श्री रामदेव धुरंधर

(ई-अभिव्यक्ति में मॉरीशस के सुप्रसिद्ध वरिष्ठ साहित्यकार श्री रामदेव धुरंधर जी का हार्दिक स्वागत। आपकी रचनाओं में गिरमिटया बन कर गए भारतीय श्रमिकों की बदलती पीढ़ी और उनकी पीड़ा का जीवंत चित्रण होता हैं। आपकी कुछ चर्चित रचनाएँ – उपन्यास – चेहरों का आदमी, छोटी मछली बड़ी मछली, पूछो इस माटी से, बनते बिगड़ते रिश्ते, पथरीला सोना। कहानी संग्रह – विष-मंथन, जन्म की एक भूल, व्यंग्य संग्रह – कलजुगी धरम, चेहरों के झमेले, पापी स्वर्ग, बंदे आगे भी देख, लघुकथा संग्रह – चेहरे मेरे तुम्हारे, यात्रा साथ-साथ, एक धरती एक आकाश, आते-जाते लोग। आपको हिंदी सेवा के लिए सातवें विश्व हिंदी सम्मेलन सूरीनाम (2003) में सम्मानित किया गया। इसके अलावा आपको विश्व भाषा हिंदी सम्मान (विश्व हिंदी सचिवालय, 2013), साहित्य शिरोमणि सम्मान (मॉरिशस भारत अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी 2015), हिंदी विदेश प्रसार सम्मान (उ.प. हिंदी संस्थान लखनऊ, 2015), श्रीलाल शुक्ल इफको साहित्य सम्मान (जनवरी 2017) सहित कई सम्मान व पुरस्कार मिले हैं। हम श्री रामदेव  जी के चुनिन्दा साहित्य को ई अभिव्यक्ति के प्रबुद्ध पाठकों से समय समय पर साझा करने का प्रयास करेंगे। आज प्रस्तुत है  मारीशस में गरीब परिवार  में बेटी की शादी और सामजिक विडम्बनाओं पर आधारित लघुकथा राज – भोग।) 

~ मॉरिशस से ~

☆ कथा कहानी ☆ — राज – भोग — ☆ श्री रामदेव धुरंधर ☆

कहा जाता है पुराने ज़माने में राज्य संचालन के नाम पर राजाओं के कानों में उल्टे – सीधे मंत्र फूँकने के लिए उनके नौ रत्न होते थे। यह सच हो तो इतनों के ही पेट भरने की खातिर राजाओं को न जाने कितने गरीबों के पेट में लात मारने के लिए सिपाहियों को दौड़ाना पड़ता होगा। गरीब रो – रो कर जब कहे मेरे पेट में लात न मारो तो उनसे कहा जाता होगा लात न मारें तो नौ रत्नों को क्या घास खिला कर चिकन – चाकन मुस्टंडा बनाएँगे। अत: हर हालत में तुम लोग लात खाओ और प्रार्थना में दिल खोल कर कहो उन मुस्टंडों का पेट इतना भर जाए कि भविष्य के लिए भी उन के काम आ सके। उनके लिए यहाँ जो प्रार्थना करो तुम्हारे मरने पर वह प्रार्थना तुम्हारे साथ जाए। भगवान से कहना एक विशेष कारण से प्रार्थना साथ ले कर आए हो। भगवन, अगला जन्म दो तो यह प्रार्थना हमारे साथ ही धरती पर जाए। इस प्रार्थना का मर्म यह है प्रभु, वे जो ‘नौ रत्न’ नाम से जाने जाते हैं उनका स्वास्थ्य इसी तरह अजर अमर हो तभी तो वे अपने सत्ता भोगी राजा के यहाँ नौ रत्न का सुख भोग कर सकेंगे।

यह जिस राजा की कहानी लिखी जा रही है वह निराला राजा था। वह चाहे नौ रानियाँ नहीं रखता, लेकिन रखता तो अठारह रत्न अवश्य रखता। उसने जैसा सोचा वैसा किया। उसने अपने निरालेपन की जय के लिए अठारह रत्न रख कर गरीबों के पेट में दोहरी लात मरवायी। इन अठारह रत्नों के कारनामे तो और निराले हुए। सभी अपनी – अपनी परिभाषा की एक – एक कहानी थे। अठारह रत्नों में जो अंतिम था वह अंधा था। क्रम में जो पहला था वह बहरा था। बाकी जो सोलह रत्न थे वे जब असेंबली में प्रवेश करते थे तो उनका आतिथ्य बहरा करता था और निकलते वक्त अंधा उन्हें रास्ता दिखाता था। इन अठारह रत्नों की बदौलत राजा ने आजीवन राज किया। इस पर एक महाकाव्य लिखा गया है। पर उसका दाम लाखों रूपए है। हमारे वर्तमान में जो राजनेता इस तरह का राजा बनने का शौक रखता है अपने ज्ञान वर्द्धन के लिए जन – कोष से वह महाकाव्य ज़रूर खरीदता है।

© श्री रामदेव धुरंधर

04 / 08 / 2017

संपर्क : रायल रोड, कारोलीन बेल एर, रिविएर सेचे, मोरिशस फोन : +230 5753 7057   ईमेल : rdhoorundhur@gmail.com

संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares
2 1 vote
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments