हिन्दी साहित्य – कथा-कहानी ☆ होली विशेष – स्व गया प्रसाद और असहमत की – “होली है !” ☆ श्री अरुण श्रीवास्तव ☆

श्री अरुण श्रीवास्तव

(श्री अरुण श्रीवास्तव जी भारतीय स्टेट बैंक से वरिष्ठ सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। बैंक की सेवाओं में अक्सर हमें सार्वजनिक एवं कार्यालयीन जीवन में कई लोगों से मिलना जुलना होता है। ऐसे में कोई संवेदनशील साहित्यकार ही उन चरित्रों को लेखनी से साकार कर सकता है। श्री अरुण श्रीवास्तव जी ने संभवतः अपने जीवन में ऐसे कई चरित्रों में से कुछ पात्र अपनी साहित्यिक रचनाओं में चुने होंगे।  उन्होंने ऐसे ही कुछ पात्रों के इर्द गिर्द अपनी कथाओं का ताना बाना बुना है।

आज प्रस्तुत है – होली के रंग में असहमत का एक किस्सा स्व गया प्रसाद और असहमत की – “होली है !” )   

☆ कथा-कहानी ☆ होली विशेष – स्व गया प्रसाद और असहमत की – “होली है !” ☆ श्री अरुण श्रीवास्तव

गया प्रसाद जी का 101 वां जन्मदिन तिथि के अनुसार होली के दिन पड़ता था.इस मौज मस्ती के रंगों से भरे पर्व में जन्म लेने के कारण गया प्रसाद जी भी मस्त मौला इंसान थे. उनके सारे परिजन इस जन्मदिन को बड़े धूमधाम से मनाना चाहते थे पर इस बार बीस वर्ष पूर्व स्वर्ग सिधारी पत्नी काशी बाई ,गया प्रसाद जी के सपनों में लगभग एक सप्ताह से रोज आ रहीं थीं. और यही बोलती थीं कि “बहुत हो गया, किस चुड़ैल के चक्कर में नीचे बैठे हो,अपनी उमर का ख्याल करो, हमारे पास आ जाओ, इस बार होली साथ साथ खेलेंगे.” Go, went gone…. वाले गया प्रसाद जी, हमेशा की तरह ही पत्नी का आदेश नहीं टाल सके और यमराज एक्सप्रेस में अंतिम यात्रा की तत्काल बुकिंग करवा ही डाली.

पर जाने से पहले अपने परिवार के सारे सदस्यों को बुलाया और कहा “देखो मैं तो तुम्हारी दादी के साथ होली खेलने जा रहा हूँ, बहुत हो गया, कितना रुकता, आखिर काशी की बात तो मानना पड़ता ही है. सेंचुरी तो बन गई मेरी, परिवार भी हॉफ सेंचुरी मार चुका है. तो जाने के पहले मुझे वचन दो कि मेरी अंतिम यात्रा भी उसी धूम धाम से निकलेगी जैसे मेरी बारात निकली थी. अपना त्योहार खराब नहीं करना, रास्ते भर गुलाल उड़ाते जायेगी मेरी अंतिम यात्रा और हाँ शादी में तो अच्छा बैंड मिला नहीं था तो इस बार पैसे की परवाह नहीं करना,बैंड शानदार चाहिए. पोते ने पूछ ही लिया “बाबा जब बैंड बजेगा तो डांस करने के लिये पैर नहीं रोक पायेंगे।”

बाबा बोले “बिल्कुल करना पर उन चार लोगों को छोड़कर जो मुझे ले जाने वाले होंगे. “

होली के दिन गयाप्रसाद जी की अंतिम यात्रा बड़े धूमधाम से निकली, बैंड मौके के हिसाब से ही धुन बजा रहा था, पैरों को थिरकाने वाली धुनें नदारद थी. अचानक गयाप्रसाद जी की इस बारात का सामना, असहमत के दोस्तों की उस टोली से हुआ जो होली की मस्ती में झूम रहे थे और ढोल के नगाड़ों पर नाच रहे थे. जैसे ही सामने नजर पड़ी, असहमत के कुछ डांस को तरसते दोस्त जो कि शवयात्रा में “रामनाम सत्य है ” कर रहे थे,धीरे धीरे असहमत की हुड़दंगी टोली में शामिल होते गये.असहमत की “होली है ” की हुँकारऔर बजते ढोल से बैंड पार्टी भूल गई कि वो किस काम के लिये बुलाये गये थे. फिर बैंड की ढोल के साथ की जुगलबंदी ने डांस को तरसते युवाओं की टोली की मुराद पूरी कर दी और डांस का ये कार्यक्रम लगभग 30 मिनट चलता रहा. जब दिल की भड़ास निकल गई तो दोनों टोलियां अपने अपने रास्ते चल पड़ीं, एक मुक्तिधाम की ओर और दूसरी मधुशाला में एक और जाम की ओर. इस मनोरंजक व्यवधान में जो चार लोग अर्थी संभाले थे, उन लोगों ने भी बाकायदा इज्जत के साथ अर्थी को नीम के पेड़ के नीचे रख दिया और डांस के बाद फिर अपना कार्यभार संभाल लिया. ये दृश्य ऊपर पहुँच चुके गया प्रसाद जी भी अपनी पत्नी काशी बाई के साथ देख रहे थे और उन्होंने भी विभोर होकर होली की हुंकार “होली है” रूपी आशीष सब की ओर भेज दिया.

© अरुण श्रीवास्तव

संपर्क – 301,अमृत अपार्टमेंट, नर्मदा रोड जबलपुर

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ संवाद # 89 ☆ पौध संवेदनहीनता की ☆ डॉ. ऋचा शर्मा ☆

डॉ. ऋचा शर्मा

(डॉ. ऋचा शर्मा जी को लघुकथा रचना की विधा विरासत में  अवश्य मिली है  किन्तु ,उन्होंने इस विधा को पल्लवित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी । उनकी लघुकथाएं और उनके पात्र हमारे आस पास से ही लिए गए होते हैं , जिन्हें वे वास्तविकता के धरातल पर उतार देने की क्षमता रखती हैं। आप ई-अभिव्यक्ति में  प्रत्येक गुरुवार को उनकी उत्कृष्ट रचनाएँ पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है एक संवेदनशील लघुकथा ‘पौध संवेदनहीनता की’. डॉ ऋचा शर्मा जी की लेखनी को इस ऐतिहासिक लघुकथा रचने  के लिए सादर नमन।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – संवाद  # 89 ☆

☆ लघुकथा – पौध संवेदनहीनता की ☆

 सरकारी आदेश पर वृक्षारोपण हो रहा था। बड़ी तादाद में गड्ढ़े खोदकर पौधे लगाए जा रहे थे । बड़े अधिकारियों ने मुस्कुराते हुए फोटो खिंचवाई। इसके बाद उन पौधों का क्या होगा? उसे इन सरकारी बातों का पता  ना था। उसने तो  पिता को फल खाकर उनके बीज सुखाकर इक्ठ्ठा करते देखा था। बस से कहीं जाते समय सड़क के किनारे की खाली जमीन में वे बीज फेंकते जाते। उनका विश्वास था कि ये बीज जमीन पाकर फूलें – फलेंगे। बचपन में पिता के कहने पर बस में सफर करते समय उसने भी कई बार खिड़की से बीज उछालकर फेंके थे। आज वह भी यही करता है, उसके बच्चे  देखते रहते हैं।

सफर पूराकर वह पहुँचता है महानगर के एक फलैट में जहाँ उसकी माँ अकेले रह रही है।  सर्टिफाईड कंपनी की कामवाली महिला और नर्स माँ की देखभाल के लिए रख दी है। बिस्तर पर पड़े – पड़े माँ के शरीर में घाव हो गए हैं। बीमारी और अकेलेपन के कारण वह चिड़चिड़ी होती जा रही है। बूढ़ी माँ की आंखें आस-पास कोई पहचाना चेहरा ढूंढती हैं। मोबाईल युग में सब कुछ मुठ्ठी में है। दूर से ही सब मैनेज हो जाता है। कामवाली महिला वीडियो कॉल से माँ को बेटे – बहू के दर्शन करा देती है। सब कैमरे से ही हाथ हिला देते थे, माँ तरसती रह जाती। वह समझ ही नहीं पाती यह मायाजाल। अचानक कैसे बेटा दिखने लगा और फिर कहाँ गायब हो गया? बात खत्म होने के बाद भी वह बड़ी देर फोन हाथ में लिए उलट- पुलटकर देखती रहती है। माँ चाहती है दो बेटे – बहुओं में से कोई तो रहे उसके पास, कोई तो आए ।

माँ से मिलकर वह निकल लिया काम निपटाने के लिए। एक काम तो निपट ही गया था। पिता  पेड़ – पौधों के लिए बीज डालना तो सिखा गए थे पर लगे हुए  पेड़ों को खाद पानी देना नहीं सिखा पाए। अनजाने में वह भी अपने  बच्चों को  संवेदनहीनता की पौध थमा रहा था?

© डॉ. ऋचा शर्मा

अध्यक्ष – हिंदी विभाग, अहमदनगर कॉलेज, अहमदनगर. – 414001

122/1 अ, सुखकर्ता कॉलोनी, (रेलवे ब्रिज के पास) कायनेटिक चौक, अहमदनगर (महा.) – 414005

e-mail – richasharma1168@gmail.com  मोबाईल – 09370288414.

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिंदी साहित्य – यात्रा-वृत्तांत ☆ धारावाहिक उपन्यास – काशी चली किंगस्टन! – भाग – 1 ☆ डॉ अमिताभ शंकर राय चौधरी ☆

डॉ अमिताभ शंकर राय चौधरी

(डॉ अमिताभ शंकर राय चौधरी जी एक संवेदनशील एवं सुप्रसिद्ध साहित्यकार के अतिरिक्त वरिष्ठ चिकित्सक  के रूप में समाज को अपनी सेवाओं दे रहे हैं। अब तक आपकी चार पुस्तकें (दो  हिंदी  तथा एक अंग्रेजी और एक बांग्ला भाषा में ) प्रकाशित हो चुकी हैं।  आपकी रचनाओं का अंग्रेजी, उड़िया, मराठी और गुजराती  भाषाओं में अनुवाद हो  चुकाहै। आप कथाबिंब ‘ द्वारा ‘कमलेश्वर स्मृति कथा पुरस्कार (2013, 2017 और 2019) से पुरस्कृत हैं एवं महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा द्वारा “हिंदी सेवी सम्मान “ से सम्मानित हैं।

 ☆ यात्रा-वृत्तांत ☆ धारावाहिक उपन्यास – काशी चली किंगस्टन! – भाग – 1 ☆ डॉ अमिताभ शंकर राय चौधरी

(हमें  प्रसन्नता है कि हम आज से आदरणीय डॉ अमिताभ शंकर राय चौधरी जी के अत्यंत रोचक यात्रा-वृत्तांत – “काशी चली किंगस्टन !” को धारावाहिक उपन्यास के रूप में अपने प्रबुद्ध पाठकों के साथ साझा करने का प्रयास कर रहे हैं। कृपया आत्मसात कीजिये।)

जफर के शहर में :

चल उड़ जा रे पंछी, कि अब यह देस हुआ बेगाना! तो लीजिए, आ गयी पहली मंजिल। जब हम दोनों मियां बीबी नई दिल्ली स्टेशन के प्लैटफार्म पर उतर आये तो मड़ुवाडीह से दिल्ली तक की सहयात्री उस गुजराती महिला ने पूछा,‘कहाँ जाइयेगा?’

‘पहाड़गंज।’

‘ओ! हमें तो दूसरी ओर जाना है। तो फिर, जय श्रीश्याम!’

अब हमें क्या मालूम कि पहाड़गंज किस पहाड़ पर स्थित है ? वैसे उन लोगों ने सुबह सुबह हमारी खातिरदारी करने की काफी कोशिश की थी,‘अरे लीजिए न। घर की बनी पूरी है। नमकीन है।’ उनके पिताजी तो बीच बीच में बंगला में भी कहने लगे थे,‘आरे खेये निन। किछू हबे ना। आमादेर काछे एतो आछे, कि होबे ?’हमारे पास इतना सारा है, क्या करूँगा इनका ?

मगर एक तो ट्रेन लेट थी, फिर न मुँह मार्जन हुआ, कइसे इ कुल गले के नीचे उतारें? चाय की बात तो अलग है। आखिर पेट के इंजन में भाप न हो तो वह चलेगा कैसे?

रात में उन्हें मड़ुवाडीह स्टेशन तक छोड़ने जाने कितने लोग आये थे। शायद समधी एवं समधी के बेटे प्लस और भी रिश्तेदार। कोई उनका पैर छू रहा था, तो कोई उनसे भरत मिलाप कर रहा था। और वे सभी को ‘जय श्री श्याम , जय श्री श्याम’ कर रहे थे। बनारस के ठठेरी बाजार (जहाँ भारतेन्दु भवन स्थित है) के गुजराती अवाम तो ‘जय श्री कृष्ण!’से ही काम चलाते हैं। और इस माछी भात खानेवाले दंपति की हालत जरा सोचिए। लाख ना ना करने के बावजूद मेरी छोटी भ्रातृजाया रूमा ने हमारे लिए मटन की एक नयी डिश बना कर दी थी – ट्रेन में खाने के लिए। उधर वैष्णव और इधर शाक्त।‘बड़े भैया और दीदीभाई को उनके फॉरेन ट्रिप में एक नयी चीज खिलाऊँगी।’

मुँह में पानी आ रहा था पर हम मना रहे थे,‘हे प्रभु ,हमारी डिश की खूशबू उन लोगों तक न पहुँचे!’

‘कहाँ जाना है साहब?’

‘कामा गेस्ट हाऊस। चूनामंडी।’ नई दिल्ली स्टेशन से हम दोनां पहाड़गंज की ओर से बाहर निकले कि सामने आटोवाले आ धमके। आते समय ओवरब्रिज पर एक जगह तो इतनी भीड़ थी कि एक मक्खी को भी आगे बढ़ने के लिए हौसला बुलन्द होना चाहिए। वहाँ लोहे का बैरिकेड लगाकर शायद कोई मरम्मत का कार्य प्रगति पर था। उसीमें एक प्रज्ञाचक्षु अपने दोस्त का हाथ पकड़ कर चल रहे हैं। तो मैं अपना सूटकेस लेकर भीड़ की लहरों से लोहा लूँ या उनसे ‘पहले आप’ की शराफत निभाऊँ ?

अभी कुछ दिन पहले मेरे छोटे मामा और मामी दिल्ली आये हुए थे। वे बराबर इसी होटल में ठहरते हैं। सो उन्होंने ही हमारे लिए यहाँ कह रक्खा था। तो जब ऑटोवाले पूछ रहे थे तो मैं ने उस होटल का नाम बताया और पूछा, ‘क्या लोगे?’

‘दस रुपये।’

मैं चौंका। अरे बापरे! यह क्या किस्सा है ? सवा सेर भाजी, सवा सेर खाजा? बनारस में तो ऐसे रिक्शा पर बस चढ़ते ही आजकल बीस रुपये हो जाते हैं। क्या कामा गेस्ट हाऊस स्टेशन प्रांगन में ही खड़ा है? तबतक उसने खुल्लम खुल्ला प्यार करेंगे के अंदाज में फरमाया,‘अगर बुकिंग नहीं है तो चलिए दूसरे होटल में पहुँचा देते हैं। साफ बात है – वे हमें पचास देते हैं। हम आपसे दस ले रहे हैं। यही रेट है।’

तबतक मंच पर खाकी वर्दी का आविर्भाव। मक्खिओं को हाँकने के अंदाज में उनका फरमान,‘ऐ यहाँ से हटो।’

पति पत्नी हो गये रिक्शे पर विराजमान। चल निकली सवारी की शान। चलो मन गंगा जमुना तीर …..

आज रात दिल्ली में डेरा जमायेंगे। कल दिल्ली को कहेंगे – गुडबाई! कनाडा के लिए। वहाँ मॉन्ट्रीयॉल और टोरॅन्टो के बीच किंगसटन नामक नगर में निवास करते हैं हमारे बिटिया दामाद।

रमजान का पाक महीना था। तो सोचा आज की शाम दिल्ली के नाम। मेट्रो से पहुँचा चाँदनी चौक। फिर पूछते हुए मेट्रो स्टेशन से पराठा गली। वहाँ रिक्शा ले रहा था तो लगा, यह दिल्ली नहीं ढाका है क्या? इतने सारे बंगाली रिक्शेवाले? इधर के कि उधर के? खुदा जाने। पूछने पर तो उस रिक्शेवाले ने बताया कि उसका देसेर बाड़ी पश्चिम दिनाजपुर में है। यानी इस तरफ। आफताब अलविदा करे, इसके पहले ही हम पहुँचे जामा मस्जिद। उस समय असर की नमाज के बाद रोजेदार इफ्तार कर रहे थे। चारों ओर फल, बिरियानी और तरह तरह के पकवानों की खुशबू। खुदा के दरबार में इंसानों का मेला। फिर अजान की आवाज आयी। लोग धीरे धीरे अंदर दाखिल होने लगे।

वापसी में पराठा गली का जायका। विथ लस्सी। फिर बैक टू पैविलिअन – कामा गेस्ट हाऊस , चूनामंडी। अगले दिन सुबह केएलएम फ्लाइट का चेक इन कर लिया। सबकुछ जिन्दगी में पहली बार हो रहा था। पहला अहसास। एक इंटरनेट कैफे ढूँढ़कर प्रिंट आउट भी ले लिया। कोलोन में बैठा बेटा बार बार हिदायत देता रहा। उधर दामादराम ने नाको दम कर रखा था कि रूम में एसी है कि नहीं। सो हमने रूम की फोटो लेकर व्हाटस ऐप पर भेज दिया। लो भई, डकुमेंटरी एविडेंस। बेचारे को फिकर इस बात की है कि उसके सास ससुर को रास्ते में जरी सी भी तकलीफ न हो। वाह! करीब चौबीस घंटे – प्लेन में या एअरपोर्ट में – जो आसन जमा कर बैठना पड़ेगा, उसका क्या ?

जनाब, ओला कैब को मैं ने स्मार्ट फोन पर इन्सटॉल तो कर लिया था, मगर उसे बुक करना हम देहातिओं के लिए इतना आसान कहाँ? स्मार्ट फोन को हैन्डिल करने लायक स्मार्ट हम थोड़े न हैं। हाथ में स्मार्ट फोन धरे हम अनस्मार्ट बने बैठै रहे। कोई डाइरेक्ट वार्तालाप तो हो नहीं रहा था। सब रिकार्डेड मेसेज। यह नंबर दबाओ, वह नम्बर दबाओ। हाँ, बाद में पता चला कि हर शहर के लिए उनलोगों का एक ही फोन नम्बर है। खैर, सीधे फोन पर बात हुई। गाड़ी आयी। हमने ली दिल्ली से बिदाई।

सुबह ही चेक इन कर रक्खा था, तो कुछ इतमीनान था। फिर भी डरते डरते – पहली बार हवाई सफर प्लस विदेश यात्रा होने के कारण यह बनारसी मियां बीवी करीब दस बजे एअर पोर्ट में दस्तक देने पहुँच गये।

जहाँपनाह, आलीजाँ, हम हो गये हाजिर !

चलो, वहाँ खड़े हो जाओ। बेल्ट, पर्स, कीरिंग वगैरह झोले में भरो। यह लिखो, वो लिखो। वहाँ क्यों जा रहे हो? वहाँ कौन है? राहे मोहब्बत आसान नहीं है यार। कुछ पटाने में (वीसा बनाने में) लग गये, कुछ इंतजार में! …..आखिर….

शाम से कुछ खाया नहीं था। होटल में एक चाय मँगाकर उसी से ….। इस पार प्रिये तुम हो, चाय है, एक सागर (पानपात्र) से हो जायेगा! सोचा आइसक्रीम से गला तर कर लूँ। सुन रक्खा था पंछी उड़ने के एक डेढ़ घंटे बाद लोग दिव्य भोजन करवायेंगे। तो काँहे के खर्च करूँ जेब से अठन्नी भी ? मगर एक छोटे कप आइसक्रीम का ही 249 ! अबे दिल में हो दम, तो क्यों ले रहा है 250 से कम?आखिर पचास रुपये की कुल्फी पर जाकर नजरें टिकीं। मगर वहाँ भी हाथी का दाँत। दिखाने के और, खाने के और। सर्विस टैक्स लेकर 60रु। चल बेटा, निकाल 120। गला सूख कर काँटा होने दे। तब न आइसक्रीम का मजा आयेगा। 

दो एकबार वाशरूम जाना पड़ा। वाह जनाब, इसे कहते हैं क्लास। अब तक तो रेलवे वेटिंग रूम में या सुलभ शौचालय में नरक दर्शन होता रहा। आज नजारा ए जन्नत का दीदार हो गया। क्या बात है!

सिक्यूरिटी वगैरह की लक्ष्मण रेखा पार करके हम पहुँचे दिल्ली बाजार के सामने। चारों ओर सजी हुई दुकानें। रोशनी की चकाचौंध। आराम से एक सोफा पर बैठकर चारां ओर नजर घुमा रहा था। मुन्नाभाई बीएचयूवाले (डा0 आनन्दवर्धन) का लास्ट मिनट टिपस् आया – गेट नम्बर आठ में पहुँच कर लम्बे सोफे पर लम्बा हो जाइये। उड़नखटोले पर उड़ते समय जबड़ा चलाते रहियेगा। इसलिए चुइंग गम खरीद लीजिए। मन में जागा स्वाभाविक जिज्ञासा – क्या गरूड़ारोहन करते समय भगवान विश्णु भी चुइंग गम चबाते रहे? पुराण का एक प्रश्न। आनन्द के कथनानुसार चुइंगगम लेने पहुँचा। 80रु पैकेट। भलीभाँति समझ में आ गया कि ‘गम’ की भी कीमत होती है।        

कभी कोई सोच भी सकता है कि रात एक डेढ़ बजे भारतीय रेलवे का पूछताछ काउंटर खुला है? मगर यहाँ खुला भी है और कोई सूचना माँगने पर महोदय हँस कर जवाब भी दे रहे हैं। यह मेरा इंडिया और वो मेरा इंडिया – ये भी इंडियन, वो भी इंडियन। तो फिर यह फर्क काँहे का माई डिअर ? बैंक, रेलवे, कचहरी, कारपोरेशन आदि सरकारी दफ्तरों में किसी से कुछ पूछो तो वे ऐसा मुखड़ा बनाते हैं जैसे हम उनके घर का किवाड़ या दरवाजा खटखटा रहे हैं। बिजली विभाग या नगरमहापालिका की तो बात ही छोड़िए। उससे तो नरकदर्शन शायद अच्छा। कितने गम हैं जमाने में गालिब !

सूचना मिली आठ नम्बर गेट से प्लेन उड़ान भरेगी। और वह काफी दूर है। मगर उस सज्जन ने कहा,‘आप एअरपोर्ट टैक्सी से जा सकते हैं।’

इधर उधर कितनी सारी सजी हुई दुकानें। इतनी रात गये अभी भी सब जगमगा रहे हैं। उधर सामने एक ‘सरस्वती’ की दुकान भी। बहुत अच्छी लग रही है – करीने से सजी हुई किताबें। पर कब तक सिर्फ नेत्रों से खरीदारी यानी विन्डोशॉपिंग करें? आगे बढ़ता गया। उधर पहुँचा तो ट्रान्सपोर्टर बेल्ट चल रही है। चलो भइया, खड़े खड़े चले चलो। गति एवं स्थिरता की युगलबंदी। गेट नंबर आठ कोई यहाँ तो है नहीं। बहुत दूर है। ट्रान्सपोर्टर बेल्ट जहाँ खतम होती है, वहाँ से भी काफी आगे है वह द्वार। अतः एक एअरपोर्ट के चार पहिये को हाथ दिखाया। एक नहीं रुका। अगला रुक गया। एक अफ़्रीकी सहयात्री विराजमान थे। शकट से उतरते समय उन्होंने चालक की ओर एक नोट बढ़ा दिया।

‘ओह नो। थैंक्यू।’

मेरा सीना छत्तीस इंच का हो गया।

अपनी मंजिल में उतरकर हम एक सोफे पर बैठ गये। अभी करीब दो घंटे बाद फ्लाइट है। यानी तीन बजे के करीब। उसे रात कहें या भोर ? अरे सहगल साहब, आपने तो गाया था – सो जा राजकुमारी सो जा। क्यों जनाब, राजकुमारों को सोने की जरूरत नहीं है क्या ? आँखों में बैठी निंदियारानी, बढ़ा रही थी और परेशानी। सोचा जरा कलमबाजी कर लूँ। बैठे बैठे पैड पर कुछ स्केच बनाता रहा – चारों ओर दुनिया का सर्कस। फिर कुछ लिखने का प्रयास किया। मगर हाथ का दोस्त भी दगा दे गया। दिमाग लुँज। गीता में क्या लिखा है न कि जब सारी दुनिया सोती है तो जोगी लोग जागते हैं। हे विधाता, मैं जोगी थोड़े न हूँ।

अरे तुलसी बाबा ने मानस के अयोध्याकांड में लक्ष्मणजी का डायलॉग दिया है न, जब वे निशाद को समझा रहे थे? –

एहिं जग जामिनि जागहिं जोगी। परमारथी प्रपंच बियोगी।। जानिअ तबहिं जीव जग जागा। जब सब बिशय बिलास बिरागा।।  तो, इस जगत्रूपी रात्रि में योगीलोग जागते रहते हैं। जो कि जगत के प्रपंचों से मुक्त परमार्थी हैं। इस जगत में जीवको तभी ‘जागा’ हुआ समझिये जब वह सम्पूर्ण भोग विलास से वैराग्य ले ले।

वहाँ बैठे बैठे हम ऊँघते रहे। खट खुट खट खुट। एअरपोर्ट के कर्मचारी घेरे के स्टैंड को ट्राली पर रख रहे हैं। बीच के दरिया (ट्रान्सपोर्टर बेल्ट) के उस पार ईथिओपिया या जाने कहाँ की फ्लाइट के यात्रिओं को हँस हँस कर सुंदरियाँ आवभगत कर रही हैं। मुझे याद आ गया विभूति एक्सप्रेस के थर्ड एसी के बंगाली टीटी का चेहरा। ‘बाथरूम में पानी नहीं है’, कहने पर उसने जो मुँह बनाया, उसकी तुलना कतवार में पड़े पावरोटी के टुकड़े के लिए लड़ते झगड़ते सोनहा के दाँतों से ही की जा सकती है।

रात के कितने बजे हैं ?इसे यामिनी का कौन सा प्रहर कहा जाता है? मुर्गी क्या मुर्गे के लिए चाय बना रही है? यह कह रही है कि,‘मियाँ, ब्रश करके चाय पी लो। अभी तुम्हे बांग देनी है!’

इतने में बगल से गुजरने लगी नील परियाँ। जनाब, क्या हाइट है। अमिताभ बच्चन भी शर्मा जाए। मैं ठहरा उनका नामराशिमात्र। मैं तो जमीं में गढ़ गया। ये ही हैं केएलएम की एअरहोस्टेस। मेड इन हालैंड।

धीरे धीरे समय खिसकता गया। लंदन प्रवासी जर्मनी के दाढ़ीबाबा दार्शनिकों ने लिखा था – दुनिया का (लिपिबद्ध) इतिहास वर्ग संघर्ष का इतिहास रहा है। तो यहाँ भी पता चल गया क्लास यानी वर्ग क्या है। बिजनेस क्लास पहले, फिर इकोनॉमी क्लास की लाइन। उनका स्वागत पहले। लगे रहो लाइन में। असल में मुझे चलने में दिक्कत नहीं होती, मगर खड़े रहने पर घुटना कराहने लगता है। चलना ही जिन्दगी है, रुकना मौत तेरी …..  

फिर बोर्डिंग पास फाड़ो, आगे बढ़ जा यारों। जैसा सिनेमा या न्यूज चैनेल में देखा है, ना कोई वैसी बस , न प्लेन में चढ़ने की सीढ़ी। हाँ वतन लौटने पर स्पाइस जेट में वही व्यवस्था देखी। खैर, सीधे पहुँच गया प्लेन के अंदर। साथ में सहास्य स्वागत। मानो – हमारे अँगने में तुम्हारा ही तो काम है !

© डॉ. अमिताभ शंकर राय चौधरी 

संपर्क:  सी, 26/35-40. रामकटोरा, वाराणसी . 221001. मो. (0) 9455168359, (0) 9140214489 दूरभाष- (0542) 2204504.

ईमेल: asrc.vns@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – मनन चिंतन ☆ संजय दृष्टि – लघुकथा – वह लिखता रहा ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।  हम आपको प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक  पहुँचा रहे हैं। सप्ताह के अन्य दिवसों पर आप उनके मनन चिंतन को  संजय दृष्टि के अंतर्गत पढ़ सकते हैं। ) 

? संजय दृष्टि – लघुकथा – वह लिखता रहा ??

‘सुनो, रेकॉर्डतोड़ लाइक्स मिलें, इसके लिए क्या लिखा जाना चाहिए?’
..वह लिखता रहा…!

‘अश्लील और विवादास्पद लिखकर चर्चित होने का फॉर्मूला कॉमन हो चुका। रातोंरात (बद) नाम होने के लिए क्या लिखना चाहिए?’
..वह लिखता रहा…!

‘अमां क्लासिक और स्तरीय लेखन से किसीका पेट भरा है आज तक? तुम तो यह बताओ कि पुरस्कार पाने के लिए क्या लिखना चाहिए?’
..वह लिखता रहा…!

‘चलो छोड़ो, पुरस्कार न सही, यही बता दो कि कोई सूखा सम्मान पाने की जुगत के लिए क्या लिखना चाहिए?’
वह लिखता रहा…!

वह लिखता रहा हर साँस के साथ, वह लिखता रहा हर उच्छवास के साथ। उसने न लाइक्स के लिए लिखा, न चर्चित होने के लिए लिखा। कलम न पुरस्कार के लिए उठी, न सम्मान की जुगत में झुकी। उसने न धर्म के लिए लिखा, न अर्थ के लिए, न काम के लिए, न मोक्ष के लिए।

उसका लिखना, उसका जीना था। उसका जीना, उसका लिखना था। वह जीता रहा, वह लिखता रहा..!

©  संजय भारद्वाज

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार  सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय  संपादक– हम लोग  पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆  ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

writersanjay@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ कथा-कहानी #23 – ☆ कथा – कहानी # 23 – असहमत और पुलिस अंकल : 1 ☆ श्री अरुण श्रीवास्तव ☆ ☆ श्री अरुण श्रीवास्तव ☆

श्री अरुण श्रीवास्तव

(श्री अरुण श्रीवास्तव जी भारतीय स्टेट बैंक से वरिष्ठ सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। बैंक की सेवाओं में अक्सर हमें सार्वजनिक एवं कार्यालयीन जीवन में कई लोगों से मिलना जुलना होता है। ऐसे में कोई संवेदनशील साहित्यकार ही उन चरित्रों को लेखनी से साकार कर सकता है। श्री अरुण श्रीवास्तव जी ने संभवतः अपने जीवन में ऐसे कई चरित्रों में से कुछ पात्र अपनी साहित्यिक रचनाओं में चुने होंगे।  उन्होंने ऐसे ही कुछ पात्रों के इर्द गिर्द अपनी कथाओं का ताना बाना बुना है। आप प्रत्येक बुधवार साप्ताहिक स्तम्भ  में असहमत के किस्से आत्मसात कर सकेंगे।)   

☆ कथा – कहानी # 23 – असहमत और पुलिस अंकल : 1 ☆ श्री अरुण श्रीवास्तव 

पुलिस इंस्पेक्टर जॉनी जनार्दन, असहमत के पिताजी के न केवल सहपाठी थे, बल्कि गहरे दोस्त भी थे और हैं भी.जब तक उनकी पोस्टिंग, असहमत और उनके शहर में रही, असहमत के लिये मौज़ा ही मौजा़ वाली स्थिति रही बस एक कष्ट के अलावा. और ये कष्ट था उनकी धुप्पल खाने का. अब आप यह भी जानना चाहेंगे कि ये धुप्पल किस चिड़िया का नाम है और पुलिसकर्मियों से इसका क्या संबंध है. दर असल ये असहमत की पीठ पर लगाया जाने वाला पुलिस अंकल का स्नेहसिक्त प्रसाद है जो पुलिसिया हाथ की कठोरता के कारण असहमत को जोर से लगता था. इसका, असहमत के फेल होने, गल्ती करने या अवज्ञा करने से कोई संबंध नहीं था. ऐसा भी नहीं है कि ये प्रणाम नहीं करने से मिलता था, बल्कि ये प्रणाम के बाद मिलने वाला पुलसिया प्रसाद था जो बैकबोन को हलहला देता था. पर बदले में असहमत भी इसका पूरा फायदा उठाता था, अपने हमउम्रों पर धौंस जमाने में. उसकी दिली तमन्ना थी कि जानी जनार्दन अंकल की पुलसिया मोटरसाइकिल पर वो भी उनके साथ बैठकर शहर घूमे ताकि नहीं जानने वाले भी जान जायें कि इस असहमत रूपी नारियल को कभी फोड़ना नहीं है. ये तो पुलिस थाने के परिसर में बने मंदिर में चढ़ा नारियल है जो भगवान को पूरी तरह से समर्पित कर दिया गया है. इसका प्रसाद नहीं बंटता बल्कि उनका ज़रूर (प्रसाद) बंटता है जो ऐसा सोचते भी हैं. जब भी जॉनी पुलिस अंकल घर आते उनकी चाय पानी की व्यवस्था असहमत की जिम्मेदारी होती और यहां “चाय पानी” का मतलब सिर्फ पहले पानी और फिर कम शक्कर वाली चाय उपलब्ध कराना ही था, दूसरी वाली चाय पानी इंस्पेक्टर साहब स्वयं बाहर से करने के मामले में आत्मनिर्भर थे.

जब तक पुलिस अंकल की पोस्टिंग शहर में रही, “चाचू तो हैं कोतवाल, अब डर काहे का” वाली हैसियत और औकात बनी रही. पहचान के लोग डराये नहीं जाते बल्कि अपने आप डरते थे और लिहाज करते थे. यहाँ लिहाज़ का मतलब धृष्टता पर होने वाली ठुकाई को विलंबित याने सुअवसर आने पर इस्तेमाल करना था क्योंकि चंद दिनों की चांदनी के बाद अंधेरी रात का फायदा भले ही असहमत उठा ले पर सबेरा होने पर बचना मुश्किल हो ही जाना है आखिर वो दुर्योधन का बहनोई जयद्रथ तो है नहीं. असहमत जानता था कि पुलिस अंकल के ट्रांसफर हो जाने के बाद ये सारे दुष्ट कौरव और पीड़ित पांडव भी अपनी प्रतिज्ञा पूरी होने के सपने देख रहे हैं. अतः असहमत ने ऐसे लोगों की लिस्ट बनाना शुरु कर दिया जो आगे चलकर उसके लिये खतरा बन सकते थे. लिस्ट असहमत की फोकट का सिक्का जमाने की आदत के कारण थोड़ी लंबी जरूर थी पर योजनाबद्ध तरीके से कम की जा सकती थी जिसका प्लान तैयार था.

कहानी जारी रहेगी….

© अरुण श्रीवास्तव

संपर्क – 301,अमृत अपार्टमेंट, नर्मदा रोड जबलपुर

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी जी का साहित्य # 117 – लघुकथा – बेरंग होली…  ☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’ ☆

श्रीमती  सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’

(संस्कारधानी जबलपुर की श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’ जी की लघुकथाओं, कविता /गीत का अपना संसार है। साप्ताहिक स्तम्भ – श्रीमति सिद्धेश्वरी जी का साहित्य  शृंखला में आज प्रस्तुत है  स्त्री विमर्श पर आधारित एक संवेदनशील लघुकथा “*बेरंग होली… *”। ) 

☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी जी  का साहित्य # 117 ☆

☆ लघुकथा – बेरंग होली … 

होली की मस्ती और रंगों की बौछार लिए होली का त्योहार जब भी आता श्रेया के मन पर बहुत ही कडुआ ख्याल आने लगता।

अभी अभी तो वह यौवन की दहलीज चढी थी।आस पडोस सभी श्रेया की खूबसूरती पर बातें किया करते थे।

उसे याद है एक होली जब उसने अपने दोस्तों और सहेलियों के साथ खेली। एक दोस्त जो कभी उससे बात भी नहीं कर सकता था आज वह भी उसके साथ होली खेल रहा था। मस्ती और होली की ठंडाई, होली के रंगों के बीच किसे कब ध्यान रहा कि श्रेया को ठंडाई के साथ नशे की पुड़िया पिला दिया गया।

झूमते श्रेया को लेकर दोस्त जो उसे पागलों की तरह चाहता था। पहले रंगों, गुलाल से सराबोर कर दिया और मौका देखते ही सूनेपन का फायद उठाया और श्रेया को  जिंदगी का वह मोड़ दे दिया जहां से उबर पाना उसके लिए बहुत ही मुश्किल था।

होश आने पर अपने आपको डॉक्टर की चेम्बर में पाकर बेकाबू हो कर रोने लगी।

मम्मी पापा को उसकी हालत देख समझते देर न लगी कि रंगो की सुंदरता पर होली में किसी ने अचानक होली को बेरंग कर दिया है।

एक अच्छे परिवार के लड़के से शादी के बाद श्रेया के जीवन में होली तो हर साल आती। मगर अपने जीवन की बेरंग होली को भूल न  पाई थी।

तभी उसका बेटा जो हाथों में पिचकारी लिए दौड़कर अपनी मम्मी श्रेया के पास आकर बोला… “पापा कह रहे हैं वह माँ आपको बिना रंगों की होली पसंद है। यह भी कोई रंग होता है। मैं आज आपको पूरे रंगों से रंग देता हूं। आप भूल जाओगी अपने बिना रंगों की होली।”

श्रेया को जो अब तक होली रंगों से अपने आप को बंद कर लेती थी। आज गुलाल से लिपीपुति अपने पतिदेव से बोली..” बहुत वर्ष हो गए गए मैंने आपको बेरंग रखा।”

“आइए हम रंगीन होली खेलते हैं।” श्रेया को पहली बार होली पर खुश देखकर पतिदेव मुस्कुराए और गुलाल से श्रेया का पूरा मुखड़ा रंग दिया।

© श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’

जबलपुर, मध्य प्रदेश

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा-कहानी ☆ लघुकथा – फ्लाइंग किस ☆ श्री हरभगवान चावला ☆

श्री हरभगवान चावला

(सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्री हरभगवान चावला जी की अब तक पांच कविता संग्रह प्रकाशित। कई स्तरीय पत्र पत्रिकाओं  में रचनाएँ प्रकाशित। कथादेश द्वारा लघुकथा एवं कहानी के लिए पुरस्कृत । हरियाणा साहित्य अकादमी द्वारा श्रेष्ठ कृति सम्मान। प्राचार्य पद से सेवानिवृत्ति के पश्चात स्वतंत्र लेखन।) 

आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय एवं संवेदनशील लघुकथा   ‘फ्लाइंग किस’।)

☆ लघुकथा – फ्लाइंग किस ☆ श्री हरभगवान चावला ☆

कवि खंडहर देखते-देखते थक गया तो एक पत्थर पर जा बैठा । पत्थर पर बैठते ही उसे एक कराह जैसी चीख सुनाई दी । उसने उठकर इधर-उधर देखा । कोई आसपास नहीं था । वह दूसरे एक पत्थर पर जा बैठा । ओह, फिर वैसी ही कराह! वह चौंक गया और उठकर एक तीसरे पत्थर पर आ गया । वहाँ बैठते ही फिर एक बार वही कराह! कवि डर गया और काँपती आवाज़ में चिल्ला उठा, “कौन है यहाँ?”

“डरो मत । तुम अवश्य ही कोई कलाकार हो । अब से पहले भी सैंकड़ों लोग इन पत्थरों पर बैठ चुके हैं, पर किसी को हमारी कराह नहीं सुनी । तुम कलाकार ही हो न!”

“मैं कवि हूँ । तुम कौन हो और दिखाई क्यों नहीं दे रहे हो?”

“हम दिखाई नहीं देते, सिर्फ़ सुनाई देते हैं । हम गीत हैं- स्वतंत्रता, समता और सद्भाव के गीत । हम कलाकारों के होठों पर रहा करते थे । एक ज़ालिम बादशाह ने कलाकारों को मार डाला । उनके होठों से बहते रक्त के साथ हम भी बहकर रेत में मिलकर लगभग निष्प्राण हो गये । हम साँस ले रहे हैं पर हममें प्राण नहीं हैं । हममें प्राण प्रतिष्ठा तब होगी जब कोई कलाकार हमें अपने होठों पर जगह देगा । क्या तुम हमें अपने होठों पर रहने दोगे कवि?”

“……….”

“अच्छी तरह सोच लो कवि । यदि फिर से कोई अत्याचारी बादशाह गद्दी पर बैठ गया तो तुम्हारे प्राण संकट में फँस सकते हैं । तुम तैयार नहीं हो तो कभी कोई और आएगा।”

“मैं हूँ या कोई और, कोई अंतर पड़ने वाला नहीं है । सत्ता का अपना चरित्र होता है । बादशाह प्रायः ज़ालिम होते हैं ।”

“प्रजा का भी एक चरित्र होता है कवि! तुम जिस खंडहर को देखकर आ रहे हो, वह कभी बादशाह का आलीशान महल था । वह प्रजा ही थी, जिसने महल को खंडहर बनाया और बादशाह को भिखारी । प्राणों की भीख माँग रहा बादशाह कितना दयनीय लग रहा था, काश तुम उसकी कल्पना कर सको ।”

कवि को गीत बहुत अपने से लगे, अपनी आत्मा का हिस्सा हों जैसे । उस दिन के बाद गीत कवि के होठों पर मचलने लगे । कुछ समय बाद कवि को शासन के विरुद्ध असंतोष भड़काने के आरोप में कारागार में डाल दिया गया । गीत अब उतने भोले नहीं रह गये थे । वे किसी और कवि के होठों पर जा बैठे । वह भी जब कारागार में डाल दिया गया तो वे किसी और कलाकार के होठों पर चले गए । इस तरह कलाकार कारागार में आते गये और गीत पूरी रियासत में गूँजने लगे । एक दिन कवि ने सुना- प्रजा बादशाह के महल तक पहुँच गई है और बादशाह को लोगों ने काँपते देखा है । कवि को गीतों पर बहुत प्यार आया । उसने मुस्कुराते हुए एक चुम्बन गीतों की तरफ़ उछाल दिया । गीतों ने तुरंत उस चुम्बन को लपक लिया ।

(लघुकथा संग्रह ‘बीसवां कोड़ा’ से)

© हरभगवान चावला

सम्पर्क –  406, सेक्टर-20, हुडा,  सिरसा- 125055 (हरियाणा) फोन : 9354545440
≈ ब्लॉग संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा कहानी ☆ आशीष का कथा संसार#82 – सच्चा भक्त ☆ श्री आशीष कुमार ☆

श्री आशीष कुमार

(युवा साहित्यकार श्री आशीष कुमार ने जीवन में  साहित्यिक यात्रा के साथ एक लंबी रहस्यमयी यात्रा तय की है। उन्होंने भारतीय दर्शन से परे हिंदू दर्शन, विज्ञान और भौतिक क्षेत्रों से परे सफलता की खोज और उस पर गहन शोध किया है। 

अस्सी-नब्बे के दशक तक जन्मी पीढ़ी दादा-दादी और नाना-नानी की कहानियां सुन कर बड़ी हुई हैं। इसके बाद की पीढ़ी में भी कुछ सौभाग्यशाली हैं जिन्हें उन कहानियों को बचपन से  सुनने का अवसर मिला है। वास्तव में वे कहानियां हमें और हमारी पीढ़ियों को विरासत में मिली हैं। आशीष का कथा संसार ऐसी ही कहानियों का संग्रह है। उनके ही शब्दों में – “कुछ कहानियां मेरी अपनी रचनाएं है एवम कुछ वो है जिन्हें मैं अपने बड़ों से  बचपन से सुनता आया हूं और उन्हें अपने शब्दो मे लिखा (अर्थात उनका मूल रचियता मैं नहीं हूँ।”)

☆ कथा कहानी ☆ आशीष का कथा संसार #82 – सच्चा भक्त ☆ श्री आशीष कुमार

एक राजा था जो एक आश्रम को संरक्षण दे रहा था। यह आश्रम एक जंगल में था। इसके आकार और इसमें रहने वालों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी होती जा रही थी और इसलिए राजा उस आश्रम के लोगों के लिए भोजन और वहां यज्ञ की इमारत आदि के लिए आर्थिक सहायता दे रहा था। यह आश्रम बड़ी तेजी से विकास कर रहा था। जो योगी इस आश्रम का सर्वेसर्वा था वह मशहूर होता गया और राजा के साथ भी उसकी अच्छी नजदीकी हो गई। ज्यादातर मौकों पर राजा उसकी सलाह लेने लगा। ऐसे में राजा के मंत्रियों को ईर्ष्या होने लगी और वे असुरक्षित महसूस करने लगे। एक दिन उन्होंने राजा से बात की – ‘हे राजन, राजकोष से आप इस आश्रम के लिए इतना पैसा दे रहे हैं। आप जरा वहां जाकर देखिए तो सही। वे सब लोग अच्छे खासे, खाते-पीते नजर आते हैं। वे आध्यात्मिक लगते ही नहीं।’ राजा को भी लगा कि वह अपना पैसा बर्बाद तो नहीं कर रहा है, लेकिन दूसरी ओर योगी के प्रति उसके मन में बहुत सम्मान भी था। उसने योगी को बुलवाया और उससे कहा- ‘मुझे आपके आश्रम के बारे में कई उल्टी-सीधी बातें सुनने को मिली हैं। ऐसा लगता है कि वहां अध्यात्म से संबंधित कोई काम नहीं हो रहा है। वहां के सभी लोग अच्छे-खासे मस्तमौला नजर आते हैं। ऐसे में मुझे आपके आश्रम को पैसा क्यों देना चाहिए?’

योगी बोला- ‘हे राजन, आज शाम को अंधेरा हो जाने के बाद आप मेरे साथ चलें। मैं आपको कुछ दिखाना चाहता हूं।’

रात होते ही योगी राजा को आश्रम की तरफ लेकर चला। राजा ने भेष बदला हुआ था। सबसे पहले वे राज्य के मुख्यमंत्री के घर पहुंचे। दोनों चोरी-छिपे उसके शयनकक्ष के पास पहुंचे। उन्होंने एक बाल्टी पानी उठाया और उस पर फेंक दिया। मंत्री चौंककर उठा और गालियां बकने लगा। वे दोनों वहां से भाग निकले। फिर वे दोनों एक और ऐसे शख्स के यहां गए जो आश्रम को पैसा न देने की वकालत कर रहा था। वह राज्य का सेनापति था। दोनों ने उसके भी शयनकक्ष में झांका और एक बाल्टी पानी उस पर भी उड़ेल दिया। वह व्यक्ति और भी गंदी भाषा का प्रयोग करने लगा। इसके बाद योगी राजा को आश्रम ले कर गया। बहुत से संन्यासी सो रहे थे।उन्होंने एक संन्यासी पर पानी फेंका। वह चौंककर उठा और उसके मुंह से निकला – शिव-शिव। फिर उन्होंने एक दूसरे संन्यासी पर इसी तरह से पानी फेंका। उसके मुंह से भी निकला – हे शंभो। योगी ने राजा को समझाया – ‘महाराज, अंतर देखिए। ये लोग चाहे जागे हों या सोए हों, इनके मन में हमेशा भक्ति रहती है। आप खुद फर्क देख सकते हैं।’ तो भक्त ऐसे होते हैं।भक्त होने का मतलब यह कतई नहीं है कि दिन और रात आप पूजा ही करते रहें। भक्त वह है जो बस हमेशा लगा हुआ है, अपने मार्ग से एक पल के लिए भी विचलित नहीं होता। वह ऐसा शख्स नहीं होता जो हर स्टेशन पर उतरता-चढ़ता रहे। वह हमेशा अपने मार्ग पर होता है, वहां से डिगता नहीं है। अगर ऐसा नहीं है तो यात्रा बेवजह लंबी हो जाती है।

भक्ति की शक्ति कुछ ऐसी है कि वह सृष्टा का सृजन कर सकती है। जिसे मैं भक्ति कहता हूं उसकी गहराई ऐसी है कि यदि ईश्वर नहीं भी हो, तो भी वह उसका सृजन कर सकती है, उसको उतार सकती है। जब भक्ति आती है तभी जीवन में गहराई आती है। भक्ति का अर्थ मंदिर जा कर राम-राम कहना नहीं है। वो इन्सान जो अपने एकमात्र लक्ष्य के प्रति एकाग्रचित है, वह जो भी काम कर रहा है उसमें वह पूरी तरह से समर्पित है, वही सच्चा भक्त है। उसे भक्ति के लिए किसी देवता की आवश्यकता नहीं होती और वहां ईश्वर मौजूद रहेंगे। भक्ति इसलिए नहीं आई, क्योंकि भगवान हैं। चूंकि भक्ति है इसीलिए भगवान हैं।

© आशीष कुमार 

नई दिल्ली

संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा-कहानी ☆ लघुकथा – धन बनाम ज्ञान ☆ श्री विजय कुमार, सह सम्पादक (शुभ तारिका) ☆

श्री विजय कुमार

 

(आज प्रस्तुत है सुप्रसिद्ध एवं प्रतिष्ठित पत्रिका शुभ तारिका के सह-संपादक श्री विजय कुमार जी  की एक विचारणीय लघुकथा  “धन बनाम ज्ञान )

☆ लघुकथा – धन बनाम ज्ञान ☆

दोनों कॉलेज के दोस्त अरसे बाद आज रेलवे स्टेशन पर अकस्मात् मिले थे। आशीष वही सादे और शिष्ट् कपड़ों में था, हालांकि कपड़े अब सलीके से इस्त्री किये हुए और थोड़े कीमती लग रहे थे, जबकि दिनेश उसी तरह से सूट-बूट में था, पर उसके कपड़ों से अंदाजा लगाया जा सकता था कि उन्हें बहुत ज्यादा इस्तेमाल किया जा चुका है। आशीष के चेहरे पर वही पुरानी मुस्कुराहट और रौनक थी, जबकि दिनेश का चेहरा पीला पड़ गया लगता था, और उसमें अब वह चुस्ती-फुर्ती नज़र नहीं आ रही थी जो कॉलेज के दिनों में कभी हुआ करती थी।

आशीष तो उसे पहचान भी नहीं पाता, यदि दिनेश स्वयं आगे बढ़ कर उसे अपना परिचय न देता।

“अरे दिनेश यह क्या, तुम तो पहचान में भी नहीं आ रहे यार? कहाँ हो? क्या कर रहे हो आजकल?” आशीष ने तपाक से उसे गले लगाते हुए कहा।

“बस, ठीक हूँ यार, तुम अपनी कहो?” दिनेश ने फीकी सी हंसी हंसते हुए कहा।

“तुम तो जानते ही हो बंधु, हम तो हमेशा मजे में ही रहते हैं”, आशीष ने उसी जोशोखरोश से कहा, “अच्छा, वो तेरा मल्टीनेशनल कंपनी वाला बिज़नेस कैसा चल रहा है, कितना माल इकट्ठा कर लिया?”

“क्या माल इकट्ठा कर लिया यार, बस गुजारा ही चल रहा है। वैसे वह काम तो मैंने कब का छोड़ दिया था, और छोड़ दिया था तो बहुत अच्छा किया, वर्ना बिल्कुल बर्बाद ही हो जाता। उस कंपनी ने खुद को दिवालिया घोषित कर दिया, और लोगों का काफी पैसा हजम कर गयी। आजकल तो मैं अपना निजी काम कर रहा हूँ ट्रेडिंग का। गुजारा हो रहा है। तुम क्या कर रहे हो?”

“मैं आजकल इंदौर के एक कॉलेज में प्रोफेसर हूँ”, आशीष ने बताया, “कुल मिला कर बढ़िया चल रहा है।”

“तो तुम आखिर जीत ही गए आशीष”, दिनेश ने हौले से कहा तो आशीष चौंक गया, “कैसी जीत?”

“वही जो एक बार तुममें और मुझमें शर्त लगी थी”, दिनेश ने कहा।

“कैसी शर्त? मुझे कोई ऐसी बात याद नहीं?” आशीष को कुछ याद न आया।

“भूल गए शायद, चलो मैं याद करवा देता हूँ”, कह कर दिनेश ने बताया, “जब पहली बार किसी ने मुझे इस मल्टीनेशनल कंपनी का रुपए दे कर सदस्य बनने, अन्य लोगों को सदस्य बनाने और इसके महंगे-महंगे उत्पादों को बेच कर लाखों रुपए कमा कर अमीर बनने का लालच दिया, तो मैं उसमें फंस गया था। मैंने तुम्हें भी हर तरह का लालच दे कर इसका सदस्य बनाने की कोशिश की तो तुमने साफ मना कर दिया था। तुमने मुझे भी इस लालच से दूर रह कर पढ़ाई में मन लगाने की ताक़ीद दी थी। परंतु मैं नहीं माना। मुझे आज भी याद है कि तुमने कहा था, ‘धन और ज्ञान में से यदि मुझे एक चुनना पड़े तो मैं हमेशा ज्ञान ही चुनूँगा, क्योंकि धन से ज्ञान कभी नहीं कमाया जा सकता, परंतु ज्ञान से धन कभी भी कमाया जा सकता है। स्वयं ही देख लो, पढ़-लिख कर तुम फर्श से अर्श तक पहुंच गए, और मैं अर्श से फर्श पर…।

 

©  श्री विजय कुमार

सह-संपादक ‘शुभ तारिका’ (मासिक पत्रिका)

संपर्क – # 103-सी, अशोक नगर, नज़दीक शिव मंदिर, अम्बाला छावनी- 133001 (हरियाणा)
ई मेल- urmi.klm@gmail.com मोबाइल : 9813130512

≈ ब्लॉग संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ संवाद # 88 ☆ चिट्ठी लिखना बेटी ! ☆ डॉ. ऋचा शर्मा ☆

डॉ. ऋचा शर्मा

(डॉ. ऋचा शर्मा जी को लघुकथा रचना की विधा विरासत में  अवश्य मिली है  किन्तु ,उन्होंने इस विधा को पल्लवित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी । उनकी लघुकथाएं और उनके पात्र हमारे आस पास से ही लिए गए होते हैं , जिन्हें वे वास्तविकता के धरातल पर उतार देने की क्षमता रखती हैं। आप ई-अभिव्यक्ति में  प्रत्येक गुरुवार को उनकी उत्कृष्ट रचनाएँ पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है माँ की ममता पर आधारित एक मनोवैज्ञानिक लघुकथा ‘चिट्ठी लिखना बेटी !’. डॉ ऋचा शर्मा जी की लेखनी को इस ऐतिहासिक लघुकथा रचने  के लिए सादर नमन।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – संवाद  # 88 ☆

☆ लघुकथा – चिट्ठी लिखना बेटी ! ☆

माँ का फोन आया – बहुत दिन हो गए तुम्हारी चिट्ठी  नहीं आई बेटी! हाँ, जानती हूँ समय नहीं मिलता होगा। गृहस्थी के छोटे –मोटे हजारों काम, बच्चे और तुम्हारी नौकरी, सब समझती हूँ। फोन पर तुमसे बात तो हो जाती है, पर  क्या करें मन नहीं भरता। चिट्ठी आती है तो जब चाहो इत्मीनान से जितनी बार पढ़ लो। मैंने तुम्हारी सब चिट्ठियां संभालकर रखी हैं अभी तक।

तुम कह रहीं थी कि चिट्ठी भेजे बहुत दिन हो गए? किस तारीख को भेजी थी? अच्छा दिन तो याद होगा? आठ –दस दिन हो गए? तब तो आती ही होगी। डाक विभाग का भी कोई ठिकाना नहीं, देर – सबेर आ ही जाती हैं चिट्ठियां। बच्चों की फोटो भेजी है ना साथ में? बहुत दिन हो गए बच्चों को देखे हुए। हमारे पास कब आओगी? स्वर मानों उदास होता चला गया।

ना जाने कितनी बातें, कितनी नसीहतें, माँ की चिट्ठी में हुआ करती थीं। जगह कम पड़ जाती लेकिन माँ की बातें मानों खत्म ही नहीं होती थी। धीरे- धीरे चिट्ठियों की जगह फोन ने ले ली। माँ फोन पर पूछती – कितने बच्चे हैं, बेटा है? नहीं है, बेटियां ही हैं, (माँ की याद्दाश्त खराब होने लगी थी) चलो कोई बात नहीं आजकल लड़की – लड़के में कोई अंतर नहीं है। ये मुए लड़के कौन सा सुख दे देते हैं? अच्छा, तुम चिट्ठी लिखना हमें, साथ में बच्चों की फोटो भी भेजना। तुम्हारे बच्चों को देखा ही नहीं हमने (बार – बार वही बातें दोहराती है)। 

कई बार कोशिश की, लिखने को पेन भी उठाया लेकिन कागज पर अक्षरों की जगह माँ का चेहरा उतर आता। अल्जाइमर पेशंट माँ को अपनी ही सुध नहीं है। क्या पता उसके मन में क्या चल रहा है? उसके चेहरे पर तो सिर्फ कुछ खोजती हुई – सी आँखें हैं और सूनापन। माँ ने फिर कहा – बेटी! चिट्ठी लिखना जरूर और फोन कट गया।

 सबके बीच रहकर भी सबसे अन्जान और खोई हुई – सी माँ को पत्र लिखूँ भी तो कैसे?

© डॉ. ऋचा शर्मा

अध्यक्ष – हिंदी विभाग, अहमदनगर कॉलेज, अहमदनगर. – 414001

122/1 अ, सुखकर्ता कॉलोनी, (रेलवे ब्रिज के पास) कायनेटिक चौक, अहमदनगर (महा.) – 414005

e-mail – richasharma1168@gmail.com  मोबाईल – 09370288414.

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares