आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’
(आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ जी संस्कारधानी जबलपुर के सुप्रसिद्ध साहित्यकार हैं। आपको आपकी बुआ श्री महीयसी महादेवी वर्मा जी से साहित्यिक विधा विरासत में प्राप्त हुई है । आपके द्वारा रचित साहित्य में प्रमुख हैं पुस्तकें- कलम के देव, लोकतंत्र का मकबरा, मीत मेरे, भूकंप के साथ जीना सीखें, समय्जयी साहित्यकार भगवत प्रसाद मिश्रा ‘नियाज़’, काल है संक्रांति का, सड़क पर आदि। संपादन -८ पुस्तकें ६ पत्रिकाएँ अनेक संकलन। आप प्रत्येक सप्ताह रविवार को “साप्ताहिक स्तम्भ – सलिल प्रवाह” के अंतर्गत आपकी रचनाएँ आत्मसात कर सकेंगे। आज प्रस्तुत है – दोहा सलिला – दीपक।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – सलिल प्रवाह # २९८ ☆
☆ दोहा सलिला – दीपक ☆ आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ ☆
☆
दीप दिया दीपक रहा, पाता कीर्ति सुनाम।
जलें तेल-बाती सिसक, जग उजियार अनाम।।
श्रेय क्यों नहीं पा रहे
गीत हम नहीं गा रहे
.
दीपक बाती तेल ज्यों, तन-मन अरु संसार।
मिलें त्रिवेणी सदृश जब, तब मेटें अँधियार।।
उजाला व्याप सके तब
मिटा तम-शाप सकें तब
.
तम को अशुभ न मानता, नहीं मिटाता दीप।
रखे सुरक्षित छिपाकर, जैसे मोती सीप।।
न मानो नीचे देखो
तिमिर रक्षित है लेखो
.
तम में छिपा प्रकाश है, यही दीप का सत्य।
सृष्टि जन्म अँधियार से, होता सत्य अनित्य।।
गर्भ में रहे अँधेरा
जीव जी करे सवेरा
.
तम न अगर हो रात में, हो न शयन-विश्राम।
चौबिस घंटे उजाला, करे दीप अविराम।।
कहो क्या सुखद रहेगा?
तिमिर को जगत भजेगा
.
शिव-हरि दोनों श्याम तम, शिवा-रमा गौरांग।
श्याम-श्वेत का मिलन ही, है माया की माँग।।
मोह-ममता-माया से
दीप जीवन काया से
.
दीपक करें प्रदीप्त जब, तम को रखिए याद
माटी बाती तेल सँग, अग्नि इन्हें आभार
पंच तत्वी जग-जीवन
स्वच्छ रख कर दें मधुवन
.
नयन दीप पा सराहो, सकल सृष्टि व्यापार
सबके प्रति अभिव्यक्त कर, धन्यवाद आभार
दिवाली सलिल मनेगी
जिंदगी-कली खिलेगी
☆
© आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’
७.११.२०२६
संपर्क: विश्ववाणी हिंदी संस्थान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१,
चलभाष: ९४२५१८३२४४ ईमेल: salil.sanjiv@gmail.com
≈ संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈






