श्री राजेश कुमार सिंह ‘श्रेयस’

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – श्रेयस साहित्य # ७३ ☆

☆ लघुकथा ☆ ~ छुपा हुआ हुनर ~ ☆ श्री राजेश कुमार सिंह ‘श्रेयस’ ☆ 

☆

स्कूल नहीं जाओगे क्या विनीत ? नन्द ने अपने छोटे से बेटे विनीत से पूछा।

बाबू, मुझे स्कूल नहीं जाना मुझे तो फिल्म बनानी है… विनीत ने बाल सुलभ स्वभाव में कहा।

अरे बेटा, यह क्या बोल रहे हो! जब मैने पढ़ाई नहीं की थी तो देखो मेरा क्या हाल है, तुम मुझे देख सकते हो। मैं बड़ा ऑफिसर नहीं बना और आज एक बड़े ऑफिसर की चाकरी कर रहा हूँ।

बेटा.. क्या तुमको भी यही करना है। बेटा यह बैग पकड़ो और स्कूल जाओ।

नहीं जाऊंगा नहीं जाऊंगा.. नहीं जाऊंगा पापा, मुझे सिर्फ और सिर्फ फिल्म बनानी है.. नन्हे विनीत ने स्कूल नहीं जाने की जिद कर ली।

नन्द की पढ़ाई और समझ इतनी कम थी कि वह बेटे की जिद के आगे कुछ भी नहीं कर सका और ऑफिस चला गया।

विनीत कक्षा 6 मैं पढ़ता था। कहने के लिए तो 10 -12 की उम्र कोई खास उम्र नहीं होती, लेकिन उसके चेहरे का भाव एवं उसके अंदर का आत्मविश्वास इतना प्रबल था कि मानो वह फिल्म बना कर ही मानेगा।

विनीत कक्षा 8 से अधिक नहीं पढ़ सका। नन्द की चिंता विनीत की पढ़ाई को लेकर थी लेकिन वह कर ही क्या सकता था। उसे इस बात का मलाल सदा ही बना रहा कि उसके बेटे ने कक्षा 8 से ऊपर तक की पढ़ाई नहीं की।

विनीत अब 22 -23 वर्ष का नौजवान था। उसके दोस्तों का एक ग्रुप था, जिनके साथ हुआ अक्सर मस्ती किया करता था। नन्द को यह बिल्कुल पता नहीं था कि उसका बेटा क्या करता है? लेकिन एक बात का विश्वास अवश्य था कि उसका लड़का कुछ न कुछ विशेष जरूर करता है।

आज नन्द की तबीयत खराब थी, लेकिन उसका ऑफिस आना बहुत जरूरी था। विनीत अपने पिताजी को लेकर ऑफिस आया था। देखने में वह बड़े ही शान्त प्रकृति का बालक लग रहा था। ऑफिस के किनारे लगे टेबल के साथ लगी एक छोटी सी चेयर पर बैठा विनीत क्या लिख रहा था, यह किसी को नहीं पता चल रहा था। नन्द ने राज से कहा – सर! यह मेरा लड़का है इससे बात करेंगे क्या? विनीत भी राज से बात करने के लिए उत्सुक था। अब दोनों ही आमने-सामने थे। साहित्यसेवी राज ने जब अपने साहित्यिक दृष्टि से उसके अंदर झांका तो वह हक्का-बक्का सा रह गया। उसने विनीत के भीतर के कलाकार और फिल्मकार को देख लिया। विनीत की बनाई हुई शॉर्ट फिल्म को देखकर वह आश्चर्यचकित हो उठा। अचानक उसकी नजर नन्द की तरफ गई तो उसे इस बात का तनिक भी विश्वास नहीं हो रहा था किया नन्द का छोटा बेटा है, जो सिर्फ कक्षा आठ तक पढ़ा है।

नन्द, राज के मुंह से अपने बेटे के विषय में कुछ सुनना चाह रहा था। विनीत से थोड़ी देर बात करने के बाद सहसा राज के मुंह से निकल पड़ा वाकई नन्द तुम्हारे बेटे में हुनर तो है।

♥♥♥♥

© श्री राजेश कुमार सिंह “श्रेयस”

लखनऊ, उप्र, (भारत )

दिनांक 22-02-2025

≈ संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted