श्रीमति उमा मिश्रा ‘प्रीति’
(ई-अभिव्यक्ति में श्रीमति उमा मिश्रा ‘प्रीति’ जी का स्वागत। पूर्व शिक्षिका – नेवी चिल्ड्रन स्कूल। वर्तमान में स्वतंत्र लेखन। विधा – गीत,कविता, लघु कथाएं, कहानी, संस्मरण, आलेख, संवाद, नाटक, निबंध आदि। भाषा ज्ञान – हिंदी,अंग्रेजी, संस्कृत। साहित्यिक सेवा हेतु। कई प्रादेशिक एवं राष्ट्रीय स्तर की साहित्यिक एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा अलंकृत / सम्मानित। ई-पत्रिका/ साझा संकलन/विभिन्न अखबारों /पत्रिकाओं में रचनाएँ प्रकाशित। पुस्तक – (1)उमा की काव्यांजली (काव्य संग्रह) (2) उड़ान (लघुकथा संग्रह), आहुति (ई पत्रिका)। शहर समता अखबार प्रयागराज की महिला विचार मंच की मध्य प्रदेश अध्यक्ष। आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय लघुकथा – घर-परिवार।)
☆ लघुकथा # १३४ – घर-परिवार ☆ श्रीमति उमा मिश्रा ‘प्रीति’ ☆
“बहू! आज फिर दाल में नमक कम है। तुम्हारी माँ ने तुम्हें खाना बनाना नहीं सिखाया?”
“माँजी, नमक कम है तो ऊपर से डाल लीजिए। हर बात में मेरी माँ को बीच में लाना जरूरी है क्या?”
“वाह! अब सास को जवाब भी मिलने लगे। हमारे जमाने में बहुएँ मुँह नहीं खोलती थीं।”
“इसीलिए तो माँजी, आपके जमाने की सासें आज तक बहुओं के मुँह बंद करवाने में लगी हैं!”
सुमित्रा जी तमतमा उठीं। “अच्छा! अब मैं ही बुरी हूँ। बेटा तो तुम्हारा गुलाम बन गया है।”
“माँजी, बेटा आपका है, गुलाम बनाने का अनुभव भी आपका ही होगा!” बहू रितु ने मुस्कराते हुए कहा।
सुमित्रा जी ने माथा पीट लिया। “हे भगवान! कैसी बहू दी है! घर में शांति ही नहीं।”
रितु भी कहाँ चुप रहने वाली थी। “शांति चाहिए तो घर को आश्रम बना लीजिए। लेकिन वहाँ भी प्रवचन सुनने के लिए श्रोता चाहिए होंगे!”
तभी बेटा ऑफिस से लौटा। दोनों ने एक साथ शिकायतों की झड़ी लगा दी।
वह कुछ देर सुनता रहा, फिर बोला, “माँ, आप चाहती हैं बहू आपकी हर बात माने। रितु, तुम चाहती हो माँ तुम्हारी हर बात समझें। लेकिन दोनों में से कोई यह क्यों नहीं चाहता कि सामने वाला भी इंसान है?”
दोनों चुप हो गईं।
बेटे ने आगे कहा, “एक घर में दो रानियाँ रहें तो राजकाज कैसे चलेगा? कोई एक प्रजा बन जाए, तभी शांति होगी न!”
“अच्छा! तो अब हम प्रजा हैं?” सास-बहू एक साथ बोल उठीं।
बेटा सिर पकड़कर बैठ गया।
कुछ देर बाद दोनों फिर रसोई में साथ खड़ी थीं, मगर बहस जारी थी—आज चाय कौन बनाएगा!
बेटा दरवाजे से लौट गया।
**घर में लोकतंत्र आ गया, बस हर कोई प्रधानमंत्री बनना चाहता है कैसे चलेगा घर परिवार राम जी…?
© श्रीमति उमा मिश्रा ‘प्रीति’
जबलपुर, मध्य प्रदेश मो. 7000072079
≈ संस्थापक संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈





