श्रीमती  सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’

(संस्कारधानी जबलपुर की श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’ जी की लघुकथाओं, कविता /गीत का अपना संसार है। साप्ताहिक स्तम्भ – श्रीमति सिद्धेश्वरी जी का साहित्य शृंखला में आज प्रस्तुत है स्त्री विमर्श एवं बालसुलभता  पर आधारित एक विचारणीय लघुकथा “गलती से सीख”।) 

☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी जी  का साहित्य # 159 ☆

☆ लघुकथा – गलती से सीख

मालती मैडम अपने बगीचे में घूम रही थी। अभी शहर से स्थानांतरण पर वह गाँव के एक स्कूल में प्रधानाध्यापिका बन कर आई थी। स्कूल के पास ही उसने मकान लिया। उस मकान में चारों तरफ आम के वृक्ष थे। अभी गर्मी की छुट्टियां चल रही थी। मकान में जब मालती मैडम का परिवार रहने आया परिवार के नाम पर सिर्फ उसके पति देव और एक काम करने वाला नौकर। उनका अपना बेटा बाहर नौकरी करता था।

आम वृक्ष पर लगे फल दिखने शुरू हो गए थे और बगीचा भी आम की खुशबू से महक उठा था। सुनने में आया था वह कभी किसी को अपने घर आने जाने देना पसंद नहीं करती थी। अक्सर गाँव के बच्चे खेलते खेलते, वहाँ आते, पेड़ पर लगे फलों पर पत्थर मारते और दो चार आम गिरते, वहीं मिल बांट कर खा लिया करते।

उनके अपने बालपन का अभिन्न अंग बन गया था। खेलते खेलते आकर वही हैंडपंप में पानी भी पी लिया करती थे। चों – चों की आवाज करती उस हैंडपंप को भी बच्चों का इंतजार रहता था। परंतु जब से मालती मैडम आई थी किसी ने कह दिया था “मैडम बहुत सख्त है। कोई नहीं जाएगा, नहीं तो सजा मिलेगी।” बच्चे सहमे वहाँ तक जाते और बस लौट कर चले आते। पर मन में बात उनकी ठहर जाती थी।

आज हिम्मत करके दो बच्चे किसी तरह बगीचे में घुसे। बाकी सब बाहर तांके खड़े थे। खिड़की से मालती देख रही थी। अनायास अपने बेटे के हाथ पर लगी चोट और पुलिस थाना से लेकर कोर्ट कचहरी तक की बात को याद कर वह सहम गई। चुपचाप अनजान बन दूसरे कमरे में चली गई। मालती को वह घटना याद आ गई जब उसका अपना बेटा छोटा था और वह एक आम के बगीचे में आम तोड़ने की सजा उसे मिली थी। मन को आज भी नम  कर रहा था और उसी के कारण वह कभी किसी बच्चे को अपने यहाँ आने नहीं देना चाहती थी।

स्कूल में भी उनका व्यवहार सख्त था। परंतु आज बच्चों की सहमे चुपचाप चलने और बाल सुलभ चंचलता को देख मन बदल गया। वह बाहर निकल ही रही थी। बच्चे भागने लगे, पर देखा मैडम स्वयं बुला रही है और बांस की लंबी लकड़ी से आम तोड़ती नजर आ रही थी। अब तक जो बच्चे बाहर खड़े थे लगभग सभी बगीचे के अंदर आ गए।

उनका उछलना कूदना आज मैडम मालती को बहुत अच्छा लग रहा था। सच!!! इंसान अपनी गलती से ही कुछ सुधार कर सिखता है और आज भी यदि इन  बच्चों को क्रूरता से भगा देती तो यह प्रसन्नता का पल खो देती। अपने जीवन को और अधिक बोझिल और अकेलापन फिर से बना लेती।

आज बरसों बाद मैडम मालती को असीम शांति और प्रसन्नता हो रही थी। आम को जेबों में भर कर हाथ हिलाते बच्चों को आज मालती खड़ी हो कर हाथ हिला रही थी। पतिदेव की आँखों में आँसू आ गए। उन्होंने धीरे से कहा “मेरा गाँव आना सार्थक हो गया।”

© श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’

जबलपुर, मध्य प्रदेश

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

 

Please share your Post !

Shares
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments