डॉ कुन्दन सिंह परिहार

(आपसे यह  साझा करते हुए हमें अत्यंत प्रसन्नता है कि  वरिष्ठतम साहित्यकार आदरणीय  डॉ  कुन्दन सिंह परिहार जी  का साहित्य विशेषकर व्यंग्य  एवं  लघुकथाएं  ई-अभिव्यक्ति  के माध्यम से काफी  पढ़ी  एवं  सराही जाती रही हैं।   हम  प्रति रविवार  उनके साप्ताहिक स्तम्भ – “परिहार जी का साहित्यिक संसार” शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते  रहते हैं।  डॉ कुंदन सिंह परिहार जी  की रचनाओं के पात्र  हमें हमारे आसपास ही दिख जाते हैं। कुछ पात्र तो अक्सर हमारे  आसपास या गली मोहल्ले में ही नज़र आ जाते हैं।  उन पात्रों की वाक्पटुता  और उनके हावभाव को डॉ परिहार जी उन्हीं की बोलचाल  की भाषा का प्रयोग करते हुए अपना साहित्यिक संसार रच डालते हैं . आज  की लघुकथ  ‘बेईमान आदमी ‘।  यह कथा ईमानदार आदमी के बेईमान बनने और बनाने की कथा  है।  कोई नौकरी के किसी पड़ाव पर बेईमान बन जाता है तो कोई पाक साफ़ नौकरी कर के रिटायर हो जाता है।  किन्तु , सुकून की जिंदगी कौन जीता है यह तो आपका अनुभव ही बताता है।  ऐसी सामाजिक  समस्या पर एक सार्थक रचना के लिए डॉ परिहार जी की  लेखनी को नमन। )
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – परिहार जी का साहित्यिक संसार  # 33 ☆

☆ लघुकथा – बेईमान आदमी  ☆

 

गुल्लूभाई और कल्लूभाई कई दिन से दफ्तर के चक्कर काट रहे थे। मकान का नक्शा अटका था। बाबू सुनता ही नहीं था। कहता था, ‘नक्शे में नियमों का पालन नहीं हुआ है। यह पास नहीं होगा। दूसरा नियम के हिसाब से पेश करें।’

गुल्लूभाई और कल्लूभाई को यही नक्शा पास कराना है। आजकल कोई काम असंभव नहीं है। बाबू को इशारा दे चुके हैं कि उसकी सेवा का शुल्क चुकाया जाएगा। लेकिन बाबू विचित्र है ।चारा देखकर मुँह फेर लेता है। रट लगाये है, ‘दूसरा नक्शा पेश कीजिए।’

दोनों भाई दफ्तर के दूसरे लोगों से बात करते हैं तो जवाब मिलता है, ‘नया लड़का है। किसी की नहीं सुनता। उसूल बताता है। टाइम लगेगा। लाइन पर आ जाएगा।’

गुल्लूभाई कल्लूभाई दुनियादार आदमी हैं। पैसे की ताकत जानते हैं, इसलिए हिम्मत नहीं हारते। बार बार बाबू के सामने प्रलोभन लटकाते हैं। भरोसा है कि मज़बूत से मज़बूत दीवार भी बार बार की चोट से दरक जाती है।

गुल्लूभाई कल्लूभाई हर बार बाबू को ऊँच नीच समझाते हैं। समझाते हैं कि ईमानदारी अनेक कष्टों की जननी है, कि ईमानदारी से अन्ततः पछतावे के सिवा कुछ भी हासिल नहीं होता।

गुल्लूभाई कल्लूभाई देखते हैं कि उनकी बातों का असर हो रहा है। बाबू का प्रतिरोध धीरे धीरे कमज़ोर हो रहा है। आवाज़ में पहले जैसा दम नहीं रहा।

तापमान अनुकूल पाकर एक दिन गुल्लूभाई कुछ नोट बाबू के हाथ में खोंस देते हैं। प्यार से कहते हैं, ‘भैया, इसे रिश्वत मत समझना। यह आपके लिए हमारा आशीर्वाद है।’

बाबू झिझकते हुए नोट दबा लेता है। कहता है, ‘ठीक है। दो तीन दिन में आ जाइएगा। आपका काम हो जाएगा।’

बाहर निकलकर गुल्लूभाई कल्लूभाई के हाथ पर हाथ मारते हैं। कहते हैं, ‘मैंने कहा था न, कि सब ईमानदारी का ढोंग करते हैं। भीतर से साले सब बेईमान होते हैं।’

 

© डॉ कुंदन सिंह परिहार

जबलपुर, मध्य प्रदेश

image_print
0 0 votes
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

1 Comment
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Omprakash Kshatriya

बहुत बढ़िया लघुकथा और आप का यह प्रयास बहुत ही उम्दा है ।हार्दिक बधाई परिहार जी और आप को।