श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए दैनिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “स्वार्थ और परमार्थ…“।)

?अभी अभी # ११३५ ⇒ आलेख – स्वार्थ और परमार्थ ? श्री प्रदीप शर्मा  ?

स्वार्थ का मतलब, मतलब होता है। बिना मतलब के कोई रिश्ता नहीं होता। स्व के अर्थ को जानना ही स्वार्थ है। आप ही अगर अपना हित नहीं समझ पाए, तो कौन समझेगा। परमार्थ का मार्ग स्वार्थ से ही होकर गुजरता है। पहले हरिद्वार, फिर ऋषिकेश।

सुर, नर, मुनि सब कै यह रीती।

सर्वारथ लागि करहिं सब प्रीति।।

तुलसीदास जी अपने तरीके के कबीर थे। देवता हो या मनुष्य, बिना मतलब के अथवा अपने हित के, हम किसी से प्रेम नहीं करते। हां, उसे नि: स्वार्थ प्रेम का नाम जरूर दे सकते हैं।

अपने लिए, जिये तो क्या जिये,

तू ही ऐ दिल, ज़माने के लिए

कितना अच्छा लगता है न !

बस यही तो परमार्थ है। कुछ खाओ, पियो मत, हवा पानी से पेट भर लो। हमारी मूल भूत आवश्यकताओं की पूर्ति से ही हमारा अस्तित्व है। रोजी रोटी भी कमाना पड़ता है। बाल बच्चों को भी पालना पड़ता है। यह सब तो ठीक है, लेकिन उसे स्वार्थ का नाम मत दो। हमें स्वार्थ शब्द से ही चिढ़ है।।

स्वयं का कल्याण ही परमार्थ है। हां अगर आप अपने मैं को व्यापक कर सकते हैं, सब प्राणियों में उसी मैं को मौजूद पाते हैं, तो आप सच्चे परमार्थ की ओर अग्रसर हो सकते हैं। एक शब्द है सेवा, जो स्वार्थ को परमार्थ से जोड़ता है। समाज सेवा के लिए कितने रोटेरियन और लॉयन, सामाजिक, पारमार्थिक संस्थाएं एवं एन जी ओ, आश्रम, धर्मशाला, वृद्धाश्रम और अनाथाश्रम यह दायित्व निभा रहे हैं। दिव्यांग और स्पेशल चाइल्ड की दुनिया ईश्वर के अलग रूप के ही दीदार कराती है। इंसान अपना दुख भूल जाता है, उसे अपनी नहीं, दीन दुनिया की चिंता सताने लगती है।

वह अपने हित से ऊपर उठकर, समाज के हित के बारे में सोचने लगता है। चिंतन, विचार की शक्ल ग्रहण करता है, और कोई ईश्वरीय शक्ति उसे समाज के वंचित, उपेक्षित एवं अभावग्रस्त तबके के लिए कुछ करने के लिए प्रेरित करती है। ईश्वर स्वयं धरती पर नहीं उतरता, लेकिन वह अपने फरिश्तों को ज़मीन पर उतारता है, जो उसका कार्य निष्काम रूप से कर जाते हैं।।

यह दुनिया अच्छी भी है, और बुरी भी। कुछ लोग लोभ, लालच और अपने स्वार्थ में ही अंधे हैं, तो कुछ अपने स्व से ऊपर उठकर दूसरों को भी दुख दर्द दूर करते हैं। कुछ अच्छे काम धर्म के नाम पर पुण्य कमाने के लिए किए जाते हैं तो कुछ चैरिटी दिखाने के लिए भी की जाती है। पुण्य कमाने से स्वर्ग मिलता है, यह धारणा व्यक्ति को धार्मिक, दानशील और दयालु बना देती है। वह खूब धन कमाता है और धर्मात्मा कहलाता है कथा, प्रवचन, सत्संग कीर्तन में वह यजमान का स्थान ग्रहण कर लेता है। अब उसे स्वर्ग जाने से कोई नहीं रोक सकता।

एक सूक्ष्म संसार दुआ और बददुआ का भी होता है। जब जीव दुखी होता है तो उसके मन से बददुआ निकलती है। जिसे भी वह दुख का कारण मानता है, उसे कोसता है। वहीं, जहां से भी उसे खुशी मिलती है, चैन सुकून मिलता है, वहां उसके अंदर से दुआ निकलती है। सबके कल्याण का भाव ही प्रार्थना है। हम किसी के लिए अगर कुछ अच्छा कर नहीं सकते, तो कम से कम उसके बारे में अच्छा सोच तो सकते ही हैं। लेकिन हम इतना गिर गए हैं कि आजकल मरने वाले के लिए भी बददुआ देने लग गए हैं। हमारे पूर्वाग्रह और दुराग्रह हमें इंसान की जगह हैवान बनाने लग गए हैं।।

स्वर्ग कहां है, कोई नहीं जानता। अमीरी गरीबी की खाई को हम पाट नहीं सकते। नेकी बदी के अंतर को मिटाना तो ईश्वर के हाथ में भी नहीं। मनुष्य जीवन को सर्वश्रेष्ठ माना गया है। अपने हित से ऊपर उठकर अगर पर हित के बारे में भी सोचा जाए, बस यही परमार्थ है, स्वर्ग है, मुक्ति और मोक्ष का द्वार है ;

पर हित सरिस धर्म नहिं भाई।

पर पीड़ा सम नहिं अधमाई।।

♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

≈ संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted