श्री अरुण कुमार डनायक
(श्री अरुण कुमार डनायक जी महात्मा गांधी जी के विचारों केअध्येता हैं. आप का जन्म दमोह जिले के हटा में 15 फरवरी 1958 को हुआ. सागर विश्वविद्यालय से रसायन शास्त्र में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त करने के उपरान्त वे भारतीय स्टेट बैंक में 1980 में भर्ती हुए. बैंक की सेवा से सहायक महाप्रबंधक के पद से सेवानिवृति पश्चात वे सामाजिक सरोकारों से जुड़ गए और अनेक रचनात्मक गतिविधियों से संलग्न है. गांधी के विचारों के अध्येता श्री अरुण डनायक जी वर्तमान में गांधी दर्शन को जन जन तक पहुँचाने के लिए कभी नर्मदा यात्रा पर निकल पड़ते हैं तो कभी विद्यालयों में छात्रों के बीच पहुँच जाते है.
आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय लघुकथा – नाम स्मरण।)
☆ कथा-कहानी – लघुकथा – नाम स्मरण… ☆ श्री अरुण कुमार डनायक ☆
(चुनिंदा २५ लघुकथाओं में से एक)
सुशीला को मुंबई आए एक महीना हो गया था। शो-केस में रखी राधाकृष्ण की मूर्ति देखकर उसका मन रोज कसक उठता।
एक दिन वह स्वयं को रोक न सकी। उसने रिया से कहा, “बहू, कितनी श्रद्धा से अपने देवघर में विराजित यह राधाकृष्ण की मूर्ति मैंने तुम्हें दी थी। सोचा था, तुम दोनों प्रतिदिन इसकी पूजा कर अपने दांपत्य जीवन की मंगलकामना करोगे।”
रिया कुछ संकोच के साथ बोली “मम्मी, नौकरी की भागदौड़ ऐसी है कि अपने लिए ही समय नहीं मिल पाता।“
बहू की विवशता और अपने संस्कारों के बीच सुशीला का मन उलझ गया था। उसने अमन की ओर देखा—”क्यों बेटा, क्या तुम भी अपने घर के संस्कार भूल गए?”
अमन ने माँ का हाथ थाम लिया। “माँ, तुम्हारे और बाबूजी के दिए संस्कार मैं कैसे भूल सकता हूँ? हमारी कठिनाई श्रद्धा की नहीं, समय की है।”
बेटे-बहू के उत्तर सुनकर सुशीला को पहली बार लगा कि यह नई पीढ़ी का एक नया संकट है। तभी उसे अपनी सास की सीख याद आई। उसने श्रद्धापूर्वक रामचरितमानस उठा ली। संयोग से जो पृष्ठ खुला, उस पर उसकी दृष्टि ठिठक गई—
“राम एक तापस तिय तारी।
नाम कोटि खल कुमति सुधारी॥”
चौपाई पढ़ते-पढ़ते सुशीला के चेहरे पर संतोष की आभा फैल गई।उसने नाम-महिमा का प्रसंग अमन और रिया को सुनाया। कुछ क्षण कमरे में मौन रहा। फिर अमन ने धीरे से कहा, “माँ, शायद हम पूजा का अर्थ ही बहुत सीमित समझ रहे थे।”
रिया भी बोली ” मम्मी, अब समझ आया… समय कम हो सकता है, श्रद्धा नहीं।”
शो-केस में विराजमान राधाकृष्ण मुस्कुरा रहे थे।
© श्री अरुण कुमार डनायक
42, रायल पाम, ग्रीन हाइट्स, त्रिलंगा, भोपाल- 39





