स्व प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

(आज प्रस्तुत है गुरुवर स्व  प्रोफ. श्री चित्र भूषण श्रीवास्तव जी  द्वारा रचित – “कविता  – पर्यटन…” । हमारे प्रबुद्ध पाठकगण स्व प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ जी  काव्य रचनाओं को प्रत्येक शनिवार आत्मसात कर सकेंगे.।) 

☆ काव्य धारा # २३८ ☆

☆ पर्यटन…  ☆ स्व प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆

☆

बंधी नियमित जिदंगी से होती है सबको घुटन

इससे मन बहलाव के हित जरूरी है पर्यटन

*

तेज गति के वाहनो से सुलभ अब आवागमन

घूमने जाने का इससे बढ़ा दिखता है चलन

*

शिक्षा ने भी बढ़ाया है परिभ्रमण का हौसला

इससे बढ़ता जा रहा है दूरिज्म का सिलसिला

*

देश और विदेश में कई अनोखें स्थान है

जहां जाने देखने का मन में आता ध्यान है

*

ऐसे स्थल धार्मिक हैं प्राकृतिक या कलात्मक

और कई है ऐतिहासिक औद्योगिक या सृजनात्मक

*

पर्यटन सुविधाओं के भी है वहां साधन कई

और होती जा रही हैं आये दिन सुविधाये नई

*

स्थानीय लोगों को मिल जाते सहज रोजगार भी

इससे नये नये केन्द्रों को है रच रही सरकार भी

*

अलौकिक सुख शांति भी बिखरी वहां परिवेश में

खोजे गये है स्थल ऐसे देश और परदेस में

*

नदी निर्झर झील वन मोहक प्रकृति शोना सुखद

अलौकिक सुख शांति है बिखरी जहां आनन्दप्रद

*

घोलती मधुरस जहा पर मन में नित प्राकृत छटा

बातें करती मौन सबसे प्रकृति हिलमिल सर्वदा

*

कान्हा रणथम्भौर कार्बेट एलोरा और अजंता

बुलाते हैं मौन सबको मिलने नालन्दा गया

*

अभय वन में शेर चीता बायसन गेंडे जंगली सुअर

सहज दिखते घूमते फिरते निडर से बेफिकर

*

पर्वतो में हिमालय सतपुडा विन्धय अरावली

शत्रुओ के मन में जिनको देख मचती खलबली

*

नदियां अगणित पतित पावन गंगा यमुना नर्मदा

समुद्री तट झील डल जिनसे न मन होता विदा

*

किले जैसे ग्वालियर झांसी तथा चितौडगढ

है जहां इतिहास जीवित और जो अब भी सुदृढ

*

मूर्तियां खजुराहो की अब भी है सुंदर प्राणवान

जो धरोहर विश्व के इतिहास की सबसे महान

*

शहरो में दिल्ली अयोध्या काशी मुम्बई आगरा

जोधपुर जयपुर उदयपुर पटना चेन्नई द्वारका

*

देश और परदेस में लाखो सुघर स्थान है

जिनकी इस संसार में है प्रसिद्धि और सम्मान है

*

दर्शनीय स्थलो से मिलता ज्ञान अनुभव जागरण

बहुत सी नई जानकारी और खुश होता है मन

*

बन गया है पर्यटन एक लाभप्रद उद्योग अब

कर रहे विस्तार इसका इसी से है देश सब

*

आइये इसका यथोचित हम भी तो शुभ लाभ लें

इस नवल उद्योग को बढ़ने में समुचित साथ दे। 

☆

© प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

ए २३३ , ओल्ड मीनाल रेजीडेंसी  भोपाल ४६२०२३

मो. 9425484452

vivek1959@yahoo.co.in

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted