श्रीमती  सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’

(संस्कारधानी जबलपुर की श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’ जी की लघुकथाओं, कविता /गीत का अपना संसार है। साप्ताहिक स्तम्भ – श्रीमति सिद्धेश्वरी जी का साहित्य शृंखला में आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय लघुकथा  भक्ति की पराकाष्ठा”।) 

☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी जी  का साहित्य # 180 ☆

  🙏 लघु कथा – भक्ति की पराकाष्ठा 🙏

शहर में बसे घनी बस्ती के बीच बहुत बड़े सामुदायिक भवन में कोरोना काल के बाद से ही सुना है निरंतर भागवत कथा का आयोजन होते चला आ रहा है।

प्रति वर्ष की अपेक्षा धीरे-धीरे भक्तों की संख्या में बढ़ोतरी होते जा रही थी। भागवताचार्य भी प्रसन्न थे। उनकी भागवत कथा में प्रतिवर्ष भक्तों की संख्या बढ़ते जा रही है।

बड़े ही जोश और भाव – भक्ति से वह कथा का वाचन कर रहे थे। बीच-बीच में श्री राधे- राधे की जयकार और मनमोहन गीत- संगीत वाद्य यंत्रों के साथ सब का मन मोह रही थी।

बैठने की समुचित व्यवस्था जो वरिष्ठ जमीन पर बैठ नहीं पा रहे थे उनके लिए पंक्ति बध्द कुर्सियां व्यवस्थित थी।

दैनिक समाचार पेपर वाले भी रोज कवरेज करके प्रकाशित कर रहे थे कि आज जनमानस का सैलाब उमड़ पड़ा।

उत्सुकता वश आज समय अनुसार भागवत कथा में शामिल होने का सौभाग्य मिला। सामने पहुंचते ही गाड़ी रखते समय जल्दी-जल्दी चलते हुए बुजुर्ग माताजी को एक सज्जन पुरुष  प्रवेश द्वार पर छोड़कर जाने लगा। वह कुछ परेशान सा दिख रहा था। सामने से उसका परिचित आकर बोले… उनके हाथ को भी पकड़े एक वरिष्ठ साथ में चल रहे थे।

आज लेट हो गए हो  बोल उठा.. हां यार सोच सोच कर परेशान हूं कि अब कल से भागवत कथा समाप्ति की ओर बढ़ रही है। क्या करें??

इसी बहाने इनको यहां चार-पांच घंटे बिठाकर चला जाता हूं। घर में आराम रहता है। दूसरा दोस्त बोल.. उठा परेशान मत हो भाई मैंने पता लगा लिया है चार किलोमीटर दूर उस मैदान पर यहां के बाद भागवत कथा होनी है।

ऐसा करते हैं एक ऑटो रिक्शा लगा देंगे और मैं और आप चार की जगह छः घंटा सबको बिठा दिया करेंगे।

अंदर जाते ही आचार्य जी अपनी कथा में श्री कृष्ण भगवान के मथुरा से चले जाने पर कैसा विलाप हो रहा है। इसका वर्णन कर रहे थे। भाव विभोर हो स्वयं आंसुओं से भरे नैनों को बार-बार पोंछ रहे थे।

पंडाल के बीच में  से निकलते देखा गया। सभी महिलाओं के पास मोबाइल दिख रहा था ।

पीछे से किसी ने कहा.. यहां भी आओ तो रोना धोना ही मचा देते हैं।

भारी मन से मैं पुष्प हार लिए श्री भागवत कथा में विराजे भगवान कृष्ण के चरणों में पुष्प अर्पित कर चुपचाप बैठी ही थी कि तभी वहां आकर एक कार्यकर्ता आचार्य जी को कुछ कह.. गया। कथा में मोड़ आ गया।

आचार्य जी कहने लगे.. कल समाप्ति भंडारा के दूसरे दिन से ही छोटी बजरिया मैदान में भागवत कथा होनी है। जो माताएं, काका, दादा नहीं जा सकते उनके लिए ऑटो रिक्शा की व्यवस्था की गई है। सामुदायिक भवन तालियों से भर उठा।

चारों तरफ नजरे घूम रही थी। अब तालियों की आवाज कहां से आ रही थी। भागवत कथा में भक्तों की उपस्थिति तो समझ आ चुकी थी।

पर भक्ति की पराकाष्ठा विचाराधीन हो चुकी थी।

जय हो श्री राधे – राधे भागवत कथा में भक्तों की जय जयकार कानों को चुभने लगी थी।

🚩🚩

© श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’

जबलपुर, मध्य प्रदेश

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares
1 1 vote
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments