श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए दैनिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “सवा का शगुन…“।)

?अभी अभी # ११३९ ⇒ आलेख – सवा का शगुन ? श्री प्रदीप शर्मा  ?

सब शुभ-शुभ हो, कौन नहीं चाहता ! हमने अपनी अपनी मान्यता के अनुसार शगुन-अपशगुन निर्धारित कर लिए हैं । परीक्षा का पेपर देते वक्त दही-शकर शुभ माना जाता था । अनमने मन से ही सही, माँ-बाबूजी का भी आशीर्वाद ले ही लिया जाता था । जाते-जाते गली के कोने वाले हनुमानजी भी याद आ ही जाते थे । परीक्षा का मामला था, चांस नहीं ले सकते थे ।

मुसीबत में भगवान को याद करना कोई बड़ी बात नहीं, लेकिन बिगड़ी बनाने वाले को यदा-कदा याद करने में वैसे भी क्या हर्ज़ है । इस कलयुग में कहीं कोई कल्प-वृक्ष नहीं, जो आपकी सभी इच्छा पूरी कर सके । चुनाव की वैतरणी से जो पार लगा दे, वही कलयुग की कामधेनु है ।।

ले देकर एक मंदिर में बैठा भगवान ही है जो आपकी कामना पूर्ति कर सकता है ! वह अगर किसी के लिए मंगलमूर्ति है तो किसी के लिए तिरुपति बालाजी । बिना माँगे तो माँ भी बच्चे को दूध नहीं पिलाती ! अतः मन्नत माँगी जाती है, चढ़ावा चढ़ाया जाता है । जितनी बड़ी माँग, उसके अनुपात से चढ़ावा । यह श्रद्धा और हैसियत का सवाल है । यह सवा रुपये से सवा मन लड्डू तक का हो सकता है । वैसे भोले भंडारी तो आँकड़े के फूल से ही प्रसन्न हो जाते हैं ।

मैंने अपनी माँ को हमेशा सवा रुपए का प्रसाद चढ़ाते देखा । अगर प्रसाद उपलब्ध न हो तो कैश चढ़ाने से भी मन्नत पूरी हो जाती है . God is very kind. Cash or kind he doesn’t mind. मैं मूढ़मति, माँ से तर्क किया करता था, सवा ही क्यों ? आप एक रुपया भी चढ़ा सकते हो, अथवा डेढ़ भी । और भगवान से अगर कम हो निवेदन कर सकते हो, भूल चूक लेनी देनी, और अधिक हो तो, प्लीज कीप द चेंज, कहने में क्या बुराई है । माँ मुझे झिड़क देती थी, भगवान से ऐसी मज़ाक नहीं करते । नाराज़ हो जाते हैं । और मेरी भूल के प्रायश्चित स्वरूप सवा रुपए की पेनल्टी स्वेच्छा से अर्पण कर देती थी ।।

एक तो आज बच्चों को सवा समझाना वैसे ही बड़ा कठिन हो गया है ! घड़ी में सवा बजते है तो बच्चे समझ नहीं पाते ! उन्हेँ अंग्रेज़ी में लघु कथा सुनानी पड़ती है, It’s fifteen minutes past, one o’clock in the afternoon. या फिर हाफ पास्ट और क्वार्टर से भी समझाया जा सकता है । हाफ और क्वार्टर तो जो नहीं पीते, वे भी आसानी से समझ जाते हैं । असली संकट तो सवा रुपए और सवा पाँच रुपए में आता है । क्योंकि एक चवन्नी थाली में तो क्या, नाली में भी नहीं मिलने वाली आजकल ।

भगवान भले ही भाव के भूखे हों, लेकिन काल के अधीन हैं । नोटबन्दी वाले 500-1000 के नोट आँख मूँदकर उन्हें भेंट नहीं कर सकते ! पुजारी सब देखता है । चोरी से रखकर आएँगे, तो और पाप पड़ेगा । धोखाधड़ी और भगवान से, ना बाबा ना । भगवान दयालु हैं, समय से समझौता करना जानते हैं । सवा रुपया न सही, ग्यारह, इक्कावन, एक सौ एक, जैसी श्रद्धा हो, अर्पित करें, भगवान आपकी इच्छा अवश्य पूरी करेंगे ।।

♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

≈ संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted