हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ लेखनी सुमित्र की # 235 – बुन्देली कविता – फँसत करे जे फाँस … ☆ स्व. डॉ. राजकुमार तिवारी “सुमित्र” ☆

स्व. डॉ. राजकुमार तिवारी “सुमित्र”

(संस्कारधानी  जबलपुर के हमारी वरिष्ठतम पीढ़ी के साहित्यकार गुरुवर डॉ. राजकुमार “सुमित्र” जी  को सादर चरण स्पर्श । वे सदैव हमारी उंगलियां थामकर अपने अनुभव की विरासत हमसे समय-समय पर साझा करते रहते थे। इस पीढ़ी ने अपना सारा जीवन साहित्य सेवा में अर्पित कर दिया।  वे निश्चित ही हमारे आदर्श हैं और प्रेरणास्रोत हैं। आज प्रस्तुत हैं  आपकी भावप्रवण बुन्देली कविता – फँसत करे जे फाँस…।)

✍ साप्ताहिक स्तम्भ – लेखनी सुमित्र की # 235 – फँसत करे जे फाँस… ✍

(बढ़त जात उजयारो – (बुन्देली काव्य संकलन) से) 

तनक मनक हेरत, हँसत,

लसत लहरिया सात

फँसत करेंजे फॉस ।

 

अमरौटी में बिना दुलो आ.

और जुरी है आदी

अमियन के ललचैया भैया

खात जात हैं गारी ।

सबके मन कैरी कचनारी

जुरै गुलाब गुरांस ।

 

ऐन भरे हैं ताल तलैया

कुइया लौ उफनानी

जिनकी निघा उतार पानी

बे सुइ अब स्य पानी ।

 

एक डोर में बैंदी दूसरी

अध बीचे में गांस |

गाँव अरे की गैल व सी

सबड़ गैल अँदयारी

इत्तई में सबने का देखी

फूट परी उजयारी ।

 

सब मरे गैल न सूझे

कछू गओ है आँस ।

☆

© डॉ. राजकुमार “सुमित्र” 

साभार : डॉ भावना शुक्ल 

112 सर्राफा वार्ड, सिटी कोतवाली के पीछे चुन्नीलाल का बाड़ा, जबलपुर, मध्य प्रदेश

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ अभिनव गीत # 235 – “मिट गई थीं सलवटे…” ☆ श्री राघवेंद्र तिवारी ☆

श्री राघवेंद्र तिवारी

(प्रतिष्ठित कवि, रेखाचित्रकार, लेखक, सम्पादक श्रद्धेय श्री राघवेंद्र तिवारी जी  हिन्दी, दूर शिक्षा, पत्रकारिता व जनसंचार,  मानवाधिकार तथा बौद्धिक सम्पदा अधिकार एवं शोध जैसे विषयों में शिक्षित एवं दीक्षित। 1970 से सतत लेखन। आपके द्वारा सृजित ‘शिक्षा का नया विकल्प : दूर शिक्षा’ (1997), ‘भारत में जनसंचार और सम्प्रेषण के मूल सिद्धांत’ (2009), ‘स्थापित होता है शब्द हर बार’ (कविता संग्रह, 2011), ‘​जहाँ दरक कर गिरा समय भी​’​ ( 2014​)​ कृतियाँ प्रकाशित एवं चर्चित हो चुकी हैं। ​आपके द्वारा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के लिए ‘कविता की अनुभूतिपरक जटिलता’ शीर्षक से एक श्रव्य कैसेट भी तैयार कराया जा चुका है। आज प्रस्तुत है आपका एक अभिनव गीत “मिट गई थीं सलवटे...”)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ # 235 ☆।। अभिनव गीत ।। ☆

☆ “मिट गई थीं सलवटे...” ☆ श्री राघवेंद्र तिवारी ☆

☆

सुबह से लौटी नहीं

चिडिया

कहे थे स्कूल है

बढ़िया

 

मिट गई थीं सलवटे

सब मस्तकों की

बहुत सुन्दर रही काया

पुस्तकों की

 

बताती थी सुमन की

गुड़िया

 

जल्दवाजी  सुबह

होती है पराँठों की

नींद में पड़ती हुई

सी जटिल गाँठों की

 

नमक मिर्ची की बना

पुड़िया

 

टिफिन जूँठा पड़ा

आँगन में

दर्द बाकी अभी

टाँगन में

 

कदम गिनकर

रख रही बुढ़िया

☆

©  श्री राघवेन्द्र तिवारी

 संपर्क​ ​: ई.एम. – 33, इंडस टाउन, राष्ट्रीय राजमार्ग-12, भोपाल- 462047​, ​मोब : 09424482812​

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिंदी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ प्रतुल साहित्य # 5 – हास्य-व्यंग्य – “बदनाम जो होंगे तो क्या नाम न होगा?” ☆ श्री प्रतुल श्रीवास्तव ☆

श्री प्रतुल श्रीवास्तव 

वरिष्ठ पत्रकार, लेखक श्री प्रतुल श्रीवास्तव, भाषा विज्ञान एवं बुन्देली लोक साहित्य के मूर्धन्य विद्वान, शिक्षाविद् स्व.डॉ.पूरनचंद श्रीवास्तव के यशस्वी पुत्र हैं। हिंदी साहित्य एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रतुल श्रीवास्तव का नाम जाना पहचाना है। इन्होंने दैनिक हितवाद, ज्ञानयुग प्रभात, नवभारत, देशबंधु, स्वतंत्रमत, हरिभूमि एवं पीपुल्स समाचार पत्रों के संपादकीय विभाग में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। साहित्यिक पत्रिका “अनुमेहा” के प्रधान संपादक के रूप में इन्होंने उसे हिंदी साहित्य जगत में विशिष्ट पहचान दी। आपके सैकड़ों लेख एवं व्यंग्य देश की विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। आपके द्वारा रचित अनेक देवी स्तुतियाँ एवं प्रेम गीत भी चर्चित हैं। नागपुर, भोपाल एवं जबलपुर आकाशवाणी ने विभिन्न विषयों पर आपकी दर्जनों वार्ताओं का प्रसारण किया। प्रतुल जी ने भगवान रजनीश ‘ओशो’ एवं महर्षि महेश योगी सहित अनेक विभूतियों एवं समस्याओं पर डाक्यूमेंट्री फिल्मों का निर्माण भी किया। आपकी सहज-सरल चुटीली शैली पाठकों को उनकी रचनाएं एक ही बैठक में पढ़ने के लिए बाध्य करती हैं।

प्रकाशित पुस्तकें –ο यादों का मायाजाल ο अलसेट (हास्य-व्यंग्य) ο आखिरी कोना (हास्य-व्यंग्य) ο तिरछी नज़र (हास्य-व्यंग्य) ο मौन

आज प्रस्तुत है आपका एक विचारणीय व्यंग्य  “बदनाम जो होंगे तो क्या नाम न होगा?”।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ ☆ प्रतुल साहित्य # 5 ☆

☆ व्यंग्य ☆ “बदनाम जो होंगे तो क्या नाम न होगा?” ☆ श्री प्रतुल श्रीवास्तव ☆

लोग नाम के लिए क्या-क्या नहीं करते। मंदिर-धर्मशालाएं बनवाना, कुएं-ट्यूबवेल खुदवाना, गरीबों को अनाज, साड़ियां, कंबल बाँटना, मदद के लिए मुस्कुराते हुए हाथ जोड़े खड़े रहना लेकिन ये महंगा और लंबा रास्ता सबके बस की बात नहीं। आजकल शॉर्टकट का जमाना है। हर व्यक्ति को कम खर्चे और कम समय में जोड़तोड़ से नाम कमाने की जल्दी पड़ी है। नाम चाहे अच्छे कामों के लिए हो या बुरे। कहते हैं कि “बदनाम जो होंगे तो क्या नाम न होगा”। जी हाँ, जैसे कुछ लोग अच्छे कामों के माध्यम से नाम कमाना चाहते हैं वैसे ही कुछ लोग चोरी-डाका, रिश्वतखोरी, जमाखोरी, भ्रष्टाचार करके, झूठ बोलकर, गाली गलौच, सट्टा, जुआ, शराब से, महिलाओं से छेड़ छाड़ करके, अपने वैभव का प्रदर्शन करके, सी बी आई, इनकम टैक्स के छापों में फंस कर बदनाम होते और नाम कमा लेते हैं। हालाकि इस तरह के नाम को यश नहीं अपयश कहा जाता है। भाइयो, पर जो जिस फील्ड में अपना कैरियर बनाना चाहता है उसे तो उसी क्षेत्र में अपना डंका बजवाना पड़ता है। चोर तो तभी नामी चोर कहलायेगा जब सब को पता हो की चोरी तो इसी ने की है, लेकिन वह पकड़ा न जाए। शातिर चोर तो खुले आम जोर जोर से गाते हैं, “चोरी मेरा काम यारो, चोरी मेरा काम”। गुंडागिरी की दुनिया में आप विनम्रता पूर्वक हाथ जोड़कर नाम नहीं कमा सकते। आपको बड़ी मूंछ या दाढ़ी मूँछ दोनों रखना ही पड़ेंगी, गले में काला धागा भी पहिनना पड़ेगा। चेहरे पर कहीं चाकू का निशान हो तब तो “सोने में सुहागा”। आपको गाली गलौच के साथ मारपीट करना, धमकियाँ देना और ब्लैकमेल करना भी सीखना पड़ेगा। यदि आप किसी का खून करके बाइज्जत बरी हो गए हैं अथवा सजा काटकर लौट आये हैं तो यह आपके गुंडागिरी के कैरियर में चार चांद लगा देगा। विभिन्न राजनैतिक दल और नेता आपकी सेवाएं लेने और आपको सुरक्षा-सेवा देने आतुर होने लगेंगे।

यहाँ यह समझना जरूरी है कि किसी भी क्षेत्र में चाहे वह अच्छा हो अथवा बुरा नाम कमाने में साधना, समय और धीरज की जरूरत होती है। बदमाशी के क्षेत्र में नाम कमाने का इच्छुक कोई व्यक्ति यदि उतावले पन में कोई बड़ा अपराध कर असफल हो जाता है तो वह गुंडे के स्थान पर “टुच्चे” की उपाधि मात्र से विभूषित हो पाता है। कुख्यात गुंडे और टुच्चे में फर्क को इस तरह समझें, जैसे एक पी एच-डी होल्डर के सामने डिप्लोमाधारी। वैसे कोई भी टुच्चा खुद को टुच्चा नहीं बड़ा गुंडा ही समझता है। आप ही बताएं चौराहे पर खड़ा कोई सिपाही अपने को एस पी से कम समझता है क्या ? इसी तरह बाबू भी खुद को अधिकारी से कम नहीं समझता। नेता का दुमछल्ला, नेता से ज्यादा उछल कूद करता है। भाइयो हम स्वयं को जो चाहें समझ और प्रदर्शित कर सकते हैं। यह हमारा जन्म सिद्ध अधिकार तो है ही हमारे देश के लचीले संविधान द्वारा हमें दी गईं अनेक तरह की स्वतंत्रताओं में से एक विशिष्ट तरह की स्वतंत्रता भी है।

इसी सोच और सुविधा के कारण अनेक चुटकुलेबाज स्वयं को महाकवि कालिदास और मुंशी प्रेमचंद समझने लगे हैं। एक साहित्यकार बंधु के पास प्रतिदिन 25/30 आन लाइन सम्मान पत्र आ रहे हैं अभी तक 9991 हो चुके हैं। भाइयो, साहित्य सम्मान तो इस नवयुग के साहित्य जगत में आदान-प्रदान का एक अनोखा सामंजस्य है। मुझे विश्वास है कि जो इन्हें सम्मान भेज रहे हैं उनके पास भी लगभग इतनी ही मात्रा में सम्मान पहुँच रहे होंगे। समझने से बगुला हंस और गाजर घास वट वृक्ष नहीं बन जाता। व्यक्ति का सही मूल्यांकन समाज के द्वारा होता है वह भी बहुत धीरे-धीरे। खैर लोगों का काम है कहना अतः लोगों की बातों पर ध्यान न दें और अपने ढंग से साहित्य को समृद्ध करना और सम्मानों की संख्या बढ़ाना जारी रखें। बदनाम होकर और जुगाड़ करके नाम कमाने और खुश होने वालों को मेरी बहुत बहुत शुभकामनाएं।

☆

 

© श्री प्रतुल श्रीवास्तव 

संपर्क – 473, टीचर्स कालोनी, दीक्षितपुरा, जबलपुर – पिन – 482002 मो. 9425153629

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ क्या बात है श्याम जी # 217 ☆ # “प्रेम का अंकुर…” # ☆ श्री श्याम खापर्डे ☆

श्री श्याम खापर्डे

(श्री श्याम खापर्डे जी भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी हैं। आप प्रत्येक सोमवार पढ़ सकते हैं साप्ताहिक स्तम्भ – क्या बात है श्याम जी । आज प्रस्तुत है आपकी भावप्रवण कविता “प्रेम का अंकुर…” ।) 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ ☆ क्या बात है श्याम जी # 217 ☆

☆ # “प्रेम का अंकुर…” # ☆

☆

वो मुझसे बहुत प्यार करती है

मेरे हर अंदाज पर मरती है

जब भी मिलती है मुझसे अकेले में

अपने प्यार का दम भरती है

 

फिर भी डरती है वह जमाने से

कहीं बन न जाए वह अफसाने से

गगन पर सुरमई छटा जब बिखरती है

तब वह मिलने आती है किसी बहाने से

कलियां उसे देखकर चटकती है

भंवरो की रूहें भटकती है

खुशबू से भर जाता है समां

दुनिया की नजरों में खटकती है

 

जब वह हाथ मेरा चूमती है

उन्माद में बेखौफ झूमती है

गुलगुल मदहोश हो जाता है

जब वह इठला के चलती है

 

जब वह होती है मेरी बाहों में

फूल बिछे होते हैं मेरी राहों में

बंजर सी जिंदगी मुस्कुराती है

रंगीन नजारे होते हैं मेरी निगाहों में

 

काश! ये मौसम में यूँ ही चलता रहें

प्रेम का दीपक यूँ ही जलता रहें

प्रेम ही प्रेम हो बस जीवन में

नफरत की इस आंधी में

प्रेम का अंकुर यूँ ही पलता रहें /

☆

© श्याम खापर्डे 

फ्लेट न – 402, मैत्री अपार्टमेंट, फेज – बी, रिसाली, दुर्ग ( छत्तीसगढ़) मो  9425592588

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा कहानी ☆ कविता – पकड़े गए कृष्ण भगवान… ☆ श्री राजेन्द्र तिवारी ☆

श्री राजेन्द्र तिवारी

(ई-अभिव्यक्ति में संस्कारधानी जबलपुर से श्री राजेंद्र तिवारी जी का स्वागत। इंडियन एयरफोर्स में अपनी सेवाएं देने के पश्चात मध्य प्रदेश पुलिस में विभिन्न स्थानों पर थाना प्रभारी के पद पर रहते हुए समाज कल्याण तथा देशभक्ति जनसेवा के कार्य को चरितार्थ किया। कादम्बरी साहित्य सम्मान सहित कई विशेष सम्मान एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा सम्मानित, आकाशवाणी और दूरदर्शन द्वारा वार्ताएं प्रसारित। हॉकी में स्पेन के विरुद्ध भारत का प्रतिनिधित्व तथा कई सम्मानित टूर्नामेंट में भाग लिया। सांस्कृतिक और साहित्यिक क्षेत्र में भी लगातार सक्रिय रहा। हम आपकी रचनाएँ समय समय पर अपने पाठकों के साथ साझा करते रहेंगे। आज प्रस्तुत है आपका एक अप्रतिम कविता  ‘पकड़े गए कृष्ण भगवान…‘।)

☆ कविता – पकड़े गए कृष्ण भगवान… ☆ श्री राजेन्द्र तिवारी ☆

☆

बनी यशोदा जिलाधीश,

राधा पुलिस कप्तान,

पकड़े गए कृष्ण भगवान

 

एक ग्वालिन के घर जाकर,

माखन खाने लगे चुराकर,

जाग उठी वो चतुर सयानी,

पकड़ लिए हैं कान,

पकड़े गए कृष्ण भगवान.

 

बीच कचहरी में ले जाकर,

मुलजिम पेश किया ले जाकर,

हाथ बंधे थे,आरोपी के,

अधरों पर मुस्कान,

पकड़े गए कृष्ण भगवान.

 

जो जग के बंधन को खोले,

आज बंधा है,कुछ न बोले,

नजर झुका कर मां को देखे,

ममता का है ज्ञान

पकड़े गए कृष्ण भगवान.

 

मैय्या मैं नहीं माखन खायो,

ग्वाल बाल बरबस लिपटायो,

मैं बालक हूं सीधा सादा,

ये सब हैं शैतान,

पकड़े गए कृष्ण भगवान.

 

माता का भी दिल भर आया,

बंधन खोले,गले लगाया,

झर झर आंसू,बहे मात के,

लाल है मेरी जान,

पकड़े गए कृष्ण भगवान.

☆

© श्री राजेन्द्र तिवारी  

संपर्क – 70, रामेश्वरम कॉलोनी, विजय नगर, जबलपुर

मो  9425391435

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ परिहार जी का साहित्यिक संसार # 288 ☆ व्यंग्य – चुन्नीलाल की मुअत्तली ☆ डॉ कुंदन सिंह परिहार ☆

डॉ कुंदन सिंह परिहार

(वरिष्ठतम साहित्यकार आदरणीय  डॉ  कुन्दन सिंह परिहार जी  का साहित्य विशेषकर व्यंग्य  एवं  लघुकथाएं  ई-अभिव्यक्ति  के माध्यम से काफी  पढ़ी  एवं  सराही जाती रही हैं।   हम  प्रति रविवार  उनके साप्ताहिक स्तम्भ – “परिहार जी का साहित्यिक संसार” शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते  रहते हैं।  डॉ कुंदन सिंह परिहार जी  की रचनाओं के पात्र  हमें हमारे आसपास ही दिख जाते हैं। कुछ पात्र तो अक्सर हमारे आसपास या गली मोहल्ले में ही नज़र आ जाते हैं।  उन पात्रों की वाक्पटुता और उनके हावभाव को डॉ परिहार जी उन्हीं की बोलचाल  की भाषा का प्रयोग करते हुए अपना साहित्यिक संसार रच डालते हैं।आज प्रस्तुत है आपका एक बेहतरीन व्यंग्य – ‘चुन्नीलाल की मुअत्तली‘। इस अतिसुन्दर रचना के लिए डॉ परिहार जी की लेखनी को सादर नमन।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – परिहार जी का साहित्यिक संसार  # 288 ☆

☆ व्यंग्य ☆ चुन्नीलाल की मुअत्तली ☆

सुबह के साढ़े  दस बज रहे हैं और चुन्नीलाल बनियाइन और लुंगी पहने  बरामदे में गमलों में लगे फूलों को पानी दे रहा है। ज़रूर छुट्टी लिए होगा।

मैंने चिल्ला कर पूछा, ‘आज कैजुअल ले ली है क्या?’

उसने हाथ के इशारे से मुझे पास बुलाया, पास पहुंचने पर बोला, ‘क्या पूछ रहे थे?’

मैंने कहा, ‘पूछ रहा था कि आज दफ्तर नहीं जाना है क्या?’

उसके माथे पर बल पड़ गये, बोला, ‘तुम्हें नहीं मालूम?’

मैंने पूछा, ‘क्या?’

वह उसी अप्रसन्नता की मुद्रा में बोला, ‘चिराग तले अंधेरा। पूरे मुहल्ले को मालूम हो गया और तुम मुंह बाये खड़े हो। मैं सस्पेंड हो गया हूं।’

मेरा मुंह आश्चर्य से और ज़्यादा खुल गया। मैंने पूछा, ‘सस्पेंड हो गये? क्यों?’

वह भौंहें टेढ़ी करके बोला, ‘कल का अखबार पढ़ा था?’

मैंने कहा,’पढ़ा तो था।’

वह तिरस्कार के भाव से बोला, ‘खाक पढ़ा था। मेरी समझ में नहीं आता तुम लोग अखबार खरीदते ही क्यों हो। कल के अखबार में सारी घटना छपी है। मेरा नाम भी छपा है। पहली बार अखबार में मेरा नाम छपा है।’

मैंने पूछा, ‘कौन सी घटना? क्या छपा है?’

वह लापरवाही से बोला, ‘मेरे ऊपर बीस लाख की गड़बड़ी का आरोप लगा है। मेरे साथ चन्दू भी सस्पेंड हुआ है।’

घबराहट के मारे मेरी सांस जहां की तरह रह गयी। मैंने कहा, ‘बीस लाख? यह कैसे हुआ?’

वह बोला, ‘अरे भई, हम लोग बैंक से दफ्तर का पैसा लेकर लौट रहे थे। रास्ते में स्कूटर खड़ी करके लघुशंका करने लगे। रुपयों का बैग पीछे स्कूटर में लगा था। लघुशंका के बाद मुड़कर देखा तो बैग गायब था।बहुत से लोग आ जा रहे थे। किसे दोष देते ?’

मैंने कहा, ‘दोनों लोग एक साथ लघुशंका कर रहे थे?’

वह बोला, ‘हां भई।’

मैंने कहा, ‘दोनों को एक साथ लघुशंका करने की क्या ज़रूरत थी? एक थोड़ा रुक जाता।’

उसने जवाब दिया, ‘अब दोनों को एक साथ लगी तो उसमें हमारा क्या कसूर? ये जो लघुशंका वगैरह हैं इन्हें अपने चिकित्सा शास्त्र में वेग कहा जाता है। वेगों को रोकना शरीर के लिए नुकसानदेह होता है। प्राणघातक भी हो सकता है। इन्हें तुरन्त निपटा देना चाहिए।’

मैंने कहा, ‘तो एक हाथ में रुपये का बैग पकड़े रहते। जिम्मेदारी का काम था।’

वह बोला, ‘तुम भी अजीब आदमी हो। अरे भई, लक्ष्मी पवित्र होती है। लक्ष्मी हाथ में लेकर लघुशंका करता? भारी पाप लगता।’

मैंने दुखी भाव से कहा, ‘मुझे अफसोस है।’

वह कुछ नाराज़ी दिखा कर बोला, ‘अफसोस की क्या बात है? तुम्हारे साथ यही गड़बड़ है। मुझे थोड़ा आराम मिला तो तुम्हें अफसोस होने लगा। और फिर मैं तो यह मानता हूं कि जो काम करेगा उसी से गलती होगी। जो काम ही नहीं करेगा उससे क्या गलती होगी?’

मैंने कहा, ‘लेकिन अब तुम क्या करोगे?’

वह इत्मीनान से बोला, ‘करना क्या है। रोज दफ्तर जाकर दस्तखत करूंगा, वहां दोस्तों से गप लड़ाऊंगा और हर महीने आधी तनख्वाह लूंगा।’

मैंने कहा, ‘लेकिन इस केस में कुछ तो होगा।’

वह बोला, ‘हां, विभागीय जांच चलेगी। पुलिस केस भी बनेगा। कुछ परेशानी तो होगी। लेकिन आखिर में सब ठीक हो जाएगा। नौकरी में यह सब तो चलता ही है।’

मैंने कहा, ‘जब तक मामले का फैसला नहीं होगा पैसे वैसे की परेशानी तो होगी।’

वह बोला, ‘अरे तो तुम क्या यह समझते हो कि मैं हाथ पर हाथ धरे बैठा रहूंगा? साले के नाम से दो टैक्सियां डाल रहा हूं। बिजली के सामान की एक दुकान भी खोल रहा हूं। बाल- बच्चों के भविष्य का भी तो सोचना है। नौकरी में आजकल कुछ नहीं धरा है।’

मैंने ताज्जुब से पूछा, ‘लेकिन इस सबके लिए पैसा कहां से आएगा?’

वह मुस्कराया, बोला, ‘तुम घामड़ ही रहे यार। ये सब बातें तुम्हारी समझ में नहीं आएंगीं। तुम तो बस नौकरी करते रहो और हाय हाय करके जिन्दगी काटते रहो।’

मैंने कहा, ‘लेकिन तुम तो कह रहे थे कि सरकारी पैसे तुमने नहीं लिये।’

उसकी मुस्कान और चौड़ी हो गयी। बोला, ‘अब भी कह रहा हूं और आखिर तक कहता रहूंगा। चोरी कबूल करके मैं अपने पांव पर कुल्हाड़ी मारूंगा क्या? कानून भी कहता है कि जब तक जुर्म साबित न हो जाए, आदमी को अपराधी न माना जाए। इसलिए मैं बिलकुल सौ प्रतिशत पाक साफ हूं ।’

मैंने कहा, ‘लेकिन यह तो देश के पैसे का दुरुपयोग है।’

वह ज्ञानियों की नाईं बोला, ‘यह तुम्हारी नासमझी है,बंधु। इस देश की आबादी एक  सौ चालीस करोड़ है। बीस लाख रुपये को एक  सौ चालीस करोड़ में बांटो तो एक आदमी पर चवन्नी का भार भी नहीं आता। लेकिन वही पैसा जब बीस लाख  रुपये के रूप में एक आदमी के हाथ में आ जाता है तो वह उससे अपना, अपने परिवार का, समाज का और देश का कल्याण कर सकता है। आया कुछ समझ में?’

मैंने कहा, ‘आया महाप्रभु।’

वह संतुष्ट होकर बोला, ‘फिलहाल तो मेरा एक ही उद्देश्य है।’

मैंने कहा, ‘वह क्या?’

वह बोला, ‘कोशिश यही करना है कि विभागीय जांच लंबी से लंबी चले। बहाल तो होना ही है, लेकिन कहीं जल्दी बहाल हो गया तो सब गड़बड़ हो जाएगा।’

मैं फिर मूढ़ की तरह पूछा, ‘बहाल होने से क्या दिक्कत हो जाएगी भैया? तुम्हारी बातें आज मेरी समझ से परे हैं। लगता है कि मेरा दिमाग कुछ कुन्द हो गया है।’

वह बोला, ‘अरे श्रीमान, मुअत्तली जितनी लंबी खिंचेगी, धंधा जमाने के लिए उतना ही ज्यादा टाइम मिलेगा। वैसे भी रिटायरमेंट के बाद कोई धंधा करना ही है। वह अभी जम जाएगा तो नौकरी तो फिर साइड बिज़नेस जैसी हो जाएगी। इसीलिए मैं वकील से सलाह ले रहा हूं कि केस कैसे लंबा लंबा खिंच सकता है। जल्दी खत्म हो जाएगा तो भारी परेशानी हो जाएगी। दूसरी बात यह है कि मुअत्तली का पीरियड जितना लंबा होगा, बहाल  होने पर उतना ही ज्यादा इकठ्ठा पैसा दफ्तर से मिलेगा। धंधे में काम आएगा।’

मैंने कहा, ‘समझ गया, भैया जी। आज मुझे बड़ा ज्ञान दिया तुमने। नौकरी में कितनी संभावनाएं हैं यह आज ही जाना।’

वह खुश होकर बोला, ‘तारीफ के लिए शुक्रिया। दो-चार दिन मेरे पास बैठो तो तुम्हें नौकरी के गुर समझा दूंगा। नौकरी तो सब करते हैं लेकिन नौकरी की खान में छिपे रत्नों को सब नहीं ढूंढ़ पाते। बिना गुरू के ज्ञान नहीं मिलता।’

मैंने हाथ जोड़कर चुन्नीलाल से कहा, ‘ज़रूर बैठूंगा, भैया। आजकल इस तरह बुला बुलाकर मुफ्त में ज्ञान देने वाले गुरू मिलते कहां हैं? फिलहाल तो मैं यह कामना करता हूं कि तुम्हारी इच्छा पूरी हो और तुम्हारी मुअत्तली लंबी से लंबी खिंचे।’

चुन्नीलाल भी हाथ जोड़कर बोला, ‘बहुत बहुत धन्यवाद। तुम सब की दुआएं रहेंगीं तो मेरे रास्ते की सब बाधाएं दूर होंगीं। वैसे मैं निर्भय हूं। जब कुछ किया ही नहीं तो चिन्ता किस बात की?’

मैं चलने लगा तो वह पीछे से बोला, ‘दो-चार दिन आ जाना तो कुछ ज्ञान दे दूंगा तुम्हें। अभी दो-चार दिन फुरसत है। बाद में बिज़ी हो जाऊंगा। मित्रों का कुछ फायदा कर सकूं तो मुझे खुशी होगी।’

© डॉ कुंदन सिंह परिहार

जबलपुर, मध्य प्रदेश

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा कहानी ☆ ≈ मॉरिशस से ≈ – गद्य क्षणिका – मृत्यु – दंश… – ☆ श्री रामदेव धुरंधर ☆

श्री रामदेव धुरंधर

(ई-अभिव्यक्ति में मॉरीशस के सुप्रसिद्ध वरिष्ठ साहित्यकार श्री रामदेव धुरंधर जी का हार्दिक स्वागत। आपकी रचनाओं में गिरमिटया बन कर गए भारतीय श्रमिकों की बदलती पीढ़ी और उनकी पीड़ा का जीवंत चित्रण होता हैं। आपकी कुछ चर्चित रचनाएँ – उपन्यास – चेहरों का आदमी, छोटी मछली बड़ी मछली, पूछो इस माटी से, बनते बिगड़ते रिश्ते, पथरीला सोना। कहानी संग्रह – विष-मंथन, जन्म की एक भूल, व्यंग्य संग्रह – कलजुगी धरम, चेहरों के झमेले, पापी स्वर्ग, बंदे आगे भी देख, लघुकथा संग्रह – चेहरे मेरे तुम्हारे, यात्रा साथ-साथ, एक धरती एक आकाश, आते-जाते लोग। आपको हिंदी सेवा के लिए सातवें विश्व हिंदी सम्मेलन सूरीनाम (2003) में सम्मानित किया गया। इसके अलावा आपको विश्व भाषा हिंदी सम्मान (विश्व हिंदी सचिवालय, 2013), साहित्य शिरोमणि सम्मान (मॉरिशस भारत अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी 2015), हिंदी विदेश प्रसार सम्मान (उ.प. हिंदी संस्थान लखनऊ, 2015), श्रीलाल शुक्ल इफको साहित्य सम्मान (जनवरी 2017) सहित कई सम्मान व पुरस्कार मिले हैं। हम श्री रामदेव  जी के चुनिन्दा साहित्य को ई अभिव्यक्ति के प्रबुद्ध पाठकों से समय समय पर साझा करने का प्रयास करेंगे।

आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय गद्य क्षणिका “– मृत्यु – दंश …” ।) 

~ मॉरिशस से ~

☆ कथा कहानी  ☆ — मृत्यु – दंश — ☆ श्री रामदेव धुरंधर ☆

मृत्यु उस से टकरायी। मृत्यु न ऊष्मा थी और न वह शीतलता थी। न शाम थी, न वह सुबह थी। न रोग, न चिंता थी। बिना किसी रंग के, बिना किसी चांद के, बिना किसी सूरज के, बिना किसी धरती के, बिना किसी आकाश के, बिना किसी भूख – प्यास के। तब मृत्यु क्या थी, उसे पता चल ही न पाता। वह तो हवा के बिना एक तूफान था, जिससे टकराने पर उसने जाना था यही तो मृत्यु है।

 © श्री रामदेव धुरंधर

07 – 05 – 2025

संपर्क : रायल रोड, कारोलीन बेल एर, रिविएर सेचे, मोरिशस फोन : +230 5753 7057   ईमेल : rdhoorundhur@gmail.com

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ संजय उवाच # 288 – अपना समुद्र, अपना मंथन ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(“साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच “ के  लेखक  श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है। साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।श्री संजय जी के ही शब्दों में ” ‘संजय उवाच’ विभिन्न विषयों पर चिंतनात्मक (दार्शनिक शब्द बहुत ऊँचा हो जाएगा) टिप्पणियाँ  हैं। ईश्वर की अनुकम्पा से आपको  पाठकों का  आशातीत  प्रतिसाद मिला है।”

हम  प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते रहेंगे। आज प्रस्तुत है  इस शृंखला की अगली कड़ी। ऐसे ही साप्ताहिक स्तंभों  के माध्यम से  हम आप तक उत्कृष्ट साहित्य पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।)

☆  संजय उवाच # 288 ☆ अपना समुद्र, अपना मंथन… ?

महासागर अपने आप में अथाह जगत है। जाने कबसे  अनुसंधान हो रहे हैं, तब भी महासागर की पूरी थाह नहीं मिलती।

भीतर भी एक महासागर है। इसकी लहरें निरंतर किनारे से टकराती हैं। लहरों के थपेड़े अविराम उथल-पुथल मचाए रखते हैं। भीतर ही भीतर जाने कितने ही तूफान हैं, कितनी ही सुनामियाँ हैं।

भीतर का यह महासागर, इसकी लहरें, लहरों के थपेड़े सोने नहीं देते। अक्षय व्यग्रता, बार-बार आँख खुलना, हर बार-हर क्षण भीतर से स्वर सुनाई देना-क्या शेष जीवन भी केवल साँसे लेने भर में बिताना है?

योगेश्वर ने अर्जुन से कहा था, ‘प्रयत्नाणि सिद्धंति परमेश्वर:’ प्रयत्नों से, कठोर परिश्रम से लक्ष्य की प्राप्ति की जा सकती है, ईश्वर को भी सिद्ध किया जा सकता है। तो क्या हम कभी मथ सकेंगे भीतर का महासागर? 

मंथन इतना सरल भी तो नहीं है। देवताओं और असुरों को महाकाय पर्वत मंदराचल की नेति एवं नागराज वासुकि की मथानी करनी पड़ी थी।

समुद्र मंथन में कुल चौदह रत्न प्राप्त हुए थे। संहारक कालकूट के बाद पयस्विनी कामधेनु, मन की गति से दौड़ सकनेवाला उच्चैश्रवा अश्व, विवेक का स्वामी ऐरावत हाथी, विकारहर्ता कौस्तुभ मणि, सर्व फलदायी कल्पवृक्ष, अप्सरा रंभा, ऐश्वर्य की देवी लक्ष्मी, मदिरा की जननी वारुणी, शीतल प्रभा का स्वामी चंद्रमा, श्रांत को विश्रांति देनेवाला पारिजात, अनहद नाद का पांचजन्य शंख, आधि-व्याधि के चिकित्सक भगवान धन्वंतरि और उनके हाथों में अमृत कलश।

क्या हम कभी पा सकेंगे उन चौदह रत्नों को जो छिपे हैं हमारे ही भीतर?

स्वेदकणों से कमल खिला सकें तो इस पर विराजमान माता लक्ष्मी की अनुकम्पा प्राप्त होगी। धन्वंतरि का प्रादुर्भाव, हममें ही अंतर्निहित है, अर्थात  हमारा स्वास्थ्य हमारे हाथ में है। इस मंथन में कालकूट भी है और अमृत भी। जीवन में दोनों आएँगे। कालकूट को पचाने की क्षमता रखनी होगी। निजी और सार्वजनिक जीवन में अस्तित्व को समाप्त करने के प्रयास होंगे पर हमें नीलकंठ बनना होगा।

न गले से उतरा, न गले में ठहरा,

विष न जाने कहाँ जा छिपा,

जीवन के साथ मृत्यु का आभास,

मैं न नीलकंठ बन सका, न सुकरात..!

अमृतपान कल्पना नहीं है। सत्कर्मों से मनुष्य की कीर्ति अमर हो सकती है। अनेक पीढ़ियाँ उसके ज्ञान, उसके योगदान से लाभान्वित होकर उसे याद रखती हैं, मरने नहीं देतीं, यही अमृत-पान है। नेह का निर्झर किसी के होने को सतत प्रवहमान  रखता है, सूखने नहीं देता। सदा हरित रहना ही अमृत-पान है।

भूख, प्यास, रोग, भोग,

ईर्ष्या, मत्सर, पाखंड, षड्यंत्र,

मैं…मेरा, तू… तेरा के

सारे सूखे के बीच,

नेह का कोई निर्झर होता है,

जीवन को हरा किए होता है,

नेह जीवन का सोना खरा है,

वरना, मर जाने के लिए

पैदा होने में  क्या धरा है..!

अमृत-पान करना है तो महासागर की शरण में जाना ही होगा। यह महासागर हरेक के भीतर है। हरेक के भीतर चौदह रत्न हैं।… और विशेष बात यह कि हरेक को अपना समुद्र स्वयं ही मथना होता है।

मंथन आरंभ करो, संभावनाओं का पूरा महासागर प्रतीक्षा में है।

© संजय भारद्वाज 

अक्षय तृतीया, प्रातः 6:35 बजे, 30 अप्रैल 2025

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार ☆ सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय, एस.एन.डी.टी. महिला विश्वविद्यालय, न्यू आर्ट्स, कॉमर्स एंड साइंस कॉलेज (स्वायत्त) अहमदनगर ☆ संपादक– हम लोग ☆ पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆ ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स ☆ 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

writersanjay@gmail.com

☆ आपदां अपहर्तारं ☆

💥 12 अप्रैल 2025 से 19 मई 2025 तक श्री महावीर साधना सम्पन्न होगी 💥  

🕉️ प्रतिदिन हनुमान चालीसा एवं संकटमोचन हनुमन्नाष्टक का कम से एक पाठ अवश्य करें, आत्मपरिष्कार एवं ध्यानसाधना तो साथ चलेंगे ही 🕉️

अनुरोध है कि आप स्वयं तो यह प्रयास करें ही साथ ही, इच्छुक मित्रों /परिवार के सदस्यों  को भी प्रेरित करने का प्रयास कर सकते हैं। समय समय पर निर्देशित मंत्र की इच्छानुसार आप जितनी भी माला जप  करना चाहें अपनी सुविधानुसार कर सकते हैं ।यह जप /साधना अपने अपने घरों में अपनी सुविधानुसार की जा सकती है।ऐसा कर हम निश्चित ही सम्पूर्ण मानवता के साथ भूमंडल में सकारात्मक ऊर्जा के संचरण में सहभागी होंगे। इस सन्दर्भ में विस्तृत जानकारी के लिए आप श्री संजय भारद्वाज जी से संपर्क कर सकते हैं। 

≈ संपादक – हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिंदी साहित्य – कविता ☆ || समय || ☆ डॉ जसवीर त्यागी ☆

डॉ जसवीर त्यागी

(ई-अभिव्यक्ति में  प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ जसवीर त्यागी जी का स्वागत। प्रकाशन: साप्ताहिक हिन्दुस्तान, पहल, समकालीन भारतीय साहित्य, नया पथ,आजकल, कादम्बिनी,जनसत्ता,हिन्दुस्तान, राष्ट्रीय सहारा,कृति ओर,वसुधा, इन्द्रप्रस्थ भारती, शुक्रवार, नई दुनिया, नया जमाना, दैनिक ट्रिब्यून आदि पत्र-पत्रिकाओं में कविताएँ व लेख प्रकाशित।  अभी भी दुनिया में- काव्य-संग्रह। कुछ कविताओं का अँग्रेजी, गुजराती,पंजाबी,तेलुगु,मराठी,नेपाली भाषाओं में अनुवाद। सचेतक और डॉ. रामविलास शर्मा (तीन खण्ड)का संकलन-संपादन। रामविलास शर्मा के पत्र- का डॉ विजयमोहन शर्मा जी के साथ संकलन-संपादन। सम्मान: हिन्दी अकादमी दिल्ली के नवोदित लेखक पुरस्कार से सम्मानित।)

☆ कविता ☆ || समय || ☆ डॉ जसवीर त्यागी ☆

☆

पातहीन पेड़

हरा हो उठता है एक दिन

 

सूखी नदी में

चमकने लगता है जल

 

भटके हुए राहगीर को

मिल जाती है मंजिल

 

सुनसान रास्तों पर

बसने लगती है आबादी धीरे-धीरे

 

समय आने पर

बंजर पड़े खेतों में

मुस्कुराने लगते हैं अंकुर

 

अंधेरे घर में

जगमगाता है दीया किसी रोज

 

असंभव और निराशा शब्दों में

छुपे होते हैं संभव और आशा

 

समय एक जैसा रहता नहीं सदा

करवट बदलता है

नींद से जागता है वह भी एक दिन।

☆

©  डॉ जसवीर त्यागी  

सम्प्रति: प्रोफेसर, हिन्दी विभाग, राजधानी कॉलेज (दिल्ली विश्वविद्यालय) राजा गार्डन नयी दिल्ली-110015

संपर्क: WZ-12 A, गाँव बुढेला, विकास पुरी दिल्ली-110018, मोबाइल:9818389571, ईमेल: drjasvirtyagi@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ सलिल प्रवाह # 234 – नौ दोहा दीप ☆ आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ ☆

आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’

(आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ जी संस्कारधानी जबलपुर के सुप्रसिद्ध साहित्यकार हैं। आपको आपकी बुआ श्री महीयसी महादेवी वर्मा जी से साहित्यिक विधा विरासत में प्राप्त हुई है । आपके द्वारा रचित साहित्य में प्रमुख हैं पुस्तकें- कलम के देव, लोकतंत्र का मकबरा, मीत मेरे, भूकंप के साथ जीना सीखें, समय्जयी साहित्यकार भगवत प्रसाद मिश्रा ‘नियाज़’, काल है संक्रांति का, सड़क पर आदि।  संपादन -८ पुस्तकें ६ पत्रिकाएँ अनेक संकलन। आप प्रत्येक सप्ताह रविवार को  “साप्ताहिक स्तम्भ – सलिल प्रवाह” के अंतर्गत आपकी रचनाएँ आत्मसात कर सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपकी एक कविता – हे नारी!।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – सलिल प्रवाह # 234 ☆

☆ नौ दोहा दीप  ☆ आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ ☆

☆

दिन की देहरी पर खड़ी, संध्या ले शशि-दीप

गगन सिंधु मोती अगिन, तारे रजनी सीप

*

दीप जला त्राटक करें, पाएँ आत्म-प्रकाश

तारक अनगिन धरा को, उतर करें आकाश

*

दीप जलाकर कीजिए, हाथ जोड़ नत माथ

दसों दिशा की आरती, भाग्य देव हों साथ

*

जीवन ज्योतिर्मय करे, दीपक बाती ज्योत

आशंका तूफ़ान पर, जीते आशा पोत

*

नौ-नौ की नव माल से, कोरोना को मार

नौ का दीपक करेगा, तम-सागर को पार

*

नौ नौ नौ की ज्योति से, अन्धकार को भेद

हँसे ठठा भारत करे, चीनी झालर खेद

*

आत्म दीप सब बालिये, नहीं रहें मतभेद

अतिरेकी हों अल्पमत, बहुमत में श्रम – स्वेद

*

तन माटी माटी दिया, लौ – आत्मा दो ज्योत

द्वैत मिटा अद्वैत वर, रवि सम हो खद्योत

*

जन-मन वरण प्रकाश का, करे तिमिर को जीत

वंदन भारत-भारती कहे, बढ़े तब प्रीत

☆

©  आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’

संपर्क: विश्ववाणी हिंदी संस्थान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१,

चलभाष: ९४२५१८३२४४  ईमेल: salil.sanjiv@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares