श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’
(ई-अभिव्यक्ति में संस्कारधानी की सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’ जी द्वारा “व्यंग्य से सीखें और सिखाएं” शीर्षक से साप्ताहिक स्तम्भ प्रारम्भ करने के लिए हार्दिक आभार। आप अविचल प्रभा मासिक ई पत्रिका की प्रधान सम्पादक हैं। कई साहित्यिक संस्थाओं के महत्वपूर्ण पदों पर सुशोभित हैं तथा कई पुरस्कारों/अलंकरणों से पुरस्कृत/अलंकृत हैं। आपके साप्ताहिक स्तम्भ – व्यंग्य से सीखें और सिखाएं में आज प्रस्तुत है एक विचारणीय रचना “दीपोत्सव : प्रकृति, परंपरा और अंतर्मन का उजियारा…”। इस सार्थक रचना के लिए श्रीमती छाया सक्सेना जी की लेखनी को सादर नमन। आप प्रत्येक गुरुवार को श्रीमती छाया सक्सेना जी की रचना को आत्मसात कर सकेंगे।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – आलेख # ३०५ ☆
☆ दीपोत्सव : प्रकृति, परंपरा और अंतर्मन का उजियारा… ☆ श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’ ☆
दीपावली केवल दीप जलाने और घर सजाने का पर्व नहीं, बल्कि जीवन में उजास, उल्लास और सद्भाव भरने का उत्सव है। भारतीय संस्कृति में इस पर्व का विस्तार पाँच दिनों तक होता है। प्रत्येक दिवस अपने भीतर एक विशिष्ट संदेश और जीवन-दर्शन समेटे हुए है।
धनतेरस से आरंभ होकर भाई दूज तक चलने वाला यह पंचदिवसीय उत्सव हमें समृद्धि, स्वच्छता, आरोग्य, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, पारिवारिक आत्मीयता और सामाजिक सद्भाव का पाठ पढ़ाता है। धनतेरस हमें स्वास्थ्य और समृद्धि का महत्त्व समझाती है। नरक चतुर्दशी स्वच्छता और अंधकार से मुक्ति का प्रतीक है। दीपावली की अमावस्या पर लक्ष्मी पूजन के साथ घर-आँगन ही नहीं, मन के कोने भी प्रकाशित करने की परंपरा है। गोवर्धन पूजा प्रकृति, गौवंश और अन्न के प्रति हमारी कृतज्ञता व्यक्त करती है। भाई दूज स्नेह और पारिवारिक संबंधों की मधुरता को पुष्ट करती है।
इस उत्सव की सुंदरता प्रकृति से जुड़कर और बढ़ जाती है। आम और अशोक के पत्तों का वंदनवार, फूलों के तोरण, रंगोली, मिट्टी के दीपक और आँगन में खिले फूल हमारी परंपरा को जीवंत बनाते हैं। हरियाली केवल सजावट नहीं, जीवन की निरंतरता का प्रतीक है। यदि दीपावली पर हम कुछ नए पौधे लगाएँ, पुराने पौधों को सँवारें और मिट्टी के दीपकों से घर-आँगन रोशन करें, तो उत्सव का आनंद प्रकृति के साथ भी साझा हो सकता है।
मिट्टी का दीपक स्वयं जलकर दूसरों को प्रकाश देता है। उसका यह मौन समर्पण हमें परोपकार और त्याग का अर्थ समझाता है। इसी भाव को शब्द देते हुए हमारी कविता की पंक्तियाँ हैं—
दीपक माटी का बना हुआ
मावस का अंध मिटाता है।
तिल-तिल कर के जल-जल कर के
खुशियों की ज्योति जलाता है।
लेकिन दीपोत्सव का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब हम अपने भीतर के ईर्ष्या, द्वेष, छल और कटुता के अंधकार को भी दूर करें। दूसरों की उम्मीदों को तोड़ने के बजाय उनके जीवन में विश्वास का दीप जलाएँ।
सर्वत्र व्याप्त उजियारा है
मन को क्यों काला करते हो?
उम्मीद जगा के हृदयों में
विश्वास भला क्यों हरते हो?
आइए, इस दीपावली पर घर के साथ मन को भी सजाएँ। प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनें, संबंधों में आत्मीयता रखें और अपने व्यवहार से किसी के जीवन में प्रसन्नता का प्रकाश फैलाएँ।
क्योंकि दीपावली का सबसे सुंदर दीप वह है, जो केवल घर नहीं, किसी का हृदय भी प्रकाशित कर दे।
**
© श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’
माँ नर्मदे नगर, म.न. -12, फेज- 1, बिलहरी, जबलपुर ( म. प्र.) 482020
मो. 7024285788, chhayasaxena2508@gmail.com
≈ संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈





