श्री हेमंत तारे
श्री हेमन्त तारे जी भारतीय स्टेट बैंक से वर्ष 2014 में सहायक महाप्रबंधक के पद से सेवानिवृत्ति उपरान्त अपने उर्दू भाषा से प्रेम को जी रहे हैं। विगत 10 वर्षों से उर्दू अदब की ख़िदमत आपका प्रिय शग़ल है। यदा- कदा हिन्दी भाषा की अतुकांत कविता के माध्यम से भी अपनी संवेदनाएँ व्यक्त किया करते हैं। “जो सीखा अब तक, चंद कविताएं चंद अशआर” शीर्षक से आपका एक काव्य संग्रह प्रकाशित हो चुका है। आज प्रस्तुत है आपकी एक कविता – ताड़ वृक्षों की कतार…।)
☆ हेमंत साहित्य # ७६ ☆
ताड़ वृक्षों की कतार… ☆ श्री हेमंत तारे ☆
☆
ताड़ वृक्षों की एक कतार थी,
सीधी, सधी, अनुशासित।
हवा आई,
पत्ते हिले,
और लगा
वृक्ष झूमकर
इतरा रहे हैं
अपनी उपलब्धि पर,
कि अनुशासित हैं वो
कि खडे हैं
सीधी सधी कतार में.
प्रशंसा की एक बूँद क्या गिरी,
कतार में
हर ताड़ कुछ और ऊँचा हो गया।
मैं देर तक देखता रहा
फिर मन ने धीरे से पूछा,
इनकी इस कतार में
इनका अपना कितना हाथ है?
बीज किसने चुने थे?
दूरी किसने नापी थी?
रेखाएँ किसने खींची थीं?
और मिट्टी में जगह
किसने तय की थी?
ताड़ तो बस
जहाँ रोपा गया,
वहीं उगता चला गया।
फिर अचानक लगा
हम भी तो ऐसे ही ताड़ हैं,
किसी अदृश्य माली की बनाई
किसी कतार में खड़े।
कभी कोई
हमारे कद पर रीझ जाता है,
कभी हमारी छाँह पर,
और हम….
अपनी ही ऊँचाई को
समझ बैठते हैं
अपनी उपलब्धि।
मन के किसी कोने से
एक ज्वार उठता है
क्या सच में यह प्रशंसा
हमारी है?
पर लोलुप मन
भाटे की ओर देखता ही नही
वह
झूमता रहता है
प्रशंसा के असली हकदार
को करके,
दरकिनार l
☆
© श्री हेमंत तारे
मो. 8989792935
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈





