श्री कमलेश भारतीय 

(जन्म – 17 जनवरी, 1952 ( होशियारपुर, पंजाब)  शिक्षा-  एम ए हिंदी, बी एड, प्रभाकर (स्वर्ण पदक)। प्रकाशन – अब तक ग्यारह पुस्तकें प्रकाशित । कथा संग्रह – 6 और लघुकथा संग्रह- 4 । ‘यादों की धरोहर’ हिंदी के विशिष्ट रचनाकारों के इंटरव्यूज का संकलन। कथा संग्रह – ‘एक संवाददाता की डायरी’ को प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से मिला पुरस्कार । हरियाणा साहित्य अकादमी से श्रेष्ठ पत्रकारिता पुरस्कार। पंजाब भाषा विभाग से  कथा संग्रह- महक से ऊपर को वर्ष की सर्वोत्तम कथा कृति का पुरस्कार । हरियाणा ग्रंथ अकादमी के तीन वर्ष तक उपाध्यक्ष । दैनिक ट्रिब्यून से प्रिंसिपल रिपोर्टर के रूप में सेवानिवृत। सम्प्रति- स्वतंत्र लेखन व पत्रकारिता)

☆ कठपुतली… ☆ श्री कमलेश भारतीय ☆

मैं जड़ की जड़। वहीं की वहीं खड़ी रह गयी थी। लगा जैसे कोई प्रतिमा बनने का शाप दे दिया हो मुझे। क्या जो सुना वह वही था? जो सुना वह किसी नाटक का संवाद तो नहीं था। वह तो जिंदगी के किसी खास पल की गूंज थी।

-यहां मैं डायरेक्टर हूं और मैं ही हीरो। यह नाटक मेरे दम पर है। इस खेल तमाशे का दारोमदार मुझ पर है, तुम पर नहीं। समझीं।

पहली बार जैसे होश में आई और फिर जड़ की जड़ रह गयी। पहली बार सुनीं  नेपथ्य में अपनी छोटी सी बच्ची के रोने की आवाज़। पहली बार सुनी अपने पति की बात-इन नाटकों में कुछ नहीं रखा। जिंदगी देखो अपनी। नाटकों की झूठी शोहरत से बच्चे नहीं पल सकते। गृहस्थी नहीं चल सकती। लौट आओ।  लौट आओ।

सच। क्या मेरा पति ही सच कह रहा था? मैं उसे लगातार अनसुना करती थी और उसकी सज़ा आज पाई? क्या मैं नाटक में कुछ भी नहीं थी? क्या नाटक मेरे दम पर नहीं था? क्या नाटक में मेरा कोई मतलब नहीं था? मैं थी भी और नहीं भी? यानी मैं होकर भी नहीं थी? मेरी कोई जरूरत नहीं थी? मेरा होना कोई मायने नहीं रखता था? मेरे होने या न होने का कोई फर्क नहीं था। पर मुझे तो था। फिर मैं क्यों इनके साथ चलती रहूं?

वह सभागार जिसमें उस शाम हमारा शो होने वाला था पता नहीं कैसे मैंने वह पूरा किया। बाकी कांट्रैक्ट भी पूरे किए। फिर लौट आई अपने घर। कुछ दिन जैसे समझ ही नहीं आया कि मेरे साथ यह हुआ क्या? जिसके साथ मैंने शहर दर शहर की खाक छान कर नाटक मंडली को खड़ा किया, जमाया, वही कह गया बड़ी आसानी से -तुम्हें ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं। यह नाटक मंडली चलती रहेगी क्योंकि मैं ही हूं इसका निर्देशक और नायक। जैसे कह रहे हों मैं ही हूं खलनायक भी।

-मैं कुछ भी नहीं?

-भ्रम में जीना हो तो जी लो। तुम कुछ नहीं।

यह क्या सुना था मैंने? क्या यही सुना  था मैंने?

-ठीक है। मैं कुछ नहीं तो अब से और आज से नहीं रहूंगी आपके साथ।

-मत रहो। चला लूंगा तुम्हारे बगैर। नाटक बंद नहीं हो जायेगा। जाओ।

-चली जाऊंगी। मैं पैसे के लिए नहीं आई थी आपके साथ। रंगकर्म के लिए आई थी। वह आपके बगैर भी हो सकता है। यह मैं भी साबित कर दूंगी। चैलेंज एक्सेप्टिड।

एक नारी जागी थी जैसे मूर्छा से। कितनी लम्बी मूर्छा रही। कितने बरस की मूर्छा रही।

खुद ही ऑफर दिया था। आप हमारे साथ आओ न। मैंने हिम्मत जुटाई। परिवार से लड़ी। सब कुछ सुना जो एक ब्याहता नहीं सुन सकती। सब सहा। पर नाटक मेरा जुनून बन गया। यहां से वहां। वहां से यहां। शहर दर शहर। देस ही नहीं परदेस। नाम। शोहरत। पर पैसा नहीं लिया एक भी। सिर्फ समर्पण। दिया ही दिया। कास्ट्यूम भी अपने खर्च पर। पर मिला क्या?

-जाओ। वहम में न जीओ। यह,,,बस यही सुनना था।

-तो सुनो। मैं भी आपके दम पर नहीं। अपने दम पर आई थी मंच पर। अपने दम पर लौट कर दिखा दूंगी। यह चैलेंज स्वीकार।

वह लौट आई। वही सारे कास्ट्यूम लेने घर भेज दिए जूनियर आर्टिस्ट जो मेरे ही पैसों से बने थे। मैंने चुपचाप सब सौंप दिए। ले जाओ। खुद बनवा लूंगी। अरे। आप साथ नहीं होंगे तो क्या मंच पर नहीं जाऊंगी? देखना एक दिन। इस तरह हमारे रास्ते अलग अलग हो गये थे। एक एक शहर में, एक ही संस्थान में हम अजनबी बन कर रह गये थे।

अंदर एक ज्वालामुखी धधकता रहता। कुछ कर दिखाना है। कुछ कर गुजरना है। इस कर गुजरने की गूंज मन में गूंजती रहती। सवाल यह भी कि नारी की कोई भूमिका नहीं? क्या कला की दुनिया में नारी सिर्फ शोभा की वस्तु है? नारी को इतना ही सम्मान है कि हमारी मर्जी से चलो। फिर वह चाहे कला हो या परिवार या समाज? सब एक ही डंडे से हांकते हैं  नारी को या नारी के लिए एक ही डंडा है या पैमाना है? कहीं कोई बदलाव नहीं? यह कैसा सशक्तिकरण? कैसा स्त्री विमर्श? नारी तो वहीं की वहीं। जस की तस।

फिर एक आइडिया आया। जैसे मैं कठपुतली बनी रही, क्या मैं कठपुतलियों के साथ नाटक नहीं कर सकती? पर कठपुतली तो कभी नचाई ही नहीं। खुद कठपुतली बन कर नाचती रही। फिर क्यों न पुरूष पात्रों का काम कठपुतलियों से लिया जाये? सही भी है। पुरूष को बता सकूं कि मैं नहीं। तुम कठपुतली हो। बस। सीखना शुरू किया। कठपुतली को नचाना। अपनी उंगलियों पर। मेरी बच्ची खुश थी । उसके चेहरे की मुस्कान मेरी जीत थी। मैं घर तो नहीं लौटी पर घर और नाटक के बीच संतुलन बनाना सीख गयी। आज मेरा कठपुतली शो था और मेरा पति सबसे आगे बैठा तालियां बजा रहा था। यह मेरी मंजिल थी।

©  श्री कमलेश भारतीय

पूर्व उपाध्यक्ष हरियाणा ग्रंथ अकादमी

संपर्क :   1034-बी, अर्बन एस्टेट-।।, हिसार-125005 (हरियाणा) मो. 94160-47075

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

image_print
0 0 votes
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments