डॉ. मुक्ता
(डा. मुक्ता जी हरियाणा साहित्य अकादमी की पूर्व निदेशक एवं माननीय राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित/पुरस्कृत हैं। साप्ताहिक स्तम्भ “डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य” के माध्यम से हम आपको प्रत्येक शुक्रवार डॉ मुक्ता जी की उत्कृष्ट रचनाओं से रूबरू कराने का प्रयास करते हैं। आज प्रस्तुत है डॉ मुक्ता जी की मानवीय जीवन पर आधारित एक विचारणीय आलेख समस्या नहीं संभावना। यह डॉ मुक्ता जी के जीवन के प्रति गंभीर चिंतन का दस्तावेज है। डॉ मुक्ता जी की लेखनी को इस गंभीर चिंतन से परिपूर्ण आलेख के लिए सादर नमन। कृपया इसे गंभीरता से आत्मसात करें।)
डॉ मुक्ता जी द्वारा रचित एक भजन – जबसे श्याम मेरी गली आयो/ स्वर- रुखसार खान, सौजन्य – तरूनम चैनल)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य # ३४४ ☆
☆ समस्या नहीं संभावना… ☆ डॉ. मुक्ता ☆
‘जीवन में संभावनाएं देखिए, समस्याएं नहीं। सपने देखिए, रास्ता स्वयं मिल जाएगा’– अनुकरणीय उक्ति है। आप समस्या और उससे उपजी परेशानियों व चिंताओं को अपने जीवन से बाहर निकाल फेंकिए; आपको मंज़िल तक पहुंचने का सीधा-सादा विशिष्ट मार्ग मिल जाएगा। आप संभावनाएं तलाशिए और चिन्तन कीजिए कि यदि मैं ऐसा करूं, तो उसका परिणाम उत्तम होगा, श्रेष्ठ होगा तथा दीजिए–स्वयं को उस कार्य में झोंक दीजिए। अपनी सारी शक्ति अर्थात् तन, मन, धन उस कार्य को संपन्न करने में लगा दीजिए और पथ में आने वाली बाधाओं-आपदाओं की आशंकाओं को अपने मनोमस्तिष्क में दस्तक मत देने दीजिए। सपने देखिए…रास्ता भी मिलेगा और मंज़िल भी बाहें फैलाए आपका अभिवादन- अभिनंदन करेगी। ‘हां! सपने सदैव उच्च, उत्तम व श्रेष्ठ देखिए …बंद आंखों से नहीं, खुली आंखों से देखिए’…जैसा अब्दुल कलाम जी कहते हैं। आप पूर्ण मनोयोग से उन्हें साकार करने में लग जाइए…मुसीबतें स्वयं अपना रास्ता बदल लेंगी।
‘ए ऑटो विन विस्मार्क’ का यह वाक्य भी किसी संजीवनी से कम नहीं है कि ‘समझदार इंसान दूसरों की ग़लती से सीखता है। मूर्ख इंसान ग़लती करके सीखता है।’ सो! बन जाइए बुद्धिमान और समझदार …दूसरों की ग़लती से सीखिए, खुद संकट में छलांग न लगाइये… जलती आग को छूने का प्रयास मत कीजिए ताकि आपके हाथ सुरक्षित रह सकें। इससे सिद्ध होता है कि दूसरों के अनुभव का आकलन कीजिए… उन्हें आज़माइये मत और बिना सोचे- समझे कार्य-व्यवहार में मत लाइए। बड़े-बड़े दार्शनिक अपने अनुभवों को दूसरों के साथ साझा कर उन्हें ग़लतियां करने से बचाते हैं और कुसंगति की राह पर अग्रसर होने से उनकी रक्षा करने का प्रयास करते हैं।
‘जो लोग ज़िम्मेदार, सरल, ईमानदार व परिश्रमी होते हैं; उन्हें ईश्वर द्वारा विशेष सम्मान प्राप्त होता है, क्योंकि वे धरती पर उसकी सर्वश्रेष्ठ रचना होते हैं।’ अब्दुल कलाम जी की यह उक्ति उपरोक्त भाव को पुष्ट करती है कि ‘ऐसे लोगों का अनुकरण कीजिए; उन द्वारा दर्शाए गये मार्ग पर चलने का प्रयास कीजिए, क्योंकि सरल स्वभाव के व्यक्ति ईमानदारी व परिश्रम को जीवन में धारण कर सबका मार्ग-दर्शन करते हैं और उन सभी महापुरुषों के जीवन का उद्देश्य आमजन को दु:ख-संकट व आपदाओं से बचाना होता है।’ कबीर, नानक, तुलसी व अब्दुल कलाम सरीखे महापुरुषों के जीवन का विकास व आत्मोन्नति कीचड़ में कमलवत् थी। इसलिए आज भी उनके उपदेश-संदेश समसामयिक व प्रासंगिक हैं और एक लंबे अंतराल के पश्चात् भी सार्थक व अनुकरणीय रहेंगे।
वे संत पुरुष सबके हित व कल्याण की कामना करते हैं तथा सब को उनके साथ रहने का संदेश देकर प्रेरित भी करते हैं। संत बसवेश्वर अपने घुमंतू स्वभाव के कारण गांव-गांव का भ्रमण कर रहे थे तथा वे एक सेठ के निमंत्रण पर उसके घर गए, जहां उनकी खूब आवभगत हुई। थोड़ी देर में उनसे मिलने कुछ लोग आए और उन्होंने उन लोगों को यह कह कर लौटा दिया कि ‘मैं अभी अतिथि के साथ व्यस्त हूं।’ इसके पश्चात् वे तुरंत भीतर चले आए और संत से कल्याण के मार्ग के बारे में पूछने लगे तथा सेठ का उत्तर सुन वे लज्जित ही नहीं, अचंभित रह गये।
‘जो व्यक्ति द्वार पर आए अतिथिगण से कटु व्यवहार करता है, उन्हें भीषण गर्मी में लौटा देता है… उसका कल्याण किस प्रकार संभव है?’ यह सुनते ही सेठ समझ गया कि व्यर्थ के दिखावे व पूजा-पाठ से अच्छा है कि हम सदाचार व परोपकार को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। शायद! इसीलिए सत्पुरुष व संतजन धरती पर प्रभु की सर्वश्रेष्ठ रचना कहलाते हैं तथा लोगों को यह भी समझाते हैं कि कुदरत ने सृष्टि में केवल आनंद ही आनंद बिखेरा है और दु:ख तो मानव की खोज है। हर वस्तु के दो पक्ष होते हैं। परंतु फूल व कांटे तो सदैव साथ रहते हैं… यह हम पर निर्भर करता है कि हम किस का चुनाव करते हैं? हम घास पर बिखरी ओस की बूंदों को मोतियों के रूप में देख उल्लसित-आनंदित हो सकते हैं और प्रकृति द्वारा प्रक्षालित आंसुओं के रूप में देख व्यथित भी हो सकते हैं। उसी प्रकार कांटों से घिरे गुलाब को देख आप उसके सौंदर्य पर मुग्ध हो सकते हैं तथा उन्हें देख उनकी नियति पर आंसू भी बहा सकते हैं। इसी प्रकार सुख-दु:ख का भी चोली दामन का साथ है… दोनों इकट्ठे कभी नहीं आते। एक के विदा होने के पश्चात् ही दूसरा दस्तक देता है, परंतु यह हमारा दुर्भाग्य है कि हम सुखों को स्थायी समझ, उनके न रहने पर आंसू बहाना प्रारंभ कर देते हैं; अपने भाग्य को कोसने लगते हैं तथा अपने जीवन को दूभर व नरक बना लेते हैं। उस स्थिति में हम भूल जाते हैं कि सुख तो बिजली की कौंध की भांति हमारे जीवन में दस्तक देता है और हम उसे सत्य समझ व भ्रमित होकर अपने वर्तमान को दु:खी बना लेते हैं। सुख-दु:ख दोनों मेहमान हैं और आते-जाते रहते हैं। इसलिए सुख का लालच व दु:ख का भय हमें सदैव भीषण दु:ख, कष्ट व आपदाओं में उलझाए रहता है और हम चाह कर भी उस व्यूह से मुक्ति नहीं पा सकते।
‘सो! दोस्ती व प्रेम उसी के साथ रखिए, जो तुम्हारी हंसी व गुस्से के पीछे का दर्द अनुभव कर सके और मौन की वजह तक पहुंच सके।’ अर्थात् सच्चा दोस्त वही है, जो केवल आपका मार्ग-दर्शक ही नहीं, गुरु भी है। वह आपको सही राह दिखाता है और विपत्ति में सीना ताने आपके साथ खड़ा होता है। सुख में वह आपको भ्रमित नहीं होने देता तथा विपत्ति में कुशल मांझी की भांति आपको संसार रूपी सागर से पार उतारता है; दु:खों से मुक्ति प्रदान करता है। वह उस कारण को भी जानने का प्रयास करता है कि आप दु:खी क्यों हैं और कहीं आपकी हंसी बनावटी व मात्र दिखावा तो नहीं है? आपकी चुप्पी तथा मौन का रहस्य क्या है? कौन-सा ज़ख्म आप को नासूर बन साल रहा है? इस प्रकार आपके दोस्त के पास सुरक्षित रहता है …आपके जीवन के हर पल का लेखा-जोखा। सो! ऐसे लोगों से संबंध रखिए और उन पर अटूट विश्वास रखिए, भले ही उन से आपके संबंध बहुत गहरे ही क्यों न हों? इसके साथ ही वे ऐसे मुखौटाधारी लोगों से भी सचेत रहने का संदेश देते हैं; जो अपने बन कर, अपनों को छलते हैं। इसलिए उनसे सजग व सावधान रहिए, क्योंकि चक्रव्यूह रचने वाले व पीठ में छुरा घोंपने वाले सदैव अपने ही होते हैं। यह तथ्य कल भी सत्य था, आज भी सत्य है और कल भी रहेगा। इसलिए मन की बात बिना सोचे-समझे, कभी भी दूसरों से साझा न करें, क्योंकि अक्सर लोग बहुत उथले होते हैं। इसलिये वे बात की गंभीरता को अनुभव किए बिना उसे आमजन के बीच उजागर कर देते हैं; जिससे केवल आप ही नहीं; वे स्वयं भी जग-हंसाई का पात्र बनते हैं। सो! सावधान रहिए, ऐसे मित्रों और संबंधियों से.. जो आपकी प्रशंसा कर, आपके मनोबल को गिराते हैं तथा आपको निष्क्रिय बनाकर स्वार्थ साधते हैं। वे आपको उन्नति करते देख, आपके प्रति ईर्ष्या भाव रखते हैं तथा आपके कदमों के नीचे से सीढ़ी खींच सुक़ून पाते हैं। तो चलिए, इसी संदर्भ में जिह्वा का ज़िक्र भी कर लें, जो दांतों के घेरे में रहती है…अपनी सीमा अथवा मर्यादा का अतिक्रमण कभी नहीं करती। इसलिए वह भीतरी षड्यंत्र व बाहरी आघातों से सदैव सुरक्षित रहती है … जबकि उसमें विष व अमृत दोनों तत्व निवास करते हैं… प्रतिद्वंद्वी के रूप में नहीं, बल्कि साथी व सहयोगी के रूप में भी… और मानव भी उनसे मनचाहा संबंध बनाने व प्रयोग करने को स्वतंत्र है। इसी प्रकार मानव कटु वचन बोलकर दोस्त को दुश्मन और शत्रु को पल-भर में अपना साथी, सहयोगी, मित्र व विश्वासपात्र बना सकता है।
हमारी वाणी में अलौकिक शक्ति है। यह प्रयोगकर्ता पर निर्भर करता है कि वह शर- संधान कर अर्थात् कटु वचन रूपी व्यंग्य-बाण चला कर हृदय को आहत करता है या मधुर वाणी द्वारा उसके अंतर्मन में प्रवेश कर, उसे आकर्षित करने के पश्चात् अपना पक्षधर बना लेता है। इसलिये स्वयं को पढ़ने की आदत बनाएं, क्योंकि कुदरत को पढ़ना अत्यंत दुष्कर कार्य है। दुनिया बहुत बड़ी है, इसलिए सबको समझना व उनकी आकांक्षाओं पर खरा उतरना मानव के वश में नहीं है। सो! दूसरों से अपेक्षा मत कीजिए। अपने अंतर्मन में झांकिए व आत्मावलोकन कीजिए, जो समस्याओं के निदान का सर्वश्रेष्ठ साधन व उपाय है। जब आप अपने दोषों व अवगुणों से अवगत होकर उनसे निज़ात पाने का प्रयास करते हैं, तो आप सबके प्रिय बन जाते हैं। उस स्थिति में कोई भी आपका शत्रु हो ही नहीं सकता। आप सदैव अनहद-नाद की मस्ती में डूबे रहते हैं और अलौकिक आनंद में अवगाहन करते हैं… संसार में निर्लिप्त भाव से कमलवत् रहते हैं। यही है, जीते जी मुक्ति व कैवल्य की स्थिति; जिसे पाने के लिए मानव जन्म-जन्मांतरों तक साधना करता है।
सो! हर समस्या के दो पहलुओं के अतिरिक्त, तीसरे विकल्प की ओर भी दृष्टिपात करना आवश्यक है। ऐसा करने से जीवन उत्सव बन जाएगा और कोई भी आपके जीवन में खलल डाल कर आहत नहीं कर पाएगा। इसलिए जीवन में संभावनाओं की तलाश कीजिए और निरंतर अपनी राह पर बढ़ते जाइए… स्वर्णिम सुबह पलक-पांवड़े बिछाए आपकी प्रतीक्षा कर रही होगी। जीवन में हम कभी भी हारते नहीं, जीतते या सीखते हैं अर्थात् सफलता हमें विजयी बनाती है और पराजय की बलवती भावना की मात्र कल्पना व अनुभूति हमें ग़लत दिशा की ओर बढ़ने से रोकती है। तो आइए! जीवन में सुख-दु:ख की स्थिति में सम रहना सीखें। इससे जीवन में सामंजस्यता का प्रवेश होगा और परिणाम-स्वरूप समरसता का स्वत: पदार्पण हो जाएगा; जो आपको अलौकिक आनंद प्रदान करेगा, क्योंकि संभव और असंभव के बीच की दूरी व्यक्ति की सकारात्मक सोच व सत्कर्मों पर निर्भर करती है।
●●●●
© डा. मुक्ता
माननीय राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत, पूर्व निदेशक, हरियाणा साहित्य अकादमी
संपर्क – #239,सेक्टर-45, गुरुग्राम-122003 ईमेल: drmukta51@gmail.com, मो• न•…8588801878
≈ संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈





