सुश्री सविता खण्डेलवाल ‘भानु’
(लेखन-प्रकाशन – गत 2022 से छंद लेखन, एकल प्रकाशन– कलम के नवांकुर, अनुग्रह नवप्रस्तारित छंद पर लेखन (मैजिक बुक ऑफ रिकॉर्ड), साझा संकलन – तकरीबन 10, द्वादश ज्योतिर्लिंग (लंदन बुक आफ रिकार्ड), अनेकता में एकता (एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड), छंदावली – (मैजिक बुक ऑफ रिकॉर्ड), महाकाल साहित्य सम्मान से सम्मानित। आज प्रस्तुत है आपकी एक भावप्रवण एवं विचारणीय कविता मृग तृष्णा!)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ ☆ सविता साहित्य # २३ ☆
☆ मृग तृष्णा !! ☆ सुश्री सविता खण्डेलवाल “भानु” ☆
☆
आए खाली हाथ यहांँ पर, जाना हमें अकेला है।
भाग न पीछे मृग तृष्णा के, क्षणिक खेल सब मेला है।।
०
मानव काया देकर भेजा, हम अपना उद्धार करें।
मोह-जाल से आगे बढ़ कर, झोली में कुछ पुण्य भरें।।
ईश्वर देंगे भेज बुलावा, दुनिया केवल खेला है।
भाग न पीछे मृग तृष्णा के, क्षणिक खेल सब मेला है।।
०
अवसादों में घिरा हुआ मन, कल की चिंता रोज करे।
कोई विपदा आ जाएगी, सोच सोच के व्यर्थ डरे।।
गंँवा चुका वो जीवन सारा, बहे समय का रेला है।
भाग न पीछे मृग तृष्णा के, क्षणिक खेल सब मेला है।।
०
खर्च उम्र की पूंजी करके, दौलत बहुत कमाई रे।
शांति चैन सब दाँव लगाया, जोड़ी पाई-पाई रे।।
बढ़ा सके इक क्षण जीवन का, पास नहीं वो धेला है।
भाग न पीछे मृग तृष्णा के, क्षणिक खेल सब मेला है।।
☆
© सुश्री सविता खण्डेलवाल “भानु”
झालरापाटन राजस्थान
≈ संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈





