प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’
(आज प्रस्तुत है गुरुवर प्रोफ. श्री चित्र भूषण श्रीवास्तव जी की संस्कारधानी जबलपुर शहर पर आधारित एक भावप्रवण कविता “किसके कैसे कर्म हैं देख रहे भगवान“। हमारे प्रबुद्ध पाठक गण प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ जी काव्य रचनाओं को प्रत्येक शनिवार आत्मसात कर सकेंगे। )
☆ साप्ताहिक स्तम्भ ☆ काव्य धारा # 20 ☆
☆ किसके कैसे कर्म हैं देख रहे भगवान ☆
जन्म मरण के मध्य है जीवन एक प्रवाह
जिसे नहीं मालूम कहां उसकी जग में राह
मौसम और परिवेश का जिस पर प्रबल प्रभाव
अनजाने नये क्षेत्र में जिसका सतत बहाव
आने वाले कल का नित जिसको है ज्ञान
कई झंझट झंझाओं में उलझे रहते प्राण
कोई नहीं अनुमान कब मिले नया आदेश
जाना होगा कब कहां और कौन से देश
केवल उसके साथ है खुद अपना विश्वास
मन की दृढ़ता बांधती रहती नित नई आश
साहस संयम नियम ही जीवन के आधार
दिशा मार्ग शुभ दिखलाते खुद के सोच विचार
पाने अपने लक्ष्य को जिसको नित परवाह
जहां पहुंचना है वहां की पा जाता है राह
निश्चल निर्मल भावना ही पाती वरदान
किसके कैसे कर्म हैं देख रहे भगवान
साहस रख विश्वास से लड़ जीवन संग्राम
सतत साधना श्रम से सब पूरे होते काम
कर सकते जो निडर हो निर्णय युग अनुसार
वह ही पाते विजय नित कभी ना होती हार
© प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’
ए १ ,विद्युत मण्डल कालोनी , रामपुर , जबलपुर
≈ ब्लॉग संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈





