। इसीलिए मैथिली शरण गुप्त जी ने कहा भी है–

“केवल मनोरंजन ही कवि का न कर्म होना चाहिए।

उस में उचित उपदेश का भी मर्म होना चाहिए।।”

(डा. मुक्ता जी हरियाणा साहित्य अकादमी की पूर्व निदेशक एवं  माननीय राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित) 

महिला महाविद्यालय में प्राचार्य पद से सेवानिवृत्त, पूर्व निदेशक, हरियाणा साहित्य अकादमी, पूर्व सदस्य केंद्रीय साहित्य अकादमी, साहित्य-सृजन में निरंतर रत, संवेदनाओं की गंभीरता संजोए… एक संवेदनशील सर्जक व गम्भीर चिंतक…माननीय राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित, बहुमुखी प्रतिभा की धनी आदरणीय डाॅ मुक्ता बधाई की पात्र हैं। सो! मैं उनका अभिवादन-अभिनंदन व उनके प्रति आभार व्यक्त करती हूँ… ‘परिदृश्य चिंतन के’ जैसी अद्भुत, अद्वितीय व समजोपयोगी कृति के लिए…जो डॉ  मुक्ता का… सकारात्मक ऊर्जा से लबरेज़ दूसरा निबंध-संग्रह है। लेखिका एक ऐसी साहित्यकार हैं, जिन्हें पढ़कर कथा सम्राट् मुंशी प्रेमचंद के शब्द स्मृति-पटल पर स्वतः ही उभर आते हैं। उनके शब्दों में –‘साहित्यकार या कलाकार स्वभावतः प्रगतिशील होता है। उसे अपने अंदर भी और बाहर भी एक कमी-सी प्रतीत होती है। इसी कमी को पूरा करने के लिए उसकी आत्मा बेचैन रहती है। इसलिए वे कहते हैं — ‘हमारी कसौटी पर वही साहित्य खरा उतरेगा, जिसमें उच्च चिन्तन हो, स्वाधीनता का भाव हो, सौन्दर्य का सार हो, सृजन की आत्मा हो, जीवन की सच्चाइयों का प्रकाश हो, जो हममें गति, संघर्ष और बेचैनी पैदा करे, सुलाए नहीं, क्योंकि अब और  ज़्यादा सोना मृत्यु का लक्षण है।’ इस प्रकार ‘परिदृश्य चिंतन के ‘ निबंध-संग्रह उपरोक्त कसौटी पर खरा उतरता है।

‘यदि सपने सच न हों, तो रास्ते बदलो, सिद्धांत नहीं,

क्योंकि पेड़ हमेशा पत्तियाँ बदलते हैं, जड़़ें नहीं…’

इन पंक्तियों के माध्यम से लेखिका ने आज की युवा- पीढ़ी को सचेत किया है…विशेषकर उन युवकों को, जो सत्य व समय की शक्ति को अनदेखा कर निरंतर पतन की राह पर अग्रसर हो रहे हैं। वे भूल जाते है कि समय बहुत बलवान् होता है, जिसे बदलते पल भर भी नहीं लगता।कई बार वक्त राह में कांटे बिछा देता है, तो कई बार कंटक भरी राह को फूलों से आच्छादित कर देता है– यह प्रेरित  करने वाली पंक्तियाँ हैं, ‘रास्ते बदलो, सिद्धांत नहीं’ निबंध की।

जीवन यदि एक जैसा चलता रहे, तो भी नीरसता आ जाती है । ‘एक बार एक पक्षी डाली पर सुस्त बैठा था। कुछ देर बाद वह दूसरे वृक्ष की डाली पर जा बैठा और इस प्रकार कूदता-फाँदता बहुत दूर चला गया। इसके बाद उसे मधुर वाणी सुनाई देने लगी। उसके मन  में विचार आया कि कुछ देर पहले वह एकरसता की ऊब से हताश व निराश था और जैसे ही उसने उड़ान भरी… तभी से ही उसके अन्तर्मन का कुहासा छंटने लगा। प्रकृति के परिवेश से तालमेल कर वह चहकने लगा है, मानो प्रकृति भी उसके साथ नृत्य करने लगी हो।’ – ये पंक्तियां हैं निबंध ‘परिवर्तन…आनन्द का पर्याय’ की, जिसमें सर्वोत्तम-सर्वश्रेष्ठ संदेश छिपा है। प्रकृति में परिवर्तन के माध्यम से लेखिका ने मानव जाति को प्रेरित किया है कि मानव कैसे अपना जीवन आनन्दमय बना सकते है!

निबंध व्यक्ति के चिंतन एवं भावात्मक अनुभूति का लिखित रूप होता है। निबंध आकार में लघु, सुसंगत एवं आत्मसमर्पण रचना होती है।निबंध चाहे वर्णना- त्मक हो, विचारात्मक या भावात्मक हो… लेखक उसमें अपना हृदय खोलकर रख देता है। वह अपनी अनुभूति या चिंतन को निस्संकोच पाठक के समक्ष प्रस्तुत कर देता है। लेखक और पाठक के बीच संबंध स्थापित करने वाली निबंध-विधा सबसे सरल व प्रशस्त सेतु होती है। निबंधकार उपदेशक के रूप में स्वयं को नहीं देखता… वह तो केवल अपने विचार व भावनाएँ उन्मुक्त भाव से निबंध में व्यक्त करता है। निबंध पढ़ने से पारस्परिक संवाद- वार्तालाप व बातचीत-सा आनंद मिलता है और एक सौजन्य व सौहार्दपूर्ण वातावरण का सृजन होता है। इन सभी खूबियों से परिपूर्ण हैं, भावात्मक शैली पर आधारित निबंध-संग्रह ‘परिदृश्य चिन्तन के’ निबंध।

लेखिका, कवयित्री व कहानीकार होने के साथ-साथ वे श्रेष्ठ निबंधकार भी हैं। उपरोक्त संग्रह में चालीस निबंध संग्रहित हैं, जो जीवन के विभिन्न रूपों से बखूबी परिचय करवाते हैं। निबंधों में काव्यात्मक आस्वाद के साथ-साथ गद्यात्मक कसाव भी परिलक्षित होता है। साहित्यिक, धार्मिक, सामाजिक, आध्यात्मिक निबंध भी भावात्मक हैं, जो उनके स्वस्थ जीवन-दर्शन को उद्घाटित करने में सफल सिद्ध  हुए हैं। उन्होंने अपनी लेखनी के माध्यम से हिन्दी निबंध को कथ्यात्मक एवं लालित्यपूर्ण शैली से मंडित करके विलक्षण प्रतिभा का परिचय दिया है।’

बोल-अबोल’ निबंध में हेलन कीलर के कथन की सार्थकता को सिद्ध करते हुए लिखा है-‘ दुनिया की सबसे खूबसूरत चीज़ें न देखी जा सकती हैं, न ही छुईं…उन्हें बस दिल से महसूस किया जा सकता है’  सो! यह कथन अत्यंत सत्य व सार्थक है। सृष्टि का रचयिता परमात्मा व आत्मा दर्शनीय नहीं है, परंतु उनकी सत्ता को अनुभव किया जा सकता है, क्योंकि यही तत्व जीव जगत् का आधार है। इसी प्रकार इन्सान के बोल ही समाज में उसकी स्वीकार्यता- अस्वीकार्यता को निर्धारित करते हैं। रहीम जी का यह दोहा इस भाव को प्रकट करता है—

‘रहिमन जिह्वा बावरी,कर गई सरग पाताल

आपुहिं तो भीतर गई, जूती खात कपाल’

अर्थात् समय व सीमा का ख्याल रख, सोच-समझ कर बोलने की सलाह दी गयी है, इस निबंध में। ‘बोल-अबोल’ निबंध वास्तव में विचारात्मक होने के साथ-साथ प्रेरणास्पद भी है। अहं का त्याग कर, संयम व मौन रहकर, किस प्रकार संस्कृति व संस्कारों की रक्षा की जाए… यह संदेश निहित है, इस निबंध में।

‘कर्तव्य-परायणता’, ‘संयम बनाम ध्यान’ , ‘धैर्य, धर्म, विवेक’, ‘सत्संगति-सर्वश्रेष्ठ पूंजी’,’जैसी सोच वैसी क़ायनात’ ऐसे अनेक विषयों पर लेखिका ने अपनी लेखनी चलाई है । ये सामाजिक निबंध होने के साथ- साथ वैचारिक भी हैं, जिनमें लेखिका ने समाज और व्यक्ति के संबंधों का विश्लेषण कर, विकास की प्रक्रिया में सामाजिक ढांचे के बदलते हुए स्वरूप व वर्तमान परिस्थतियों में उनकी उपयोगिता-उपादेयता आदि को सिद्ध किया है। समाजिक चिंतन के संदर्भ  में एक ओर नए संदर्भों में अतीत की व्याख्या का प्रयत्न है और दूसरी ओर वैज्ञानिक व प्रगतिशील सोच का उन्मेष है, जिसमें लेखिका के अंतर्मन की अत्यंत अगाध आस्था और विश्वास की झलक है। वास्तव में परमात्मा से आत्मा के मिलन की प्रक्रिया ध्यान है और आज के परिवेश में व्याप्त चिंता, तनाव, अशांति, असंतुलन, आक्रोश, ईर्ष्या आदि की लकीरों को मिटाने तथा भौतिकतावादी मनोवृत्ति के तमस को आलोक में बदलने का सरल एवं सहज उपक्रम है। आज पूरी मानव जाति अवसाद रूपी नौका में सवार होकर, ज़िंदगी का सफ़र तय कर रही है । ऐसे में ‘परिदृश्य चिन्तन के ‘ निबंध,ध्यान- समाधि के प्रेरक रूप में कार्य करने में सक्षम हैं, सिद्ध-हस्त हैं।

संघर्ष करने वाले व्यक्ति को सफल होने से कोई नहीं रोक सकता। उसे सफलता प्राप्त करने के लिए गलत राहों पर चलने की ज़रूरत नहीं पड़ती है। यह संदेश मिलता है, इस संग्रह के निबंध “संघर्ष… सर्वोत्तम जीवन शैली ” में लेखिका के विचार द्रष्टव्य हैं…  ‘जीवन अविराम चलने का नाम है, राह में आने वाली दुश्वारियों के सम्मुख घुटने टेक देना, वास्तव में मृत्यु है। सो! संघर्ष ही जीवन है। संग +हर्ष अर्थात् खुशी से हर परिस्थिति को स्वीकारना और सुख- दुःख में सम स्थिति में रहना। इस प्रकार सभी निबंध-आलेख प्रेरक एवं महत्वपूर्ण हैं, जो ‘जीवन कैसे जीया जाए’ का पाठ पढ़ाते हैं। ऐसे विचारोत्तेजक आलेख लिखना, कहानी व कविता लिखने के समान सरल नहीं है, अत्यंत दुष्कर कार्य है, जिसमें जीवन के अनुभव तो हैं ही, रचनात्मक अध्ययन व वर्षों का पठन-पाठन भी निहित है, जिस आईने में उनका व्यक्तित्व  स्पष्ट रूप में प्रतिबिम्बित व परिलक्षित है।

इस संग्रह के समस्त निबंध पढ़ने के बाद ऐसा लगा कि एक प्रबुद्ध साहित्यकार के समक्ष, जो भी प्रश्न  आए….चाहे वे सामाजिक ,आध्यात्मिक, वैचारिक , मानसिक व दैनिक जीवन से संबंधित थे, सबका उपयुक्त समाधान-हल सूक्तियों, कहावतों व दोहों के माध्यम से, निरपेक्ष भाव से चिन्तन-मनन कर, अपनी  सामर्थ्य-शक्ति व विवेक से जुटाने का प्रयास किया गया है। इन आलेखों में लेखिका ने अपनी सूक्ष्म व पैनी दृष्टि के साथ-साथ गंभीर विवेचन शक्ति का परिचय दिया है । ‘परिदृश्य चिन्तन के’ संग्रह का प्रत्येक निबंध अपनी आभा पृष्ठ -दर -पृष्ठ हमारे सम्मुख उलीचता-विकीर्ण करता हुआ, मनो-मस्तिष्क को आंदोलित कर, गहरे में पैठता चला जाता है। निबंधों में भाव-बोध की स्पष्टता व सरलता ने उसे उभारा है और भाषायी गरिमा ने धार दी है, जिन्हें पढ़कर पाठक एक ओर वर्तमान की पीड़ा, घुटन और जीवन के प्रति उदासीनता, असंतुष्टता व असंतुलन के बीच फैले अंधकार से मुक्त होगा, वहीं दूसरी ओर यह संग्रह जीवन के प्रति सार्थकता के बीज भी अंकुरित करेगा।

किसी भी व्यक्ति को उसके समस्त परिवेश में जानने का पूर्ण और सर्वोच्च माध्यम होता है…उसके रचनात्मक लेखन का पठन-पाठन। इस दृष्टि से  ‘परिदृश्य चिन्तन के’ निबंध डाक्टर मुक्ता के व्यक्तित्व के खुले पृष्ठ हैं, जिनका पठन व चिंतन-मनन कर, हम अपने जीवन को सकारात्मक ऊर्जा के साथ, शाश्वत आनंद भी प्राप्त कर सकते हैं। इस संग्रह को विद्यालयों व महाविद्यालयों के पाठ्यक्रम में स्थान उपलब्ध हो…ऐसा हमारा प्रयास होना चाहिए।

हिन्दी साहित्य जगत् को समृद्ध करने वाली आदरणीया मुक्ता जी स्वस्थ एवं दीर्घायु हों और साहित्य साधना-रत रहें, यही ईश्वर से प्रार्थना है। इस संग्रह को हिन्दी साहित्य जगत् खुले हृदय से स्वीकार कर, लाभान्वित होगा। इन्हीं शुभकामनाओं के साथ लेखिका को पुनः बधाई व शुभाशीष।

समीक्षा – सुश्री सुरेखा शर्मा (साहित्यकार)

सलाहकार सदस्या, हिन्दुस्तानी भाषा अकादमी।

पूर्व हिन्दी सलाहकार सदस्या, नीति आयोग (भारत सरकार )

# 498/9-ए, सेक्टर द्वितीय तल, नजदीक ई•एस•आई• अस्पताल, गुरुग्राम…122001.

मो•नं• 9810715876

≈ संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ विवेक की पुस्तक चर्चा # २२० ☆ “पण्डुवानी” – संपादक : डॉ. विजय चौरसिया ☆ चर्चा – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’

श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ 

(हमप्रतिष्ठित साहित्यकार श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’  जी के आभारी हैं जो  साप्ताहिक स्तम्भ – “विवेक की पुस्तक चर्चा” शीर्षक के माध्यम से हमें अविराम पुस्तक चर्चा प्रकाशनार्थ साझा कर रहे हैं । श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र जी, मुख्यअभियंता सिविल (म प्र पूर्व क्षेत्र विद्युत् वितरण कंपनी, जबलपुर ) पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। तकनीकी पृष्ठभूमि के साथ ही उन्हें साहित्यिक अभिरुचि विरासत में मिली है। उनका दैनंदिन जीवन एवं साहित्य में अद्भुत सामंजस्य अनुकरणीय है। इस स्तम्भ के अंतर्गत हम उनके द्वारा की गई पुस्तक समीक्षाएं/पुस्तक चर्चा आप तक पहुंचाने का प्रयास  करते हैं।

आज प्रस्तुत है संपादक – डॉ. विजय चौरसिया जी द्वारा सम्पादित “पण्डुवानी” पर चर्चा।

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – विवेक की पुस्तक चर्चा#  २२० ☆

☆ “पण्डुवानी” – संपादक : डॉ. विजय चौरसिया ☆ चर्चा – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

पुस्तक :  पण्डुवानी

संपादक : डॉ. विजय चौरसिया

चर्चा : विवेक रंजन श्रीवास्तव

☆ पण्डवानी : लोक स्मृतियों में जीवित महाभारत – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

महाभारत एक ऐसा महाकाव्य है जो, भारतीय समाज की सामूहिक स्मृति का विशद आख्यान है। विभिन्न भाषाओं और लोक परंपराओं में अपने विशिष्ट रूप इसकी कथाएं आकर्षक आकार ग्रहण करती रही है।

लोकजीवन में प्रवेश करके इसकी कथाएँ स्थानीय संस्कृति, विश्वासों और जीवनानुभवों से जुड़ जाती हैं।

डॉ. विजय चौरसिया द्वारा संपादित पुस्तक  पण्डुवानी,  गोंड परधान समुदाय की इसी समृद्ध मौखिक परंपरा से परिचित कराती है।

परधान समुदाय पारंपरिक रूप से गायक, कवि और पुरोहित की भूमिका निभाता रहा है। उसकी पण्डुवानी, गोंडवानी और रामायनी जैसी लोकगाथाएँ सामुदायिक स्मृतियों तथा सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी दर पीढ़ी सुरक्षित रखने का माध्यम रही हैं। इन गाथाओं में महाभारत के परिचित पात्र लोक कल्पना और स्थानीय जीवनदृष्टि के साथ प्रस्तुत किए जाते  हैं।

पद्मश्री तीजन बाई ने पंडवानी गायन एवं प्रस्तुति की उनकी बोल्ड शैली से ही उनकी विशिष्ट पहचान बनाई थी।

पंडवानी, में वीरता के साथ श्रृंगार का भी वर्णन है और भीम का चरित्र विशेष रूप से उभरता है।

पुस्तक में तेरह प्रसंग संकलित हैं। इनमें कौरव पांडव के बचपन के खेल, भीम का विवाह, लाखा महल, जलसेन मगर से युद्ध, अर्जुन का विवाह, राजा कीचक का वध, बैराट राज्य और महाभारत युद्ध जैसे प्रसंग शामिल हैं। कैलासुगढ़, लोहारीगढ़, गोबरगढ़ और सूरजगढ़ से जुड़े आख्यान इस लोक साहित्य के विशिष्ट कथात्मक संसार का परिचय देते हैं।

कौरव पांडव के बचपन के खेल का प्रसंग लोक कल्पना की रोचक बानगी है। अर्जुन को खेल में शामिल करने के बहाने कौरव उसे परेशान करने की योजना बनाते हैं। खेल में डंडा चौबीस कोस दूर जा गिरता है और उसे लेने जाने में शाम हो जाती है। दूरी का यह अतिरंजित वर्णन लोकगाथा की विशिष्ट शैली को दर्शाता है।

इस तरह के रोचक प्रसंगों की रोचक प्रस्तुति से थके हारे लोकजन इस आत्मीयता से जुड़ जाते हैं कि पेट्रोमेक्स की रोशनी में भी रात रात भर भीड़ बनाकर दर्शक मंत्रमुग्ध पंडवानी देखते रहते हैं।

सबका जाना हुआ प्रसंग भी हर बार नया आनन्द देता है।

साधारण खेल भी कथा, संघर्ष और कल्पना का विराट रूप ले लेता है।

पुस्तक की भूमिका में परधान गायकों के पारंपरिक वाद्य बाना, जिसे किंकणी भी कहा गया है, का उल्लेख भी मिलता है। लकड़ी, बकरी की खाल और घोड़े के बाल से निर्मित इस वाद्य का विवरण बताता है कि लोकगाथा केवल शब्दों का संसार नहीं, बल्कि गायन और वादन से जुड़ी जीवंत सांगीतिक  कला भी है।

इस परंपरा के संकलन का ऐतिहासिक महत्व भी है। भूमिका के अनुसार, पद्मश्री स्वर्गीय शेख गुलाब जी ने लगभग छह दशक पूर्व गोंड प्रदेश में जाकर इन गाथाओं का संकलन किया था। वर्ष 1964 में आदिमजाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्था, छिंदवाड़ा द्वारा इसका प्रकाशन हुआ। डॉ. विजय चौरसिया का संपादकीय प्रयास इस सांस्कृतिक विरासत को नए पाठकों तक पहुँचाने की नई कड़ी है।

पण्डुवानी का महत्व इस बात में है कि यह महाभारत को लोक समाज की दृष्टि से देखने का अवसर देती है। इसके आख्यानों में वीरता, विवाह, युद्ध, धार्मिक आस्थाएँ और सामुदायिक स्मृतियाँ एक साथ अभिव्यक्त होती हैं। पुस्तक हमें याद दिलाती है कि भारतीय महाकाव्य परंपरा केवल लिखित ग्रंथों में नहीं, लोक गायकों की वाणी और समुदायों की सांस्कृतिक स्मृति में भी जीवित है। लोक साहित्य के अध्येताओं और आदिवासी संस्कृति में रुचि रखने वाले पाठकों के लिए यह संकलन विशेष महत्व रखता है।

चर्चाकार… विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’

समीक्षक, लेखक, व्यंगयकार

ए २३३, ओल्ड मीनाल रेसीडेंसी, भोपाल, ४६२०२३, मो ७०००३७५७९८

readerswriteback@gmail.कॉम, apniabhivyakti@gmail.com

≈ संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ विवेक की पुस्तक चर्चा # २१९ ☆ “गौरवी” कहानी संग्रह : खंड १ एवं २ – संपादक : मधुर कुलश्रेष्ठ एवं नीलम कुलश्रेष्ठ  ☆ चर्चा – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ 

(हमप्रतिष्ठित साहित्यकार श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’  जी के आभारी हैं जो  साप्ताहिक स्तम्भ – “विवेक की पुस्तक चर्चा” शीर्षक के माध्यम से हमें अविराम पुस्तक चर्चा प्रकाशनार्थ साझा कर रहे हैं । श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र जी, मुख्यअभियंता सिविल (म प्र पूर्व क्षेत्र विद्युत् वितरण कंपनी, जबलपुर ) पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। तकनीकी पृष्ठभूमि के साथ ही उन्हें साहित्यिक अभिरुचि विरासत में मिली है। उनका दैनंदिन जीवन एवं साहित्य में अद्भुत सामंजस्य अनुकरणीय है। इस स्तम्भ के अंतर्गत हम उनके द्वारा की गई पुस्तक समीक्षाएं/पुस्तक चर्चा आप तक पहुंचाने का प्रयास  करते हैं।

आज प्रस्तुत है श्री मधुर कुलश्रेष्ठ एवं श्रीमती नीलम कुलश्रेष्ठ द्वारा सम्पादित  “गौरवी” कहानी संग्रह : खंड १ एवं २ पर चर्चा।

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – विवेक की पुस्तक चर्चा#  २१९ ☆

☆ “गौरवी” कहानी संग्रह : खंड १ एवं २ – संपादक : मधुर कुलश्रेष्ठ एवं नीलम कुलश्रेष्ठ ☆ चर्चा – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

कहानी संग्रह : गौरवी, प्रथम खंड : महिलाओं के उद्गार

संपादक : मधुर कुलश्रेष्ठ एवं नीलम कुलश्रेष्ठ

प्रकाशक : लायंस पब्लिकेशन, ग्वालियर

प्रथम संस्करण : सितंबर 2026

मूल्य : ₹300

चर्चा : विवेक रंजन श्रीवास्तव

☆ गौरवी : प्रथम खंड – स्त्री संघर्ष के विविध स्वर और आत्मसम्मान की तलाश – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

स्त्री जीवन के संघर्ष, अंतर्द्वंद्व, सामाजिक असमानता और आत्मसम्मान की जिजीविषा को केंद्र में रखकर मधुर कुलश्रेष्ठ एवं नीलम कुलश्रेष्ठ द्वारा संपादित कहानी संग्रह गौरवी का प्रथम खंड समकालीन हिंदी कथा साहित्य में एक महत्त्वपूर्ण पहल है। महिला लेखिकाओं की चौबीस कहानियों का यह संकलन स्त्री जीवन के अनेक परिचित और अनदेखे पक्षों को सामने लाता है। इसकी विशेषता यह है कि यहाँ स्त्री केवल पीड़ा सहने वाली पात्र नहीं, बल्कि परिस्थितियों से जूझती, निर्णय लेती और अपने अस्तित्व की राह तलाशती मनुष्य के रूप में उपस्थित है।

नीलम कुलश्रेष्ठ की आशाओं का आँचल जीवन की निराशाजनक परिस्थितियों के बीच उम्मीद बनाए रखने का संदेश देती है। डॉ. हंसा दीप की लोई में विधवा जीवन की त्रासदी, सामाजिक रूढ़ियों और आत्मनिर्भरता की यात्रा को प्रभावशाली प्रतीक के माध्यम से अभिव्यक्ति मिली है। आटे को बार बार कूटने, मसलने और आकार देने की प्रक्रिया स्त्री के जीवन संघर्ष का रूपक बन जाती है। यह कहानी बताती है कि चोटों से टूटने के बजाय मनुष्य अपने भीतर नई आकृति गढ़ने की शक्ति भी विकसित कर सकता है।

संग्रह की अन्य कहानियाँ भी स्त्री अनुभवों के विविध धरातलों को उजागर करती हैं। कहीं पारिवारिक रिश्तों की संवेदनहीनता है, कहीं वृद्धावस्था में उपेक्षा, कहीं विवाह संस्था के भीतर छिपा छल और आर्थिक निर्भरता का संकट। रंक, चाँदनी से धधकती राख तक, शेषकथा, बेबस माँ, जया का धैर्य, शीशे में बची औरत तथा बंद दरवाजे के उस पार जैसी कहानियाँ अपने कथ्य और परिवेश के माध्यम से स्त्री की असुरक्षा, संबंधों की जटिलता और आत्मसम्मान की आवश्यकता पर विचार करने को प्रेरित करती हैं। अंबे जैसी कथा सामाजिक और आर्थिक विवशताओं के उस कठोर संसार तक ले जाती है, जहाँ अन्याय के विरुद्ध स्त्री का प्रतिरोध भी नैतिक प्रश्नों और परिस्थितियों की जटिलता से घिरा रहता है। हम डायन नै हिअ जैसी कहानी अंधविश्वास और सामाजिक कलंक के बीच स्त्री की मानवीय पहचान को रेखांकित करती है।

इन कहानियों की उल्लेखनीय विशेषता उनका सामाजिक और भौगोलिक विस्तार है। ग्रामीण जीवन की रूढ़ियों से लेकर शहरी मध्यवर्ग की समस्याओं तक, पारिवारिक संबंधों से लेकर आर्थिक स्वावलंबन तक, स्त्री के संघर्ष के अनेक रूप यहाँ दिखाई देते हैं। कुछ कहानियाँ भावनात्मक करुणा को प्रमुखता देती हैं, तो कुछ सामाजिक व्यवस्था के अंतर्विरोधों पर प्रश्न उठाती हैं। कहीं संघर्ष का समाधान आत्मनिर्भरता में मिलता है, कहीं अपने अधिकारों के लिए खड़े होने में और कहीं जीवन की विपरीत परिस्थितियों के बावजूद संवेदना बचाए रखने में।

इस संदर्भ में गौरवी के दोनों खंडों को साथ रखकर देखना विशेष रूप से अर्थपूर्ण है। प्रथम खंड में महिला लेखिकाएँ स्त्री के अंतर्मन, उसके भावनात्मक द्वंद्व, घरेलू अनुभवों और सामाजिक दबावों को अपेक्षाकृत अधिक निकटता से सामने लाती हैं। इन रचनाओं में स्त्री की अपनी आवाज, उसकी स्मृतियाँ और उसकी निजी दुनिया प्रमुख हैं। द्वितीय खंड में पुरुष लेखकों की उन्नीस कहानियाँ स्त्री जीवन को दूसरी दृष्टि से देखती हैं। वहाँ भी असुरक्षा, शोषण, आर्थिक स्वाधीनता, आत्मसम्मान और रिश्तों की संवेदनशीलता जैसे प्रश्न प्रमुख हैं। दोनों खंडों का साझा उद्देश्य स्त्री को केवल पारंपरिक पारिवारिक भूमिकाओं में सीमित न रखकर स्वतंत्र व्यक्तित्व के रूप में स्वीकार करने की आवश्यकता रेखांकित करना है।

यह तुलना किसी एक दृष्टि को श्रेष्ठ ठहराने के लिए नहीं, बल्कि दोनों के परस्पर पूरक योगदान को समझने के लिए महत्त्वपूर्ण है। महिला लेखन स्त्री के अनुभवों की आंतरिक परतें खोलता है, जबकि पुरुष लेखन सामाजिक व्यवहार और स्थापित धारणाओं पर पुनर्विचार का अवसर देता है। साहित्य की सार्थकता तब बढ़ती है, जब अनुभव की प्रामाणिकता और संवेदना की व्यापकता मिलकर पाठक की दृष्टि को अधिक मानवीय बनाती हैं।

समग्रतः गौरवी का प्रथम खंड स्त्री संघर्ष के विविध स्वरों, संबंधों की जटिलताओं और आत्मसम्मान की आकांक्षा का संवेदनशील दस्तावेज है। कुछ कहानियों में भावुकता और घटनात्मकता अधिक दिखाई दे सकती है, फिर भी संग्रह का केंद्रीय सरोकार महत्त्वपूर्ण है। संपादक मधुर कुलश्रेष्ठ एवं नीलम कुलश्रेष्ठ ने स्त्री विमर्श को दो खंडों में प्रस्तुत करके संवाद की व्यापक जमीन तैयार की है। दोनों खंडों का संयुक्त पाठ स्त्री जीवन को समझने और उसके प्रति सामाजिक दृष्टिकोण बदलने की दिशा में उपयोगी है।

मेरी आकांक्षा है कि गौरवी जैसी साहित्यिक पहलें समानता और मानवीय गरिमा पर आधारित समाज के निर्माण में योगदान दें, जहाँ स्त्री को अपने अधिकारों और स्वतंत्र पहचान के लिए निरंतर संघर्ष न करना पड़े। इस सार्थक संपादकीय प्रयास के लिए कुलश्रेष्ठ दंपति बधाई के पात्र हैं।

चर्चा – विवेक रंजन श्रीवास्तव

☆☆☆☆☆

☆ गौरवी : द्वितीय खंड – स्त्री संघर्ष की कथा और संवेदना का आईना – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

कहानी संग्रह: गौरवी, (द्वितीय खंड : पुरुष लेखकों के उद्गार)

संपादक : मधुर कुलश्रेष्ठ एवं नीलम कुलश्रेष्ठ

प्रकाशक : लायंस पब्लिकेशन, ग्वालियर

प्रथम संस्करण : सितंबर 2026

मूल्य : ₹225

चर्चा : विवेक रंजन श्रीवास्तव

महिलाओं के जीवन को समझना ,उसकी पीड़ा का वर्णन उन सामाजिक, पारिवारिक और मानसिक संरचनाओं को पहचानना , जो नारी के व्यक्तित्व, स्वतंत्रता और अस्मिता को प्रभावित करती हैं, इस सब पर स्त्री विमर्श साहित्य में बहुत कुछ लिखा जा रहा है।

मधुर कुलश्रेष्ठ और नीलम कुलश्रेष्ठ द्वारा संपादित कहानी संग्रह गौरवी,  इसी दिशा में एक बहुत महत्त्वपूर्ण गम्भीर साहित्यिक प्रयास है।

इसी परिदृश्य की महिला लेखिकाओं की  कहानियां गौरवी के प्रथम खंड में एवं

पुरुष लेखकों की उन्नीस कहानियों का  संकलन द्वितीय खंड में पुस्तकाकार संग्रहित किया गया है।

स्त्री के संघर्ष, अंतर्द्वंद्व, आत्मसम्मान और जीवन के प्रति उसकी जिजीविषा को विविध परिवेशों में सामने लाती कहानियां मनोरंजन से बढ़कर वैचारिक दृश्य रचती हैं।

विभिन्न कहानियों में कहीं स्त्री अपने ही परिवार में असुरक्षित है, कहीं समाज की संदेह भरी दृष्टि से जूझ रही है, तो कहीं आर्थिक आत्मनिर्भरता और भावनात्मक सहारे के बीच अपने जीवन का अर्थ तलाश रही है। इन कहानियों में स्त्री केवल करुणा की पात्र नहीं, निर्णय लेने वाली, प्रतिरोध करने वाली और अपने अस्तित्व की राह बनाने वाली मनुष्य के रूप में भी उपस्थित है।

मधुर कुलश्रेष्ठ की हम हँ ना ! में सुरीली का जीवन अनेक आघातों और विडंबनाओं से गुजरता है। बाल्यकाल की संभावनाओं से शुरू हुई उसकी यात्रा पारिवारिक उपेक्षा, असुरक्षा और कठिन संघर्षों तक पहुँचती है। कहानी पाठक को झकझोरती है , यह स्त्री जीवन की उन परतों को खोलती है, जिन्हें सामान्य सामाजिक दृष्टि अक्सर अनदेखा कर देती है।

संदीप तोमर की सजीव आत्मीयता रिश्तों की पारंपरिक परिभाषाओं पर विचार करने को प्रेरित करती है। सुलेखा और हेमंत के संबंध में रक्त संबंध से परे विकसित आत्मीयता, सहयोग और भावनात्मक निकटता के प्रश्न उभरते हैं। कहानी यह संकेत देती है कि मनुष्य को केवल सामाजिक मान्यताओं के आधार पर नहीं, उसके व्यवहार और संवेदनशीलता के आधार पर भी समझा जाना चाहिए।

फारूक आफरीदी की कहानी, वह अकेली नहीं थी महानगरीय जीवन में अकेली स्त्री की चुनौतियों को सामने लाती है। सुन्दन्दा का संघर्ष निजी दुःख से आगे बढ़कर दूसरी संघर्षरत महिलाओं के लिए अवसर निर्मित करने तक पहुँचता है। उसकी सोच का सार इन शब्दों में व्यक्त होता है, “घर वह नहीं होता, जहाँ औरत सिर्फ सहती रहे। घर वह है, जहाँ इंसान को सम्मान मिले।” यह कथन कहानी की वैचारिक धुरी है। आर्थिक स्वावलंबन, सामाजिक पूर्वाग्रह और स्त्री की गरिमा को जोड़ती यह कथा सहानुभूति से आगे बढ़कर सहभागिता का रास्ता सुझाती है।

विवेक रंजन श्रीवास्तव की अस्तित्व की दहलीज में स्त्री की आत्मनिर्भरता का प्रश्न विशेष अर्थ ग्रहण करता है। जीवनसाथी का वास्तविक सहयोग केवल संरक्षण देना नहीं, बल्कि दूसरे व्यक्ति को अपने पैरों पर खड़े होने के योग्य बनाना भी है। इसी भाव को व्यक्त करती पंक्ति, “अपनी उड़ान खुद तय करो”, स्त्री की स्वतंत्र पहचान और निर्णय क्षमता का सार प्रस्तुत करती है। प्रेम और स्वतंत्रता के बीच संतुलन का यह विचार कहानी को सकारात्मक वैचारिक आधार देता है।

पंकज त्रिवेदी की सवली ग्रामीण समाज, सामंती दबाव और लोकापवाद के बीच स्त्री के साहस को रेखांकित करती है। सवली का प्रतिरोध बताता है कि परिस्थितियों से विवश होना और अन्याय के सामने झुक जाना एक ही बात नहीं है। दूसरी ओर, साबिरा करुणा, क्षमा और मानवीय संबंधों की जटिलता को सामने लाती है। अम्मा जैसी कहानी घरेलू जीवन की छोटी-छोटी वस्तुओं और स्मृतियों के माध्यम से उस स्त्री संसार को महत्त्व देती है, जिसका श्रम और भावनात्मक योगदान अक्सर परिवार की सामान्य दिनचर्या मानकर भुला दिया जाता है।

इन कहानियों को एक साथ पढ़ने पर स्पष्ट होता है कि स्त्री संघर्ष का कोई एक रूप नहीं है। वह कभी हिंसा और शोषण के विरुद्ध प्रतिरोध है, कभी आर्थिक स्वाधीनता की खोज, कभी आत्मसम्मान की रक्षा, तो कभी संबंधों में मानवीय गरिमा बचाए रखने का प्रयास। संग्रह की क्षेत्रीय और सामाजिक विविधता इस अनुभव संसार को व्यापक बनाती है।

कथा संकलन , स्त्री अस्मिता के मूल भाव की कहानियों के चलते  हिंदी जगत में व्यापक साहित्यिक संभावनाओं की जमीन तैयार करता है।

स्त्री विमर्श की सार्थकता केवल अन्याय दिखाने में नहीं, बल्कि पात्रों की जटिल मनःस्थितियों, उनकी आकांक्षाओं और उनके निर्णयों को विश्वसनीय कलात्मक रूप देने में भी है।

समग्रतः पुरुष लेखकों की कलम से रचा गौरवी, द्वितीय खंड संवेदना, सामाजिक प्रश्नों और स्त्री अस्मिता पर केंद्रित एक विचारोत्तेजक कहानी संग्रह है।

इसका महत्त्व इस बात में है कि यह स्त्री को केवल किसी की बेटी, पत्नी, माँ या बहू के रूप में नहीं, बल्कि स्वतंत्र इच्छाओं, अधिकारों और संभावनाओं वाले व्यक्तित्व के रूप में देखने का आग्रह करता है। पुरुष लेखकों की दृष्टि से स्त्री जीवन का यह चित्रण तब अधिक सार्थक बनता है, जब वह स्त्री के लिए बोलने के बजाय उसकी आवाज़, उसकी स्वायत्तता और उसके अनुभवों को समझने का अवसर देता है।

यह संग्रह पाठक को केवल भावुक नहीं करता, बल्कि अपने सामाजिक व्यवहार और स्त्री के प्रति स्थापित धारणाओं पर पुनर्विचार करने के लिए भी प्रेरित करता है। यही इसकी साहित्यिक उपलब्धि और इसकी प्रासंगिकता है। संग्रह निश्चित ही दीर्घ जीवी, चर्चित होगा । मेरी आकांक्षा है कि ये कहानियां स्त्री समानता का ऐसा समाज रचने का वैचारिक परिवेश निर्मित कर सके जिससे स्त्री विमर्श की आवश्यकता ही गौण हो सके।

इस अभिनव पहल के लिए कुलश्रेष्ठ दंपति पुनः बधाई के सुपात्र हैं।

चर्चाकार… विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’

समीक्षक, लेखक, व्यंगयकार

ए २३३, ओल्ड मीनाल रेसीडेंसी, भोपाल, ४६२०२३, मो ७०००३७५७९८

readerswriteback@gmail.कॉम, apniabhivyakti@gmail.com

≈ संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य # २५२ – पुस्तक समीक्षा – गुल्लक और उसकी रजाई – कहानीकार : अंजना मनोज गर्ग ☆ समीक्षक – श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’ ☆

श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश”

(सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश” जी का  हिन्दी बाल -साहित्य  एवं  हिन्दी साहित्य  की अन्य विधाओं में विशिष्ट योगदान हैं। अनेक पत्र-पत्रिकाओं में रचना सहित 145 बालकहानियाँ 8 भाषाओं में 1160 अंकों में प्रकाशित। प्रकाशित पुस्तकेँ-1- रोचक विज्ञान कथाएँ, 2-संयम की जीत, 3- कुएं को बुखार, 4- कसक, 5- हाइकु संयुक्ता, 6- चाबी वाला भूत, 7- बच्चों! सुनो कहानी, इन्द्रधनुष (बालकहानी माला-7) सहित 4 मराठी पुस्तकें प्रकाशित। मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी का श्री हरिकृष्ण देवसरे बाल साहित्य पुरस्कार-2018 ₹51000 सहित अनेक संस्थाओं द्वारा सम्मानित व पुरस्कृत। साप्ताहिक स्तम्भ “श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य”  के अंतर्गत साहित्य आप प्रत्येक गुरुवार को आत्मसात कर सकते हैं। आज प्रस्तुत है कहानीकार : अंजना मनोज गर्ग जी द्वारा लिखित पुस्तक – “गुल्लक और उसकी रजाई” की समीक्षा।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य # २५२ ☆

☆ पुस्तक समीक्षा – गुल्लक और उसकी रजाई – कहानीकार : अंजना मनोज गर्ग ☆ समीक्षक – श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’ ☆

कहानी-संग्रह : गुल्लक और उसकी रजाई

कहानीकार : अंजना मनोज गर्ग

प्रकाशन सहयोग : राजस्थान साहित्य अकादमी, उदयपुर

प्रकाशक : बोधि प्रकाशन, जयपुर

प्रथम संस्करण : 2026

ISBN : 978-93-7251-012-6

मूल्य : ₹199/-

समीक्षक : ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’

☆ गुल्लक और उसकी रजाई : बालमन की जिज्ञासा से सामाजिक चेतना तक ☆ श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’ ☆

बाल साहित्य को लेकर एक सामान्य धारणा यह रही है कि वह बच्चों के मनोरंजन और नैतिक शिक्षण का माध्यम है। किंतु आधुनिक बाल साहित्य ने इस सीमित धारणा से आगे बढ़कर बालक को उसके समय, समाज, पर्यावरण और बदलती जीवन-स्थितियों के बीच देखने का प्रयास किया है। आज का बच्चा केवल परी-कथाओं का पाठक नहीं है; वह तकनीक से परिचित है, प्रश्न करता है, अपने आसपास घट रही घटनाओं को देखता है और अनेक बार बड़ों की स्थापित धारणाओं पर भी सवाल उठाता है। इसलिए आज की बाल कहानी से अपेक्षा है कि वह बालमन की जिज्ञासा को स्वीकार करे और उसे संवेदना, विवेक तथा सामाजिक चेतना से जोड़े।

अंजना मनोज गर्ग का कहानी-संग्रह ‘गुल्लक और उसकी रजाई’ इसी बदलती हुई बाल साहित्यिक चेतना का प्रतिनिधि संग्रह कहा जा सकता है। इसमें बीस कहानियाँ हैं और लगभग प्रत्येक कहानी किसी न किसी समकालीन सरोकार को बालमन के निकट ले आती है। जल-संरक्षण, पर्यावरण, पशु-पक्षी, स्वच्छता, पुस्तकों के प्रति प्रेम, बुजुर्गों की उपेक्षा, पारिवारिक संबंध, त्योहार, प्रकृति और आधुनिक तकनीकी जीवन—ये सभी विषय संग्रह में अपनी अलग-अलग कथात्मक शक्ल में उपस्थित हैं।

इस संग्रह की विशेषता यह है कि लेखिका गंभीर विषयों को बच्चों के सामने सीधे भाषण के रूप में नहीं रखतीं, बल्कि उन्हें कहानी की स्थितियों में बदलने का प्रयास करती हैं। कहीं रजाई कथा का माध्यम बनती है, कहीं पुस्तक स्वयं अपना दर्द व्यक्त करती है, कहीं जंगल एसी की माँग करता दिखाई देता है और कहीं पक्षियों के माध्यम से प्रकृति का मौन संकट सामने आता है। यही रचनात्मक प्रयोग इस संग्रह को सामान्य उपदेशात्मक बालकथाओं से अलग करने का प्रयास करते हैं।

अंजना मनोज गर्ग के आमुख को पढ़ते हुए उनके बाल लेखन की मूल प्रेरणा स्पष्ट होती है। वे बचपन की निर्मलता, अबोधता और जिज्ञासा को अपनी रचनात्मकता का आधार मानती हैं। उनके लिए बालमन प्रश्नों का एक ऐसा संसार है, जहाँ जीवन की साधारण घटनाएँ भी कौतूहल का विषय बन सकती हैं।

उनकी रचनात्मक दृष्टि का एक महत्त्वपूर्ण पक्ष यह है कि वे बच्चे को केवल परिवार और विद्यालय के दायरे में नहीं देखतीं। उनके बच्चे जंगल, पक्षियों, पेड़ों, मौसम, जल और घरेलू संसार से भी जुड़े हुए हैं। इसीलिए संग्रह में प्रकृति और मनुष्य का संबंध बार-बार उभरता है।

लेखिका ने यह भी स्पष्ट किया है कि उन्होंने जीवन में काम आने वाले सामान्य किंतु महत्त्वपूर्ण प्रश्नों को बालमन की जिज्ञासा में ढालकर कहानी रचने का प्रयास किया है। यही बात उनके कथा-संसार की आधारभूमि बनती है। वे बड़े प्रश्नों को छोटे प्रसंगों में बदलती हैं और बच्चों को उन प्रसंगों के बीच रख देती हैं।

आज तकनीकी विकास ने बच्चे की दुनिया को अभूतपूर्व रूप से बदल दिया है। मोबाइल, इंटरनेट और डिजिटल माध्यम उसके दैनिक जीवन का हिस्सा हैं। इस स्थिति में बाल साहित्य का दायित्व कम नहीं, बल्कि बढ़ गया है। सूचना के विस्तार के साथ संवेदना का विकास भी आवश्यक है।

तकनीक बच्चे को बहुत कुछ जानने का अवसर देती है, लेकिन साहित्य उसे यह समझने में सहायता करता है कि उस ज्ञान का मानवीय उपयोग क्या है। बाल साहित्य उसे प्रकृति से जोड़ सकता है, दूसरों के दुख को समझने की दृष्टि दे सकता है और उसके भीतर सामाजिक उत्तरदायित्व का भाव पैदा कर सकता है।

जितेन्द्र निर्मोही ने संग्रह की भूमिका में इसी संदर्भ को रेखांकित करते हुए कहा है कि आज बच्चों में तकनीकी समझ तेजी से बढ़ रही है, इसलिए उन्हें संवेदना, सामाजिक सरोकार और संस्कृति से जोड़ना भी आवश्यक है। ‘गुल्लक और उसकी रजाई’ इसी आवश्यकता को अपने कथ्य में ग्रहण करता है।

इस संग्रह की बीस कहानियाँ विषयगत रूप से एक-दूसरे से भिन्न होते हुए भी एक व्यापक सूत्र से जुड़ी हैं—बालमन के माध्यम से जीवन और समाज को देखना।

‘घमण्डी गुलाब’ से संग्रह की शुरुआत होती है। गुलाब जैसे फूल को केंद्र में रखकर निर्मित यह कथा बाल साहित्य में मानवीकरण की परंपरा का उपयोग करती है। फूल को व्यक्तित्व देना बच्चे के लिए प्रकृति को एक जीवंत सत्ता के रूप में देखने की संभावना खोलता है।

शीर्षक कहानी ‘गुल्लक और उसकी रजाई’ में सर्दी और विद्यालय जाने की स्थिति के माध्यम से कर्तव्य-बोध को कथा का आधार बनाया गया है। यहाँ रजाई केवल सर्दी से बचाने वाली वस्तु नहीं रह जाती, बल्कि बालक के आराम और उसके दायित्व के बीच एक रोचक प्रतीकात्मक स्थिति निर्मित करती है। बालक का अपने कर्तव्य की ओर लौटना कथा का केंद्रीय भाव बनता है।

‘मकर संक्रान्ति और बरगद काका की सीख’ में प्रकृति और पक्षियों के प्रति संवेदना का स्वर है। त्योहार को केवल परंपरा के रूप में न लेकर उसके भीतर छिपी प्रकृति-संवेदना को रेखांकित करने का प्रयास कहानी को सामाजिक अर्थ देता है।

‘शुभम की नयी होली’ और ‘पानी की चोरी’ जल-संरक्षण के प्रश्न को बच्चों के सामने रखती हैं। पानी के संकट को यदि केवल तथ्य या आँकड़े के रूप में बताया जाए तो बालक उससे भावनात्मक रूप से नहीं जुड़ता। कहानी इस समस्या को अनुभव में बदल देती है। यही बाल साहित्य की शक्ति है।

‘भोलू का अपना घर’ स्वच्छता के प्रश्न को सामने लाती है। स्वच्छता यहाँ केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि रहने के परिवेश और जीवन की गुणवत्ता से जुड़ा विषय बनती है।

‘जंगल लौटी चिनचिन गौरैया’ और ‘चिंकी और गौरैया’ में पक्षी बाल साहित्य के माध्यम से प्रकृति के संकट के प्रतिनिधि बनते हैं। गौरैया का उल्लेख विशेष रूप से महत्त्वपूर्ण है, क्योंकि यह पक्षी भारतीय घर-आँगन और मानवीय जीवन से गहरे जुड़ा रहा है। उसके अस्तित्व को लेकर चिंता स्वयं मनुष्य और प्रकृति के बदलते संबंधों की ओर संकेत करती है।

‘सोनू की तासीर’ संग्रह की विषय-विविधता का उदाहरण है। यह गर्म तासीर वाले फलों को किस प्रकार खाया जाए, जैसे सामान्य जीवनोपयोगी प्रश्न को बाल कथा का रूप देती है। इससे स्पष्ट होता है कि लेखिका के लिए बाल कहानी का विषय केवल बड़े सामाजिक प्रश्न नहीं, बल्कि बच्चे के दैनिक जीवन की छोटी-छोटी आवश्यकताएँ भी हैं।

‘किताबों का दर्द’ संग्रह की दृष्टि से विशेष उल्लेखनीय है। पुस्तक को मानवीय संवेदना देकर उसके ‘दर्द’ को सामने रखना एक प्रभावी कल्पनात्मक युक्ति है। बच्चों द्वारा पुस्तकों को फाड़ने या खराब करने की आदत को सीधे डाँटने के बजाय यदि पुस्तक स्वयं अपनी पीड़ा व्यक्त करे तो बच्चा उसके साथ भावनात्मक संबंध स्थापित कर सकता है।

‘मेहुल और दादी का वैलेंटाइन’ और ‘दादाजी और धूप’ आधुनिक जीवन और पारिवारिक संबंधों के बीच संवाद स्थापित करती हैं। यहाँ बुजुर्ग केवल ज्ञान देने वाले पात्र नहीं हैं; वे भावनात्मक संबंधों की उस कड़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो आधुनिक व्यस्तता में कमजोर पड़ रही है।

‘गीतु-मीतु की समीरा’ और ‘रसोई बीमार है’ घरेलू और पर्यावरणीय जीवन के अलग-अलग पक्ष सामने लाती हैं। विशेषकर ‘रसोई बीमार है’ का शीर्षक ही अपने भीतर एक मानवीकरण छिपाए हुए है। रसोई का ‘बीमार’ होना वास्तव में उस घरेलू व्यवस्था की उपेक्षा का रूपक बन जाता है, जिसका प्रभाव बच्चों के जीवन पर पड़ता है।

‘जंगल में जब लगा एसी’ संग्रह की सबसे अधिक कल्पनाशील और समकालीन कहानियों में रखी जा सकती है। जंगल में एसी की आवश्यकता क्यों पड़ी—यह असंभव-सी लगने वाली स्थिति बच्चे के भीतर तुरंत प्रश्न पैदा करती है। यही प्रश्न आगे पर्यावरणीय संकट की ओर ले जाता है। एसी और रेफ्रिजरेटर से ओजोन परत को होने वाले नुकसान की ओर संकेत कहानी को वैज्ञानिक चेतना से जोड़ता है।

‘दीपावली और सफाई’ त्योहार और सामाजिक सरोकार के संबंध को रेखांकित करती है। दीपावली केवल सजावट और उत्सव नहीं, बल्कि स्वच्छता तथा सामुदायिक जीवन से जुड़ा अवसर भी है—कहानी इसी दिशा में विचार करती है।

अंतिम कहानियों में ‘नन्हें प्राशु की समझदारी’ और ‘नन्हा जलदू और बेमौसम की बारिश’ जैसी रचनाएँ बाल-बुद्धि और पर्यावरणीय संकट को केंद्र में लाती हैं। ‘नन्हा जलदू और बेमौसम की बारिश’ में कटते जंगल, उत्खनन और नदियों से रेत के दोहन जैसे प्रश्नों को कथा के दायरे में लाया गया है। इस प्रकार संग्रह का पर्यावरणीय पक्ष केवल पेड़-पौधे बचाने तक सीमित नहीं रहता, बल्कि विकास की उन प्रक्रियाओं पर भी संकेत करता है जो प्रकृति के संतुलन को प्रभावित करती हैं।

बालमनोविज्ञान : संग्रह का केंद्रीय आधार

इस संग्रह की सबसे बड़ी शक्ति इसका बालमनोविज्ञान है। लेखिका ने बच्चों को उपदेश ग्रहण करने वाली निष्क्रिय इकाई नहीं माना है। उनकी कहानियों में बच्चा प्रश्न करता है, देखता है, अनुभव करता है और कई बार समाधान की दिशा भी खोजता है।

यह दृष्टिकोण आधुनिक बाल साहित्य के लिए आवश्यक है। बच्चे को यदि केवल ‘यह करो’ और ‘यह मत करो’ बताया जाए तो कहानी उपदेश बन जाती है। किंतु जब वही बात किसी पात्र की समस्या और उसके अनुभव से निकलती है, तो वह कथा का स्वाभाविक निष्कर्ष बन जाती है।

मानवीकरण : कथा को रोचक बनाने का साधन

लेखिका ने कई कहानियों में मानवीकरण का प्रयोग किया है। गुलाब, किताब, रसोई, गौरैया और जंगल जैसे तत्वों को मानवीय संदर्भ देकर उन्होंने बच्चों की कल्पनाशीलता को सक्रिय किया है।

मानवीकरण बाल साहित्य का पुराना किंतु अत्यंत प्रभावी उपकरण है। इसकी सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि लेखक उसके माध्यम से केवल मनोरंजन करता है या कोई नया अर्थ भी निर्मित करता है। इस संग्रह में मानवीकरण का उपयोग अधिकांशतः किसी सामाजिक या पर्यावरणीय प्रश्न को बालमन के निकट लाने के लिए किया गया है।

प्रकृति एक पात्र के रूप में

संग्रह में प्रकृति केवल पृष्ठभूमि नहीं है। कई कहानियों में वह स्वयं कथा की सक्रिय शक्ति बन जाती है। गौरैया, बरगद, जंगल, बारिश, पानी और पेड़ कथानक के भीतर अपना अर्थ निर्मित करते हैं।

यहीं संग्रह की पर्यावरणीय चेतना सबसे प्रभावी रूप में सामने आती है। लेखिका प्रकृति को ‘बचाने योग्य वस्तु’ मात्र नहीं मानतीं, बल्कि उसे मनुष्य के जीवन का सहभागी बनाती हैं।

पारिवारिक संबंध

दा-दादी और बच्चों के संबंध संग्रह में विशेष स्थान रखते हैं। ‘मेहुल और दादी का वैलेंटाइन’ तथा ‘दादाजी और धूप’ जैसी कहानियाँ इस बात की ओर संकेत करती हैं कि आधुनिकता के बीच बुजुर्गों की भूमिका और उनके प्रति भावनात्मक जिम्मेदारी को पुनः समझने की आवश्यकता है।

इन कहानियों का महत्त्व इसलिए भी है कि ये बच्चों को परिवार की बहु-पीढ़ीय संरचना से जोड़ती हैं। बाल साहित्य के माध्यम से पीढ़ियों के बीच संवाद स्थापित करना आज के समय में अत्यंत आवश्यक है।

भाषा और शैली

लेखिका की भाषा सहज और संप्रेषणीय है। बाल पाठक के लिए कठिन शब्दावली या अत्यधिक जटिल वाक्य-विन्यास से बचने का प्रयास किया गया है। कहानियों में कथ्य के अनुसार कल्पनात्मक और संवादात्मक शैली का उपयोग मिलता है।

जहाँ पर्यावरणीय समस्या है वहाँ विचार प्रमुख होता है, जबकि पशु-पक्षियों और वस्तुओं के मानवीकरण वाली कहानियों में कल्पना का पक्ष मजबूत हो जाता है। इस शैलीगत विविधता के कारण संग्रह एकरस नहीं बनता।

शीर्षक और कथात्मक कौतूहल

संग्रह के कई शीर्षक अपने आप में जिज्ञासा उत्पन्न करते हैं—’किताबों का दर्द’, ‘रसोई बीमार है’, ‘जंगल में जब लगा एसी’, ‘पानी की चोरी’ और ‘गुल्लक और उसकी रजाई’।

इन शीर्षकों में एक प्रश्न छिपा हुआ है। किताब को दर्द कैसे हो सकता है? रसोई बीमार कैसे हो सकती है? जंगल में एसी क्यों लगा? पानी की चोरी किसने की? यही प्रश्न बाल पाठक को कथा की ओर खींचते हैं।

नवाचार : संग्रह की केंद्रीय उपलब्धि

‘गुल्लक और उसकी रजाई’ की सबसे बड़ी साहित्यिक विशेषता उसका नवाचार है। नवाचार का अर्थ केवल नए विषय चुनना नहीं, बल्कि परिचित विषय को नई दृष्टि से प्रस्तुत करना भी है।

पर्यावरण पर हजारों रचनाएँ लिखी गई हैं, लेकिन जंगल के पशुओं को एसी की आवश्यकता पड़ने की कल्पना समस्या को एक नए कोण से देखने का अवसर देती है। पुस्तक संरक्षण पर उपदेश देने की जगह ‘किताबों का दर्द’ उनकी भावनात्मक आवाज बन जाता है। घरेलू उपेक्षा को ‘रसोई बीमार है’ के रूपक में बदल देना भी इसी रचनात्मकता का उदाहरण है।

इस प्रकार लेखिका ने कई गंभीर विषयों को बालमन के लिए प्रतीक, कल्पना और मानवीकरण के माध्यम से सुगम बनाने का प्रयास किया है।

आलोचनात्मक सीमाएँ

किसी भी कृति का मूल्यांकन केवल उसकी उपलब्धियों के आधार पर नहीं किया जा सकता। आलोचना का उद्देश्य रचना की संभावनाओं और सीमाओं दोनों को देखना है।

इस संग्रह की प्रमुख सीमा यह कही जा सकती है कि कुछ कहानियों में सामाजिक और नैतिक संदेश इतना स्पष्ट है कि पाठक के लिए निष्कर्ष तक पहुँचने की गुंजाइश कुछ कम रह जाती है। बाल कहानी की शक्ति तब और बढ़ती है जब बच्चा स्वयं कहानी के अनुभव से अर्थ ग्रहण करे।

कुछ कहानियों में पात्रों के मनोवैज्ञानिक विकास की अपेक्षा कथ्य और संदेश अधिक प्रमुख दिखाई पड़ते हैं। यदि पात्रों के आंतरिक द्वंद्व, असमंजस और संघर्ष को थोड़ा अधिक स्थान मिले तो कहानियों का साहित्यिक विस्तार बढ़ सकता है।

इसी प्रकार पर्यावरणीय कहानियों में समस्या और समाधान के बीच का तनाव कुछ और गहरा किया जा सकता था। उदाहरण के लिए जंगल, जल या वर्षा से जुड़े संकट केवल नैतिक प्रश्न नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक जटिलताओं से भी जुड़े हैं। बाल साहित्य में इन जटिलताओं को सरल बनाना आवश्यक है, किंतु उन्हें पूरी तरह सपाट कर देना कथा की संभावनाओं को सीमित कर सकता है। प्रूफ की कमी मखमल में टाट के पैबंद की तरह अखरती है।

फिर भी यह आलोचना संग्रह की मूल रचनात्मक उपलब्धियों को कम नहीं करती। यह लेखिका की आगामी रचनाओं के लिए संभावनाओं की ओर संकेत करती है।

निष्कर्ष

‘गुल्लक और उसकी रजाई’ समकालीन बाल साहित्य की उन रचनाओं में अपना स्थान बनाने की क्षमता रखता है, जो बालमन और सामाजिक सरोकारों के बीच संवाद स्थापित करने का प्रयास करती हैं। यह संग्रह केवल नैतिक शिक्षा देने वाली कहानियों का संकलन नहीं है। इसमें लेखिका ने बालक की जिज्ञासा को प्रकृति, पर्यावरण, परिवार और समाज के व्यापक प्रश्नों से जोड़ने का प्रयास किया है।

इसकी कहानियों में पानी है तो उसके साथ जल-संकट का प्रश्न भी है; गौरैया है तो उसके साथ प्रकृति-संरक्षण की चिंता भी है; पुस्तक है तो उसके साथ ज्ञान और पुस्तक-संस्कृति का प्रश्न भी है; दादा-दादी हैं तो उनके साथ पारिवारिक संवेदना का प्रश्न भी है; जंगल है तो उसके साथ पर्यावरणीय संकट भी है।

यही इस संग्रह की सार्थकता है।

अंजना मनोज गर्ग ने बालमन की छोटी-छोटी जिज्ञासाओं को सामाजिक और पर्यावरणीय सरोकारों से जोड़ने का जो प्रयास किया है, वह उल्लेखनीय है। उनकी कहानियाँ यह विश्वास जगाती हैं कि बाल साहित्य केवल बच्चों के लिए लिखा गया साहित्य नहीं, बल्कि भविष्य के नागरिक के मन और संवेदना को आकार देने वाला साहित्य भी है।

‘गुल्लक और उसकी रजाई’ का महत्त्व इस बात में है कि यह बच्चे को केवल कहानी सुनाकर छोड़ नहीं देता; वह उसके आसपास की दुनिया को देखने की उसकी दृष्टि में हल्का-सा परिवर्तन करने का प्रयास करता है।

अंततः कहा जा सकता है कि यह संग्रह बालमन की निर्मलता, प्रकृति की पुकार और सामाजिक संवेदना को एक साथ समेटे हुए बीस कहानियों का ऐसा गुलदस्ता है, जिसमें मनोरंजन के साथ विचार और विचार के साथ संवेदना भी खिलती है। अंजना मनोज गर्ग की यह कृति बाल साहित्य की वर्तमान धारा में अपने विषय-नवाचार और समकालीन सरोकारों के कारण ध्यान आकर्षित करती है और लेखिका के आगामी रचनात्मक विकास के लिए एक आशाजनक आधारभूमि तैयार करती है।

——–

© श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश”

08/10/2026

संपर्क – 14/198, नई आबादी, गार्डन के सामने, सामुदायिक भवन के पीछे, रतनगढ़, जिला- नीमच (मध्य प्रदेश) पिनकोड-458226

ईमेल  – opkshatriya@gmail.com मोबाइल – 9424079675 /8827985775

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ विवेक की पुस्तक चर्चा # २१८ ☆ “अस्मि” – उपन्यासकार : सुश्री शिखा वार्ष्णेय ☆ चर्चा – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ 

(हमप्रतिष्ठित साहित्यकार श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’  जी के आभारी हैं जो  साप्ताहिक स्तम्भ – “विवेक की पुस्तक चर्चा” शीर्षक के माध्यम से हमें अविराम पुस्तक चर्चा प्रकाशनार्थ साझा कर रहे हैं । श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र जी, मुख्यअभियंता सिविल (म प्र पूर्व क्षेत्र विद्युत् वितरण कंपनी, जबलपुर ) पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। तकनीकी पृष्ठभूमि के साथ ही उन्हें साहित्यिक अभिरुचि विरासत में मिली है। उनका दैनंदिन जीवन एवं साहित्य में अद्भुत सामंजस्य अनुकरणीय है। इस स्तम्भ के अंतर्गत हम उनके द्वारा की गई पुस्तक समीक्षाएं/पुस्तक चर्चा आप तक पहुंचाने का प्रयास  करते हैं।

आज प्रस्तुत है उपन्यासकार : सुश्री शिखा वार्ष्णेय जी द्वारा लिखित  “अस्मि” पर चर्चा।

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – विवेक की पुस्तक चर्चा#  २१८ ☆

☆ “अस्मि” – उपन्यासकार : सुश्री शिखा वार्ष्णेय ☆ चर्चा – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆/

पुस्तक : अस्मि 

उपन्यासकार : शिखा वार्ष्णेय

प्रकाशक : शिवना प्रकाशन

चर्चा : विवेक रंजन श्रीवास्तव, (लंदन)

☆ अस्मि’: अपने होने की पहचान की तलाश – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

किसी पुस्तक पर चर्चा करना केवल उसकी कथा सुनाना नहीं होता।  उसके भीतर छिपे विचारों, संवेदनाओं और जीवन-दृष्टि को समझने का प्रयास  है। मेरे लिए अस्मि ऐसी ही एक कृति है, जो एक स्त्री की कहानी कहते हुए हम सबके सामने एक बुनियादी प्रश्न रखती है,दूसरों के लिए जीते हुए क्या स्त्रियाँ अपने लिए जीना भूल जाती हैं?

‘अस्मि’ का अर्थ होता है—‘मैं हूँ’। यह छोटा-सा शब्द अपने भीतर एक बड़ा जीवन-दर्शन समेटे है। हम अपने जीवन में अनेक भूमिकाएँ निभाते हैं। किसी के माता-पिता, जीवनसाथी, बेटे-बेटी और मित्र होते हैं। इन रिश्तों के साथ जिम्मेदारियाँ जुड़ी होती हैं। लेकिन इन सबसे अलग हमारा अपना व्यक्तित्व भी है। हमारी इच्छाएँ, रुचियाँ और सपने भी हैं। क्या हम उन्हें पहचान पाते हैं? क्या हमारे जीवन में उनके लिए जगह बचती है? शिखा वार्ष्णेय का उपन्यास इन्हीं सवालों को कथा का आधार बनाता है।

शिखा वार्ष्णेय पत्रकारिता और साहित्य, दोनों से जुड़ी रही हैं। उन्होंने मॉस्को स्टेट यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता की पढ़ाई की। लंदन में रहते हुए भी उनका लेखन भारतीय पाठकों से निरंतर संवाद करता है। ‘लंदन नामा’ जैसी स्तंभ-लेखन यात्राएँ उनके अनुभवों को पाठकों तक पहुँचाती रही हैं। यात्रा-वृत्तांत और अन्य लेखन के माध्यम से उन्होंने अपने अलग अनुभव-संसार का परिचय दिया है। अस्मि में भी बाहरी परिवेश के साथ मनुष्य के भीतर चलने वाले द्वंद्व को समझने का प्रयास स्पष्ट दिखाई देता है।

उपन्यास की केंद्रीय पात्र एला एक शिक्षित महिला है। उसका परिवार है, पति राजीव है और बेटा अंकुर है। बाहर से उसका जीवन सामान्य और व्यवस्थित दिखाई देता है। लेकिन भीतर वह अकेली है। परिवार की अपेक्षाएँ पूरी करते-करते उसकी अपनी रुचियाँ और कलात्मक अभिरुचियाँ पीछे छूट गई हैं। वह धीरे-धीरे स्वयं से दूर होती जाती है। उसके जीवन में सुविधाएँ हैं, लेकिन संतोष नहीं। अपने लोगों के बीच रहते हुए भी उसे अपने होने का एहसास नहीं मिलता।

एला की यह स्थिति उपन्यास को हमारे समय से जोड़ती है। हमारे आसपास ऐसे अनेक लोग हैं, जो दूसरों की जरूरतों का ध्यान रखते हैं, लेकिन उनकी अपनी जरूरतें अनदेखी रह जाती हैं। विशेष रूप से महिलाओं से परिवार के लिए त्याग और समर्पण की अपेक्षा की जाती है। इसमें कोई बुराई नहीं, यदि यह समर्पण उनकी अपनी पहचान को मिटाने की कीमत पर न हो। परिवार महत्वपूर्ण है, लेकिन परिवार के भीतर प्रत्येक व्यक्ति का स्वतंत्र व्यक्तित्व भी महत्वपूर्ण है।

एला मानसिक तनाव और अवसाद से गुजरती है। इसी बीच एक पैराडाइव स्पोर्ट्स दुर्घटना उसके जीवन की दिशा बदल देती है। वह एक दूरस्थ पहाड़ी गाँव में पहुँच जाती है। वहाँ के लोग उसके परिचित नहीं हैं। वे उसके परिवार, सामाजिक स्थिति या अतीत के बारे में कुछ नहीं जानते। फिर भी वे उसकी देखभाल करते हैं और उसे अपनापन देते हैं।

कथा का यह मोड़ ध्यान देने योग्य है। जिस एला को अपने परिचित परिवेश में अकेलापन महसूस होता था, उसे अनजान लोगों के बीच आत्मीयता मिलती है। यह अनुभव एक सहज प्रश्न उठाता है, क्या संबंध केवल रक्त, विवाह और परिचय से बनते हैं? या मनुष्य की संवेदना भी ऐसा रिश्ता बना सकती है, जो कभी-कभी स्थापित रिश्तों से अधिक गहरा हो?

गाँव में एला धीरे-धीरे अपने भीतर लौटने लगती है। वह चित्र बनाती है। घरों और दीवारों को रंगों से सजाती है। बच्चों के साथ समय बिताती है। अपने वनस्पति-विज्ञान के ज्ञान से गाँव के लोगों की मदद करती है। उसकी प्रतिभा अब केवल उसकी निजी रुचि नहीं रहती। वह समुदाय के जीवन का हिस्सा बन जाती है। लोग उसके काम को महत्व देते हैं। उसे लगता है कि वह उपयोगी है और उसके होने का कोई अर्थ है।

मनुष्य को केवल भौतिक सुविधाएँ नहीं चाहिए। उसे यह अनुभव भी चाहिए कि उसके जीवन का कोई उद्देश्य है। उसकी प्रतिभा का उपयोग हो रहा है। उसकी उपस्थिति किसी के लिए मायने रखती है। एला को गाँव में यही अनुभव मिलता है। वह दूसरों के जीवन में रंग भरते हुए अपने जीवन में भी रंग वापस ले आती है।

गाँव का अरलू उसे जापानी अवधारणा ‘इकिगाई’ से परिचित कराता है। इसका आशय उस उद्देश्य से है, जो हमें हर सुबह उठने का कारण देता है। जीवन में कोई ऐसा काम, संबंध या लक्ष्य होना, जिससे हम भीतर से जुड़े रहें। एला के लिए चित्रकला, बच्चों के साथ जुड़ाव और गाँव के लोगों की सहायता ऐसे ही उद्देश्य बन जाते हैं। उसे किसी बड़ी उपलब्धि की तलाश नहीं है। उसे अपने काम में अर्थ दिखाई देने लगता है।

उपन्यास का संदेश उपदेश के रूप में नहीं, बल्कि एला के अनुभवों के माध्यम से सामने आता है। अपने जीवन को अर्थ देने के लिए हमेशा किसी बड़ी सफलता या सामाजिक मान्यता की आवश्यकता नहीं होती। कभी-कभी किसी बच्चे को सिखाना, किसी घर की दीवार पर रंग भरना या किसी जरूरतमंद की सहायता करना भी जीवन को नई दिशा दे सकता है।

लेकिन इस कथा का वास्तविक संघर्ष तब सामने आता है, जब एला का बेटा अंकुर उसे खोजते हुए गाँव पहुँचता है। वह चाहता है कि उसकी माँ उसके साथ लौट चले। उसकी चिंता स्वाभाविक है। वह माँ से प्रेम करता है और उसे सुरक्षित देखना चाहता है। दूसरी ओर, एला अब उस जीवन में लौटने के लिए तैयार नहीं है, जिसमें वह अपनी पहचान खो बैठी थी। वह अंकुर को समझाती है कि गाँव ने उसे वह आत्मीयता और उद्देश्य दिया है, जिसकी उसे तलाश थी।

अंकुर के लिए माँ के निर्णय को स्वीकार करना आसान नहीं है। लेकिन वह कुछ समय गाँव में बिताता है। धीरे-धीरे उसे समझ आता है कि उसकी माँ यहाँ सचमुच खुश है। अंततः वह उसके निर्णय का सम्मान करता है।

मेरी दृष्टि में यह उपन्यास का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष है। यहाँ प्रेम और अधिकार के बीच का अंतर सामने आता है। हम अपने प्रियजनों के लिए निर्णय लेना चाहते हैं, क्योंकि हमें लगता है कि हम उनके लिए बेहतर जानते हैं। लेकिन क्या प्रेम का अर्थ उनकी ओर से जीवन चुनना है? या उनके निर्णय को समझने और स्वीकार करने का प्रयास करना भी प्रेम है?

एला का निर्णय हमें रिश्तों की एक नई व्याख्या की ओर ले जाता है। परिवार से जुड़ाव का अर्थ अपने व्यक्तित्व का विसर्जन नहीं होना चाहिए। किसी स्त्री का माँ या पत्नी होना उसकी पहचान का एक हिस्सा है, संपूर्ण पहचान नहीं। उसे अपनी रुचियों, अपने निर्णयों और अपनी खुशी के लिए भी जगह चाहिए। यह बात केवल स्त्रियों के लिए नहीं, हर उस व्यक्ति के लिए महत्वपूर्ण है, जो सामाजिक अपेक्षाओं के बीच अपने भीतर की आवाज खो देता है।

हिंदी साहित्य में स्त्री-अस्मिता और आत्मनिर्णय पर गंभीर लेखन हुआ है। मन्नू भंडारी और कृष्णा सोबती जैसी लेखिकाओं ने स्त्री के स्वतंत्र व्यक्तित्व और उसकी आंतरिक दुनिया को अपनी रचनाओं में स्थान दिया।

 शिखा वार्ष्णेय की अस्मि इस व्यापक साहित्यिक विमर्श को आज के जीवन, प्रकृति और सामुदायिक संवेदना के संदर्भ में प्रस्तुत करती है। इसकी विशेषता यह है कि एला की पहचान केवल विचार या विद्रोह से नहीं बनती। वह अपने काम, अपनी कला और दूसरों से जुड़ाव के माध्यम से स्वयं को खोजती है।

उपन्यास में पहाड़ी गाँव भी केवल कथा की पृष्ठभूमि नहीं है। वह ऐसे जीवन का प्रतीक है, जहाँ एला अपने व्यक्तित्व को व्यक्त कर पाती है। वहाँ सुविधाएँ कम हैं, लेकिन आत्मीयता है। यह कहना उचित नहीं होगा कि गाँव का जीवन हर समस्या का समाधान है या शहर का जीवन संवेदनहीन है। उपन्यास का संकेत अधिक सूक्ष्म है। मनुष्य को ऐसा परिवेश चाहिए, जहाँ उसे सुना जाए, उसके काम का सम्मान हो और उसे अपनी राह चुनने की स्वतंत्रता मिले।

यहाँ प्रकृति की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो जाती है। प्रकृति के निकट रहते हुए एला अपने भीतर की आवाज सुन पाती है। वह जीवन को केवल जिम्मेदारियों की सूची के रूप में नहीं देखती। उसे अपने आसपास के छोटे-छोटे कामों में आनंद मिलने लगता है। इस तरह उपन्यास आत्म-खोज को प्रकृति, कला और सामुदायिक जीवन से जोड़ता है।

अब प्रकाशक शिवना प्रकाशन की चर्चा भी जरूरी है। किसी पुस्तक को पाठकों तक पहुँचाना साहित्यिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। शिवना प्रकाशन ने हिंदी की विभिन्न विधाओं में पुस्तकों के प्रकाशन के साथ प्रवासी लेखकों की रचनाओं को भी मंच दिया है। प्रवासी साहित्य हिंदी को नए अनुभवों और नए परिवेश से जोड़ता है। भाषा किसी एक देश की सीमा में बंद नहीं रहती। वह जहाँ भी रची जाती है, वहाँ के जीवन और संवेदना से समृद्ध होती है। इस दृष्टि से ऐसे प्रकाशन और साहित्यिक आयोजन हिंदी के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 मैं कहूँगा कि अस्मि का महत्व केवल एला की कहानी में नहीं, बल्कि उस प्रश्न में है जो यह पाठक के सामने छोड़ती है। क्या हम अपने प्रियजनों को उनकी स्वतंत्र पहचान के साथ स्वीकार कर पाते हैं? क्या हम अपनी जिम्मेदारियाँ निभाते हुए अपने लिए भी कुछ बचा पाते हैं? और क्या हम यह समझते हैं कि जीवन का अर्थ केवल दूसरों की अपेक्षाएँ पूरी करना नहीं है?

एला की यात्रा हमें याद दिलाती है कि स्वयं को पहचानना स्वार्थ नहीं है। यह अपने जीवन के प्रति सजग होना है। जब व्यक्ति अपने भीतर के संसार से जुड़ता है, तभी वह दूसरों से भी अधिक सच्चाई और संवेदना के साथ जुड़ पाता है।

‘अस्मि’ का सार शायद इसी एक वाक्य में है—मैं दूसरों के लिए हूँ, लेकिन मेरा अपना होना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

शिखा वार्ष्णेय जी को इस संवेदनशील उपन्यास के लिए हार्दिक बधाई।

 

चर्चाकार… विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’

समीक्षक, लेखक, व्यंगयकार

ए २३३, ओल्ड मीनाल रेसीडेंसी, भोपाल, ४६२०२३, मो ७०००३७५७९८

readerswriteback@gmail.कॉम, apniabhivyakti@gmail.com

≈ संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – पुस्तक समीक्षा ☆ संजय दृष्टि – ‘स्वयंभू एवं तुलसीदास रचित रामकथा’ — मूल शोधकर्ता – स्व. डॉ. गजानन नरसिंह साठे — संपादक – डॉ. मृणालिनी शहा, डॉ. लतिका जाधव ☆ समीक्षक – श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।  हम आपको प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक  पहुँचा रहे हैं। सप्ताह के अन्य दिवसों पर आप उनके मनन चिंतन को  संजय दृष्टि के अंतर्गत पढ़ सकते हैं। आज से प्रत्येक शुक्रवार हम आपके लिए श्री संजय भारद्वाज जी द्वारा उनकी चुनिंदा पुस्तकों पर समीक्षा प्रस्तुत करने का प्रयास करेंगे।)

? संजय दृष्टि –  समीक्षा का शुक्रवार # 26 ?

?‘स्वयंभू एवं तुलसीदास रचित रामकथा’ — मूल शोधकर्ता – स्व. डॉ. गजानन नरसिंह साठे — संपादक – डॉ. मृणालिनी शहा, डॉ. लतिका जाधव  ?  समीक्षक – श्री संजय भारद्वाज ?

पुस्तक का नाम – ‘स्वयंभू एवं तुलसीदास रचित रामकथा’

विधा – शोध कार्य

मूल शोधकर्ता – स्व. डॉ. गजानन नरसिंह साठे

संपादक – डॉ. मृणालिनी शहा, डॉ. लतिका जाधव

प्रकाशक – क्षितिज प्रकाशन, पुणे

पृष्ठ संख्या – 308

मूल्य – रु. 500/-

? अपने-अपने पर सबके राम ☆ श्री संजय भारद्वाज ?

श्रीराम, भारतीय संस्कृति के शलाका पुरुष हैं। रामकथा कल-कल प्रवाहित होती धारा है। प्रवाह, धारा का प्राण है। श्रीराम का जीवनचरित अपने आप में कविता है। जिसने भी इस चरित को लिखा, उसकी लेखनी से कविता स्वयं प्रवाहित होने लगी। इस प्रवाह का राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त जी ने अपने शब्दों में कुछ यूँ वर्णन किया है,

राम तुम्हारा चरित स्वयं ही काव्य है,

कोई कवि बन जाए सहज संभाव्य है।

इस सहज संभाव्यता ने महर्षि वाल्मीकि से लेकर गोस्वामी तुलसीदास, आचार्य स्वयंभू और विभिन्न भाषाओं में अनेकानेक मूर्धन्य कवियों से रामकथा लिखवाई। यह सिलसिला अब तक चल रहा है।

प्रस्तुत पुस्तक ‘स्वयंभू एवं तुलसीदास रचित रामकथा’ स्व. डॉ. गजानन नरसिंह साठे का महत्वपूर्ण शोध-प्रबंध है। जैसाकि नाम से ही स्पष्ट है, यह ग्रंथ जैन आचार्य स्वयंभू रचित ‘पउमचरिउ’और गोस्वामी तुलसीदास कृत ‘रामचरितमानस’ का तुलनात्मक अध्ययन है।

वस्तुत: महर्षि वाल्मीकि कृत ‘रामायण’, रामकथा का आदिग्रंथ है। भारत में विभिन्न भाषाओं में रामकथा पर आधारित लगभग 300 ग्रंथ हैैं। स्थूल रूप से ये सभी रामायण से अनुप्राणित हैं। बांग्ला में कृतिवास की ‘रामायण’, तमिल में ‘कंबन रामायण’, मराठी में संत एकनाथ की ‘भावार्थ रामायण’, गुरु गोविंद सिंह जी की ‘गोविंद रामायण’, माधव कंदली की ‘असमिया रामायण’, सारलादास की ‘उड़िया रामायण’, रंगनाथ की ‘तेलगु रामायण’, भानुभक्त की ‘नेपाली रामायण’, एषुतुच्छन की ‘मलयालम रामायण’,  कन्नड़ की ‘तोखे रामायण’, आदि कुछ नाम हैं। यही नहीं बल्कि विभिन्न अंचलों के साथ-साथ विभिन्न जनजातियों में भी लिखित या श्रुत रामायण मिलती हैं।

इनमें संबंधित भाषा-भाषियों की स्थानीय संस्कृति, परिवेश, भौगोलिक स्थितियों के अनुसार छोटे-बड़े परिवर्तन भी देखने को मिलते हैं।

दो ग्रंथों के तुलनात्मक अध्ययन की अपनी चुनौतियाँ होती हैं। इनमें देश, काल, स्थिति का अंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। गोस्वामी जी के ‘रामचरितमानस’ की गणना विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय महाकाव्यों में होती है। यह महाकाव्य भारतीय लोक के लिए आदर्श आचार-संहिता है। आचार्य स्वयंभू का ‘पउमचरिउ’ जैन दर्शन को केंद्र में रखकर रचा गया है। इसके चलते इस ग्रंथ में वाल्मीकि कृत मूल रामकथा में कई बड़े बदलाव दृष्टिगोचर होते हैं।

संभवत: ‘पउमचरिउ’ एकमात्र अपवाद है जिसमें रावण का वध श्रीराम के हाथों ना होकर लक्ष्मण के हाथों कराया गया है। प्रचलित रामकथा के कुछ पात्रों के नाम में परिवर्तन भी इसमें देखने को मिलते हैं। हनुमान जी के ब्रह्मचारी रूप की मान्यता के विपरीत उन्हें आठ सहस्त्र पत्नियों के पति के रूप में प्रस्तुत करना, शूर्पणखा को खर-दूषण की पत्नी बताना एवं अन्य अनेक परिवर्तन हैं। इसमें श्रीराम एवं रावण का धार्मिक, सांस्कृतिक परिवेश समान बताया गया है। रावण का चरित्र चित्रण श्रीराम की अपेक्षा विस्तृत है। ‘पउमचरिउ’ के रावण का खलनायकत्व भी उसके प्रति सहानुभूति जगाने में सहायक है।

राम, भारतीय आस्था का चैतन्य स्वरूप हैं। हमारे लोकजीवन के कण-कण और क्षण-क्षण में राम हैं। यही कारण है कि बच्चे के जन्म पर रामलला की बधाइयाँ गाई जाती हैं। संबोधन के लिए हम जीवन भर ‘राम-राम’ कहते हैं। अंतिम सत्य के रूप में काया से चेतन तत्व जब प्रस्थान कर जाता है तो ‘राम नाम सत्य है’ को स्मरण किया जाता है।  रामकथा, भारतीय लोकमानस में पैठी हुई है। पारंपरिक रामकथा में परिवर्तन की स्वीकार्यता भी श्रीराम के व्यक्तित्व में अंतर्निहित उदारता का ही प्रतीक है।

गोस्वामी तुलसीदास ने श्रीराम के देवत्व को रेखांकित किया। जबकि आचार्य स्वयंभू ने उनके मनुष्यत्व को लेखनीबद्ध किया। महत्वपूर्ण यह है कि मनुष्यत्व हो या देवत्व, अंतर्निहित तो रामत्व ही है।

वाल्मीकि रामायण में महर्षि वाल्मीकि, देवर्षि नारद से पृथ्वी पर सर्वश्रेष्ठ पुरुष के बारे में अनेक प्रश्न करते हैं। देवर्षि हर एक का उत्तर देते हुए श्रीराम का नाम गिनाते हैं। इसी क्रम में देवर्षि का यह कथन महत्वपूर्ण है-

सर्वदाभिगत: सद्भि: समुद्र इव सिन्धुभि:।

आर्य: सर्वसमश्चैव सदैव प्रियदर्शन:॥

जैसे नदियाँ समुद्र में मिलती हैं, उसी प्रकार सदा राम से साधु पुरुष मिलते रहते हैं। वे आर्य एवं सब में समान भाव रखने वाले हैं, उनका दर्शन सदा ही प्रिय मालूम होता है।

प्रियदर्शन श्रीराम की कथा को भाषा की दृष्टि से देखें तो रामचरितमानस अवधी में रचा गया है जबकि पउमचरिउ की भाषा अपभ्रंश है। ऐसे में शोधकर्ता के लिए तुलनात्मक अध्ययन जटिल और अनेक प्रश्नों को हल कर आगे बढ़ने की प्रक्रिया हो जाता है। शोधकर्ता डॉ. साठे ने अत्यंत परिश्रमपूर्वक सूक्ष्म से सूक्ष्म बिंदु का विस्तृत अध्ययन कर तटस्थ भाव से शोध करने का प्रयास किया है। यह श्लाघनीय है।

यह शोध साठ वर्ष पूर्व किया गया था। शोधकर्ता अब दिवंगत हो चुके हैं। देह की नश्वरता के संबंध में गोस्वामी जी रामचरितमानस में लिखते है,

बड़े भाग मानुष तनु पावा। सुर दुर्लभ सब ग्रंथन गावा॥

साधन धाम मोक्ष कर द्वारा। पाइ न जेहि परलोक सँवारा॥

अर्थात मनुष्य की देह सौभाग्य से प्राप्त होती है। विभिन्न ग्रंथ कहते हैं कि देवताओं के लिए भी इसकी प्राप्ति सहज नहीं होती। मनुष्य योनि, साधन योनि है। यह मोक्ष प्राप्ति का द्वार है। अतः देह नष्ट होने से पहले इसका सदुपयोग कर अपना परलोक सुधार लेना चाहिए।

आचार्य स्वयंभू ने इस विषय को पउमचरिउ में यूँ व्यक्त किया है,

जं देहु तं णासधम्मु।

णिच्चु ण होइ कइ वि कम्मु॥

जिसे देह कहते हैं, उसका मूल स्वभाव नश्वरता है। स्वाभाविक है कि कोई भी देह जगत में सदा बनी नहीं रह सकती।

छह दशक बाद इस शोध का प्रकाशित होना इस बात की पुष्टि करता है कि देह अनिवार्य रूप से नश्वर है पर विचार और चिंतन ईश्वर हैं। ईश्वर अर्थात समय की सीमा के परे शाश्वत अस्तित्व। अक्षर-अक्षर जोड़कर रचा जाता है साहित्य। यूँ ही ‘अक्षर’ नामकरण नहीं हुआ। जिसका क्षरण नहीं होता वही अक्षर है।

यही कारण है कि संपादक द्वय डॉ. मृणालिनी शहा और डॉ. लतिका जाधव को साठ वर्ष का अंतर प्रभावित नहीं कर पाया और उन्होंने शोध प्रबंध को प्रकाशित करने का बीड़ा उठाया। ज्ञान के नित्य भाव का यह प्रमाण है।

इस प्रबंध के प्रकाशन की व्यावहारिक कठिनाइयाँ रही होंगी। तत्कालीन भाषा, तब की टाइपिंग, अक्षर विन्यास, वर्तनी और व्याकरण में समय-समय पर हुए परिवर्तन इन सब पर संपादक द्वय ने परिश्रम किया है। जिन बातों को ज्यों का त्यों रखने की अपरिहार्यता रही होगी, उन्हें वैसे ही रहने दिया गया है।

स्व. डॉ. गजानन नरसिंह साठे द्वारा किया यह महत्वपूर्ण काम है। वस्तुत: किसी भी शोध प्रबंध को पुस्तक के रूप में प्रकाशित करते हुए अनेक बिंदु विधागत परिवर्तन की मांग करते हैं। शोधप्रबंध के प्रारूप में हर बिंदु के साथ आवश्यक लगने वाले संदर्भ, पुस्तक रूप में उतने प्रयोजनीय प्रतीत नहीं होते। इन सब पर काम करके शोधप्रबंध को शोधकर्ताओं और सामान्य पाठक के हाथ में एक सुपाठ्य पुस्तक के रूप में लाने का बीड़ा दोनों संपादकों ने पूरे सामर्थ्य से उठाया है।

दोनों संपादकों को हार्दिक बधाई। आशा है कि यह पुस्तक हर जिज्ञासु के लिए उपयोगी सिद्ध होगी। शुभं भवतु।

© संजय भारद्वाज  

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार ☆सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय, एस.एन.डी.टी. महिला विश्वविद्यालय ☆संपादक– हम लोग ☆पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆   ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स ☆

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

writersanjay@gmail.com

≈ संपादक – हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य # २५१ – पुस्तक चर्चा – टाइम मशीन और ज्ञान का खजाना –  लेखक : श्री राजकुमार जैन ‘राजन’ ☆ समीक्षा – श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’ ☆

श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश”

(सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश” जी का  हिन्दी बाल -साहित्य  एवं  हिन्दी साहित्य  की अन्य विधाओं में विशिष्ट योगदान हैं। अनेक पत्र-पत्रिकाओं में रचना सहित 145 बालकहानियाँ 8 भाषाओं में 1160 अंकों में प्रकाशित। प्रकाशित पुस्तकेँ-1- रोचक विज्ञान कथाएँ, 2-संयम की जीत, 3- कुएं को बुखार, 4- कसक, 5- हाइकु संयुक्ता, 6- चाबी वाला भूत, 7- बच्चों! सुनो कहानी, इन्द्रधनुष (बालकहानी माला-7) सहित 4 मराठी पुस्तकें प्रकाशित। मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी का श्री हरिकृष्ण देवसरे बाल साहित्य पुरस्कार-2018 ₹51000 सहित अनेक संस्थाओं द्वारा सम्मानित व पुरस्कृत। साप्ताहिक स्तम्भ “श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य”  के अंतर्गत साहित्य आप प्रत्येक गुरुवार को आत्मसात कर सकते हैं। आज प्रस्तुत है श्री राजकुमार जैन ‘राजन’ जी द्वारा लिखित बाल कहानी संग्रह – “टाइम मशीन और ज्ञान का खजाना” की समीक्षा।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य # २५१ ☆

☆ पुस्तक चर्चा – टाइम मशीन और ज्ञान का खजाना –  लेखक : श्री राजकुमार जैन ‘राजन’ ☆ समीक्षा – श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’ ☆

 

पुस्तक : टाइम मशीन और ज्ञान का खजाना

विधा : बाल कहानी-संग्रह

कहानीकार : राजकुमार जैन ‘राजन’

प्रकाशक : ज्ञानमुद्रा पब्लिकेशन, भोपाल

संस्करण : 2026

मूल्य : 200 रुपए

समीक्षक: ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’

☆ ‘टाइम मशीन और ज्ञान का खजाना’ : बालमन में जिज्ञासा, संवेदना और सामाजिक चेतना जगाता कहानी-संग्रह – ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’ ☆

राजकुमार जैन ‘राजन’ ऐसे कहानीकार हैं जिनकी रचनात्मक चिंतन का केंद्र बालक होता है। उनकी दृष्टि में बाल कहानी केवल बच्चे का मनोरंजन करने वाली रचना नहीं होती है, बल्कि उसके भीतर जिज्ञासा, संवेदना, साहस, विवेक और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करने वाला माध्यम होती है। टाइम मशीन और ज्ञान का खजाना की ‘अपनी बात’ में स्वयं लेखक कहानी को अंधेरे में राह दिखाने वाला दीपक और छोटे-छोटे हाथों में बड़े सपने भरने वाला माध्यम मानते हैं। वे विशेष रूप से इस बात पर बल देते हैं कि आज के बच्चे के पास सूचना बहुत है, लेकिन समय कम है; इसलिए ऐसी कहानियों की जरूरत है जो छोटी हों, रोचक हों और पढ़ने के बाद बच्चे को सोचने के लिए विवश करें।

रचनाकार अपने आसपास के वातावरण, अपने अनुभवों, गाँव की गलियों, विद्यालय की कक्षाओं और बच्चों की सहज बातचीत से कहानियों के कथानक ग्रहण करता है। यह बात उनकी रचना-दृष्टि को कृत्रिम होने से बचाती है। उनके पात्र प्रायः हमारे आसपास के बच्चे, माता-पिता, शिक्षक, दादा-दादी और ग्रामीण समाज से आते हैं। पुस्तक के समर्पण में वे वरिष्ठ साहित्यकार स्व. गोविंद शर्मा को अपना प्रेरणास्रोत और संरक्षणदाता बताते हुए उन्हें अपनी कृति समर्पित करके अपनी रचनाधर्मिता को प्रदर्शित करके उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

राजन की रचना-दृष्टि की विशेषता यह है कि वे बच्चों को केवल ‘सिखाने’ की मुद्रा में नहीं आते; वे उन्हें परिस्थितियों से गुजरते हुए सीखने का अवसर देते हैं। यही कारण है कि उनकी अनेक कहानियों में बाल पात्र स्वयं प्रश्न करते, पहल करते, समस्या पहचानते हैं और उसके समाधान में भाग लेते हैं।

बाल साहित्य की उपयोगिता : मनोरंजन से आगे की यात्रा

बाल साहित्य बच्चे के मानसिक और भावनात्मक विकास का महत्त्वपूर्ण साधन होता है। कहानी बालक को संसार से परिचित कराने के साथ-साथ उसे दूसरों की परिस्थितियों को समझना, प्रश्न करना, कल्पना करना और निर्णय लेना सिखाती है। अच्छी बाल कहानी में मनोरंजन और संस्कार के बीच संतुलन होना चाहिए। केवल उपदेश बालक को आकर्षित नहीं करता और केवल मनोरंजन उसके व्यक्तित्व को आवश्यक दिशा नहीं देता है।

राजकुमार जैन ‘राजन’ की दृष्टि भी इसी संतुलन की ओर दिखाई देती है। पुस्तक की ‘अपनी बात’ में वे स्पष्ट करते हैं कि बच्चे उपदेश से नहीं, उदाहरण से सीखते हैं। इसलिए संग्रह की कहानियों में पर्यावरण-संरक्षण, शिक्षा, समान अवसर, स्वतंत्रता, ईमानदारी, सहयोग, पढ़ने की आदत और मानवीय संवेदना जैसे विषय कथा-स्थितियों के माध्यम से सामने आते हैं।

आज जब बच्चों के सामने इंटरनेट, मोबाइल और त्वरित सूचना का संसार भरा पड़ा है, तब भी पुस्तक की भूमिका समाप्त नहीं हुई है; बल्कि उसका स्वरूप और महत्त्व और अधिक बढ़ गया है। पुस्तक में लेखक स्वयं यह प्रश्न उठाते हैं कि बच्चों के पास जानकारी बहुत है, पर समय कम है। इसलिए ऐसी कहानियाँ आवश्यक हैं जो कम समय में प्रभावी अनुभव दें और पढ़ने के बाद भी मन में बनी रहें।

इस दृष्टि से टाइम मशीन और ज्ञान का खजाना उपयोगी बाल साहित्य की श्रेणी में रखा जा सकता है, क्योंकि इसकी कहानियाँ ज्ञान को कथा के भीतर पिरोने का प्रयास करती हैं।

इस समीक्ष्य संग्रह में कुल ग्यारह कहानियाँ हैं—‘पारूल का सपना’, ‘पौधा रोपण का महत्त्व’, ‘प्लास्टिक मुक्त गाँव’, ‘शिक्षा का उजाला’, ‘खिलौना रोबोट’, ‘सच्ची दिवाली’, ‘टाइम मशीन और ज्ञान का खजाना’, ‘स्वतंत्रता का उत्सव’, ‘दीपू ने ठग पकड़वाए’, ‘खुशी दो, खुशी लो’ और ‘बच्चों का वाचनालय’।

‘पारूल का सपना’ बालिका के स्वप्न, आत्मविश्वास और अवसर की समानता को केंद्र में रखकर लिखी गई है। पारूल विमान देखकर पायलट बनने का सपना देखती है। परिवार की ओर से आरंभिक संकोच के बावजूद वह अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहती है, अध्ययन करती है, विज्ञान मेले में विमान का मॉडल बनाती है और अंततः अपने सपने की दिशा में आगे बढ़ती है। यह कहानी बालिकाओं की आकांक्षाओं को सामाजिक रूढ़ियों से ऊपर देखने की प्रेरणा देती है।

‘पौधा रोपण का महत्त्व’ में दादाजी और बच्चों के माध्यम से पर्यावरण-संरक्षण की चेतना विकसित होती है। कहानी की विशेषता यह है कि वृक्षारोपण किसी भाषण का विषय न रहकर बच्चों की सक्रिय भागीदारी बन जाता है। दादाजी बच्चों को पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने और प्रकृति के महत्त्व को समझने का अवसर देते हैं।

‘प्लास्टिक मुक्त गाँव’ में बच्चों का सामूहिक प्रयास सामाजिक परिवर्तन का रूप लेता है। बच्चे प्लास्टिक से पशुओं और मनुष्यों को होने वाले नुकसान को समझते हैं, अभियान चलाते हैं, कपड़े की थैलियों का प्रयोग बढ़ाते हैं और पशुओं के लिए भोजन-पेटियाँ रखते हैं। कहानी की उपयोगिता इस से समझा जा सकता है कि इसमें बालक समस्या के दर्शक नहीं, समाधान के सहभागी बनते हैं।

‘शिक्षा का उजाला’ शिक्षा के अभाव, गलत संगति और आर्थिक-सामाजिक परिस्थितियों से जूझते रोहित की कथा प्रस्तुत करती है। उसके भीतर की प्रतिभा को परिस्थितियाँ दबाती हैं, लेकिन आगे चलकर जीवन के अनुभव उसे अपनी भूल का अहसास कराते हैं। कथा शिक्षा को केवल रोजगार पाने का साधन न मानकर जीवन को दिशा देने वाली शक्ति के रूप में स्थापित करती है।

‘खिलौना रोबोट’ आधुनिक तकनीक, बालमन और पारिवारिक संबंधों से जोड़ती है। रोबोट बच्चे के लिए आकर्षण का केंद्र है, लेकिन कथा का वास्तविक केंद्र मानवीय संबंध और समझ है। इस कहानी में आधुनिक वस्तु धीरे-धीरे आगे चलकर मानवीय संवेदना का माध्यम बन जाती है।

‘सच्ची दिवाली’ त्यौहार के अर्थ को सामाजिक संवेदना से जोड़कर प्रस्तुत करती है। घर को रोशन करने के साथ दूसरों के घरों का अँधेरा दूर करना ही सच्चे उत्सव का अर्थ है—कहानी इसी मानवीय विचार को कथा में रूप में हमारे सम्मुख लाती है।

‘टाइम मशीन और ज्ञान का खजाना’ संग्रह की शीर्षक-कहानी है और विज्ञान, कल्पना तथा ज्ञान को एक साथ उभारती है। प्रोफेसर, बच्चे और रोबोट मिलकर समय की यात्रा की कल्पना करते हैं। कहानी का महत्त्व इस बात से उजागर होता है कि समय-यात्रा के रोमांच को केवल चमत्कार न बनाकर अतीत से सीखने और वर्तमान को बेहतर बनाने के विचार से जोड़ा गया है। अंततः ज्ञान बाँटने को ही वास्तविक उपलब्धि माना गया है।

‘स्वतंत्रता का उत्सव’ कहानी स्वतंत्रता के अर्थ को पक्षी के माध्यम से प्रतीकात्मक ढंग से सामने लाती है। सोने का पिंजरा भी पिंजरा ही है—यह बिंब स्वतंत्रता के वास्तविक मूल्य को बालमन तक सरलता से पहुँचाया जाता है।

‘दीपू ने ठग पकड़वाए’ साहस, निरीक्षण-शक्ति और तर्कबुद्धि की कहानी है। जहाँ बड़े लोग अंधविश्वास और भय के प्रभाव में आ जाते हैं, वहाँ दीपू परिस्थितियों को समझने की कोशिश करता है। वैज्ञानिक दृष्टि से रहस्य का समाधान करना कहानी को विशेष रूप से उपयोगी बनाता है।

‘खुशी दो, खुशी लो’ इस संग्रह की सबसे अधिक मानवीय और संवेदनात्मक कहानियों में एक है। जादुई रूमाल का बाहरी आकर्षण अंततः इस बोध में बदल जाता है कि खुशी किसी वस्तु में नहीं, बल्कि दूसरों के प्रति किए गए छोटे-छोटे सद्भावपूर्ण व्यवहार में निहित है। कहानी का अंतिम बोध—खुशी देने वाले के हृदय में होती है—बालक के लिए सहज और प्रभावशाली है।

‘बच्चों का वाचनालय’ संग्रह की सबसे उपयोगी सामाजिक कल्पनाओं में से एक है। पारूल और उसके भाई गाँव के एक पुराने खंडहर को बच्चों के वाचनालय में बदलने की योजना बनाते हैं। बच्चे स्वयं सफाई करते हैं, पुस्तकें जुटाते हैं, पढ़ने का कार्यक्रम बनाते हैं और धीरे-धीरे पूरा समुदाय उससे जुड़ जाता है। अंततः प्रशासन भी इस पहल को देखकर भवन को पुस्तकालय में बदल देता है।

कथा-तत्त्वों की दृष्टि से मूल्यांकन:

कहानी के प्रमुख तत्त्वों में कथानक, पात्र, संवाद, वातावरण, भाषा-शैली, उद्देश्य और प्रभाव को विशेष महत्त्व दिया जाता है। इस कसौटी पर यह संग्रह अनेक उल्लेखनीय विशेषताएँ प्रस्तुत करता है।

  1. कथानक

संग्रह के अधिकांश कथानक सरल, रैखिक और बालकेंद्रित हैं। इनमें समस्या आती है, पात्र उसके सामने खड़े होते हैं और प्रयास के माध्यम से समाधान तक पहुँचते हैं। ‘पारूल का सपना’ में सपना लक्ष्य बनता है, ‘प्लास्टिक मुक्त गाँव’ में समस्या सामाजिक अभियान में बदलती है और ‘बच्चों का वाचनालय’ में एक छोटी-सी कल्पना सामुदायिक आंदोलन का रूप लेती है।

कथानकों की सबसे बड़ी उपलब्धि उनकी क्रियाशीलता है। बच्चे केवल घटना के साक्षी नहीं रहते; वे घटनाओं को आगे बढ़ाते हैं। यह बाल साहित्य के लिए महत्त्वपूर्ण गुण है।

  1. पात्र-योजना

राजन की कहानियों में बाल पात्र अपेक्षाकृत सक्रिय और आत्मविश्वासी रूप में सामने आते हैं। पारूल, रोहित, दीपू और वाचनालय के बच्चे अपनी परिस्थितियों से संवाद करते हैं। दादाजी, शिक्षक और परिवार के बड़े पात्र मार्गदर्शक की भूमिका निभाते हैं।

विशेष रूप से पारूल का चरित्र उल्लेखनीय है। उसका सपना केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं रह जाता है; वह बालिका के आत्मविश्वास और समान अवसर की आकांक्षा का प्रतीक बन जाता है। इसी प्रकार वाचनालय की कहानी में बच्चों का सामूहिक चरित्र एक व्यक्ति से आगे बढ़कर ‘बच्चों की सामूहिक शक्ति’ का प्रतिनिधित्व करता है।

  1. संवाद

संवादों की भाषा सामान्यतः सहज और बोलचाल की भाषा है। यह बाल पाठक को पात्रों के अधिक निकट लाती है। कई जगह संवाद ही कहानी का विचार स्पष्ट करते हैं। उदाहरण के लिए ‘पारूल का सपना’ में पायलट बनने के प्रश्न पर पारूल का आत्मविश्वास कहानी के विचार को सीधे सामने लाता है।

हालाँकि कुछ स्थानों पर संवाद अपेक्षाकृत अधिक व्याख्यात्मक हो जाते हैं। पात्र कभी-कभी उतना ही कहते हैं जितना लेखक पाठक को समझाना चाहता है। यदि ऐसे संवादों को थोड़ा संक्षिप्त और स्वाभाविक किया जाए तो कथा की कलात्मकता और बढ़ सकती है।

  1. वातावरण

ग्रामीण जीवन की प्रस्तुति इस संग्रह की बड़ी ताकत है। गाँव की गलियाँ, विद्यालय, बगीचे, खेत, खंडहर, पंचायत और परिवार—ये सब कहानियों को स्थानीय धरातल प्रदान करते हैं। इससे बच्चे कथाओं से सहज जुड़ते हैं। स्वयं लेखक ने भी स्पष्ट किया है कि उनकी कहानियों का स्रोत गाँव की गलियाँ, स्कूल की कक्षाएँ और बच्चों की मासूम बातें हैं।

वातावरण केवल सजावटी नहीं है। ‘प्लास्टिक मुक्त गाँव’ में गाँव अभियान का क्षेत्र बनता है, ‘पौधा रोपण का महत्त्व’ में बगीचा सीखने का स्थल और ‘बच्चों का वाचनालय’ में खंडहर ज्ञान के केंद्र में बदल जाता है।

  1. भाषा-शैली

लेखक ने जान-बूझकर सरल भाषा अपनाई है। कठिन शब्दों और भारी-भरकम उपदेशात्मक भाषा से बचने का प्रयास पुस्तक की ‘अपनी बात’ में भी स्पष्ट दिखाई देता है।

यह सरलता बाल पाठक के लिए उपयोगी है। वाक्य सामान्यतः सीधे, सरल और सहज हैं और घटनाएँ क्रम से आगे बढ़ती हैं। कई जगह हास्य, कौतूहल और भावुकता का संतुलित प्रयोग भी दिखाई देता है।

लेकिन आलोचनात्मक दृष्टि से देखें तो यही सरलता कुछ जगहों पर अतिसरलीकरण में बदल जाती है। कुछ कहानियों के अंत में संदेश अपेक्षाकृत स्पष्ट रूप से बता दिया जाता है, जबकि साहित्यिक कहानी में कई बार संकेत पाठक पर छोड़ देना अधिक प्रभावी होता है। बालक को निष्कर्ष तक स्वयं पहुँचने का अवसर मिले तो कहानी का प्रभाव अधिक स्थायी हो सकता है।

  1. कल्पना और फैंटेसी

संग्रह की शीर्षक-कहानी में टाइम मशीन और रोबोट का प्रयोग तथा ‘खुशी दो, खुशी लो’ में जादुई रूमाल जैसे तत्व कल्पना को विस्तार देते हैं। इनका उद्देश्य केवल चमत्कार पैदा करना नहीं, बल्कि ज्ञान और मानवीय मूल्यों को रोचक बनाना है।

यहाँ लेखक की एक महत्त्वपूर्ण विशेषता सामने आती है—वे विज्ञान और कल्पना को नैतिक बोध से जोड़ते हैं। टाइम मशीन अतीत की यात्रा का उपकरण होने के साथ सीखने का माध्यम बनती है और जादुई रूमाल अंततः वस्तु से अधिक मनुष्य के व्यवहार का प्रतीक बन जाता है।

  1. उद्देश्य और संदेश

लगभग सभी कहानियों के पीछे स्पष्ट सामाजिक या नैतिक उद्देश्य है—शिक्षा, पर्यावरण, स्वतंत्रता, सहयोग, वैज्ञानिक दृष्टि, समान अवसर, पढ़ने की आदत और मानवीय संवेदना। यह उद्देश्यपरकता पुस्तक की सबसे बड़ी शक्ति भी है और आलोचना की दृष्टि से इसकी सबसे बड़ी चुनौती भी।

शक्ति इसलिए कि बालक कहानी समाप्त होने के बाद किसी विचार के साथ लौटता है; चुनौती इसलिए कि कहीं-कहीं कथा से संदेश स्वाभाविक रूप से निकलने के बजाय लेखक द्वारा स्पष्ट कर दिया जाता है।

समीक्षात्मक समालोचना:

टाइम मशीन और ज्ञान का खजाना मूलतः उद्देश्यपरक और मूल्यपरक बाल कहानी-संग्रह है। इसका केंद्रीय आग्रह यह है कि बालक जिज्ञासु बने, पढ़े, प्रश्न करे, अपने आसपास की समस्याओं को पहचाने और उन्हें बदलने के लिए स्वयं पहल करे। यह दृष्टि संग्रह को महज मनोरंजनात्मक बाल साहित्य से अलग करती है।

संग्रह की सबसे बड़ी उपलब्धि है बालक को समस्या-समाधानकर्ता के रूप में प्रस्तुत करना। पारूल अपने सपने के लिए प्रयास करती है, बच्चे गाँव को प्लास्टिक से मुक्त करने का अभियान चलाते हैं, दीपू ठगों की चाल समझता है और बच्चे खंडहर को वाचनालय में बदल देते हैं। इस तरह लेखक बच्चों के भीतर निहित परिवर्तनकारी शक्ति पर विश्वास व्यक्त करते हैं।

दूसरी बड़ी उपलब्धि है विषय-विविधता। पर्यावरण से लेकर शिक्षा तक, तकनीक से लेकर स्वतंत्रता तक और व्यक्तिगत सपने से लेकर सामुदायिक पुस्तकालय तक—कहानीकार ने बच्चों के जीवन से जुड़े अनेक विषयों को कथा में समेटा है। विषय-सूची भी इस विविधता को स्पष्ट करती है।

तीसरी विशेषता है स्थानीयता और जीवन-संबंध। कहानियाँ किसी अमूर्त आदर्शलोक में नहीं घटतीं। गाँव, घर, स्कूल, बाजार, बगीचा और परिवार उनके संसार का हिस्सा हैं। इसलिए बच्चों को इनमें अपना परिवेश दिखाई देता है।

फिर भी एक गंभीर समीक्षक के रूप में कुछ सीमाओं की ओर संकेत करना आवश्यक है। पहली सीमा यह है कि अनेक कहानियों में उपदेश का अनुपात कथा की तुलना में कुछ अधिक हो जाता है। लेखक जिस बात को कहानी के माध्यम से पाठक तक पहुँचाना चाहते हैं, उसे कई बार पात्रों के संवाद में सीधे कह देते हैं। इससे कहानी का कलात्मकता प्रभावित होती है।

दूसरी सीमा आदर्श समाधान की तीव्रता है। कुछ कथाओं में समस्या अपेक्षाकृत शीघ्र और सुंदर ढंग से हल हो जाती है। वास्तविक जीवन की जटिलताओं की तुलना में ये समाधान कभी-कभी बहुत सरल प्रतीत होते हैं। यदि कहीं-कहीं संघर्ष, असफलता, संशय और पुनः प्रयास के लिए अधिक स्थान दिया जाता, तो पात्र अधिक त्रिआयामी और कथाएँ अधिक विश्वसनीय बन सकती थीं।

तीसरी बात चरित्र-विकास से जुड़ी है। कुछ पात्र कथा के उद्देश्य को पूरा करने के लिए निर्मित प्रतीत होते हैं। यदि उनके भीतर अधिक मनोवैज्ञानिक द्वंद्व, व्यक्तिगत कमजोरियाँ और परिवर्तन की क्रमिक प्रक्रिया दिखाई जाती, तो संग्रह का साहित्यिक स्तर और ऊँचा हो सकता था।

इन सीमाओं के बावजूद हमें बाल साहित्य को लक्षित पाठकीयता के संदर्भ में देखना चाहिए। लेखक का प्राथमिक उद्देश्य जटिल मनोवैज्ञानिक कथा रचना नहीं, बल्कि बच्चों में पढ़ने, सोचने, प्रश्न करने और सकारात्मक कार्य करने की प्रवृत्ति पैदा करना है। इस दृष्टि से उनकी कथात्मक रणनीति समझ में आती है। जिसकी वजह से वे सरल, सहज और आकर्षक कहानियां प्रस्तुत कर पाए हैं।

निष्कर्ष:

संक्षेप में कहे तो टाइम मशीन और ज्ञान का खजाना ऐसा बाल कहानी-संग्रह है जिसमें ज्ञान और कल्पना, मनोरंजन और संस्कार, व्यक्ति और समाज तथा वर्तमान और भविष्य के बीच संवाद स्थापित करने का प्रयास किया गया है।

इस संग्रह की सबसे उल्लेखनीय बात यह है कि लेखक बच्चों को केवल ‘अच्छा बच्चा’ बनने का उपदेश नहीं देते; वे उन्हें कुछ करने, प्रश्न उठाने और अपने आसपास परिवर्तन लाने वाले पात्रों के रूप में प्रस्तुत करते हैं। पुस्तक की ‘अपनी बात’ में भी लेखक का आग्रह है कि बच्चों से कहानियों पर चर्चा की जाए और उनसे पूछा जाए कि वे पारूल की जगह होते तो क्या करते या अपने गाँव-मोहल्ले के लिए क्या कर सकते हैं।  यही आग्रह इस संग्रह की वास्तविक शैक्षिक शक्ति है।

विशेष रूप से ‘पारूल का सपना’, ‘प्लास्टिक मुक्त गाँव’, ‘टाइम मशीन और ज्ञान का खजाना’, ‘दीपू ने ठग पकड़वाए’ और ‘बच्चों का वाचनालय’ जैसी कहानियाँ बालक को निष्क्रिय पाठक न बनाकर सहभागी बनाने की कोशिश करती हैं। ‘बच्चों का वाचनालय’ तो पुस्तक-पठन को सीधे सामुदायिक जीवन से जोड़ते हुए यह विश्वास पैदा करती है कि संसाधनों की कमी हमेशा ज्ञान की कमी नहीं होती; इच्छा, सहयोग और पहल हो तो एक खंडहर भी ज्ञान के केंद्र में बदला जा सकता है।

अंततः कहा जा सकता है कि राजकुमार जैन ‘राजन’ का यह संग्रह बालमन में जिज्ञासा जगाने, संवेदना विकसित करने और सकारात्मक कर्म की प्रेरणा देने वाला उपयोगी प्रयास है। साहित्यिक कसौटी पर इसमें उपदेशात्मकता और आदर्शवादी समाधान जैसी सीमाएँ अवश्य हैं, लेकिन इसकी विषयगत विविधता, सरल भाषा, बाल-केंद्रित दृष्टि, सामाजिक सरोकार और बच्चों को सक्रिय भूमिका देने की प्रवृत्ति इसे समकालीन बाल साहित्य में महत्त्वपूर्ण बनाती है।

यह पुस्तक बच्चे को केवल यह नहीं बताती कि क्या अच्छा है, बल्कि बार-बार यह प्रश्न उसके सामने रखती है कि अच्छा करने के लिए वह स्वयं क्या कर सकता है। यही इस कहानी-संग्रह का सबसे मूल्यवान पक्ष है। इस बेहतरीन कहानी संग्रह के लिए राजकुमार जैन राजन को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

——-

© श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश”

संपर्क – 14/198, नई आबादी, गार्डन के सामने, सामुदायिक भवन के पीछे, रतनगढ़, जिला- नीमच (मध्य प्रदेश) पिनकोड-458226

ईमेल  – opkshatriya@gmail.com मोबाइल – 9424079675 /8827985775

≈ संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ विवेक की पुस्तक चर्चा # २१७ ☆ “आठवाँ सुर” – लेखक – नौशाद ☆ चर्चा – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ 

(हमप्रतिष्ठित साहित्यकार श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’  जी के आभारी हैं जो  साप्ताहिक स्तम्भ – “विवेक की पुस्तक चर्चा” शीर्षक के माध्यम से हमें अविराम पुस्तक चर्चा प्रकाशनार्थ साझा कर रहे हैं । श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र जी, मुख्यअभियंता सिविल (म प्र पूर्व क्षेत्र विद्युत् वितरण कंपनी, जबलपुर ) पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। तकनीकी पृष्ठभूमि के साथ ही उन्हें साहित्यिक अभिरुचि विरासत में मिली है। उनका दैनंदिन जीवन एवं साहित्य में अद्भुत सामंजस्य अनुकरणीय है। इस स्तम्भ के अंतर्गत हम उनके द्वारा की गई पुस्तक समीक्षाएं/पुस्तक चर्चा आप तक पहुंचाने का प्रयास  करते हैं।

आज प्रस्तुत है  नौशाद जी द्वारा लिखित  “आठवाँ सुर” पर चर्चा।

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – विवेक की पुस्तक चर्चा#  २१७ ☆

☆ “आठवाँ सुर” – लेखक – नौशाद ☆ चर्चा – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

(किताब उपलब्ध करवाने हेतु, आभार Kavita Kafe UK – कविता कैफ़े यूके)

कृति – आठवाँ सुर

लेखक – नौशाद 

चर्चा : विवेक रंजन श्रीवास्तव, (लंदन)

☆ संगीत के उस्ताद का शब्द-संसार : ‘आठवाँ सुर’ – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

नौशाद अली को हम हिंदी सिनेमा के महान संगीतकार के रूप में याद करते हैं। बैजू बावरा, मुगल-ए-आज़म, मदर इंडिया, अनमोल घड़ी जैसी फिल्मों का संगीत उनकी पहचान है।

लेकिन जब संगीत का यह जादूगर शब्दों के संसार में प्रवेश करता है तो पता चलता है कि उसके भीतर एक संवेदनशील शायर भी था। ‘आठवाँ सुर’ इसी शायर नौशाद अली से हमारा परिचय कराती है। पुस्तक उनकी शायरी का संग्रह है, जिसमें ग़ज़ल, शेर और आत्मानुभूति के स्वर एक साथ दिखाई देते हैं।

‘आठवाँ सुर’ शीर्षक अपने आप में बड़ा अर्थपूर्ण है। भारतीय संगीत में सामान्यतः सात स्वरों की चर्चा होती है, लेकिन नौशाद के लिए जीवन के अनुभवों, प्रेम, विरह, स्मृति, पीड़ा और मृत्यु से निकली अनुभूति जैसे किसी अनसुने आठवें स्वर की तरह है। यही स्वर उनकी शायरी में सुनाई देता है। संगीतकार नौशाद ने फिल्मों में सुरों से भावों को व्यक्त किया था, शायर नौशाद शब्दों से वही काम करते हैं। शायद यही कारण है कि उनकी ग़ज़लों में भी एक लयात्मकता सहज रूप से नज़र आती है।

 नौशाद की शायरी केवल प्रेम की रूमानियत तक सीमित नहीं है। उसमें जीवन की नश्वरता, बिछोह, स्मृति, आत्मसंवाद और मृत्यु का बोध भी है। एक जगह वे लिखते हैं   —

“क्यों मिली थी हयात याद करो

याद रखने की बात याद करो।”

दो छोटे-से मिसरे हैं, लेकिन इनके भीतर पूरी जिंदगी का प्रश्न खड़ा हो जाता है। जीवन क्यों मिला था? हमने उसका क्या किया? और जाते-जाते क्या याद रह जाएगा? यह प्रश्न शायर स्वयं से भी करता है और पाठक से भी।

इसी तरह उनका एक और शेर है—

“इक बे-क़रार दिल से मुलाक़ात कीजिए

जब मिल गए हैं आप तो कुछ बात कीजिए।”

यहाँ भाषा सहज है, लेकिन भाव में गहराई है। ‘बेकरार दिल’ और ‘मुलाकात’ जैसे पारंपरिक ग़ज़ल के रूमानी शब्दों के माध्यम से नौशाद उस आत्मीय क्षण को पकड़ लेते हैं जिसमें मिलने के बाद भी मन की बात कहने की बेचैनी बनी रहती है।

 संग्रह की विशेषता इसकी सादगी है। नौशाद कठिन शब्दावली या चमत्कारपूर्ण बिंबों के पीछे नहीं भागते। वे उर्दू ग़ज़ल की परंपरा में रहते हुए भी अपनी बात को अपेक्षाकृत सीधे ढंग से कहते हैं। प्रेम है तो उसमें आत्मीयता है, विरह है तो उसमें पीड़ा है, स्मृति है तो उसके साथ एक कसक है। इसीलिए उनके शेर पढ़ते हुए ऐसा नहीं लगता कि कोई केवल शायरी कर रहा है। लगता है जैसे कोई अपने जीवन का हिसाब-किताब पाठकों के सामने रख रहा हो।

उनकी शायरी की जड़ें परंपरा में हैं और वे स्वयं इस परंपरा से अनजान नहीं थे। पुस्तक के एक पृष्ठ पर उनका आत्मव्यंग्य पूर्ण शेर है—

“करना है शायरी अगर ‘नौशाद’

‘मीर’ का कुल्लियात याद करो।”

यह केवल मीर के प्रति श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि अपनी शायरी की सीमाओं की विनम्र स्वीकृति भी है। रचनाकार की पहचान इसी विनम्रता से होती है कि वह अपने पीछे खड़ी महान परंपरा को पहचानता है। नौशाद यहाँ अपने लिए भी एक कसौटी निर्धारित करते दिखाई देते हैं।

पुस्तक के आरंभिक पृष्ठों में आया उनका आत्मीय संस्मरण भी संग्रह को केवल शायरी की किताब नहीं रहने देता। उसमें परिवार, मृत्यु, स्मृति और अपने प्रियजनों से जुड़ा ऐसा मार्मिक प्रसंग आता है, जहाँ चार पंक्तियों में उनकी निजी पीड़ा कविता बन जाती है

“फिर उसी तरह कलेजे से लगा लो मुझको

गिरती दीवार हूँ लिल्लाह सँभालो मुझको।”

और आगे—

“जिसने फल-फूल दिये, प्यार दिया, साया दिया

मैं वही पेड़ हूँ मरने से बचा लो मुझको।”

यहाँ ‘पेड़’ केवल पेड़ नहीं रह जाता। वह जीवन, परिवार, आश्रय और बीतती उम्र का प्रतीक बन जाता है। यह प्रसंग पढ़ते हुए लगता है कि संगीतकार नौशाद के भीतर का शायर अपने जीवन के अंतिम सत्य से संवाद कर रहा है।

‘आठवाँ सुर’ की शायरी में याद एक महत्वपूर्ण भाव है। वे बीते हुये समय की बार-बार याद करते है। कभी प्रेम की याद के रूप में, कभी किसी बिछुड़े व्यक्ति की स्मृति बनकर और कभी अपने ही अतीत के आईने की तरह। एक शेर में वे कहते हैं—

“मैं लाख ढूँढूँ उसे ढूँढने से क्या होगा

मेरी तलाश में वो भी तो खो गया होगा।”

यहाँ तलाश का द्वंद्व बहुत सुंदर है। जिसे हम खोज रहे हैं, संभव है वह भी हमें खोजते-खोजते कहीं खो गया हो। प्रेम की यह पारस्परिक विडंबना शेर को साधारण विरह से उठाकर जीवन की व्यापक अनुभूति बना देती है।

नौशाद की शायरी का एक और महत्वपूर्ण पक्ष समय और मृत्यु का बोध है। जीवन को वे स्थायी उपलब्धि की तरह नहीं देखते। उनके यहाँ संसार आता-जाता है, रिश्ते बनते-बिगड़ते हैं और अंततः मनुष्य स्मृतियों में बदल जाता है। यही दृष्टि उनकी शायरी को केवल प्रेम-कविता का संग्रह बनने से बचाती है।

इस दृष्टि से ‘आठवाँ सुर’ को नौशाद के संगीत से अलग करके देखना भी उचित नहीं होगा। संगीत में उन्होंने भारतीय शास्त्रीय परंपरा को लोकप्रिय सिनेमा की भाषा में प्रतिष्ठित किया, शायरी में उन्होंने उसी सांस्कृतिक संस्कार को शब्दों का रूप दिया। उनके संगीत की तरह उनकी शायरी में भी माधुर्य, अनुशासन और भाव प्रधानता दिखाई देती है। किताब से गुजरते हुए नौशाद की रचनात्मक दुनिया में संगीत और कविता दो अलग-अलग धाराएँ नहीं, बल्कि एक ही संवेदनशील मन से निकले दो स्वर समझ आतें हैं। उनके जीवन और कला की यही बहुआयामी पहचान उन्हें विशिष्ट बनाती है।

‘आठवाँ सुर’ पढ़ते हुए सबसे सुखद बात यह लगती है कि यहाँ एक प्रसिद्ध संगीतकार अपने स्थापित व्यक्तित्व का सहारा लेकर शायर बनने की कोशिश नहीं करता। वह अपने शब्दों के बल पर सामने आता है। कहीं वह प्रेमी है, कहीं विरही, कहीं आत्मालोचक, कहीं जीवन से सवाल करता हुआ मनुष्य और कहीं अपनी स्मृतियों में लौटता हुआ वृद्ध। यही मानवीयता इस संग्रह को मूल्यवान बनाती है।

अनुमान लगा सकता हूं कि ये संग्रह उनके जीवन के लंबे सफर में मन का चैन ढूंढने का, समय समय पर कागज पर अभिव्यक्त प्रयासो का संकलन है।

नौशाद के संगीत को सुनते हुए हम उनके सुरों के जादू में खो जाते हैं,  ‘आठवाँ सुर’ पढ़ते हुए उन्हीं सुरों के पीछे छिपे मनुष्य से हमारा परिचय होता है। सात सुरों के महान साधक ने शब्दों में जो अतिरिक्त स्वर खोजा, शायद वही इस पुस्तक का ‘आठवाँ सुर’ है, एक ऐसा स्वर, जिसे कानों से कम और मन से अधिक सुना जा सकता है।

उन्हें श्रद्धांजलि

#लंदन_डायरी, #पुस्तक, #bhawan

चर्चाकार… विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’

समीक्षक, लेखक, व्यंगयकार

ए २३३, ओल्ड मीनाल रेसीडेंसी, भोपाल, ४६२०२३, मो ७०००३७५७९८

readerswriteback@gmail.कॉम, apniabhivyakti@gmail.com

≈ संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares