☆ सूचनाएँ/Information ☆

(साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समाचार)

☆ ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’ को मिलेगा दशम हरिकृष्ण देवसरे बालसाहित्य पुरस्कार-2026 – अभिनंदन ☆

बाल उपन्यास ‘चंद्र बस्ती का रहस्य’ के लिए मिलेगा 75 हजार रुपये का सम्मान

भोपाल। हिन्दी बालसाहित्य जगत के लिए हर्ष और गौरव का विषय है कि सुप्रसिद्ध बालसाहित्यकार ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’ को वर्ष 2026 के दशम हरिकृष्ण देवसरे बालसाहित्य पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। हरिकृष्ण देवसरे बालसाहित्य न्यास द्वारा उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान उनके चर्चित बाल उपन्यास ‘चंद्र बस्ती का रहस्य’ के लिए प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार के अंतर्गत उन्हें 75 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।

हरिकृष्ण देवसरे बालसाहित्य न्यास द्वारा जारी घोषणा के अनुसार, निर्णायक मंडल एवं न्यास की कार्यकारिणी ने चयनित पुस्तकों का विस्तृत मूल्यांकन करने के बाद ‘चंद्र बस्ती का रहस्य’ को सर्वश्रेष्ठ कृति के रूप में चुना है।

ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’ की यह कृति कौतूहल, कल्पना, विज्ञान और रोमांच से भरपूर है। इसमें बच्चों को चाँद की एक अनोखी बस्ती की रोचक दुनिया से परिचित कराया गया है। उपन्यास की रोचक कथावस्तु बच्चों में जिज्ञासा पैदा करने के साथ ही उनमें पुस्तक पढ़ने की रुचि विकसित करती है।

उल्लेखनीय है कि ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’ हिन्दी के सुपरिचित बालसाहित्यकार हैं। वे बालकहानी, बाल उपन्यास, लघुकथा और कविता सहित विभिन्न विधाओं में निरंतर लेखन कर रहे हैं। बालसाहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें पूर्व में मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी के श्री हरिकृष्ण देवसरे बाल साहित्य पुरस्कार सहित अनेक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।

इस उपलब्धि से साहित्यिक जगत, बालसाहित्यकारों और उनके पाठकों में हर्ष का वातावरण है। न्यास द्वारा सम्मान समारोह की तिथि एवं स्थान की घोषणा शीघ्र की जाएगी।

ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’ को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए देशभर के साहित्यकारों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की कामना की है।

💐 ई- अभिव्यक्ति परिवार की ओर से श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’ जी को इस विशिष्ट उप्लब्धि के लिए हार्दिक बधाई 💐

≈ श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted