डॉ राकेश ‘चक्र’
(हिंदी साहित्य के सशक्त हस्ताक्षर डॉ. राकेश ‘चक्र’ जी की अब तक लगभग तेरह दर्जन से अधिक मौलिक पुस्तकें ( बाल साहित्य व प्रौढ़ साहित्य ) तथा लगभग चार दर्जन साझा – संग्रह प्रकाशित तथा कई पुस्तकें प्रकाशनाधीन।लगभग चार दर्जन साझा – संग्रह प्रकाशित तथा कई पुस्तकें प्रकाशनाधीन। कई कृतियां पंजाबी, उड़िया, तेलुगु, अंग्रेजी आदि भाषाओँ में अनूदित । कई सम्मान/पुरस्कारों से सम्मानित/अलंकृत। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा बाल साहित्य के लिए दिए जाने वाले सर्वोच्च सम्मान ‘बाल साहित्य श्री सम्मान’ और उत्तर प्रदेश सरकार के हिंदी संस्थान द्वारा बाल साहित्य की दीर्घकालीन सेवाओं के लिए दिए जाने वाले सर्वोच्च सम्मान ‘बाल साहित्य भारती’ सम्मान, अमृत लाल नागर सम्मान, बाबू श्याम सुंदर दास सम्मान तथा उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी संस्थान के सर्वोच्च सम्मान सुमित्रानंदन पंत, उत्तर प्रदेश रत्न सम्मान सहित बारह दर्जन से अधिक राजकीय प्रतिष्ठित साहित्यिक एवं गैर साहित्यिक संस्थाओं से सम्मानित एवं पुरुस्कृत।
आदरणीय डॉ राकेश चक्र जी के बारे में विस्तृत जानकारी के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें संक्षिप्त परिचय – डॉ. राकेश ‘चक्र’ जी।
आप “साप्ताहिक स्तम्भ – समय चक्र” के माध्यम से उनका साहित्य प्रत्येक गुरुवार को आत्मसात कर सकेंगे।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – समय चक्र – # २८४ ☆
☆ गीत – नन्हा हूँ मैं वीर सिपाही… ☆ डॉ राकेश ‘चक्र’ ☆
☆
नन्हा हूँ मैं वीर सिपाही
आगे बढ़ता जाऊँगा।
दुश्मन के छक्के छुड़वाऊँ
ध्वज का मान बढ़ाऊँगा।
*
खूब पढ़ूँगा मैं मेहनत से
सबका कहना मानूँगा।
मात – पिता की सेवा करके
लक्ष्य सदा मैं ठानूँगा।
*
काम समय से पूरा कर लूँ
नहीं कभी घबराऊँगा।
नन्हा हूँ मैं वीर सिपाही
आगे बढ़ता जाऊँगा।।
*
तूफानों से नहीं डरूँगा
जीवन सफल बनाऊँ मैं।
हर मुश्किल आसान करूँगा
प्रेमिल पाठ पढ़ाऊँ मैं।
*
सदा सत्य को मैं अपनाकर
शुचिता , शान बढ़ाऊँगा।
नन्हा हूँ मैं वीर सिपाही
आगे बढ़ता जाऊँगा।।
*
मीठा – मीठा बोलूँगा मैं
सबसे मधु व्यवहार करूँ।
सीमाओं की रक्षा करके
दुश्मन से मैं नहीं डरूँ।
*
प्राण देश के खातिर दे दूँ
कभी न पीठ दिखाऊँगा।
नन्हा हूँ मैं वीर सिपाही
आगे बढ़ता जाऊँगा।।
☆
© डॉ राकेश चक्र
(एमडी,एक्यूप्रेशर एवं योग विशेषज्ञ)
90 बी, शिवपुरी, मुरादाबाद 244001 उ.प्र. मो. 9456201857
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈






