श्री धर्मपाल महेंद्र जैन
संक्षिप्त परिचय
(सुप्रसिद्ध एवं वरिष्ठ साहित्यकार श्री धर्मपाल जी का जन्म रानापुर, झाबुआ में हुआ। वे अब कैनेडियन नागरिक हैं। प्रकाशन : “गणतंत्र के तोते”, “चयनित व्यंग्य रचनाएँ”, “डॉलर का नोट”, “भीड़ और भेड़िए”, “इमोजी की मौज में” “दिमाग वालो सावधान” एवं “सर क्यों दाँत फाड़ रहा है?” (7 व्यंग्य संकलन) एवं Friday Evening, “अधलिखे पन्ने”, “कुछ सम कुछ विषम”, “इस समय तक” (4 कविता संकलन) प्रकाशित। तीस से अधिक साझा संकलनों में सहभागिता। स्तंभ लेखन : चाणक्य वार्ता (पाक्षिक), सेतु (मासिक), विश्वगाथा व विश्वा में स्तंभ लेखन। नवनीत, वागर्थ, दोआबा, पाखी, पक्षधर, पहल, व्यंग्य यात्रा, लहक, समकालीन भारतीय साहित्य, मधुमती आदि में रचनाएँ प्रकाशित। श्री धर्मपाल जी के ही शब्दों में “अराजकता, अत्याचार, अनाचार, असमानताएँ, असत्य, अवसरवादिता का विरोध प्रकट करने का प्रभावी माध्यम है- व्यंग्य लेखन।” आज प्रस्तुत है आपका व्यंग्य दो टाँग वाली कुर्सी पर नहीं बैठें ।)
☆ व्यंग्य – दो टाँग वाली कुर्सी पर नहीं बैठें ☆ श्री धर्मपाल महेंद्र जैन ☆
आपने कुर्सी देखी होगी, उस पर बैठे होंगे और झपकी भी ली होगी। अब मेरा प्रश्न है, क्या आपको सही ढंग से कुर्सी पर बैठना आता है। ऐसे बैठना कि दुनिया देखती रहे कि आप कुर्सी पर बैठे हैं, कुर्सी आप पर नहीं बैठी। कुछ लोग कुर्सी पर ऐसे बैठते हैं कि वे खास-खास लोगों को दिखते हैं, आम लोगों को नज़र नहीं आते। कुछ कुर्सी के नीचे घुस जाते हैं और ऊपर गल्ला लगा देते हैं। कुछ लोगों की कुर्सी दो फीट इधर-उधर हो जाती है और उन्हें उकड़ूँ स्थिति में स्थितप्रज्ञ होना पड़ता है। कई लोगों के पास अपनी कुर्सी नहीं होती पर वे दूसरों की कुर्सी पर मजबूती से बैठे होते हैं। मुझे लगता है दुनिया में अधिकांश लोगों को सही ढंग से कुर्सी पर बैठना नहीं आता। इसलिए यह ज्ञान सही कुर्सी पर उचित ढंग से बैठने के बारे में है।
सबसे पहले एक कुर्सी पसंद करें। कुर्सी उठाने में हल्की पर काठी में मजबूत हो। उसकी बैठक थोड़ी चौड़ी हो ताकि जब आप फैल कर बैठें तो साथियों को भ्रम रहे कि वे आपके आसपास वहाँ ठँस सकते हैं। कुर्सी के गद्देदार हत्थे लंबे-चौड़े हों ताकि दर्शकों को लगे कि जरूरत पड़ने पर वे वहाँ टिक सकते हैं। दो टाँग वाली कुर्सी पर कभी नहीं बैठें। दरअसल वह कुर्सी नहीं भ्रम होती है। विराजमान को अपनी मर्जी से कहीं का कहीं ले जाती है। किसी दिन जब विराजित गड्ढे में पाया जाता है तब माजरा समझ पाता है। तीन टाँग वाली कुर्सी पर भी नहीं बैठें। सस्ती जरूर पड़ती है पर खड़खड़ाती है। बिफरी तो कभी भी धड़ाम से गिरा सकती है। शो पीस अच्छा है। दुश्मनों को बिठाने के लिए श्रेष्ठ है, पर खुद के लिए ‘बिग नो-नो’।
चार टाँगों वाली कुर्सी ही पर बैठें। ध्यान रखें, सब चार-टाँगिए कुर्सी नहीं होते। कुछ जड़ होते हैं जैसे स्टूल, कुछ चेतन होते हैं पर जानवर। आप जिस चार टाँग वाली कुर्सी पर बैठें वह जड़ हो, ताकि आप उसे चेतन बना सकें। यदि आप किसी द्वारा चेतन हो रही कुर्सी में धँस गए तो उसे गोद में बैठना माना जाता है। कुर्सी गद्देदार हो पर चर्र-चूँ करती हो तो कमजोर होती है। गद्दों का क्या है, कुर्सी टिकाऊ हो तो बढ़िया से बढ़िया गद्दे बिछने को तैयार हो जाते हैं। कुर्सी की पीठ और हत्थों के नीचे हवा की आवाजाही के लिए नक्काशीदार छेद हो तो उसकी शोभा बढ़ती है। हाँ, कुर्सी की बैठक में छेद हमेशा खतरनाक होता है। इसे बड़ा होने में देर नहीं लगती। ऐसा ‘लूपहोल’ हो तो दुश्मन कुर्सी के नीचे छिप कर बदमाशी करने में संकोच नहीं करते। कुर्सी में पिछला दरवाजा नहीं होता। इसलिए दीवार से कुर्सी सटा कर बैठेंगे तो पीठ में छुरा भोंकने वालों को कठिनाई होगी। ऊँची कुर्सी पर बैठने की लालसा हो तो भी छोटे पाँव वाली कुर्सी चुनें। बैठने के पहले उसे मचान पर रखवा दें। ऊँचे पाँव वाली कुर्सी पर बैठेंगे तो लोग उसके नीचे घुस जाएँगे, दुनिया में शैतान लोगों की कमी नहीं है। विधानसभा में कुर्सी की पीठ की तरफ से चढ़ कर आगे बैठ सकते हैं। वहाँ हत्थे पर टिक कर कुर्सी हथियाने की परम्परा है। इसके सिवाय सारे सभ्य समाज में जिधर से कुर्सी खुली हो, उधर से बैठना चाहिए। बस जब आप कुर्सी पर बैठने जा रहे हों, खात्री जरूर कर लें कि कुर्सी खींचने का दाँव लगाने वाला कोई पीछे नहीं खड़ा हो। अन्यथा, आप कुर्सी पर बैठने के पहले ही चारों खाने चित्त हो सकते हैं।
कुछ लोग कुर्सी का उपयोग चढ़ने के लिए करते हैं, वे मूर्ख हैं। कुर्सी द्वारा एक पायदान से ज्यादा ऊपर नहीं चढ़ सकते। अपने लोगों के कंधों पर कुर्सी लगवा कर या उनसे कुर्सी उठवा कर कोई ज्यादा दिनों तक चढ़ा नहीं रह सकता। इसलिए ऊँचा उठना हो तो कुर्सी साथ लेकर सीढ़ी से चढ़ना चाहिए और मंजिल पर पहुँच कर अपनी कुर्सी टिकानी चाहिए। जिस कुर्सी पर आपको बैठना हो उसके लिए यदि कोई और उत्सुक दिखे तो अपना दावा ठोक दें। प्रतिद्वंद्वी को आप खुद नहीं ठोकें। अपने चार लोगों को इशारा कर दें। वे उसकी ठुकाई करेंगे और आपका जोर-शोर से समर्थन भी। प्रतिद्वंद्वी समझ जाएगा कि वह कुर्सी सिर्फ आपके लिए बनी है। हर कुर्सी में सिंहासन बनने की निपुणता नहीं होती। कुछ लोग जो अपनी कुर्सी को नरमुंडों और मनुष्य-रक्त की जैविक खाद देकर पोषित कर पाते हैं, वे अपनी कुर्सी को सिंहासन बना पाते हैं।
कुर्सी की प्रतिष्ठा बनाए रखना कुर्सी संयोजकों के हाथ में हैं। जिन संयोजकों को कुर्सी जमाने की तमीज नहीं हो उनके कार्यक्रमों में कुर्सी तोड़ने नहीं जाएँ। आपने देखा होगा छतों और आँगनों में लजीज भोजन परोसने वाले नामी-गिरामी रेस्त्रां मालिकों का दिमाग। वे कोने में खाली कुर्सियों का थप्पा छुपा कर रखते हैं। ग्राहक आते हैं तो कुर्सी निकाल कर उन्हें आदरपूर्वक बिठाते हैं। कुर्सी का मान रखना हो तो कुर्सियों की आभासी कमी बनाए रखना जरूरी है। कवि गोष्ठियों जैसा नहीं करें कि दस श्रोता हों और तीस खाली कुर्सियाँ उनके पसरने का इंतजार कर रही हों। कार्यक्रम को प्रेस में खबर और फोटो योग्य बनाना हो तो श्रोताओं के मुकाबले कुर्सियाँ कम दिखनी चाहिए। कुर्सी, कुर्सीदाता और कार्यक्रम की प्रतिष्ठा तब बनती है। अन्यथा खाली कुर्सियों के फोटो सब पोल खोल देते हैं।
कुर्सी के बारे में मेरे पास और भी ज्ञान है। विशेष ज्ञान पाना चाहें तो फीस दें और फोन करें। कुर्सियों पर मुफ्त में बैठकर आप कविता या सत्संग सुन सकते हैं, टिकाऊ ज्ञान प्राप्त नहीं कर सकते।
♥ ♥ ♥ ♥
© श्री धर्मपाल महेंद्र जैन
संपर्क – 22 Farrell Avenue, North York, Toronto, ON – M2R1C8 – Canada
वेब पृष्ठ : www.dharmtoronto.com
फेसबुक : https://www.facebook.com/djain2017
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

