हिंदी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ प्रतुल साहित्य # 3 – हास्य-व्यंग्य – “सर पर माथा पच्ची” ☆ श्री प्रतुल श्रीवास्तव ☆

श्री प्रतुल श्रीवास्तव 

वरिष्ठ पत्रकार, लेखक श्री प्रतुल श्रीवास्तव, भाषा विज्ञान एवं बुन्देली लोक साहित्य के मूर्धन्य विद्वान, शिक्षाविद् स्व.डॉ.पूरनचंद श्रीवास्तव के यशस्वी पुत्र हैं। हिंदी साहित्य एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रतुल श्रीवास्तव का नाम जाना पहचाना है। इन्होंने दैनिक हितवाद, ज्ञानयुग प्रभात, नवभारत, देशबंधु, स्वतंत्रमत, हरिभूमि एवं पीपुल्स समाचार पत्रों के संपादकीय विभाग में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। साहित्यिक पत्रिका “अनुमेहा” के प्रधान संपादक के रूप में इन्होंने उसे हिंदी साहित्य जगत में विशिष्ट पहचान दी। आपके सैकड़ों लेख एवं व्यंग्य देश की विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। आपके द्वारा रचित अनेक देवी स्तुतियाँ एवं प्रेम गीत भी चर्चित हैं। नागपुर, भोपाल एवं जबलपुर आकाशवाणी ने विभिन्न विषयों पर आपकी दर्जनों वार्ताओं का प्रसारण किया। प्रतुल जी ने भगवान रजनीश ‘ओशो’ एवं महर्षि महेश योगी सहित अनेक विभूतियों एवं समस्याओं पर डाक्यूमेंट्री फिल्मों का निर्माण भी किया। आपकी सहज-सरल चुटीली शैली पाठकों को उनकी रचनाएं एक ही बैठक में पढ़ने के लिए बाध्य करती हैं।

प्रकाशित पुस्तकें –ο यादों का मायाजाल ο अलसेट (हास्य-व्यंग्य) ο आखिरी कोना (हास्य-व्यंग्य) ο तिरछी नज़र (हास्य-व्यंग्य) ο मौन

आज प्रस्तुत है आपका एक विचारणीय व्यंग्य  “सर पर माथा पच्ची”।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ ☆ प्रतुल साहित्य # 3 ☆

☆ व्यंग्य ☆ “सर पर माथा पच्ची” ☆ श्री प्रतुल श्रीवास्तव ☆

☆

वर्माजी बहुत देर से मेरे सामने “सिर झुकाए” बैठे थे। वे बीच – बीच में अपना “सिर खुजाते हुए” भाई साहब बोलते और फिर चुप हो जाते। उनके “भाई साहब, भाई साहब” कहने और फिर लंबी चुप्पी साध लेने की अदा से मेरा सिर चढ़ गया।

मैंने उन्हें “सिर से पैर तक देखते हुए” कहा, भाई जी किस बात ने आपको “सिर नीचा करने” पर मजबूर कर दिया, हमेशा “सिर ऊंचा करके, उठाकर चलना चाहिए। बड़ी से बड़ी बात भी सिर पर आ पड़े तब भी न तो सिर गरम होना चाहिए न ही सिर फटना चाहिए। देश के विपक्षी नेताओं से कुछ सीखो जिनके सिर का बोझ देश के मुखिया बने हुए हैं विपक्षियों के सिर से पैर तक आग लगी है लेकिन वे जानते हैं कि सिर पर पैर रख कर भागने, सिर पीटने, सिर धुनने, सिर फिरने, सिर भारी होने अथवा सिर पकड़ कर बैठने से समस्या हल नहीं होगी। समस्या के समाधान के लिए हमेशा सिर ठंडा रखना पड़ता है चाहे धीरज से रखो, चाहे गम खाकर या अमिताभ बच्चन के बताए ठंडे ठंडे कूल कूल तेल को लगाकर। अगर यह नहीं कर सकते तो उस चम्पी वाले को ढूंढो जो सड़कों पर गाता फिरता है, सर जो तेरा चकराये या दिल डूबा जाए, आज प्यारे पास हमारे काहे घबराये, कहे घबराये.. “

वर्मा जी मेरी बात सिर हिला हिला कर सुन रहे थे। मैंने कहा, वर्मा जी “मुंडे मुंडे मतिर्भिन्ना”। उन्होंने सिर के कुछ बालों को नोंचते हुए मासूमियत से पूछा- “क्या मतलब भाई साहब ?” वर्मा जी की बात सुनकर मेरा मन अपना सिर पत्थर से फोड़ने का हुआ लेकिन ईश्वर की कृपा से आसपास पत्थर नहीं था। मैने कहा “भाई जी तात्पर्य यह की प्रत्येक सिर में भिन्न विचार होते हैं। विपक्षियों के सिरों में भी पक्ष को हटाने भिन्न भिन्न विचार हैं। वे अपने अपने ढंग से पक्ष को जनता के सिर से उतारने की कोशिश में लगे हैं। किसी ने भारत जोड़ो यात्रा करके देश भर में मोहब्बत की दुकानें खोल डाली हैं तो कोई विपक्षी एकता के लिए प्रदेश प्रदेश भटक रहा है। कोई अपने बयान रूपी बाणों से पक्ष को घायल करने उतारू है। अब जब सब के सिर फिर गए हैं तो सब सिर जोड़कर बैठने उतावले हो रहे हैं।”

मेरी लंबी बात सुनकर वर्मा जी ने चुप्पी तोड़ी बोले “भाई साहब आपने इतनी सारी बातें कर दीं पर वह नहीं बताया जो मैं जानना चाहता हूं।” मैंने कहा, “वर्मा जी अब पानी सिर के ऊपर हो गया है आप बहुत देर से मेरे सामने बैठे भाई साहब, भाई साहब का राग अलाप कर न सिर्फ मेरा सिर खा रहे हैं बल्कि मेरे सिर को पचाने की जुर्रत भी कर रहे हैं या तो मुद्दे की बात पर आकर अपना और मेरा दोनों का सिर ठंडा करो या मेरा पीछा छोड़ो।” वे बोले “भाई साहब एक प्रश्न मुझे सुबह से परेशान करे है कि जब दुनिया में इतनी व्हेरायटी के तेल हैं तो छछूंदर अपने सिर में चमेली का तेल ही क्यों पसंद करती हैं ?” इसी समय मेरी श्रीमती जी ने चाय के प्यालों के साथ कमरे में प्रवेश किया और मेरी ओर बढ़ीं। मैंने कहा “पहले मुझे नहीं छछूंदर को दो।” पत्नी ने आश्चर्य से प्रश्न किया “छछूंदर कौन ?” मैंने कहा “मेरा मतलब वर्मा जी को दो।” पत्नी जोर से हंसने लगी। वर्मा जी नाराज होकर खड़े हो गए पर मुझे मालूम था कि वे नाराजगी में भी चाय पिये बिना नहीं जायेंगे। मैंने कहा “भाई जी सिर पर चढ़  गए क्रोध को थूक दो।” मेरी जुबान याने टंग देश के युवा नेता की तरह फिसल गई थी ओर वह वर्मा जी की जगह छछूंदर कह गई।

© श्री प्रतुल श्रीवास्तव 

संपर्क – 473, टीचर्स कालोनी, दीक्षितपुरा, जबलपुर – पिन – 482002 मो. 9425153629

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ क्या बात है श्याम जी # 215 ☆ # “सूर्य बनकर तुम आए थे…” # ☆ श्री श्याम खापर्डे ☆

श्री श्याम खापर्डे

(श्री श्याम खापर्डे जी भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी हैं। आप प्रत्येक सोमवार पढ़ सकते हैं साप्ताहिक स्तम्भ – क्या बात है श्याम जी । आज प्रस्तुत है आपकी भावप्रवण कविता “सूर्य बनकर तुम आए थे...”।) 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ ☆ क्या बात है श्याम जी # 215 ☆

☆ # “सूर्य बनकर तुम आए थे…” # ☆

(डॉ बाबासाहेब अंबेडकर जी के जन्मदिवस पर विशेष)

☆

अंधकार में दीपक बनकर

तुम हमारे आए थे

नई सुबह का नया संदेशा

जीवन में तुम लाए थे

 

हमने सूरज देखा कब था

डर का साया उतार फेका कब था

हम उलझ गए थे मंत्र तंत्र में

तिलिस्म के  अभेद्य तंत्र में

स्याह रात हंस रही थी

नागिन बनकर डस रही थी

अपना जाल वो कस रही थी

हमारी पीढियां उन में फंस रही थी

तोड़ सके इस जाल को

ऐसी कोई बांह नहीं थी

फंदे पड़े थे गले में

जीने की कोई राह नहीं थी

तब घने मेघों को चीरकर 

किरण बनकर तुम आए थे

नई सुबह का नया संदेशा

जीवन में तुम लाए थे

 

जब किरणों ने छुआ अंधेरा

तम का कांपने लगा था डेरा

जब रश्मि ने मारा फेरा

तम को व्याकुलता ने घेरा

फिर नए-नए प्रपंच रचे

ताकि किरणों का ना अस्तित्व बचें

सूर्य को भी बंदी बनाया

किरणों को  बदली में छुपाया

दिन को रात बनानी चाही

इस पाखंड ने फिर लाई तबाही

तब किरणों से विद्रोह कराकर

सूर्य बनकर तुम आए थे

नई सुबह का नया संदेशा

जीवन में तुम लाए थे

 

नई किरणों ने जब से छुआ है

तन मे  नई ऊर्जा का संचार हुआ है

बुझी बुझी पलकों ने भी

अपनी पलकें खोली है

जागी हुई आंखों ने

आजादी की बात बोली है

सबकी आंखों में है सपने

बेहतर हो आगे दिन अपने

पंचशील की शिक्षा ली है

धम्म की हमने दीक्षा ली है

शिक्षा से हम आगे बढ़ेंगे

धम्म से नया इतिहास गढ़ेंगे

तब कष्ट झेलकर

हमारे अधरों पर

तुम मुस्कान सजाए थे

नई सुबह का नया संदेशा

जीवन में तुम लाए थे

 

अंधकार में दीपक बनकर

तुम हमारे आए थे

नई सुबह का नया संदेशा

जीवन में तुम लाए थे  /

☆

© श्याम खापर्डे 

फ्लेट न – 402, मैत्री अपार्टमेंट, फेज – बी, रिसाली, दुर्ग ( छत्तीसगढ़) मो  9425592588

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कविता ☆ – प्रकृति… ☆ श्री राजेन्द्र तिवारी ☆

श्री राजेन्द्र तिवारी

(ई-अभिव्यक्ति में संस्कारधानी जबलपुर से श्री राजेंद्र तिवारी जी का स्वागत। इंडियन एयरफोर्स में अपनी सेवाएं देने के पश्चात मध्य प्रदेश पुलिस में विभिन्न स्थानों पर थाना प्रभारी के पद पर रहते हुए समाज कल्याण तथा देशभक्ति जनसेवा के कार्य को चरितार्थ किया। कादम्बरी साहित्य सम्मान सहित कई विशेष सम्मान एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा सम्मानित, आकाशवाणी और दूरदर्शन द्वारा वार्ताएं प्रसारित। हॉकी में स्पेन के विरुद्ध भारत का प्रतिनिधित्व तथा कई सम्मानित टूर्नामेंट में भाग लिया। सांस्कृतिक और साहित्यिक क्षेत्र में भी लगातार सक्रिय रहा। हम आपकी रचनाएँ समय समय पर अपने पाठकों के साथ साझा करते रहेंगे। आज प्रस्तुत है आपका एक भावप्रवण कविता  ‘प्रकृति…‘।)

☆ कविता –  प्रकृति… ☆ श्री राजेन्द्र तिवारी ☆

☆

अलसाई सी रुत है, मन बावरा बेचैन,

चेहरा तो संयत है, चंचल चंचल नैन.

*

खोज रहा मन, यहां वहां, यत्र तत्र सर्वत्र,

चैन मिले न बावरा, कर गया मन बेचैन,

*

एक अकेला चांद है, आसमान पर मौन,

तारे सारे सिमट गए, पूछ रहे हैं कौन,

*

धुंआ धुआं सब हो रहा, मौन गली सुनसान,

दीपक राह दिखात है, स्वर झींगुर की तान,

*

सुरमई भोर में उदित हुआ, रक्तिम दिनकर,

पेड़ों पर कलरव करते पंछी, पूछ रहे कौन.

*

किसने क्या कह दिया, सागर की  लहरों से,

पटकती हैं, कदमों पर सिर को, तट मौन.

☆

© श्री राजेन्द्र तिवारी  

संपर्क – 70, रामेश्वरम कॉलोनी, विजय नगर, जबलपुर

मो  9425391435

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ परिहार जी का साहित्यिक संसार # 285 ☆ एक सामाजिक प्राणी ☆ डॉ कुंदन सिंह परिहार ☆

डॉ कुंदन सिंह परिहार

(वरिष्ठतम साहित्यकार आदरणीय  डॉ  कुन्दन सिंह परिहार जी  का साहित्य विशेषकर व्यंग्य  एवं  लघुकथाएं  ई-अभिव्यक्ति  के माध्यम से काफी  पढ़ी  एवं  सराही जाती रही हैं।   हम  प्रति रविवार  उनके साप्ताहिक स्तम्भ – “परिहार जी का साहित्यिक संसार” शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते  रहते हैं।  डॉ कुंदन सिंह परिहार जी  की रचनाओं के पात्र  हमें हमारे आसपास ही दिख जाते हैं। कुछ पात्र तो अक्सर हमारे आसपास या गली मोहल्ले में ही नज़र आ जाते हैं।  उन पात्रों की वाक्पटुता और उनके हावभाव को डॉ परिहार जी उन्हीं की बोलचाल  की भाषा का प्रयोग करते हुए अपना साहित्यिक संसार रच डालते हैं।आज प्रस्तुत है आपका एक अप्रतिम व्यंग्य  – ‘एक सामाजिक प्राणी ‘। इस अतिसुन्दर रचना के लिए डॉ परिहार जी की लेखनी को सादर नमन।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – परिहार जी का साहित्यिक संसार  # 285 ☆

☆ व्यंग्य ☆ एक सामाजिक प्राणी ☆

चमन भाई पूरे सामाजिक प्राणी हैं। समाज पर उन्हें भारी भरोसा है। असामाजिक , आत्मसीमित लोगों से उन्हें  चिढ़ होती है। रामनाम की जगह वे बात बात में ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ जपते रहते हैं।

समाज की उपयोगिता पर चमन भाई घंटों भाषण दे सकते हैं। वे चीटियों का उदाहरण देते हैं जो मिलजुल कर पहाड़ उठा लेती हैं। वे भेड़िया-बालक जैसे आदम-समाज से बाहर पले प्राणियों की बात करते हैं जो आदमी होकर भी पशु बन गये ।आज के समाज में बढ़ती हिंसा और क्रूरता पर उनकी टिप्पणी है कि यह आदमी के समाज से कटते जाने और अपने में सिमटते जाने के कारण ही है।

चमन भाई इस हद तक सामाजिक हैं कि अपनी ज़्यादातर ज़रूरतों के लिए समाज पर ही निर्भर रहते हैं। उन्होंने न टेलीफोन का झंझट पाला, न फ्रिज का, न स्कूटर का। जब सब चीज़ें मुहल्ले में सहज उपलब्ध हैं तो फिर फ़िज़ूलखर्ची क्यों की जाए? तीन-चार साल पहले उन्होंने एक मोपेड खरीदी थी। वह रखे रखे जंग खा गयी क्योंकि चमन भाई उसे कभी चलाते ही नहीं थे। जब दूसरों की गाड़ियां दौड़ रही हों तो अपनी गाड़ी को दौड़ाने का क्या मतलब? दूसरों के स्कूटर की पिछली सीट खाली जाए तो वह भी एक तरह से फिज़ूलखर्ची हुई।

लैंडलाइन फोन के ज़माने में मुहल्ले के किसी भी घर में पहुंचकर चमन भाई टेलीफोन अपनी तरफ खींचकर डायल घुमाना शुरू कर देते। वार्ता कभी-कभी इतनी देर तक चलती कि गृहस्वामी का ब्लड-प्रेशर बढ़ने लगता। चमन भाई को इशारा किया जाता, ‘चमन भाई, टेलीफोन के रेट बढ़ गये हैं।’ जवाब में चमन भाई बढ़ती महंगाई पर आधे घंटे का भाषण दे मारते। सरकार को कोसते, कर्मचारियों-अधिकारियों को गाली देते और जनता पर पड़ने वाले बोझ की बात करते-करते दुखी हो जाते। लेकिन दुबारा ज़रूरत पड़ने पर फिर नि:संकोच उस घर में टेलीफोन करने हाज़िर हो जाते।

मुहल्ले में कई लोगों ने चमन भाई के आतंक से टेलीफोन ड्राइंग रूम से हटाकर भीतर छिपा दिया था। वे फोन करने पहुंचते तो सुनने को मिलता, ‘फोन खराब है, चमन भाई। माफ कीजिएगा।’ चमन भाई ‘अच्छा’ कह कर वापस आ जाते। गुस्सा नहीं होते। गुस्सा होने से सामाजिक संबंध टूटते हैं। गुस्सा सामाजिकता के लिए घातक होता है। आगे के लिए रास्ता बन्द होता है। इसलिए वे हमेशा परमहंस बने, गलती करने वालों को माफ करते रहते।

चमन भाई पिछले पंद्रह बीस साल से दूसरों के स्कूटर पर बैठकर दफ्तर जा रहे हैं। मुहल्ले में उनके दफ्तर के दो साथी रहते हैं। दोनों ने दुर्भाग्य से स्कूटर खरीद रखा है। चमन भाई बारी-बारी से उनको उपकृत करते रहते हैं। वे ठीक दस बजे उनमें से एक के घर पहुंच कर बाहर खड़े हो जाते हैं और स्कूटर स्टार्ट होने पर चुपचाप पिछली सीट पर बैठ जाते हैं। दो-चार बार उनके साथी चिढ़कर दस से पहले निकल गये, लेकिन चमन भाई ने बुरा नहीं माना। अगले दिन फिर वे दस बजे शान्त भाव से उसी ठिये पर पहुंच गये। उनके साथी भी आखिर कब तक भागते? इस तरह के मामूली झटके लगने के बाद फिर सब यथावत चलने लगता। चमन भाई धैर्य नहीं खोते। धीरज का फल मीठा होता है।

बाज़ार जाने के लिए चमन भाई दूसरा नुस्खा आज़माते हैं। चौराहे पर थैला लेकर खड़े हो जाते हैं और किसी भी भले दिखने वाले स्कूटर वाले को रोक लेते हैं। स्कूटर रुकते ही पीछे की सीट पर बैठ जाते हैं, कहते हैं, ‘थोड़ा बाजार तक छोड़ दीजिएगा।’ अगर वह कहता है कि उसे बीच में ही कहीं रुकना है तो वे  जवाब देते हैं, ‘हां हां, वहीं छोड़ दीजिएगा। वहां से चला जाऊंगा।’ उस स्थान से चमन भाई किसी दूसरे स्कूटर वाले को ढूंढ़ते हैं। नहीं मिलता तो गाते-गुनगुनाते पैदल बाकी रास्ता तय कर लेते हैं, लेकिन विचलित नहीं होते। रिक्शे-  विक्शे पर पैसा बर्बाद नहीं करते। जब पूरा समाज स्कूटरों पर दौड़ रहा हो तो एक व्यक्ति को अपनी चिन्ता करने की क्या ज़रूरत? एक आदमी तो कहीं भी अंट सकता है।

चमन भाई ने कॉरपोरेशन का नल नहीं लगवाया। जिस दिन उनके पड़ोसी के घर नल लगा उसके दूसरे दिन उन्होंने एक लंबी सटक खरीद ली। नल खाली दिखते ही सटक लगाकर ज़रूरत के हिसाब से पानी भर लेते। देर तक नल खाली न मिले तो पड़ोसी का बर्तन हटाकर सटक लगा देते। टिप्पणी भी कर देते, ‘दो-चार बाल्टी पानी के लिए कितना इन्तजार करें?’ पड़ोसी की शराफत की बदौलत चमन भाई का काम चलता रहता है।

पहले उन्होंने टीवी भी नहीं खरीदा था। पड़ोसी की बुद्धि भ्रष्ट हुई तो उसने खरीद लिया। चमन भाई महीनों सपरिवार हर शाम उसके घर की शोभा बढ़ाते रहे। रामायण और महाभारत की सारी कड़ियां उसी के घर देखीं। टीवी बन्द होता तो कहते, ‘चालू करो भाई।’ चमन परिवार देर तक जमा रहता तो पड़ोसी कहता, ‘चमन भाई, अब तो नींद आ रही है।’ चमन भाई टीवी पर निगाहें जमाये हुए कहते, ‘ हां हां, आप सोइए। आराम से सोइए। हम बैठे हैं। जाते टाइम आपको बता देंगे।’

बीच में पड़ोसी के मेहमान आ जाते, तब भी चमन परिवार अपनी जगह बैठा टीवी देखता रहता। कभी मेहमान के कारण टीवी बन्द करना पड़ता तो चमन परिवार उनके जाने का इन्तज़ार करता जमा रहता। मेहमान के लिए जो चाय-पानी आता उसमें हिस्सा भी बंटा लेते। हार कर पड़ोसी ने शाम को घर में ताला ठोकना शुरू कर दिया। शाम को निकल जाते और अपने एक रिश्तेदार के यहां टीवी देख लेते। यह नुस्खा काम कर गया और चमन भाई ने मायूस होकर टीवी खरीद लिया। लेकिन पड़ोसी की इस असामाजिकता पर वे हफ्तों घूम घूम कर दुख प्रकट करते रहे। गुस्सा उन्हें फिर भी नहीं आया।

उनका पड़ोसी एफ एम रेडियो सुनने का शौकीन है। चमन भाई मुफ्त में उसका आनन्द लेते रहते हैं। जब कुछ अच्छे गाने शुरू होते हैं तो खिड़की से झांक कर कहते हैं, ‘आचारिया जी, जरा तेज कर दीजिए। लाउड। बहुत बढ़िया भजन है। मजा आ गया।’

चमन भाई पड़ोस से मुक्त भाव से चाय, दूध, शक्कर, आटा मांग लेते हैं। पड़ोसियों के फ्रिज में आइसक्रीम जमा लेते हैं। पड़ोसी उतने सामाजिक नहीं हैं, इसलिए वे चमन भाई से चीज़ें नहीं मांगते।

मुहल्ले में पांच छः कारें हैं। ज़रूरत पड़ने पर चमन भाई वहां भी दस्तक दे देते हैं। मिल गयी तो ठीक, नहीं तो कोई बात नहीं। चमन भाई पर कोई असर नहीं होता। वे यह मानते हैं कि ‘उनसे पहले वे मरे जिन मुख निकसत नाहिं।’ इस दोहे की पहली पंक्ति उनके खिलाफ जाती है, इसलिए वे बस दूसरी पंक्ति ही दुहराते हैं।

मुहल्ले में सुविधाएं बढ़ने के साथ चमन भाई के लिए समाज की उपयोगिता के नये आयाम खुलते हैं। कई झटके लगने के बाद भी समाज और आदमी पर उनकी आस्था में निरन्तर वृद्धि ही होती है। उनका विश्वास है कि समाज में भले लोग भी हैं और बुरे भी। इसलिए जो मिल जाए उसे ग्रहण कर लेना चाहिए और जो न मिले उसे त्याज्य समझ कर छोड़ देना चाहिए। जीवन में सुख का इससे बेहतर नुस्खा कोई नहीं है।

© डॉ कुंदन सिंह परिहार

जबलपुर, मध्य प्रदेश

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा कहानी ☆ ≈ मॉरिशस से ≈ – गद्य क्षणिका – पराये भी अपने… – ☆ श्री रामदेव धुरंधर ☆

श्री रामदेव धुरंधर

(ई-अभिव्यक्ति में मॉरीशस के सुप्रसिद्ध वरिष्ठ साहित्यकार श्री रामदेव धुरंधर जी का हार्दिक स्वागत। आपकी रचनाओं में गिरमिटया बन कर गए भारतीय श्रमिकों की बदलती पीढ़ी और उनकी पीड़ा का जीवंत चित्रण होता हैं। आपकी कुछ चर्चित रचनाएँ – उपन्यास – चेहरों का आदमी, छोटी मछली बड़ी मछली, पूछो इस माटी से, बनते बिगड़ते रिश्ते, पथरीला सोना। कहानी संग्रह – विष-मंथन, जन्म की एक भूल, व्यंग्य संग्रह – कलजुगी धरम, चेहरों के झमेले, पापी स्वर्ग, बंदे आगे भी देख, लघुकथा संग्रह – चेहरे मेरे तुम्हारे, यात्रा साथ-साथ, एक धरती एक आकाश, आते-जाते लोग। आपको हिंदी सेवा के लिए सातवें विश्व हिंदी सम्मेलन सूरीनाम (2003) में सम्मानित किया गया। इसके अलावा आपको विश्व भाषा हिंदी सम्मान (विश्व हिंदी सचिवालय, 2013), साहित्य शिरोमणि सम्मान (मॉरिशस भारत अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी 2015), हिंदी विदेश प्रसार सम्मान (उ.प. हिंदी संस्थान लखनऊ, 2015), श्रीलाल शुक्ल इफको साहित्य सम्मान (जनवरी 2017) सहित कई सम्मान व पुरस्कार मिले हैं। हम श्री रामदेव  जी के चुनिन्दा साहित्य को ई अभिव्यक्ति के प्रबुद्ध पाठकों से समय समय पर साझा करने का प्रयास करेंगे।

आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय गद्य क्षणिका “– पराये भी अपने…” ।) 

~ मॉरिशस से ~

☆ कथा कहानी  ☆ — पराये भी अपने — ☆ श्री रामदेव धुरंधर ☆

दिवाली से चार दिन पहले हमारे पड़ोसी नंदलाल के घर में मृत्यु हुई थी। शोकातुर घर के लिए हमारे घर से खाना जाता था। वहाँ दिवाली के चिराग नहीं जले। मेरे पिता ने दिन के वक्त ही हमसे कहा था हम दो ही चिराग जलायेंगे। हमने ऐसा ही किया। शोकग्रस्त नंदलाल के घर के उधर के पड़ोसी ने भी दो ही दीये जलाये। मेरे पिता ने इस बार कहा था, “पड़ोसी ऐसा ही होना चाहिए।”

 © श्री रामदेव धुरंधर

19 — 04 — 2025

संपर्क : रायल रोड, कारोलीन बेल एर, रिविएर सेचे, मोरिशस फोन : +230 5753 7057   ईमेल : rdhoorundhur@gmail.com

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ संजय उवाच # 285 – शेष.. विशेष…अशेष! ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(“साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच “ के  लेखक  श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है। साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।श्री संजय जी के ही शब्दों में ” ‘संजय उवाच’ विभिन्न विषयों पर चिंतनात्मक (दार्शनिक शब्द बहुत ऊँचा हो जाएगा) टिप्पणियाँ  हैं। ईश्वर की अनुकम्पा से आपको  पाठकों का  आशातीत  प्रतिसाद मिला है।”

हम  प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते रहेंगे। आज प्रस्तुत है  इस शृंखला की अगली कड़ी। ऐसे ही साप्ताहिक स्तंभों  के माध्यम से  हम आप तक उत्कृष्ट साहित्य पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।)

☆  संजय उवाच # 285 ☆ शेष.. विशेष…अशेष! ?

दुर्लभ मानुष जन्म है, देह न बारम्बार,

तरुवर ज्यों पत्ता झड़े, बहुरि न लागे डार।

संत कबीर का यह दोहा अपने अर्थ में सरल और भावार्थ में असीम विस्तार लिए हुए है। जैसे वृक्ष से झड़ा पत्ता दोबारा डाल पर नहीं लगता, वैसे ही मनुष्य देह बार-बार नहीं मिलती। मनुष्य देह बार-बार नहीं मिलती अर्थात दुर्लभ है। जिसे पाना कठिन हो, स्वाभाविक है कि उसका जतन किया जाए। देह नश्वर है, अत: जतन का तात्पर्य सदुपयोग से है।

ऐसा भी नहीं कि मनुष्य इस सच को जानता नहीं पर जानते-बूझते भी अधिकांश का जीवन पल-पल रीत रहा है, निरर्थक-सा क्षण-क्षण  बीत रहा है।

कोई हमारे निर्रथक समय का बोध करा दे या आत्मबोध उत्पन्न हो जाए तो प्राय: हम अतीत का पश्चाताप करने लगते हैं। जीवन में जो समय व्यतीत हो चुका, उसके लिए दुख मनाने लगते हैं। पत्थर की लकीर तो यह है कि जब हम अतीत का पश्चाताप कर रहे होते हैं, उसी समय   तात्कालिक वर्तमान अतीत हो रहा होता है।

अतीतजीवी भूतकाल से बाहर नहीं आ पाता, वर्तमान तक आ नहीं पाता, भविष्य में पहुँचने का तो प्रश्न ही नहीं उठता। अपनी एक कविता स्मरण हो आ रही है,

हमेशा वर्तमान में जिया,

इसलिए अतीत से लड़ पाया,

तुम जीते रहे अतीत में,

खोया वर्तमान,

हारा अतीत

और भविष्य तो

तुमसे नितांत अपरिचित है,

क्योंकि भविष्य के खाते में

केवल वर्तमान तक पहुँचे

लोगों की नाम दर्ज़ होते हैं..!

अपने आप से दुखी एक अतीतजीवी के मन में बार-बार आत्महत्या का विचार आने लगा था। अपनी समस्या लेकर वह महर्षि रमण के पास पहुँचा। आश्रम में आनेवाले अतिथियों के लिए पत्तल बनाने में महर्षि और उनके शिष्य व्यस्त थे। पत्तल बनाते-बनाते  महर्षि रमण ने उस व्यक्ति की समस्या सुनी और चुपचाप पत्तल बनाते रहे। उत्तर की प्रतीक्षा करते-करते व्यक्ति खीझ गया। मनुष्य की विशेषता है  जिन प्रश्नों का उत्तर स्वयं वर्षों नहीं खोज पाता, किसी अन्य से उनका उत्तर क्षण भर में पाने की अपेक्षा करता है।

वह  चिढ़कर महर्षि से बोला, ‘आप पत्तल बनाने में मग्न हैं।  एक बार इन पर भोजन परोस दिया गया, उसके बाद तो इन्हें फेंक ही दिया जाएगा न। फिर क्यों इन्हें इतनी बारीकी से बना रहे हैं, क्यों इसके लिए इतना समय दे रहे हैं?’

महर्षि मुस्कराकर शांत भाव से बोले, ‘यह सत्य है कि पत्तल उपयोग के बाद नष्ट हो जाएगी। मर्त्यलोक में नश्वरता अवश्यंभावी है तथापि मृत्यु से पहले जन्म का सदुपयोग करना ही जीवात्मा का लक्ष्य होना चाहिए। सदुपयोग क्षण-क्षण का। अतीत बीत चुका, भविष्य आया नहीं। वर्तमान को जीने से ही जीवन को जिया जा सकता है, जन्म को सार्थक किया जा सकता है, दुर्लभ मनुज जन्म को भवसागर पार करने का माध्यम बनाया जा सकता है। इसका एक ही तरीका है, हर पल जियो, हर पल वर्तमान जियो।’

स्मरण रहे, व्यतीत हो गया, सो अतीत हो गया। अब जो शेष है, वही विशेष है। विशेष पर ध्यान दिया जाए, जीवन को सार्थक जिया जाए तो देह के जाने के बाद भी मनुष्य रहता अशेष है।

© संजय भारद्वाज 

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार ☆ सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय, एस.एन.डी.टी. महिला विश्वविद्यालय, न्यू आर्ट्स, कॉमर्स एंड साइंस कॉलेज (स्वायत्त) अहमदनगर ☆ संपादक– हम लोग ☆ पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆ ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स ☆ 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

writersanjay@gmail.com

☆ आपदां अपहर्तारं ☆

💥 12 अप्रैल 2025 से 19 मई 2025 तक श्री महावीर साधना सम्पन्न होगी 💥  

🕉️ प्रतिदिन हनुमान चालीसा एवं संकटमोचन हनुमन्नाष्टक का कम से एक पाठ अवश्य करें, आत्मपरिष्कार एवं ध्यानसाधना तो साथ चलेंगे ही 🕉️

अनुरोध है कि आप स्वयं तो यह प्रयास करें ही साथ ही, इच्छुक मित्रों /परिवार के सदस्यों  को भी प्रेरित करने का प्रयास कर सकते हैं। समय समय पर निर्देशित मंत्र की इच्छानुसार आप जितनी भी माला जप  करना चाहें अपनी सुविधानुसार कर सकते हैं ।यह जप /साधना अपने अपने घरों में अपनी सुविधानुसार की जा सकती है।ऐसा कर हम निश्चित ही सम्पूर्ण मानवता के साथ भूमंडल में सकारात्मक ऊर्जा के संचरण में सहभागी होंगे। इस सन्दर्भ में विस्तृत जानकारी के लिए आप श्री संजय भारद्वाज जी से संपर्क कर सकते हैं। 

≈ संपादक – हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

English Literature – Poetry ☆ Anonymous litterateur of social media # 232 ☆ Captain Pravin Raghuvanshi, NM ☆

Captain (IN) Pravin Raghuvanshi, NM

? Anonymous Litterateur of social media # 232 (सोशल मीडिया के गुमनाम साहित्यकार # 232) ?

Captain Pravin Raghuvanshi NM—an ex Naval Officer, possesses a multifaceted personality. He served as a Senior Advisor in prestigious Supercomputer organisation C-DAC, Pune. An alumnus of IIM Ahmedabad was involved in various Artificial and High-Performance Computing projects of national and international repute. He has got a long experience in the field of ‘Natural Language Processing’, especially, in the domain of Machine Translation. He has taken the mantle of translating the timeless beauties of Indian literature upon himself so that it reaches across the globe. He has also undertaken translation work for Shri Narendra Modi, the Hon’ble Prime Minister of India, which was highly appreciated by him. He is also a member of ‘Bombay Film Writer Association’. He is also the English Editor for the web magazine www.e-abhivyakti.com. 

Captain Raghuvanshi is also a littérateur par excellence. He is a prolific writer, poet and ‘Shayar’ himself and participates in literature fests and ‘Mushayaras’. He keeps participating in various language & literature fests, symposiums and workshops etc.

Recently, he played an active role in the ‘International Hindi Conference’ at New Delhi. He presided over the “Session Focused on Language and Translation” and also presented a research paper. The conference was organized by Delhi University in collaboration with New York University and Columbia University.

हिंदी साहित्य – आलेख ☆ अंतर्राष्ट्रीय हिंदी सम्मेलन ☆ कैप्टन प्रवीण रघुवंशी, एन एम्

In his Naval career, he was qualified to command all types of warships. He is also an aviator and a Sea Diver; and recipient of various awards including ‘Nao Sena Medal’ by the President of India, Prime Minister Awards and C-in-C Commendation. He has won many national and international awards.

He is also an IIM Ahmedabad alumnus.

His latest quest involves writing various books and translation work including over 100 Bollywood songs for various international forums as a mission for the enjoyment of the global viewers. Published various books and over 3000 poems, stories, blogs and other literary work at national and international level. Felicitated by numerous literary bodies..! 

? English translation of Urdu poetry couplets of Anonymous litterateur of Social Media # 232 ?

☆☆☆☆☆

ज़रा सी कैद से ही

घुटन होने  लगी…

तुम तो पंछी पालने

के  बड़े  शौक़ीन थे…

☆☆

Just a little bit of confinement

Made you feel so suffocated

 But keeping the birds caged

 You were so very fond of…!

☆☆☆☆☆

अधूरी कहानी पर ख़ामोश

लबों का पहरा है

चोट रूह की है इसलिए

दर्द ज़रा गहरा है….

☆☆ 

 Silent lips are the sentinels

 Of  the  unfulfilled fairytale…

 Wound is of the spirited soul

 So the pain is rather intense….

☆☆☆☆☆

हंसते हुए चेहरों को गमों से

आजाद ना समझो साहिब

मुस्कुराहट की पनाहों में भी

हजारों  दर्द  छुपे होते  हैं…

☆☆

O’ Dear, Don’t even consider that

Laughing faces are free of sorrow

Innumerable  pains are  hidden

Even behind the walls of a smile…

☆☆☆☆☆

चुपचाप चल रहे थे

ज़िन्दगी के सफर में

तुम पर नज़र क्या पड़ी

बस  गुमराह  हो  गए…

☆☆

  Was walking peacefully

  In  the  journey of the life

  Just casting a glance on you

  Made my journey go astray…

☆☆☆☆☆

~ Pravin Raghuvanshi

© Captain Pravin Raghuvanshi, NM

Pune

≈ Editor – Shri Hemant Bawankar/Editor (English) – Captain Pravin Raghuvanshi, NM ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा-कहानी ☆ लघुकथा – फर्ज़ ☆ हेमन्त बावनकर

हेमन्त बावनकर

(स्वांतःसुखाय लेखन को नियमित स्वरूप देने के प्रयास में इस स्तम्भ के माध्यम से आपसे संवाद भी कर सकूँगा और रचनाएँ भी साझा करने का प्रयास कर सकूँगा।  आज प्रस्तुत है  एक लघुकथा “फर्ज़”। )  

☆ लघुकथा – फर्ज़ ☆

( इंडिया टुडे में प्रकाशित सत्य घटना पर आधारित)

शैलेंद्र भैया आज होते तो कितने खुश होते? भाई को याद कर ज्योति के नेत्र नम हो गए। बड़ी मुश्किल से वह अपने आँसू रोक पा रही थी। यही स्थिति घर के सभी लोगों की थी। कोई किसी से कुछ भी नहीं कह पा रहा था। सभी अपने आंसुओं के सैलाब को रोक कर विवाह के रस्मों को निभाने का प्रयास कर रहे थे।

अचानक एक गाड़ी आकर रुकती है। धड़धड़ाते हुए कुछ फौजी अपने शोल्डर बैग लेकर उतरते हैं। घर-परिवार के सब लोग विस्मित नेत्रों से देखते हैं। अरे! इनमें से कुछ तो शैलेंद्र के मित्र हैं, जो उसकी निर्जीव देह तिरंगे में लपेट कर लाये थे।

सब लोगों के साथ बाबूजी भी स्तब्ध थे। तभी उन फ़ौजियों में से एक ने आगे बढ़कर बाबूजी के चरण स्पर्श करते हुए कहा – “बाबूजी, हम शैलेंद्र के मित्र हैं, आपके बेटे और ज्योति बहन के भाई।”

बाबूजी के नेत्र भर आए और उसे गले लगाकर रो पड़े। शैलेंद्र के मित्रों की आँखें भी भर आईं थीं। तभी एक और मित्र आगे बढ़ा और बाबूजी के कंधे पर हाथ रखकर बोला – “बाबूजी, ऐसे दिल छोटा नहीं करते। चलिये हम सब मिलकर शादी की रस्में पूरी करते हैं।”  

और फिर देखते ही देखते शादी का माहौल ही बदल गया।

यह बात बिजली की तरह सारे गाँव में फैल गई।

सारे गाँव ने और यहाँ तक कि दूल्हे के परिवार ने भी देखा कि कैसे शैलेंद्र के मित्रों ने बढ़ चढ़ कर शादी की एक एक रस्म निभाने का भरसक प्रयत्न किया जो एक भाई को निभानी होती हैं।    

शैलेंद्र के पिताजी का सीना गर्व से चौड़ा हो गया। वे मन ही मन सोच रहे थे कि – “आज मेरा बेटा इस दुनिया में नहीं है किन्तु, ईश्वर ने मुझे इतने बेटे दिये हैं जो मेरे सुख और दुख में शामिल होने के लिए सदैव तैयार हैं।”

दूसरी ओर शैलेंद्र के मित्र नम नेत्रों से अपने मित्र को याद कर रहे थे और सोच रहे थे – “ईश्वर हमें शक्ति दें, ताकि हम देश की सुरक्षा के साथ ही अपने भाइयों के सुख दुख में शामिल हो सकें।”

© हेमन्त बावनकर

पुणे 

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ सलिल प्रवाह # 231 – पूर्णिका – सत्-शिव भज पा परमानंद ☆ आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ ☆

आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’

(आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ जी संस्कारधानी जबलपुर के सुप्रसिद्ध साहित्यकार हैं। आपको आपकी बुआ श्री महीयसी महादेवी वर्मा जी से साहित्यिक विधा विरासत में प्राप्त हुई है । आपके द्वारा रचित साहित्य में प्रमुख हैं पुस्तकें- कलम के देव, लोकतंत्र का मकबरा, मीत मेरे, भूकंप के साथ जीना सीखें, समय्जयी साहित्यकार भगवत प्रसाद मिश्रा ‘नियाज़’, काल है संक्रांति का, सड़क पर आदि।  संपादन -८ पुस्तकें ६ पत्रिकाएँ अनेक संकलन। आप प्रत्येक सप्ताह रविवार को  “साप्ताहिक स्तम्भ – सलिल प्रवाह” के अंतर्गत आपकी रचनाएँ आत्मसात कर सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपकी एक पूर्णिका – सत्-शिव भज पा परमानंद।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – सलिल प्रवाह # 231 ☆

☆ पूर्णिका – सत्-शिव भज पा परमानंद ☆ आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ ☆

☆

प्रभु को भज पा परमानंद

गुरु पद रज पा परमानंद

.

पंचतत्व-पंचेंद्रिय देह

पंचामृत पा परमानंद

.

बहा स्वेद, कर श्रम-पूजन

कलरव सुन पा परमानंद

.

नदी जननि रखना निर्मल

पौध लगा पा परमानंद

.

जा दरिद्र नारायण तक

सेवा कर पा परमानंद

.

कविता शारद की बिटिया

चरण-शरण पा परमानंद

.

शब्द ब्रह्म आराधन कर

 सत्-शिव भज पा परमानंद

☆

©  आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’

१५.४.२०२५

संपर्क: विश्ववाणी हिंदी संस्थान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१,

चलभाष: ९४२५१८३२४४  ईमेल: salil.sanjiv@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

मराठी साहित्य – मी प्रवासीनी ☆ सुखद सफर अंदमानची… मड व्होल्कॅनो – भाग – ४ ☆ सौ. दीपा नारायण पुजारी ☆

सौ. दीपा नारायण पुजारी

? मी प्रवासीनी ?

☆ सुखद सफर अंदमानची… मड व्होल्कॅनो – भाग – ४ ☆ सौ. दीपा नारायण पुजारी ☆

मड व्होल्कॅनो 

व्होल्कॅनो अर्थातच ज्वालामुखी हा तसा परिचित शब्द. पण मड व्होल्कॅनो हा काहीसा वेगळा शब्द. आमचं कुतूहल चांगलंच चाळवलं गेलं होतं. आज अंदमानच्या मुक्कामाचा शेवटचा दिवस होता. रामनं, (आमचा टूर लिडर) रात्री झोपताना निक्षून सांगितलं होतं की भल्या पहाटे तीन वाजता आपण हॉटेल मधून बाहेर पडणार आहोत. जो बरोबर तीन वाजता बस मध्ये नसेल त्याला न घेता बस निघेल.पावणेतीन वाजताच आम्ही सगळे हॉटेल लाऊंजमध्ये हजर होतो. 

वीर सावरकरांना मानवंदना करून, बाप्पाच्या जयजयकारात प्रवास सुरू झाला. आमच्या हॉटेलपासून साधारण अडीच तास प्रवास करुन आम्ही मध्य अंदमानला आलो. इथं जलडमरु बॉर्डरवर बाराटांगला जाण्यासाठी गेट आहे. हे गेट सकाळी सहा वाजता व नऊ वाजता उघडते. दुपारी तीन वाजता ते बंद होते. बारटांगला जाणारा रस्ता जंगलाच्या अशा भागातून जातो जेथे आदिवासी लोकांचा भाग आहे. जारवा जातीच्या या आदिवासींच्या सुरक्षिततेकरता हा भाग प्रतिबंधित आहे. गेटवर आधारकार्ड (परदेशी प्रवाशांना पासपोर्ट ) दाखवावे लागते. मगच प्रवेश करता येतो. 

आपण फार लवकर आपली झोप सोडून आलोय.  गेटवर आपलीच बस पहिली असेल हा भ्रमाचा भोपळा तिथं पोचतात फुटला. आमच्या पुढे एकशे छत्तीस गाड्या होत्या. रस्त्याच्या दुतर्फा चहाचे स्टॉल्स होते. गरमागरम मेदूवडे आणि डाळवडे तयार होते. पट्टीचे खाणारे मात्र हवेत. 

आदिवासी पाड्यातील जारवा लोक रस्त्यात दिसण्याची शक्यता होती. ते लुटारू आहेत असं ऐकलं होतं. या रस्त्यावर बसच्या वेगाला मर्यादा आहे. कारण क्वचित एखादा प्राणी रस्त्यावर आलेला असू शकतो. जारवांना बघून उत्साहित होऊन काही करायचं नाही. हात हलवायचा नाही. थांबायचं नाही. फोटो काढायचा नाही. त्यांना काही खाऊ द्यायचा नाही. अशा सूचनांचे फलक रस्त्यावर लावलेले आहेत. आम्हाला कोणताच वाईट अनुभव आला नाही. परतीच्या प्रवासात आम्हाला जारवांचे बच्चू दिसले. एक दोन नाही तर सहा बच्चू. काळीकुळकुळीत, उघडबंब, कोरीव शिल्पासमान ती सहा कोकरं रस्त्याच्या कडेला ओळीनं उभी होती. हसरे चेहरे, काळेभोर टप्पोरे डोळे बसकडे मोठ्या आशेनं बघतायत का? 

खूप कडक सूचना दिल्या गेल्या होत्या. आम्ही सर्वांनी त्या पाळल्या. 

जारवा ही आदिवासी भागात राहणारी जमात. दक्षिण आणि मध्य अंदमानच्या पश्चिम किनारपट्टीवरील जंगलात यांची वस्ती आहे. बांबू, नारळाच्या झावळ्या, काठ्या यापासून घरं बांधून राहतात. घर नव्हे खरंतर झोपडीवजा आडोसा म्हणावा. हे निसर्गाशी एकरूप होऊन गेले आहेत. निसर्गाचे नियम त्यांना मान्य आहेत आणि ते काटेकोरपणे पाळले जातात. त्सुनामी मध्ये हे लोक मृत्युमुखी पडले नाहीत. या संकटाची कल्पना त्यांना आधीच आली असावी. फळं कंदमुळं मासे हे त्याचं प्रमुख अन्न. न शिजवता कोणतीही प्रक्रिया न करता हे लोक अन्न खातात. मीठ मसाला तेल यांचा वापर न करता आपण ज्याला ब्लाण्ड म्हणतो तसं अन्न ते घेतात. आपल्या जगातील आधुनिक तंत्रज्ञानापासून कोसो दूर आहेत हे लोक. त्यांना त्याची काही गरजही नाही. पण भारत सरकार त्यांना मुख्य प्रवाहात आणण्यासाठी प्रयत्न करत आहे. अलिकडेच एकोणीस जारवांना त्यांचे ओळख पत्र दिले गेले आहे. 

जेटीवर पोचतात आम्ही बसमधून उतरलो आणि एका मोठ्या क्रूझ मध्ये चढलो. आमची बस आणि काही गाडय़ा या क्रूझमध्ये चढवल्या गेल्या. चारशे पाचशे माणसं बसू शकतील अशी क्रूझ अर्धा पाऊण तास प्रवास करुन बारतांग बेटाला लागली. तिथून पुढे आम्ही छोट्या छोट्या जीपनं बॅरन बेटावर गेलो. जाताना वाटेत आदिवासी आणि त्यांची वस्ती दिसत होती. आता साधारण पंधरावीस मिनिटांचा ट्रेक होता. टेकडीवजा रस्त्यानं चढ चढून आम्ही माथ्यावर पोचलो. आजूबाजूला चढताना थोडी झाडी होती. पण दाट जंगल नव्हते. माथ्यावर पोहोचल्यावर मात्र स्तंभित झालो आम्ही. कारण समोर ठिकठिकाणी चिखलाचे ज्वालामुखी दिसत होते. हे ज्वालामुखी सक्रिय नव्हते. तरी त्यातून हळुहळू बुडबुडे येताना दिसत होते. काही लहान काही मोठे. चिखलाचे लहान मोठे डोंगर किंवा ढीग म्हणावेत . आणि प्रत्येक डोंगराच्या टोकावरून हलकेच येणारे बुडबुडे. निसर्गातला हा चमत्कार बघताना मन थक्क होतं. निसर्ग पोटात काही ठेवून घेत नाही. काही सजीवांचे निर्जीव घटकांचे पृथ्वीच्या पोटात खोल कुठेतरी विघटन होत आहे. त्या विघटनात उत्सर्जित होणारे काही वायू बाहेर पडताना स्वतःबरोबरच तिथला थंड झालेला चिखलाचा ज्वालामुखी घेऊन बाहेर पडतात. विश्वंभरानं किती विचार करून हा खेळ मांडला आहे. किती जटील आणि गुंतागुंतीची रचना केली आहे. आणि ती जटीलता सोपी करण्याचे मार्ग देखील तयार केले आहेत. गुंतागुंतीची कोडी तितक्याच हलक्या हातानं नाजूक बोटांनी कुशलतेने सोडवली आहेत. म्हणूनच तर आपण सुरक्षित आनंदी जीवन जगत आहोत. धन्य धन्य हो प्रदक्षिणा सद्गुरुरायाची… 

– क्रमशः भाग चौथा

© सौ. दीपा नारायण पुजारी

इचलकरंजी

9665669148

deepapujari57@gmail.com

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडळ (मराठी) – श्रीमती उज्ज्वला केळकर/श्री सुहास रघुनाथ पंडित /सौ. मंजुषा मुळे/सौ. गौरी गाडेकर≈

Please share your Post !

Shares