हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ परिहार जी का साहित्यिक संसार # 290 ☆ व्यंग्य – लेखक की दावत ☆ डॉ कुंदन सिंह परिहार ☆

डॉ कुंदन सिंह परिहार

(वरिष्ठतम साहित्यकार आदरणीय  डॉ  कुन्दन सिंह परिहार जी  का साहित्य विशेषकर व्यंग्य  एवं  लघुकथाएं  ई-अभिव्यक्ति  के माध्यम से काफी  पढ़ी  एवं  सराही जाती रही हैं।   हम  प्रति रविवार  उनके साप्ताहिक स्तम्भ – “परिहार जी का साहित्यिक संसार” शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते  रहते हैं।  डॉ कुंदन सिंह परिहार जी  की रचनाओं के पात्र  हमें हमारे आसपास ही दिख जाते हैं। कुछ पात्र तो अक्सर हमारे आसपास या गली मोहल्ले में ही नज़र आ जाते हैं।  उन पात्रों की वाक्पटुता और उनके हावभाव को डॉ परिहार जी उन्हीं की बोलचाल  की भाषा का प्रयोग करते हुए अपना साहित्यिक संसार रच डालते हैं।आज प्रस्तुत है आपका एक अप्रतिम व्यंग्य – ‘लेखक की दावत‘। इस अतिसुन्दर रचना के लिए डॉ परिहार जी की लेखनी को सादर नमन।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – परिहार जी का साहित्यिक संसार  # 290 ☆

☆ व्यंग्य ☆ लेखक की दावत ☆

एक बड़े लेखक एक साहित्यिक गोष्ठी में आमंत्रित होकर एक छोटे शहर में पहुंचे। नाम– सोमेश्वर जी। बड़े लेखक सब तरह के होते हैं। कुछ ऐसे जो हमेशा ऐसा श्रेष्ठता का भाव पहने रहते हैं कि उनसे बात करने में हलक़ सूखता है। बहुत से बड़े लेखक सहज होते हैं। कोई ढोंग नहीं फैलाते ।मेज़बान जेही विधि राखे, रह लेते हैं। हर स्थिति में एडजस्ट कर लेते हैं।

सोमेश्वर जी ऐसे ही सर्वहारा किस्म के लेखक थे। थ्री टायर का मार्ग-व्यय मिल जाए, भोजन-निवास की व्यवस्था ठीक हो तो वे कहीं भी जाने को तैयार हो जाते थे। जिस साहित्यिक संस्था ने उन्हें आमंत्रित किया था उसके अध्यक्ष ने अपने घर पर ही एक कमरे में उनके रुकने की व्यवस्था कर दी थी। वे उसी में संतुष्ट थे। उन्हें ‘वीआईपी ट्रीटमेंट’ की आदत नहीं थी।

शाम को शहर के साहित्यकार और साहित्यकारों के ‘फ़ैन’ सोमेश्वर जी से मिलने पहुंचे। सोमेश्वर जी सबसे बड़े प्रेम से मिले। बड़ी देर तक बातचीत होती रही। सोमेश्वर जी का मन प्रसन्न हो गया।

दूसरे दिन सवेरे सोमेश्वर जी कार्यक्रम की तैयारी कर रहे थे कि एक सज्जन अवतरित हुए। उम्र  यही तीस-पैंतीस, कुर्ता-पायजामा और कंधे पर झोला। हाथ जोड़कर नब्बे डिग्री पर झुक गये, बोले, ‘सेवक को इस इलाके में बेचैन के नाम से जानते हैं। सभी स्थानीय अखबारों में मेरी कविताएं छपती रहती हैं। जब से आपके आने का सुना तभी से बेचैन था। दर्शन करके धन्य हुआ।’

सोमेश्वर जी ने शिष्टतावश बैठाया, कुशलक्षेम पूछी। वैसे बेचैन जी को किसी प्रोत्साहन की ज़रूरत नहीं थी। वे खुद ही अपने गुण-ग्राहक थे। झोले में से दो कविता संग्रह निकाल कर बोले, ‘ये यहीं से छपे हैं। आपकी सेवा में भेंट कर रहा हूं। तीस पैंतीस पांडुलिपियां तैयार हैं। कोई समझदार प्रकाशक नहीं मिल रहा है। एक भी संग्रह ठीक से छप जाए तो आपके चरणों की सौगंध, सब तरफ अपना डंका बजेगा।’

सोमेश्वर जी का साबिका इस तरह के लिक्खाड़ों से पड़ता रहता था। बोले, ‘क्यों नहीं।’

बेचैन जी हाथ जोड़कर बोले, ‘मैं बड़ी उम्मीद से एक प्रार्थना करने आया था। आज कार्यक्रम के बाद दोपहर का भोजन इस सेवक के घर पर हो। आप जैसे महान साहित्यकार की चरण-  धूल पड़ने से मेरा घर पवित्र हो जाएगा।’

सोमेश्वर जी संकोच में बोले, ‘मुझे कोई एतराज़ नहीं है। मेरे मेज़बान से पूछ लीजिए।’

बेचैन जी आत्मविश्वास से बोले, ‘उनकी चिन्ता छोड़िए। उन्हें मैं बता दूंगा।’

बेचैन जी का भक्ति भाव देखकर सोमेश्वर जी और अधिक प्रसन्न हुए।

दस ग्यारह बजे गोष्ठी हुई। सोमेश्वर जी का व्याख्यान हुआ। श्रोता काफी  थे। सबने श्रद्धा भाव से सुना। सबसे आगे वाली पांत में बेचैन जी विराजमान थे। वे सोमेश्वर जी के हर वाक्य पर गद्गद् होकर ऐसे सिर हिला रहे थे जैसे कान में अमृत टपक रहा हो। सोमेश्वर जी पूरे कार्यक्रम से बड़े संतुष्ट हुए।

सोमेश्वर जी बाहर निकले तो उन्हें  स्थानीय साहित्यकारों और प्रशंसकों ने घेर लिया।  बाहर बेचैन जी खड़े इस तरह उन्हें देख रहे थे जैसे कोई बिल्ली चूहे को दूर से देखती है, कि कब मौका मिले और झपट्टा मारे। वे स्कूटर लेकर आये थे। थोड़ा सा मौका मिलते ही वे सोमेश्वर जी को स्कूटर की तरफ ले गये और एक तरह से उनका अपहरण कर ले भागे।

घर पर उन्होंने बड़ी गर्मजोशी से सोमेश्वर जी का सत्कार किया। उनके हाथ सारे समय ऐसे जुड़े रहे कि टीवी पर फेविकॉल के विज्ञापन की याद आती थी। उनके कमरे में पचास  साठ फोटो टंगे थे जिनमें कई छोटे बड़े साहित्यकार उनके कंधे पर हाथ रखे या कमर में हाथ डाले मुस्करा रहे थे।

भोजन में नाना प्रकार के व्यंजन थे। बेचैन जी ने इसरार कर कर के खिलाया। ‘थोड़ा यह लीजिए’, ‘थोड़ा वह लीजिए’, ‘बस एक और’, ‘आप तो कुछ ले ही नहीं रहे हैं।’ नतीजा यह हुआ कि सोमेश्वर जी भूख से ज़्यादा खा गये। अफ़रा चढ़ गया। भोजन के बाद बेचैन जी ने उन्हे एक सुगंधित पान पेश किया।

उन्होंने पहले से ही सोमेश्वर जी के लिए एक पलंग बिछवा दिया था। बोले, ‘थोड़ी देर विश्राम कर लीजिए। भोजन के तुरन्त बाद जाना ठीक नहीं होगा।’

सोमेश्वर जी खुद इस हालत में नहीं थे कि तुरन्त वापस जा सकें। अति भोजन के कारण शरीर शिथिल हो रहा था। वे पलंग पर लेट गये और बेचैन जी एक कुर्सी डालकर उनकी बगल में बैठ गये। उनका झोला कुर्सी की पीठ पर लटका था।

सोमेश्वर जी ने देखा बेचैन जी कुछ बेचैन थे। उन्होंने अपना झोला गोद में रख लिया था और बार-बार उसमें हाथ डालकर कुछ टटोल रहे थे।

सोमेश्वर जी आसन्न संकट से अनभिज्ञ थे। पान चबाते हुए बोले, ‘बड़ा स्वादिष्ट भोजन था। अपनी पत्नी को मेरी तरफ से धन्यवाद दीजिएगा।’

बेचैन जी के हाथों ने फिर फेविकॉल का असर दिखाया, बोले, ‘कैसी बातें कर रहे हैं? हम तो धन्य हो गये। यह हमारे जीवन का अविस्मरणीय दिन है।’

सोमेश्वर जी चुप हो गये। बात करने को कुछ नहीं था। वैसे भी उन पर नींद की खुमारी चढ़ रही थी।

इस बीच बेचैन जी ने अपने रहस्यमय झोले से एक कॉपी निकाल ली थी। एकाएक बोले, ‘अनुमति हो तो सेवा में एक कविता प्रस्तुत करूं?’

सोमेश्वर की उस समय बेचैन जी के सत्कार से प्रसन्न और पान के स्वाद में खोये थे। इत्मीनान से बोले, ‘सुनाइए, सुनाइए।’

बेचैन जी को जैसे प्रवेश पत्र  मिला। कविता पाठ शुरू हो गया। सोमेश्वर जी आंखें मींचे ‘हूं हूं’ करते जा रहे थे।कविता खत्म हुई तो टिप्पणी की, ‘अच्छी है।’

बेचैन जी ने बिना उन्हें कोई और मौका दिए कहा, ‘एक और सेवा में पेश कर रहा हूं। तवज्जो चाहता हूं।’

वे फिर शुरू हो गए और सोमेश्वर जी फिर ‘हूं हूं’ करने लगे। दूसरी के बाद तीसरी और फिर चौथी। आठ कविताएं सुनाते सुनाते एक घंटे से ज़्यादा हो गया। सोमेश्वर जी का दिमाग ठनठन करने लगा। नींद भाग खड़ी हुई। पान  फीका हो गया। लेकिन करें क्या? बेचैन जी के पास अभी बहुत कविताएं और बहुत सी कॉपियां थीं और सोमेश्वर जी के पेट में उनका नमक बोल रहा था।

चौदह कविताओं के बाद सोमेश्वर जी ने नमकहरामी करने का निश्चय कर लिया। बोले, ‘आप बहुत अच्छा लिखते हैं, लेकिन बहुत समय हो गया। वहां लोग इन्तज़ार कर रहे होंगे।’

बेचैन जी बोले, ‘अरे आप भी किन लोगों के चक्कर में पड़े हैं। वे सब लुच्चे हैं। अभी आपके लिए बढ़िया चाय बनवाता हूं। तब तक आप एक दो उत्तम कोटि की कविताएं सुनिए। एक उर्मिला के विरह पर है और दूसरी कैकेई के चरित्र पर। एकदम मौलिक नजरिया है।’

वे भीतर जाकर चाय का आदेश दे आये, और फिर कॉपी लेकर शुरू हो गये। सोमेश्वर जी का दिमाग अब बिलकुल ठस हो गया था, काठ के टुकड़े जैसा। उन्हें बेचैन जी का स्वर तो सुनायी पड़ रहा था, लेकिन शब्द दिमाग तक नहीं पहुंच रहे थे।

वे हर कविता के बाद पूछते, ‘चाय नहीं आयी?’ और बेचैन जी जवाब देते, ‘बस, आ रही है।’  फिर चार कविताओं के बाद सोमेश्वर जी बोले, ‘चला जाए।’ और  बैचैन जी फिर भीतर तक जाकर लौट कर बोले, ‘बस आ रही है।’

उन्होंने फिर चार कविताएं सुनायीं। चाय का अब तक कहीं अता-पता नहीं था। आखिरकार सोमेश्वर जी सख़्त स्वर में बोले, ‘मना कर दीजिए। अब जाऊंगा।’

बेचैन जी भीतर गये और सचमुच चाय लेकर आ गये। चाय के चलते चलते उन्होंने एक कविता और सुना डाली। सोमेश्वर जी अब चुपचाप दबे आक्रोश से बेचैन जी को ऐसे  देख रहे थे जैसे कोई शोषित शोषक को देखता है। बेचैन जी ने भोजन का भुलावा देकर दो चार किलो कचरा उनके दिमाग में झोंक दिया था। वे अभी भी, दीन-दुनिया से बेखबर, कविता पढ़े जा रहे थे।

बेचैन जी ट्रे भीतर रखकर लौटे तो देखा सोमेश्वर जी दरवाज़े के बाहर खड़े थे। बोले, ‘अरे, आप तो बाहर आ गये। आइए, स्कूटर पर विराजिये।’

सोमेश्वर जी गुस्से में बोले, ‘नहीं, मैं रिक्शे से जाऊंगा।’ बेचैन जी विस्मय से बोले, ‘रिक्शे से क्यों जाएंगे? मैं छोड़ देता हूं। मुझे सेवा का अवसर दें।’ 

सोमेश्वर जी बोले, ‘आप काफी सेवा कर चुके। अब रिक्शे से ही जाऊंगा। अकेला जाऊंगा।’

बेचैन जी बोले, ‘आप यहां के रास्तों से परिचित नहीं हैं। भटक जाएंगे।’

सोमेश्वर जी ने जवाब दिया, ‘आप मेरी चिन्ता छोड़कर घर पर ही विश्राम कीजिए। मैं बिलकुल ठीक-ठाक पहुंच जाऊंगा। थोड़ी देर एकान्त-सेवन की इच्छा है।’

मजबूरी में बेचैन जी ने फिर नब्बे डिग्री पर झुक कर प्रणाम कर सोमेश्वर जी को विदा किया। फिर लौटकर पत्नी से बोले, ‘ये लेखक भी सनकी होते हैं। कहा स्कूटर से छोड़ दें, लेकिन  रिक्शे से गये। फिर भी हैं बढ़िया आदमी। मेरी कविताएं बहुत धीरज से सुनीं। बहुत दिनों बाद ऐसा गुण-ग्राहक मिला।’

© डॉ कुंदन सिंह परिहार

जबलपुर, मध्य प्रदेश

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा कहानी ☆ ≈ मॉरिशस से ≈ – गद्य क्षणिका – आभास… – ☆ श्री रामदेव धुरंधर ☆

श्री रामदेव धुरंधर

(ई-अभिव्यक्ति में मॉरीशस के सुप्रसिद्ध वरिष्ठ साहित्यकार श्री रामदेव धुरंधर जी का हार्दिक स्वागत। आपकी रचनाओं में गिरमिटया बन कर गए भारतीय श्रमिकों की बदलती पीढ़ी और उनकी पीड़ा का जीवंत चित्रण होता हैं। आपकी कुछ चर्चित रचनाएँ – उपन्यास – चेहरों का आदमी, छोटी मछली बड़ी मछली, पूछो इस माटी से, बनते बिगड़ते रिश्ते, पथरीला सोना। कहानी संग्रह – विष-मंथन, जन्म की एक भूल, व्यंग्य संग्रह – कलजुगी धरम, चेहरों के झमेले, पापी स्वर्ग, बंदे आगे भी देख, लघुकथा संग्रह – चेहरे मेरे तुम्हारे, यात्रा साथ-साथ, एक धरती एक आकाश, आते-जाते लोग। आपको हिंदी सेवा के लिए सातवें विश्व हिंदी सम्मेलन सूरीनाम (2003) में सम्मानित किया गया। इसके अलावा आपको विश्व भाषा हिंदी सम्मान (विश्व हिंदी सचिवालय, 2013), साहित्य शिरोमणि सम्मान (मॉरिशस भारत अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी 2015), हिंदी विदेश प्रसार सम्मान (उ.प. हिंदी संस्थान लखनऊ, 2015), श्रीलाल शुक्ल इफको साहित्य सम्मान (जनवरी 2017) सहित कई सम्मान व पुरस्कार मिले हैं। हम श्री रामदेव  जी के चुनिन्दा साहित्य को ई अभिव्यक्ति के प्रबुद्ध पाठकों से समय समय पर साझा करने का प्रयास करेंगे।

आज प्रस्तुत है आपकी एक अप्रतिम विचारणीय गद्य क्षणिका “– आभास…” ।) 

~ मॉरिशस से ~

☆ कथा कहानी  ☆ — आभास — ☆ श्री रामदेव धुरंधर ☆

मैंने अपने बचपन के पाँवों के काँटे बहुत निकाले हैं। मेरा बचपन नदी में डूबा है तो मैंने उसे बचाया है। अकसर ऐसा भी हुआ मेरे बचपन को थप्पड़ मारा गया। मैंने दर्द झेल लिया और अपने बचपन से कहा तुम हँसा करो। अपने प्रति मुझे इतना समर्पित देखने पर मेरा बचपन मुझे अपना आराध्य मानता था। आज मुझे अपने बचपन का ही डर रहता है, कहीं आराध्य की वह मूर्ति भग्न न हो जाये।

© श्री रामदेव धुरंधर
24 – 05 – 2025

संपर्क : रायल रोड, कारोलीन बेल एर, रिविएर सेचे, मोरिशस फोन : +230 5753 7057   ईमेल : rdhoorundhur@gmail.com

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ संजय उवाच # 290 – उड़ जाएगा हंस अकेला ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(“साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच “ के  लेखक  श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है। साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।श्री संजय जी के ही शब्दों में ” ‘संजय उवाच’ विभिन्न विषयों पर चिंतनात्मक (दार्शनिक शब्द बहुत ऊँचा हो जाएगा) टिप्पणियाँ  हैं। ईश्वर की अनुकम्पा से आपको  पाठकों का  आशातीत  प्रतिसाद मिला है।”

हम  प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते रहेंगे। आज प्रस्तुत है  इस शृंखला की अगली कड़ी। ऐसे ही साप्ताहिक स्तंभों  के माध्यम से  हम आप तक उत्कृष्ट साहित्य पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।)

☆  संजय उवाच # 290 ☆ उड़ जाएगा हंस अकेला… ?

आनंदलोक में विचरण कर रहा हूँ। पंडित कुमार गंधर्व का सारस्वत कंठ हो और दार्शनिक संत कबीर का शारदीय दर्शन तो इहलोक, आनंदलोक में परिवर्तित हो जाता है। बाबा कबीर के शब्द चैतन्य बनकर पंडित जी के स्वर में प्रवाहित हो रहे हैं,

उड़ जाएगा हंस अकेला

जग दर्शन का मेला…!

आनंद, चिंतन को पुकारता है। चिंतन की अंगुली पकड़कर विचार हौले-हौले चलने लगता है। यह यात्रा कहती है कि ‘मेल’ शब्द से बना है ‘मेला।’ मिलाप का साकार रूप है मेला। दर्शन जगत को मेला कहता है क्योंकि मेले में व्यक्ति थोड़े समय के लिए साथ आता है, मिलाप का आनंद ग्रहण करता है, फिर लौट जाता है अपने निवास। लौटना ही पड़ता है क्योंकि मेला किसीका निवास नहीं हो सकता। गंतव्य के अलावा कोई विकल्प नहीं।

विचार अब चलना सीख चुका। उसका यौवनकाल है। उसकी गति अमाप है। पलक झपकते जिज्ञासा के द्वार पर आ पहुँचा है।  जिज्ञासा पूछती है कि महात्मा कबीर ने ‘हंस’ शब्द का ही उपयोग क्यों किया? वे किसी भी पखेरू के नाम का उपयोग कर सकते थे फिर हंस ही क्यों? चिंतन, मनन समयबद्ध प्रक्रिया नहीं हैं। मनीषी अविरत चिंतन में डूबे होते हैं। समष्टि के हित का भाव ऐसा, सात्विकता ऐसी कि वे मुमुक्षा से भी ऊपर उठ जाते हैं। फलत: जो कुछ वे कहते हैं, वही विचार बन जाता है। अपने शब्दों की बुनावट से उपरोक्त रचना में द्रष्टा कबीर एक अद्वितीय विचार दे जाते हैं।

विचार कीजिएगा कि हंस सामान्य पक्षियों में नहीं है। हंस श्वेत है, शांत वृत्ति का है। वह सुंदर काया का स्वामी है। आत्मा भी ऐसी ही है, सुंदर, श्वेत, शांत, निर्विकार। हंस गहरे पानी में तैरता है तो हज़ारों फीट ऊँची उड़ान भी भरता है। आकाश मार्ग की यात्रा हो अथवा वैतरणी पार करनी हो, उड़ना और तैरना दोनों में कुशलता वांछनीय है।

हंस पवित्रता का प्रतीक है। शास्त्रों में हंस की हत्या, पिता, गुरु या देवता की हत्या के तुल्य मानी गई है।

हंस विवेकी है। लोकमान्यता है कि दूध में जल मिलाकर हंस के सामने रखा जाए तो वह दूध और जल का पृथक्करण कर लेता है। संभवत:  ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ मुहावरा इसी संदर्भ में अस्तित्व में आया। हंस के नीर-क्षीर विवेक का भावार्थ है कि स्वार्थ, सुविधा या लाभ की दृष्टि से नहीं अपितु अपनी बुद्धि, मेधा, विचारशक्ति के माध्यम से उचित, अनुचित को समझना। मनुष्य जब भी कुछ अनुचित करना चाहता है तो उसे चेताने के लिए उसके भीतर से ही एक स्वर उठता है। यह स्वर नीर-क्षीर विवेक का है, यह स्वर हंस का है। हंस को माँ सरस्वती के वाहन के रूप में मिली मान्यता अकारण नहीं है।

कारण-मीमांसा से उपजे अर्थ का कुछ और विस्तार करते हैं। दिखने में हंस और बगुला दोनों श्वेत हैं। मनुष्य योनि हंस होने की संभावना है। विडंबना है कि इस संभावना को हमने गौण कर दिया है।  हम में से अधिकांश बगुला भगत बने जीवन बिता रहे हैं। जीवन के हर क्षेत्र में बगुला भगतों की भरमार है। हंस होने की संभावना रखते हुए भी भी बगुले जैसा जीना, जीवन की शोकांतिका है।

मनुष्य को बुद्धि का वरदान मिला है। इस वरदान के चलते ही वह नीर-क्षीर विवेक का स्वामी है। विवेक होते हुए भी अपनी सुविधा के चलते ढुलमुल मत रहो। स्पष्ट रहो। सत्य-असत्य के पृथक्करण का साहस रखो। यह साहस तुम्हें अपने भीतर पनपते बगुले से मुक्ति दिलाएगा, तुम्हारा हंसत्व निखरता जाएगा। जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी कहते हैं कि महर्षि वेदव्यास जब महाभारत का वर्णन करते हैं तो पांडवों का उदात्त चरित्र उभरता है। इसका अर्थ यह नहीं कि वे पांडवों के प्रवक्ता हैं। सनद रहे कि महर्षि वेदव्यास सत्य के प्रवक्ता हैं।

अपनी एक कविता स्मृति में कौंध रही है,

मेरे भीतर फुफकारता है

काला एक नाग,

चोरी छिपे जिसे रोज़ दूध पिलाता हूँ,

ओढ़कर चोला राजहंस का

फिर मैं सार्वजनिक हो जाता हूँ…!

दिखावटी चोले के लिए नहीं अपितु उजला जीवन जिओ अपने भीतर के हंस के लिए। स्मरण रहे, वह समय भी आएगा जब हंस को उड़ना होगा सदा-सर्वदा के लिए। इस जन्म की अंतिम उड़ान से पहले अपने हंस होने को सिद्ध कर सको तो जन्म सफल है।

© संजय भारद्वाज 

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार ☆ सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय, एस.एन.डी.टी. महिला विश्वविद्यालय, न्यू आर्ट्स, कॉमर्स एंड साइंस कॉलेज (स्वायत्त) अहमदनगर ☆ संपादक– हम लोग ☆ पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆ ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स ☆ 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

writersanjay@gmail.com

☆ आपदां अपहर्तारं ☆

🕉️💥 श्री महावीर साधना सम्पन्न हुई। अगली साधना की जानकारी आपको शीघ्र दी जवेगी। आत्मपरिष्कार एवं ध्यानसाधना तो साथ चलेंगे ही💥  

अनुरोध है कि आप स्वयं तो यह प्रयास करें ही साथ ही, इच्छुक मित्रों /परिवार के सदस्यों  को भी प्रेरित करने का प्रयास कर सकते हैं। समय समय पर निर्देशित मंत्र की इच्छानुसार आप जितनी भी माला जप  करना चाहें अपनी सुविधानुसार कर सकते हैं ।यह जप /साधना अपने अपने घरों में अपनी सुविधानुसार की जा सकती है।ऐसा कर हम निश्चित ही सम्पूर्ण मानवता के साथ भूमंडल में सकारात्मक ऊर्जा के संचरण में सहभागी होंगे। इस सन्दर्भ में विस्तृत जानकारी के लिए आप श्री संजय भारद्वाज जी से संपर्क कर सकते हैं। 

≈ संपादक – हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ सलिल प्रवाह # 236 – दर्शन दे उजियारो ☆ आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ ☆

आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’

(आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ जी संस्कारधानी जबलपुर के सुप्रसिद्ध साहित्यकार हैं। आपको आपकी बुआ श्री महीयसी महादेवी वर्मा जी से साहित्यिक विधा विरासत में प्राप्त हुई है । आपके द्वारा रचित साहित्य में प्रमुख हैं पुस्तकें- कलम के देव, लोकतंत्र का मकबरा, मीत मेरे, भूकंप के साथ जीना सीखें, समय्जयी साहित्यकार भगवत प्रसाद मिश्रा ‘नियाज़’, काल है संक्रांति का, सड़क पर आदि।  संपादन -८ पुस्तकें ६ पत्रिकाएँ अनेक संकलन। आप प्रत्येक सप्ताह रविवार को  “साप्ताहिक स्तम्भ – सलिल प्रवाह” के अंतर्गत आपकी रचनाएँ आत्मसात कर सकेंगे। आज प्रस्तुत है  – मुक्तिका।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – सलिल प्रवाह # 236 ☆

☆ दर्शन दे उजियारो ☆ आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ ☆

☆ 

वल्कल-पर्ण वसन धारो माँ!

सुमन सुमन से सिंगारो माँ!

सफल सुफल फल भोग लगाओ-

कंद-मूल ले उपकारो माँ!

ले मकरंद मधुप आए हैं

ग्रहण करो उद्धारो

शारद! शत वंदन स्वीकारो…

.

अली-कली जस गाते माता!

रवि-शशि दीप जलाते माता!

तितली नर्तित करें अर्चना-

जुगनू जगमग भाते माता!

तारक गण आरती उतारें

दे वरदान निहारो

शारद! शत वंदन स्वीकारो…

.

कमल वदन मृगनैनी मैया!

दिव्य छटा पिकबैनी मैया!

करतल हैं गुलाब से कोमल-

भव्य नव्य शुचि सैनी मैया!

चरण चमेली हरसिंगारी

चंदन भाल सँवारो

शारद! शत वंदन स्वीकारो

.

बेला वेणी सोहे जननी!

बाला महुआ मोहे जननी!

सूर्यमुखी माथे की बिंदी-

गुड़हल करधन बाँधे जननी!

कर भुजबंध पलाशी कलियाँ

चंपा बाला धारो

शारद! शत वंदन स्वीकारो

.

माया मोह वासना घेरे

क्रोध लोभ लेते पग फेरे

काम न आते रिश्ते-नाते

लूटें, आँख तरेरे

अँगुरी थामो मातु दुलारो

शारद! शत वंदन स्वीकारो

☆

©  आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’

२३.५.२०२५

संपर्क: विश्ववाणी हिंदी संस्थान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१,

चलभाष: ९४२५१८३२४४  ईमेल: salil.sanjiv@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा कहानी ☆ लघुकथा – “बेतार” ☆ श्री कमलेश भारतीय ☆

श्री कमलेश भारतीय 

(जन्म – 17 जनवरी, 1952 ( होशियारपुर, पंजाब)  शिक्षा-  एम ए हिंदी , बी एड , प्रभाकर (स्वर्ण पदक)। प्रकाशन – अब तक ग्यारह पुस्तकें प्रकाशित । कथा संग्रह – 6 और लघुकथा संग्रह- 4 । यादों की धरोहर हिंदी के विशिष्ट रचनाकारों के इंटरव्यूज का संकलन। कथा संग्रह -एक संवाददाता की डायरी को प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से मिला पुरस्कार । हरियाणा साहित्य अकादमी से श्रेष्ठ पत्रकारिता पुरस्कार। पंजाब भाषा विभाग से  कथा संग्रह-महक से ऊपर को वर्ष की सर्वोत्तम कथा कृति का पुरस्कार । हरियाणा ग्रंथ अकादमी के तीन वर्ष तक उपाध्यक्ष । दैनिक ट्रिब्यून से प्रिंसिपल रिपोर्टर के रूप में सेवानिवृत। सम्प्रति- स्वतंत्र लेखन व पत्रकारिता)

☆ लघुकथा – “बेतार?” ☆ श्री कमलेश भारतीय ☆

मैं अपने परिवार सहित एक चाय की दुकान पर बैठा चाय की चुस्कियां ले रहा था और‌ सर्दी के चलते गर्मागर्म पकौड़े भी मंगवा रखे थे!

इतने में एक मजदूर किस्म का दिखने वाला आदमी आया ! मुझे लगा कि वह मेरे से कुछ मांगेगा या मांगना चाहता है लेकिन मेरे पास से निकल कर पीछे रखा पानी पीने चला आया। पानी पीकर वह फिर मेरे पास से गुजरा और‌ चुपचाप सड़क किनारे खड़ा हो गया – बिल्कुल उदास!

अचानक मैंने जैसे कोई संदेश उसकी आंखों में पढ़ लिया! मैंने बेटी से कहा कि इससे पूछकर आओ कि चाय पीओगे?

बेटी ने पूछा- पहले आप बताओ कि अगर वह हामी भर दे तो क्या आप चाय पिलाओगे?

– हां, क्यों नहीं?

बेटी भागकर गयी पूछने !

वह आदमी बिना ना नुकर‌ किये खामोशी से चला आया और बोला- बाबू जी, आया तो मैं इस सर्दी में आप से एक कप चाय पीने ही लेकिन यह कह नहीं पाया। आप कैसे जान गये?

-कभी डाकखाने गये हो?

– जी बाबू जी!

-वो टिक टिक करती तार देखी है?

– हां।

– तो वहाँ बिना किसी तार के संदेश जाता है कि नहीं?

– पता नहीं, बाबू जी!

– जाओ! चाय आ गयी!

और वह बिना कुछ समझे आंखें झपकाए चाय पीने लगा!

☆

© श्री कमलेश भारतीय

पूर्व उपाध्यक्ष हरियाणा ग्रंथ अकादमी

संपर्क :   1034-बी, अर्बन एस्टेट-।।, हिसार-125005 (हरियाणा) मो. 94160-47075

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिंदी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ श्रेयस साहित्य # ९ – श्री राम के मर्यादित चरित्र से भरा मानस ☆ श्री राजेश कुमार सिंह ‘श्रेयस’ ☆

श्री राजेश कुमार सिंह ‘श्रेयस’

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – श्रेयस साहित्य # ९ ☆

☆ कथात्मक साहित्यिक लेख ☆ ~ श्री राम के मर्यादित चरित्र से भरा मानस… ~ ☆ श्री राजेश कुमार सिंह ‘श्रेयस’ ☆ 

(श्री रामचरित मानस – भारतीय संस्कृति की आचार संहिता)

☆

परिवार में नित्यप्रति होते कलह को देखकर विनय की विनम्रता टूटने के कगार पर पहुंच गई। परिवार का बंटवारा तो काफी दिनों पहले हो चुका था, लेकिन जगह -जमीन- संपत्ति का विवाद अभी भी सम्पूर्ण बंटवारे की तलाश कर रहा था। यद्यपि कि भौतिक सम्पत्ति की हिस्सा – हिस्सादारी लगनी शेष नहीं थी, लेकिन मन के तराजू पर चढ़े पसंगें ने कभी तराजू की डंडी को सीधा होने नहीं दिया। अक्सर जब विनय अपना बस्ता निकालकर  पढ़ने के लिए बैठता, तो आंगन और बाहर दोनों तरफ से कुछ न कुछ फुसफुसाहट साथ बातें शुरू होतीं और धीरे-धीरे यह फुसफुसाहट तेज लड़ाई में बदल जाती है। यह सिर्फ एक दिन की कहानी नहीं थी। ऐसा तो लगभग आए दिन ही हुआ करता था।

आठ-नौ साल के विनय को यह समझ में नहीं आता था, कि उसके चाचा और उसके बाबूजी से इस तरह से क्यों लड़ते हैं। वहीं उसे अपनी मम्मी की चुगलखोरी भी कहीं किसी कोने से कम नहीं थी। एक दिन तो बात इस हद तक बिगड़ गयी कि हाथापाही की नौबत आ गई। चाचा के हाथ में लगे चोट को देखकर विनय दुःखी हो गया। दरअसल यह चोट उसकी मम्मी और चाची के बीच में हो रही लड़ाई के बीच बचाव करने के कारण चाचा को लगी। दोनों मांओ को एक इस तरह से लड़ते देख विनय फूट-फूट कर रोने लगा। विनय को ऐसे रोते देख, खेलकर अभी -अभी वापस आया विभव परेशान हो गया। वह दौड़ता हुआ विनय के पास गया। अपने धूल से सने हाथों से उसने अपने छोटे चचेरे भाई के आंसुओं को पोछा तो विनय भी प्यार से उससे लिपट गया।

थोड़ी ही देर में पंचायत बैठी। जिनके घर के खुद के झगड़े सुलझ नहीं रहे थे, वे आज दो भाइयों के बीच हो रही लड़ाई को सुलझाने के लिए पंच बनकर बैठे हुए थे।

बटोही दादा ने जब यह कहते हुए अपनी मुट्ठी कस कर तख़्त पर पटकी कि मुझे नहीं समझ में आ रहा कि आप लोगों के इस रोज रोज की किच-किच का आखिर हल कहां से निकलेगा!

ठीक उसी समय बाबा के कोठरी में रखी लाल कपडे में बंधी भारी -भरकम पुस्तक को अपने हाथों में उठाये विनय और विभव बटोही दादा के तख़्त के पास पहुंच गए। रामचरितमानस को बटोही दादा हाथों मैं रखते हुए उन दोनों ने एक साथ बोला, हम दोनों भाइयों की राय मानो तो आप बड़े बुजुर्गों के रोज-रोज के हो रहे कलह का वास्तविक हल इस पुस्तक में है। दो नन्हे नन्हे बच्चों के मुंह से एक साथ निकली इस बात को सुनकर, पारिवारिक जंग लड़ रहे दोनों भाई दंग हो गए। वहीं पंच की गद्दी पर बैठे बटोही दादा के हाथ उस पुस्तक को थामने की हिम्मत ही नहीं जुटा पा रहे थे।

श्रीराम के मर्यादित चरित्र से भरा मानस इधर पंच दादा के तख़्त पर विराजी, उधर विनय और विभव दोनों के पापा आपस में चिपट कर रो पड़े, मानो सारे गिले शिकवे उनकी आँखों से आंसू बनकर तेजी से निकल रहे थे।

इधर विनय और विभव के कानों में अपने दिवंगत हो चुके दादाजी की यह बात जोर जोर से गूंज रही थी कि…

“ए बबुआ तें पूछत बाडिस न कि ए बाबा! ई किताब कइसन ह? त सुनु..

एहि किताब में अपना रामजी के कहानी बड़ूवे। ई किताब हमनी सबके बतावे ले कि रामजी के आचरण के अपना भीतर उतार के कैसे जियल जाला, कैसे परिवार चलावल जाला अउर कैसे पारिवारिक – सामजिक रिस्ता निभावल जाला।

ए बाबुओ! ई रामायन भारतीय संस्कृति के आचार संहिता हउवे, समझल नु?”

♥♥♥♥

© श्री राजेश कुमार सिंह “श्रेयस”

लखनऊ, उप्र, (भारत )

दिनांक 22-02-2025

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ यात्रा संस्मरण – हम्पी-किष्किंधा यात्रा – भाग-२७ (अंतिम किश्त) ☆ श्री सुरेश पटवा ☆

श्री सुरेश पटवा

(श्री सुरेश पटवा जी  भारतीय स्टेट बैंक से  सहायक महाप्रबंधक पद से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं और स्वतंत्र लेखन में व्यस्त हैं। आपकी प्रिय विधा साहित्य, दर्शन, इतिहास, पर्यटन आदि हैं। आपकी पुस्तकों  स्त्री-पुरुष “, गुलामी की कहानी, पंचमढ़ी की कहानी, नर्मदा : सौंदर्य, समृद्धि और वैराग्य की  (नर्मदा घाटी का इतिहास) एवं  तलवार की धार को सारे विश्व में पाठकों से अपार स्नेह व  प्रतिसाद मिला है। आज प्रस्तुत है  इस यात्रा संस्मरण – हम्पी-किष्किंधा यात्रा की अंतिम कड़ी। अगले सप्ताह से आप श्री गंगा सागर यात्रा के संस्मरण आत्मसात कर सकेंगे। )

? यात्रा संस्मरण – हम्पी-किष्किंधा यात्रा – भाग-२७ (अंतिम किश्त) ☆ श्री सुरेश पटवा ?

बादामी गुफा मन्दिर बागलकोट ज़िले के बादामी ऐतिहासिक नगर में स्थित एक हिन्दू और जैन गुफा मन्दिरों का एक परिसर है। मालप्रभा घाटी में चालुक्यों के शासन काल में बने हिंदू और जैन मंदिर वास्तुकला स्कूलों का उद्गम स्थल कला के क्षेत्रीय केंद्र के रूप में बादामी उभरा। द्रविड़ और नागर दोनों शैलियों के मंदिर बादामी के साथ-साथ ऐहोल, पट्टदकल और महाकुटा में हैं। बादामी में कई मंदिर, जैसे पूर्वी भूतनाथ समूह और जम्बुलिंगेश्वर मंदिर, 6वीं और 8वीं शताब्दी के बीच बनाए गए थे। वे मंदिर वास्तुकला और कला के विकास के साथ-साथ पहली सहस्राब्दी ईस्वी के मध्य में कला की कर्नाटक परंपरा को समझने के लिए महत्वपूर्ण हैं।

बादामी और मालप्रभा क्षेत्र के अन्य स्थलों पर विजयनगर साम्राज्य के हिंदू राजाओं और दक्कन क्षेत्र के इस्लामी सुल्तानों के बीच लड़ाई हुई थी। विजयनगर काल के बाद आए मुस्लिम शासन ने इस विरासत को और समृद्ध किया। इसकी पुष्टि यहां के दो स्मारकों से होती है। एक गुफा मंदिरों और संरचनात्मक मंदिरों के प्रवेश द्वार के पास मरकज जुम्मा है। इसमें अब्दुल मलिक अजीज की 18वीं सदी की कब्र है। उसी के बगल से होकर निकले।

बादामी में अठारह शिलालेख हैं, जिनमें महत्वपूर्ण ऐतिहासिक जानकारी है। एक पहाड़ी पर पुरानी कन्नड़ लिपि में पहला संस्कृत शिलालेख पुलकेशिन प्रथम (वल्लभेश्वर) के काल का 543 ई.पू. का है, दूसरा कन्नड़ भाषा और लिपि में मंगलेश का 578 ई.पू. का गुफा शिलालेख है और तीसरा कप्पे अरभट्ट है। अभिलेख, त्रिपदी (तीन पंक्ति) मीटर में सबसे प्रारंभिक उपलब्ध कन्नड़ कविता। भूतनाथ मंदिर के पास एक शिलालेख में तीर्थंकर आदिनाथ को समर्पित जैन रॉक-कट मंदिर में 12 वीं शताब्दी के शिलालेख भी हैं।

बादामी गुफा मंदिरों को संभवतः 6वीं शताब्दी के अंत तक पूरी तरह से अंदर से चित्रित किया गया था। गुफा 3 (वैष्णव, हिंदू) और गुफा 4 (जैन) में पाए गए भित्तिचित्र टुकड़े, बैंड और फीके खंडों को छोड़कर, इनमें से अधिकांश पेंटिंग अब खो गई हैं। मूल भित्तिचित्र सबसे स्पष्ट रूप से गुफा 3 में पाए जाते हैं, जहां विष्णु मंदिर के अंदर, धर्मनिरपेक्ष कला के चित्रों के साथ-साथ भित्तिचित्र भी हैं जो छत पर और प्राकृतिक तत्वों के कम संपर्क वाले हिस्सों में शिव और पार्वती की किंवदंतियों को दर्शाते हैं। ये भारत में हिंदू किंवदंतियों की सबसे पुरानी ज्ञात पेंटिंगों में से हैं, जिन्हें दिनांकित किया जा सकता है।

यह भारतीय शैलकर्तित वास्तुकला का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है, जिसमें विशेषकर बादामी चालुक्य वास्तुकला देखी जा सकती है। इस परिसर का निर्माण छठी शताब्दी में आरम्भ हुआ था। बादामी नगर का प्राचीन नाम “वातापी” था, और यह आरम्भिक चालुक्य राजवंश की राजधानी था, जिसने 6ठी से 8वीं शताब्दी तक कर्नाटक के अधिकांश भागों पर राज्य किया। बादामी गुफा मन्दिर दक्कन पठार के प्राचीनतम मन्दिरों में से हैं। इनके और एहोल के मन्दिरों के निर्माण से मलप्रभा नदी के घाटी क्षेत्र में मन्दिर वास्तुकला तेज़ी से विकसित होने लगी, और इसने आगे जाकर भारत-भर के हिन्दू मन्दिर निर्माण को प्रभावित किया।

यह नगर अगस्त्य झील के पश्चिमी तट पर स्थित है, जो एक मानवकृत जलाशय है। झील एक मिट्टी की दीवार से घिरी है, जिस से पत्थर की सीढ़ीयाँ जल तक जाती हैं। झील उत्तर और दक्षिण में बाद के काल में बने दुर्गों से घिरी हुई है। शहर के दक्षिण-पूर्व में नरम बादामी बलुआ पत्थर से बनी गुफाओं की संख्या 1 से 4 तक है।

  • गुफा न. 1 में, हिंदू देवी-देवताओं और प्रसंगों की विभिन्न मूर्तियों के बीच, नटराज के रूप में तांडव-नृत्य करने वाले शिव की एक प्रमुख नक्काशी है।
  • गुफा न. 2 ज्यादातर अपने अभिन्यास और आयामों के संदर्भ में गुफा न. 1 के समान है, जिसमें हिंदू प्रसंगों की विशेषता है, जिसमें विष्णु की त्रिविक्रम के रूप में उभड़ी हुई नक्काशी सबसे बड़ी है।
  • गुफा न. 3 सबसे बड़ी है, जिसमें विष्णु से संबंधित पौराणिक कथाएं बनाई गई हैं, और यह परिसर में सबसे जटिल नक्काशीदार गुफा भी है।
  • गुफा न. 4 जैन धर्म के प्रतिष्ठित लोगों को समर्पित है। झील के चारों ओर, बादामी में अतिरिक्त गुफाएँ हैं जिनमें से एक बौद्ध गुफा हो सकती है। 2015 में चार मुख्य गुफाओं में 27 नक्काशियों के साथ एक अन्य गुफा की खोज हुई है।

पट्टदकल्लु (Pattadakal), जिसे रक्तपुर कहा जाता था, बागलकोट ज़िले में मलप्रभा नदी के तट पर स्थित एक ऐतिहासिक गाँव है, जो अपने यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल के लिए प्रसिद्ध है। यहाँ चालुक्य राजवंश द्वारा 7वीं और 8वीं शताब्दी में बने नौ हिन्दू और एक जैन मन्दिर हैं, जिनमें द्रविड़ (दक्षिण भारतीय) तथा नागर (उत्तर भारतीय ) दोनों शैलियाँ विकसित हुई थीं। पट्टदकल्लु बादामी से 23 किमी और एहोल से 11 किमी दूर है।

यदी बादामी को महाविद्यालय तो पट्टदकल्लु को मन्दिर निर्माण का विश्वविद्यालय कहा जाता है। यहां का निकटतम रेलवे स्टेशन 24 किमी बादामी है। इस शहर को कभी किसुवोलल या रक्तपुर कहा जाता था, क्योंकि यहाँ का बलुआ पत्थर लाल आभा लिए हुए है।

चालुक्य शैली का उद्भव 450 ई. में एहोल में हुआ था। यहाँ वास्तुकारों ने नागर एवं द्रविड़ समेत विभिन्न शैलियों के प्रयोग किए थे। इन शैलियों के संगम से एक अभिन्न शैली का उद्भव हुआ। सातवीं शताब्दी के मध्य में यहां चालुक्य राजाओं के राजतिलक होते थे। कालांतर में मंदिर निर्माण का स्थल बादामी से पट्टदकल्लु आ गया। यहाँ कुल दस मंदिर हैं, जिनमें एक जैन धर्मशाला भी शामिल है। इन्हें घेरे हुए ढेरों चैत्य, पूजा स्थल एवं कई अपूर्ण आधारशिलाएं हैं। यहाँ चार मंदिर द्रविड़ शैली के हैं, चार नागर शैली के हैं एवं पापनाथ मंदिर मिश्रित शैली का है। पट्टदकल्लु को 1987 में युनेस्को द्वारा विश्व धरोहर स्थल घोषित किया गया था।

यहां के बहुत से शिल्प अवशेष यहां बने संग्रहालय तथा शिल्प दीर्घा में सुरक्षित रखे हैं। इन संग्रहालयों का अनुरक्षण भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग करता है। ये भूतनाथ मंदिर मार्ग पर स्थित हैं। इनके अलावा अन्य महत्वपूर्ण स्मारकों में, अखण्ड एकाश्म स्तंभ, नागनाथ मंदिर, चंद्रशेखर मंदिर एवं महाकुटेश्वर मंदिर भी हैं, जिनमें अनेकों शिलालेख हैं। वर्ष के आरंभिक त्रैमास में यहां का वार्षिक नृत्योत्सव आयोजन होता है, जिसे चालुक्य उत्सव कहते हैं। इस उत्सव का आयोजन पट्टदकल्लु के अलावा बादामी एवं ऐहोल में भी होता है। यह त्रिदिवसीय संगीत एवं नृत्य का संगम कलाप्रेमियों की भीड़ जुटाता है। उत्सव के मंच की पृष्ठभूमि में मंदिर के दृश्य एवं जाने माने कलाकार इन दिनों यहां के इतिहास को जीवंत कर देते हैं।

बादामी से हुबली एयरपोर्ट 125 किलोमीटर है। 02 अक्टूबर 2023 को दोपहर तीन बजे फ्लाइट है। सुबह नाश्ता निपटा कर नौ बजे निकलना है। होटल के गेट के सामने रंगीन फूलों से गजरों की दुकानें थीं। हमारे दल की महिलाओं ने गजरे ख़रीद धारण कर लिए। बस में बैठ चल दिए। बारह बजे तक हुबली हवाई अड्डा पहुंच गए। हमारी फ्लाइट दिल्ली होकर भोपाल थी। फ्लाइट हुबली से 03:45 दोपहर को चलकर 06:15 शाम को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची। दिल्ली में हवाई अड्डा बदलना पड़ा। करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर एक निशुल्क बस में बैठकर घरेलू हवाई अड्डा पहुंचे। भोपाल की फ्लाइट शाम साढ़े सात बजे थे। नौ बजे भोपाल में थे। इस प्रकार डॉक्टर राजेश श्रीवास्तव जी के नेतृत्व और उनकी टीम के सानिध्य में बिना किसी दुर्घटना के सभी यात्रियों की सकुशल घर वापसी हुई।

© श्री सुरेश पटवा 

भोपाल, मध्य प्रदेश

*≈ सम्पादक श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ काव्य धारा #226 ☆ रहे तिरंगा सदा लहरता सतरंगी आकाश में… ☆ प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆

प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

(आज प्रस्तुत है गुरुवर प्रोफ. श्री चित्र भूषण श्रीवास्तव जी  द्वारा रचित – “कविता  – रहे तिरंगा सदा लहरता सतरंगी आकाश में…” । हमारे प्रबुद्ध पाठकगण प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ जी  काव्य रचनाओं को प्रत्येक शनिवार आत्मसात कर सकेंगे.।) 

☆ काव्य धारा # 226 ☆

☆ रहे तिरंगा सदा लहरता सतरंगी आकाश में… 🇮🇳 ☆ प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆

☆

रहे तिरंगा सदा लहरता भारत के आकाश में,

करता रहे देश नित उन्नति इसके धवल प्रकाश में ॥

लाखों वीरों ने बलि देकर के इसको फहराया है

आजादी का रथ रक्तिम पथ से ही होकर आया है ॥ 1 ॥  

* 

यह भारत की माटी पावन इसमें चन्दन – गंध है,

अमर शहीदों का इसमें इतिहास और अनुबंध है ॥  

उनके उष्ण रक्त से रंजित अगणित मर्म व्यथाएँ हैं,

सतत प्रेरणादायी भावुक कई गौरव – गाथाएँ हैं ॥ 2 ॥

 *

मनस्वियों औ ‘ तपस्वियों से इसका युग का नाता है,

राम – कृष्ण, गाँधी – सुभाष हम सबकी प्रेमल माता है ।

वीर प्रसू यह भूमि पुरातन बलिदानी, वरदानी है,

मानवीय संस्कृति की हर कण में कुछ लिखी कहानी है ॥ 3 ॥

* 

आओ इससे तिलक करें हम सुदृढ़ शक्ति फिर पाने को,

नई पीढ़ी को अमर शहीदों की फिर याद दिलाने को ॥  

जन्मभूमि यह कर्मवती धार्मिक ऋषियों का धाम है,

इसको शत – शत नमन हमारा, बारम्बार प्रणाम है ॥ 4 ॥

☆

© प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

ए २३३ , ओल्ड मीनाल रेजीडेंसी  भोपाल ४६२०२३

मो. 9425484452

vivek1959@yahoo.co.in

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ “श्री हंस” साहित्य # 161 ☆ गीत – ।। जिसके जीवन में संघर्ष जीत भी उसके हिस्से में आएगी ।। ☆ श्री एस के कपूर “श्री हंस” ☆

श्री एस के कपूर “श्री हंस”

 

☆ “श्री हंस” साहित्य # 161 ☆

☆ गीत – ।। जिसके जीवन में संघर्ष जीत भी उसके हिस्से में आएगी ।। ☆ श्री एस के कपूर “श्री हंस” ☆

☆

जिसके जीवन में संघर्ष जीत भी हिस्से में आएगी।

हृदय में स्नेह-प्रेम तो प्रीत भी उसके हिस्से में आएगी।।

*****

परिस्थिति का काम रोकना है आपका काम बढ़ते जाना।

तब आपको अपनी आंतरिक शक्ति को है बाहर लाना।।

सोच बदल देखो लड़ी सितारों की भी हिस्से में आएगी।

जिनके जीवन में संघर्ष जीत भी हिस्से में आएगी।।

****

किश्ती नहीं बदलो दिशा बदलो कि किनारे आ जाएंगे।

नजर बस अपनी बदलो कि नजारे भी नजर आएंगे।।

संकल्प आत्मबल से जीत भी आपके किस्से में आएगी।

जिनके जीवन में संघर्ष जीत भी हिस्से में आएगी।।

****

धीरे-धीरे ही चाहे चल लेना पर तुम बीच राह रुकना मत।

कठनाइयों को देख कर अपनी कोशिश में झुकना मत।।

बारिश में भीगोगे तभी इंद्रधनुष छवि हिस्से में आएगी।

जिनके जीवन में संघर्ष जीत भी हिस्से में आएगी।।

****

एक नहीं हर काम के ही हजार प्रकल्प होते हैं।

एक रास्ता बंद तो खुलते हजार विकल्प होते हैं।।

जो व्यवहार कुशल भी तो मीत मित्रता हिस्से में आएगी।

जिनके जीवन में संघर्ष जीत भी हिस्से में आएगी।।

☆

© एस के कपूर “श्री हंस”

बरेलीईमेल – Skkapoor5067@ gmail.com, मोब  – 9897071046, 8218685464

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य #277 ☆ चर्चा  और आरोप… ☆ डॉ. मुक्ता ☆

डॉ. मुक्ता

(डा. मुक्ता जी हरियाणा साहित्य अकादमी की पूर्व निदेशक एवं माननीय राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित/पुरस्कृत हैं। साप्ताहिक स्तम्भ “डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य” के माध्यम से  हम  आपको प्रत्येक शुक्रवार डॉ मुक्ता जी की उत्कृष्ट रचनाओं से रूबरू कराने का प्रयास करते हैं। आज प्रस्तुत है डॉ मुक्ता जी की मानवीय जीवन पर आधारित एक विचारणीय आलेख चर्चा  और आरोप। यह डॉ मुक्ता जी के जीवन के प्रति गंभीर चिंतन का दस्तावेज है। डॉ मुक्ता जी की  लेखनी को  इस गंभीर चिंतन से परिपूर्ण आलेख के लिए सादर नमन। कृपया इसे गंभीरता से आत्मसात करें।) 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य  # 277 ☆

☆ चर्चा  और आरोप… ☆

चर्चा  और आरोप यह दोनों ही सफल व्यक्ति के भाग्य में होते हैं। लोगों के दृष्टिकोण को लेकर ज़्यादा मत सोचिए, क्योंकि सबसे ज़्यादा वे लोग ही आपका मूल्याँकन करते हैं, जिनका ख़ुद कोई मूल्य व अस्तित्व नहीं होता। आज के प्रतिस्पर्द्धात्मक युग में मानव एक-दूसरे को पछाड़ कर आगे निकल जाना चाहता है, क्योंकि वह कम समय में अधिकाधिक धन व शौहरत पाना चाहता है और भीड़ का हिस्सा नहीं बनना चाहता। वैसे भी मानव अक्सर दूसरों को सुखी देखकर अधिक दु:खी रहता है। उसे अपने सुखों का अभाव इतना नहीं खलता; जितना दूसरों के प्रति ईर्ष्या भाव आहत करता है। यह एक ऐसी लाइलाज समस्या है, जिसका निदान नहीं है। आप अपनी सुरसा के मुख की भाति बढ़ती इच्छाओं पर अंकुश लगा कर संतोष व सुख से जी सकते हैं और दूसरों के बढ़ते कदमों को देख उनका अनुकरण तो कर सकते हैं। स्पर्द्धा भाव को अपने अंतर्मन में संजोकर रखना श्रेयस्कर है, क्योंकि मन में ईर्ष्या भाव जाग्रत कर हम आगे नहीं बढ़ सकते। ईर्ष्या भाव मन में अक्सर तनाव व अवसाद को जन्म देता है, जो आपको अलगाव की स्थिति प्रदान करता है।

चर्चा सदा महान् लोगों की होती है, क्योंकि वे आत्मविश्वासी, दृढ़-प्रतिज्ञ, परिश्रमी, धैर्यवान व संवेदनशील होते हैं; भीड़ प्रतिगामी नहीं होते। उसके बल पर वे जीवन में जो चाहते हैं, उस मुक़ाम को हासिल करने में समर्थ होते हैं। उनका सानी कोई नहीं होता। दूसरी ओर आरोप भी संसार में उन्हीं लोगों पर लगाए जाते हैं, जो लीक से हटकर कुछ करते हैं। वे एकाग्रचित्त होकर निरंतर अपने पथ पर अग्रसर होते हैं, कभी विचलित नहीं होते।

अक्सर आरोप लगाने व आलोचना करने वाले वे लोग ही होते हैं, जिनका अपना दृष्टिकोण, सोच  व अस्तित्व नहीं होता। वे बेपैंदे लोट होते हैं और  उन्हें थाली का बैगन भी कहा जा सकता है। वे मात्र दूसरों पर आरोप लगा कर प्रसन्नता प्राप्त करते हैं। ऐसे लोग दूसरों की आलोचना करने में अपना अमूल्य समय नष्ट करते हैं। ‘बिन साबुन पानी बिना, निर्मल किए सुभाय’ वैसे तो कबीर ने भी निंदक के लिए अपने आँगन में कुटिया बनाने का सुझाव दिया है, क्योंकि यही वे प्राणी होते हैं, जो निष्काम भाव से आपको अपने दोषों, कमियों व अवगुणों से अवगत कराते हैं।

‘तुम कर सकते हो’ जी हाँ! यह शाश्वत् सत्य है। सो! असंभव शब्द को अपने शब्दकोश से बाहर निकाल दीजिए। आप में असीमित शक्तियाँ संचित हैं, परंतु आप उनसे अवगत नहीं होते हैं। आइंस्टीन ने जब बल्ब का आविष्कार किया तो उसे अनेक बार असफलताओं का सामना करना पड़ा। उसके मित्रों ने उसे उस खोज पर अपना समय नष्ट न करने का अनेक बार सुझाव दिया। परंतु उसका उत्तर सुन आप चौंक जाएंगे कि ‘अब उसे इस दिशा में पुन: अपना समय नष्ट नहीं करना पड़ेगा’ कह कर उनके तथ्य की पुष्टि की। अब मैं नए प्रयोग कर शीघ्रता से अपनी मंज़िल को अवश्य प्राप्त कर सकूंगा और उसे सफलता प्राप्त हुई।

मुझे स्मरण हो रही है अस्मिता की स्वरचित पंक्तियाँ– ‘तूने स्वयं को पहचाना नहीं।’ नारी अबला नहीं है। उसमें असीम शक्तियाँ संचित हैं, परंतु उसने स्वयं को पहचाना नहीं। वैसे भी इंसान यदि अपना लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करता रहता है तो वह एकदिन अपनी मंज़िल को अवश्य प्राप्त कर सकता है। अवरोध तो राह में आते रहते हैं। परंतु उसे अपनी मंज़िल पाने के लिए अनवरत बढ़ना होगा। ‘कुछ तो लोग कहेंगे/ लोगों का काम है कहना’ पंक्तियाँ मानव को संदेश देती हैं कि लोग तो दूसरों को उन्नति करते देख प्रसन्न नहीं होते, बल्कि टाँग खींचकर आलोचना अवश्य करते हैं तथा उसे व्यर्थ के आरोप-प्रत्यारोपों में उलझा कर सुक़ून पाते हैं। परंतु बुद्धिमान व्यक्ति उनसे प्रेरित होकर पूर्ण जोशो-ख़रोश से अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होता है। अब्दुल कलाम के मतानुसार  ‘सपनें वे देखें, जो आपको सोने न दें।’ आप रात को सोते हुए सपने न देखें, बल्कि उन सपनों को साकार करने में जुट जाएं और मंज़िल पाने तक चैन से न सोएं। यह सफलता-प्राप्ति का अमोघ मंत्र है।

आप प्रशंसा से पिघलें नहीं, निंदा से पथ- विचलित न हों तथा दोनों स्थितियों में सम रहते हुए अपने निर्धारित पथ पर अग्रसर हों, जब तक आप मंज़िल को प्राप्त नहीं करते। आप इन दोनों स्थितियों को सीढ़ी बना लें तथा लोगों के मूल्याँकन से विचलित न हों। आप स्वयं अपने भाग्य-विधाता हैं और कठिन परिश्रम व आत्मविश्वास द्वारा वह सब प्राप्त कर सकते हैं, जिसकी आपने कल्पना भी नहीं की थी।

अंत में मैं यह कहना चाहूँगी कि इसके लिए सकारात्मक सोच की दरक़ार है।  सो! जीवन में नकारात्मकता को प्रवेश न करने दें। जीवन में प्रेम, सौहार्द, त्याग, विनम्रता, करुणा, सहानुभुति आदि सद्भावों को विकसित करें, क्योंकि यह दैवीय गुण मानव को उसकी मंज़िल तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होते हैं तथा उस व्यक्ति में पंच विचार दस्तक नहीं दे सकते। आप अपने अंतर्मन में उन गुणों को विकसित कीजिए और बढ़ जाइए अपनी राहों की ओर– जहाँ सफलता आपका स्वागत अवश्य करेगी।

●●●●

© डा. मुक्ता

माननीय राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत, पूर्व निदेशक, हरियाणा साहित्य अकादमी

संपर्क – #239,सेक्टर-45, गुरुग्राम-122003 ईमेल: drmukta51@gmail.com, मो• न•…8588801878

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares