सुश्री श्रद्धा जलज घाटे
(साहित्यकार सुश्री श्रद्धा जलज घाटे जी के अल्प परिचय स्वरुप – आपने भारतीय स्टेट बैंक में 34 वर्ष सेवाएं देने के पश्चात स्वैच्छिक सेवानिवृति ली। विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में रचनाएं प्रकाशित। साहित्य साधना सतत जारी। 2025 की अखिल भारतीय कथादेश लघुकथा प्रतियोगिता में पुरस्कृत। आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय लघुकथा – लौटा हुआ सुर।)
☆ लघुकथा – लौटा हुआ सुर ☆ सुश्री श्रद्धा जलज घाटे ☆
शहर के सभागार में संगीत की महफ़िल सजी थी। गायक के कंठ से माँ को समर्पित लोकप्रिय गीत के बोल जैसे ही फूटे, सधे हुए सुर और आवाज़ की गहराई से पूरा सभागार तालियों से गूँज उठा। प्रस्तुति समाप्त होते ही गायक को माला पहनाई गई।
तभी बगल में बैठी बुज़ुर्ग महिला के सुबकने की आवाज़ आई। बजती तालियों के बीच उनकी आँखों में आँसू थे। मेरा जिज्ञासु चेहरा देखकर उन्होंने आँचल से आँखें पोंछीं—“बिटिया… वो मेरा बेटा है।”
“बचपन में गाता था तो लगता था, कंठ में जैसे मिश्री घुली हो। फिर… गुटखे का ज़हर लग गया। डॉक्टरों ने कह दिया था—साँसें बच जाएँ, यही बहुत है… गाना तो भूल ही जाओ। मगर संगीत उसकी रूह में था। संगीत गुरु ने हाथ थामा और बस एक शर्त रखी, गाना है तो मौत का पैकेट छोड़ना होगा।”
“सुरों की भूख, लत से बड़ी निकली। निवाला भी मुश्किल से मुँह में जाता था, फिर भी दर्द सहकर रियाज़ करता रहा।”
तभी सभागार गूँज उठा— “वंस मोर…!”
गायक ने माइक फिर हाथ में लिया। इस बार उसकी भीगी आँखें सीधे माँ के चेहरे पर थीं।
माँ ने अपनी आँखें मूँद लीं। वे गीत नहीं, बरसों बाद अपने लाड़ले का लौटा हुआ सुर सुन रही थीं।
© सुश्री श्रद्धा जलज घाटे
अरिहंत पैथोलॉजी लैब, 15 वेदव्यास कॉलोनी, रतलाम (म. प्र.) 457 001 मो. 9425103802
≈ संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈






सुंदर संदेश देती लघुकथा