हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ आलेख से सीखें और सिखाएँ # 108 ☆ व्यास पूर्णिमा ☆ श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’ ☆

श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’

(ई-अभिव्यक्ति में संस्कारधानी की सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’ जी द्वारा “व्यंग्य से सीखें और सिखाएं” शीर्षक से साप्ताहिक स्तम्भ प्रारम्भ करने के लिए हार्दिक आभार। आप अविचल प्रभा मासिक ई पत्रिका की प्रधान सम्पादक हैं। कई साहित्यिक संस्थाओं के महत्वपूर्ण पदों पर सुशोभित हैं तथा कई पुरस्कारों/अलंकरणों से पुरस्कृत/अलंकृत हैं।  आपके साप्ताहिक स्तम्भ – व्यंग्य से सीखें और सिखाएं  में आज प्रस्तुत है एक सार्थक एवं विचारणीय रचना  “व्यास पूर्णिमा ”। इस सार्थक रचना के लिए श्रीमती छाया सक्सेना जी की लेखनी को सादर नमन।

आप प्रत्येक गुरुवार को श्रीमती छाया सक्सेना जी की रचना को आत्मसात कर सकेंगे।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ  – आलेख से सीखें और सिखाएं # 108 ☆

☆ व्यास पूर्णिमा ☆ 

अखण्डमण्डलाकारं व्याप्तं येन चराचरम्।

तत्पदं दर्शितं येन तस्मै श्रीगुरवे नमः।।

अर्थात् महान गुरु को अभिवादन, जिन्होंने उस अवस्था का साक्षात्कार करना संभव किया जो पूरे ब्रम्हांड में व्याप्त है, सभी जीवित और निर्जीव में।

इस बात पर सभी एकमत हैं कि जिससे भी ज्ञान मिले वो हमारा गुरु कहलाता है। किंतु क्या ऐसा कहना सही होगा।  ज्ञान तो वक्त के साथ – साथ कड़वे अनुभवों से मिलता है। हर पल कहीं न कहीं से कुछ न कुछ हम सीखते रहते हैं। किंतु वास्तव में इन सबको गुरु की श्रेणी में नहीं रखा जा सकता है। गुरु बिनु ज्ञान न होय। कोई भी सच्चा ज्ञानी तभी हो सकता है जब उसके मन का अंधकार दूर होकर उसकी अंतरात्मा प्रकाशित हो उठे। और ऐसा केवल सच्चा मार्गदर्शक ही कर सकता है।

जहाँ जाने से मन को सुकून मिले और ऐसा लगने लगे कि अब जीवन को जानने व समझने की  खोज खत्म हो गयी है वहीं पर विश्राम करते हुए ध्यानस्थ हो जाना चाहिए। जितने भी संत महात्मा हुए हैं वे सभी इसी तरह शांत- चित्त से समाज में रहते हुए भी परमात्मा के साथ एकीकार हो गए हैं।

व्यास पूर्णिमा यही संदेश सदियों से जनमानस को देती हुई चली आ रही है। हमारा सनातन धर्म पूर्णतया वैज्ञानिक मापदंडों पर खरा उतरता है। ॐ में सम्पूर्ण सृष्टि को समाहित करते हुए जब कोई मंत्र बोला जाता है तब वो स्वयं सिद्ध होकर जनमानस के ऊर्जान्वित करता है।

चौमासे की शुरुआत से ही पूजा पाठ का जो दौर शुरू होता है वो देवउठनी एकादशी पर पूर्णता को प्राप्त करता है। प्रकाश का जीवन में आगमन ही अंधकार का अंत होता है। इसे श्रेष्ठ गुरु के सानिध्य से ही पाया जा सकता है।

आइए विचारों की समस्त उथल- पुथल को गुरु को सौंप कर राष्ट्रहित में कुछ अच्छा करें कुछ सच्चा करें।

©  श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’

माँ नर्मदे नगर, म.न. -12, फेज- 1, बिलहरी, जबलपुर ( म. प्र.) 482020

मो. 7024285788, chhayasaxena2508@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ ॥ मार्गदर्शक चिंतन॥ -॥ कर्म की महत्ता॥ ☆ प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆

॥ मार्गदर्शक चिंतन॥

☆ ॥ कर्म की महत्ता॥ – प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’☆

मानव जीवन का कर्म से बड़ा गहरा नाता है। बिना कर्म किये जीवन चल ही नहीं सकता। जन्म से मरण पर्यन्त मनुष्य सदा कुछ न कुछ तो करता ही रहता है। कर्म ही जीवन को गति देते हैं। कर्म ही उसके भविष्य का निर्माण करते हैं। रामचरित मानस में संत तुलसीदास जी ने लिखा है-

कर्म प्रधान विश्व करि राखा, जो जस करिय सो तस फल चाखा॥

विश्व में कर्म की ही प्रधानता है। जो जैसा करता है उसे वैसा फल मिलता है। जैसा लोग बोते हैं वैसा ही पाते हैं। इस दृष्टि से तो कर्म का सिद्धान्त बड़ा सीधा और सहज है। भले का परिणाम भला और बुरे का परिणाम बुरा। परन्तु संसार में हमेशा ऐसा ही घटता हमेशा नहीं दिखता। कभी तो होम करते भी हाथ जलते देखा जाता है। अच्छा करने चलो परिणाम उलटा निकलते दिखता है। और इसके विपरीत कभी सारे दुर्गुणों से युक्त दुष्कर्म करने वाले सब प्रकार के सुखी, यश, मान, पाते हुए उन्नति करते दिखते हैं। ऐसा क्यों होता है कहना बड़ा कठिन है। परन्तु धर्म-निष्ठ अध्यात्मज्ञानी इसका उत्तर देते हैं- स्मृति न होने से इस कथन की प्राभाविकता का सत्यापन तो नहीं किया जा सकता, किन्तु हर कर्म उचित समय पर विभिन्न वृक्षों की भाँति फल देते हैं- इस सिद्धान्त पर विश्वास करके अनिवार्यत: प्रारब्ध का विधान मानकर संतोष करना पड़ता है। यद्यपि कर्मांें के विपरीत फल देखकर वास्तविक जीवन मेें मन विचलित अवश्य हो जाता है। फिर जीवन में व्यक्ति क्या करे ? क्या न करे ? निश्चित रूप से जो त्रिकाल सत्य हो ऐसा कहना बड़ा कठिन और उलझन पूर्ण है। एक ही कर्म देश काल और परिस्थिति वश अच्छा या बुरा कहा जाता है। एक व्यक्ति यदि किसी अन्य को जान से मार डालता है तो कानून के अनुसार उसे फाँसी की सजा दी जाती है किन्तु भिन्न परिस्थितियों में यदि एक व्यक्ति जो दस लोगों की जान ले लेता है तो उसे परमवीरचक्र का सम्मान मिलता है और इतिहास में वह अमर हो जाता है। सबके आदर का पात्र बन जाता है।

समाज में व्यक्ति अपने कर्माे से ही अपनी छवि निखारता है। कर्माे से ही लोग भले-बुरे, सज्जन-दुष्ट, उदार-कठोर, दयालु-निर्दय या विश्वस्त और धोखेबाज कहे और पहचाने जाते हैं। 

मोटे तौर पर तो यही कहा जा सकता है कि समाज की मान्यता के अनुसार अच्छे कर्म किए जाने चाहिए और बुरों का त्याग किया जाना चाहिए। किन्तु क्या नैतिक है और क्या अनैतिक यह भी तो समय की कसौटी पर हमेशा एक सा नहीं होता इसीलिए गीता कहती है-”कर्मण: गहना गति:’‘ अर्थात्ï करमन की गति न्यारी। यही स्थिति अर्जुन की तब हुई थी जब रणक्षेत्र में वह अपने नाते रिश्तेदारों से घिरा हुआ, उन्हीं से युद्ध करने के लिए खड़ा था। समस्या थी, एक छोटे से राज्य के लिए वह युद्ध कैसे करे? किन्हें मारे, किन्हें न मारे ? क्या उसे पाप नहीं लगेगा। तब ऐसी द्विविधा की स्थिति में श्री कृष्ण ने अर्जुन को समझाया था-”कर्मणि एव अधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन्ï’‘ अर्थात्ï कर्ता का अधिकार केवल कर्म पर है फल पर नहीं अत: हे अर्जुन तू केवल कर्म कर। वह कर्म जो तेरा धर्माेचित कत्र्तव्य है। ”मा कर्मफल हेतुर्भूमासङ्गïोस्तु कर्मणि।’‘ केवल कर्म कर, कर्म के फल अर्थात्ï परिणाम पर मन को आसक्त मत कर। फल का निर्धारण तो स्वत: कर्म से ही होता है, फल की चिंता किये बिना तू केवल अपना कत्र्तव्य करता चल। गीता में ही आगे कहा गया है-”स्वधर्मे निधनं श्रेय: परर्धाे भयावह:।’‘ अपने धर्म अर्थात्ï कत्र्तव्यों का निर्वाह किया जाना ही सदा श्रेयस्कर है। और धर्म की सरल व्याख्या तुलसी दास ने जो की है वह है-

परहित सरित धरम नहिं भाई, पर पीड़ा सम नहिं अधमाई।

अत: स्पष्ट है कि जो कर्म बहुजन के लिए हितकर हो वह किया जाना चाहिए ऐसा न किया जाय जो दूसरों के लिए अहित कारी हो।

© प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

 ए २३३, ओल्ड मीनाल रेसीडेंसी, भोपाल, म.प्र. भारत पिन ४६२०२३ मो ७०००३७५७९८ apniabhivyakti@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – मनन चिंतन ☆ संजय दृष्टि – एकाकार ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।  हम आपको प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक  पहुँचा रहे हैं। सप्ताह के अन्य दिवसों पर आप उनके मनन चिंतन को  संजय दृष्टि के अंतर्गत पढ़ सकते हैं। ) 

? संजय दृष्टि –  एकाकार ??

मनुष्य अशेष विद्यार्थी है। प्रति पल कुछ घट रहा है, प्रति पल मनुष्य बढ़ रहा है। घटने का मुग्ध करता विरोधाभास यह कि प्रति पल, पल भी घट रहा है।

हर पल के घटनाक्रम से मनुष्य कुछ ग्रहण कर रहा है। हर पल अनुभव में वृद्धि हो रही है, हर पल वृद्धत्व समृद्ध हो रहा है।

समृद्धि की इस यात्रा में प्रायः हर पथिक सन्मार्ग का संकेत कर सकने वाले मील के पत्थर को तलाशता है। इसे गुरु, शिक्षक, माँ, पिता, मार्गदर्शक, सखा, सखी कोई भी नाम दिया जा सकता है।

विशेष बात यह कि जैसे हर पिता किसी का पुत्र भी होता है, उसी तरह अनुयायी या शिष्य, मार्गदर्शक भी होता है। गुरु वह नहीं जो कहे कि बस मेरे दिखाये मार्ग पर चलो अपितु वह है जो तुम्हारे भीतर अपना मार्ग ढूँढ़ने की प्यास जगा सके। गुरु वह है जो तुम्हें ‘एक्सप्लोर’ कर सके, समृद्ध कर सके। गुरु वह है जो तुम्हारी क्षमताओं को सक्रिय और विकसित कर सके।

गुरु वह है जो तुम्हें एकल नहीं एकाकार की यात्रा कराये। एकाकार ऐसा कि पता ही न चले कि तुम गुरु के साथ यात्रा पर हो या तुम्हारे साथ गुरु यात्रा पर है। दोनों साथ तो चलें पर कोई किसी की उंगली न पकड़े।

यदि ऐसा गुरु तुम्हारे जीवन में है तो तुम धन्य हो। तुम्हारा मार्ग प्रशस्त है।

जिनकी गुरुता ने जीवन का मार्ग सुकर किया, उनका वंदन। जिन्होंने मेरी लघुता में गुरुता देखी, उन्हें नमन।

शुभं भवतु।

गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएँ।

© संजय भारद्वाज

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार ☆सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय ☆संपादक– हम लोग ☆पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆   ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स ☆

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

writersanjay@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ आलेख # 40 – कॉमेडी – भाग – 1 ☆ श्री अरुण श्रीवास्तव ☆

श्री अरुण श्रीवास्तव

(श्री अरुण श्रीवास्तव जी भारतीय स्टेट बैंक से वरिष्ठ सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। बैंक की सेवाओं में अक्सर हमें सार्वजनिक एवं कार्यालयीन जीवन में कई लोगों से मिलना  जुलना होता है। ऐसे में कोई संवेदनशील साहित्यकार ही उन चरित्रों को लेखनी से साकार कर सकता है। श्री अरुण श्रीवास्तव जी ने संभवतः अपने जीवन में ऐसे कई चरित्रों में से कुछ पात्र अपनी साहित्यिक रचनाओं में चुने होंगे। उन्होंने ऐसे ही कुछ पात्रों के इर्द गिर्द अपनी कथाओं का ताना बाना बुना है। आज प्रस्तुत है आपका एक विचारणीय आलेख  “कॉमेडी…“।)   

☆ आलेख # 40 – कॉमेडी – भाग – 1 ☆ श्री अरुण श्रीवास्तव ☆

जीवन में नवरस का होना ईश्वर के हाथ में है पर हास्यरस का होना आवश्यक है स्वास्थ्यप्रद मानसिकता के लिये. हास्यरस को स्थूल रूप से कॉमेडी भी कहा जाता है जिसका जीवन में प्रवेश, बचपन में देखे जाने वाले सर्कस के जोकर से शुरु होता है. इन्हें विदूषक भी कहा जाता है. ये अपनी वेशभूषा, भावभंगिमा से दर्शकों और विशेषकर बच्चों से तारतम्य स्थापित करते हैं. यहाँ शब्दों की आवश्कता नहीं होती.

जोकर की जीवनी पर तीन भागों, दो इंटरवल वाली चार घंटे की फिल्म सिर्फ राजकपूर ही बना सकते हैं. फिल्म का पहला भाग विश्व की किसी भी भाषा में बनी फिल्म से प्रतिस्पर्धा कर सकता था. मासूम बचपन और शिक्षिका के प्रति अज्ञात आकर्षण की संवेदना को बहुत खूबसूरती से फिल्मांकन करने में राजकपूर सिद्धहस्त थे. अभिनय की दृष्टि से अबोध ऋषिकपूर भी नहीं जानते होंगे कि स्वाभाविक अभिनय से सजी यह फिल्म उनकी सर्वश्रेष्ठ फिल्मों में से एक होगी. “शो मस्ट गो ऑन” इसी फिल्म की थीम थी और राजकपूर की संगीतकार शंकर जयकिशन के साथ अंतिम फिल्म भी यही थी यद्यपि जयकिशन पहले ही अनंत में विलीन हो चुके थे.

पर बात यहाँ सिर्फ फिल्मों की नहीं हो रही है, हास्यरस हमारा प्रमुख विषय है. कामेडी का अगला पड़ाव सर्कस से शिफ्ट होकर फिल्मों पर आता है और तरह तरह की कामेडी करने वाले, विभिन्न काया, भंगिमा और आवाज़ के स्वामी, हास्य अभिनेताओं की कामेडी से वास्ता पड़ता है. कभी सिचुएशनल कॉमेडी, कभी भाव भंगिमा, तो कभी असामान्य आवाज़ या नाकनक्श. गोप, जॉनीवाकर, आगा, मुकरी, राजेंद्र नाथ, मोहन चोटी, केश्टो मुखर्जी आदि बहुत सारे हास्य कलाकार थे पर सबसे सफल थे महमूद जिनकी फिल्म के नायक के साथ साथ खुद की कहानी भी समांतर चला करती थी और अभिनेत्री शोभाखोटे के साथ महमूद की सफल जोड़ी भी बन गई थी. बाद में यही महमूद फिल्म निर्माता बने और अमिताभ बच्चन और संगीतकार आर.डी.बर्मन को अपनी फिल्मों में मौका दिया. बांबे टू गोवा, अमिताभ बचन की सफल फिल्म थी और भूत बंगला राहुल देव बर्मन की.

क्रमशः…

© अरुण श्रीवास्तव

संपर्क – 301,अमृत अपार्टमेंट, नर्मदा रोड जबलपुर

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ ॥ मार्गदर्शक चिंतन॥ -॥ प्रकृति व पर्यावरण सुरक्षा ईश्वर की ही पूजा है ॥ ☆ प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆

॥ मार्गदर्शक चिंतन॥

☆ ॥ प्रकृति व पर्यावरण सुरक्षा ईश्वर की ही पूजा है ॥ – प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’☆

कहा जाता है कि ईश्वर सर्वज्ञ है सर्वव्यापी है और सर्वशक्तिमान है। वह संसार के समस्त चर-अचर प्राणियों का संरक्षक और पोषक है। वह परम दयालु और अहैतुकी कृपा करने वाला है। उसी ने इस सृष्टि की रचना की है जिसमें सबकी आवश्यकताओं के लिए सबकुछ है। परन्तु वह स्वत: अदृश्य है। उसे केवल अन्तर्चक्षुओं से देखा जा सकता है। इतनी विशालता और विविधता से परिपूर्ण सारी सृष्टि नियमितता से आबद्ध और अनुशासित है। समय चक्र समान गति से घूमता रहता है। दिन होते हैं रात होती है। ऋतुएँ आती जाती रहती है। भूमि को उर्वरा बनाती हैं। भूमि पर विभिन्न  वनस्पतियाँ उत्पन्न होती हैं। खेती से विभिन्न फसलें होती है। समय समय पर विभिन्न फसलें पकती हैं। वृक्ष मौसम के अनुसार फल देते हैं। सब आवश्यक और हितकारी हैं। सभी जीवनधारियों की आवश्यकतानुसार सुस्वादु भोजन मिलता रहता है। नदियाँ, पहाड़, समुद्र सब अपनी-अपनी भूमिका निभाते हैं। समय के साथ बढ़ते, बनते-बिगड़ते और सेवायें दे के उचित समय पर विनष्ट हो जाते हैं। यही नियम समस्त प्राणि जगत पर भी लागू होते हैं। मनुष्य भी वनस्पति और अन्य प्राणियों की भाँति एक उद्ïदेश्य से संसार में आता है, जन्म लेता, विकसित होता, सेवाएँ देता और अन्त में शांत हो जाता है। किन्तु मनुष्य में एक विशेषता है, उसे बुद्धि और विवेक का वरदान मिला है। वह सोचता विचारता, समझता, निष्कर्ष निकाल सकता और नई खोजें और नव निर्माण कर सकता है। शायद इसी अर्थ में वह ईश्वर का अंश कहा गया है। उसकी आत्मा ईश्वर की ही भाँति सशक्त और अविनाशी है।

ईश्वर अंश जीव अविनाशी

ईश्वर ने जैसे सकल ब्रह्माण्ड की अनुपम रचना की है। सबको अलग अलग रंग रूप और गुण दिए हैं इसी प्रकार मनुष्य ने भी विभिन्न सुख-सुविधाएँ देने वाले यंत्रों-मशीनों का निर्माण कर लिया है और नये-नये अविष्कार करता जा रहा है। वह कल्पनाएँ कर सकता है और उन्हें अपने प्रयासों से साकार कर सकता है  इसीलिए तो अदृश्य ईश्वर को भी जानने के लिए अपनी कल्पनानुसार विभिन्न रूप दिए हैं। पुरातन काल से अब तक बनी विभिन्न देवी देवताओं की मूर्तियाँ और मन्दिरों में उनकी स्थापना उसी का परिणाम हैं। परन्तु सर्वनियंता अलख ईश्वर आज भी अनजाना है। दर्शन शास्त्रियों ने अपने चिन्तन के माध्यम से आत्मज्ञान प्राप्त कर उसे पहचानने का प्रयत्न किया किन्तु सभी एकमत नहीं हैं। उसका वास्तविक स्वरूप आज भी रहस्य बना हुआ है। 

गीता में भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन की शंकाओं को निर्मूल करने के लिए अपना विराट रूप उसे दिखाया था जिसमें सारा ब्रह्मïाण्ड ही समाहित है। यह रूप ही ईश्वर के सत्स्वरूप को समझने का सबल संकेत है। प्रकृति, ईश्वर की रचना है और प्रकृति के क्रियाकलापों  के माध्यम से नवसृजन करती है। उसी की इच्छा, प्रेरणा और कृपा से सब निर्माण-विकास-परिवर्तन और लय होते हैं अत: प्रकारान्तर से प्रकृति की यही महान शक्ति ही ईश्वर है। यही प्रकृति और उसकी सृष्टि की परमात्मा के स्वरूप की प्रत्यक्ष अभिव्यक्ति है। प्रकृति के क्रिया-कलापों से ही ईश्वर की सत्ता और स्वरूप का आभास मिलता है। प्रकृति ही सबको जीवन दान देती है और अपनी अकथनीय लीलाओं से सबका संधारण और संवरण करती है। आँधी, बाढ़, भूकम्प, तूफान, भूस्खलन जैसी आकस्मिक अनायास उत्पन्न घटनायें प्रलय ला देती हैं साथ ही विश्व को नया रूप प्रदान करती हैं। प्रकृति और पर्यावरण से ही जीवन को गति मिलती है। प्राणियों को सुख-दुख मिलते हैं और संसार में नवीनता आती है। जीवन को विकास के नये अवसर मिलते हैं। प्रकृति की मुस्कान ही फूल खिलाती है और क्रोध ही विनाश का कारण बनता है। इसलिए यह बात सहज समझ में आनी चाहिए कि पर्यावरण ही सबका रक्षक है। और विपरीत स्थितियों में विश्व का भक्षक भी हो सकता है। मानव जीवन में प्राकृतिक पर्यावरण का जीवन मरण के लिए भारी महत्व है। हमें पर्यावरण की सुरक्षा कर उसे जीवन के लिए अनुकूल बनाने के सतत प्रयत्न करने चाहिए। प्राकृतिक पर्यावरण सभी प्राणियों के साथ मानव जाति का चिर सहचर है। वह हमारे मनोभावों को समझता है हमारे सुखोंं में खुश होता है और दुखों में संवेदना सूचक उदासी प्रदर्शित करता है। शुद्ध और स्वच्छ पर्यावरण मन को प्रसन्नता और पावनता प्रदान करता है और दूषित पर्यावरण उदासी और मलिनता से दुखी करता है। जीवन के पालन पोषण और सुरक्षा में प्रकृति और पर्यावरण की निरन्तर वही भूमिका है जो सर्वशक्तिमान ईश्वर की विश्व के संचालन में है। इसीलिए तो भारतीय ऋषियों मुनियों ने प्रकृति के सानिध्य में वनों में रहकर चिन्तन मनन और ईश्वराधना को मानव जीवन के तृतीय आश्रम को ”वानप्रस्थ’‘ का नाम दिया है। प्रकृति की पूजा और पर्यावरण की सुरक्षा ही ईश्वर की सच्ची पूजा और उपासना है जिसका सहज वरदान स्वस्थ्य काया का पुण्य लाभ है।

© प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

 ए २३३, ओल्ड मीनाल रेसीडेंसी, भोपाल, म.प्र. भारत पिन ४६२०२३ मो ७०००३७५७९८ apniabhivyakti@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ ॥ मार्गदर्शक चिंतन॥ -॥ सुख और समृद्धि के लिए जरूरी है निष्ठा और नैतिकता ॥ ☆ प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆

॥ मार्गदर्शक चिंतन॥

☆ ॥ सुख और समृद्धि के लिए जरूरी है निष्ठा और नैतिकता ॥ – प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’☆

आज हमारे देश में जो परिदृश्य है वह राष्ट्रहितकारी कम और स्वार्थपूरक अधिक दिखाई देता है। लोग प्राचीन मान्य परम्पराओं और मर्यादायों के प्रति उदासीन हो विभिन्न वर्जनाओं का खुला उल्लंघन कर रहे हैं। बहुतों में न लोकलाज दिख रही है न नियम-कायदों का डर।

देश तो यह वही है जिसने कभी अपने संगठित अनुशासनपूर्ण व्यवहार से आजादी के पूर्व के दिनों को देखा और भोगा है, वे जानते हैं कि तत्कालीन वातावरण में कितनी अनिश्चितता थी और विदेशी शासन के जुल्मों का कितना भय था, किन्तु तब भी देश प्रेमी जनता के मन में कत्र्तव्य के प्रति कितनी निष्ठा, लगन और ईमानदारी थी। समाज में जातीय भेदभाव होते हुए भी आत्मीय, एकता और समन्वय की भावना थी। प्रत्येक छोटे-बड़े को कत्र्तव्य की आत्मप्रेरणा थी और अपने काम को ढंग से पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित अवधि में पूर्ण करने की लगन थी। इसी सामाजिक कत्र्तव्य परायण्ता, कत्र्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी ने एक जुटता से राष्ट्र के लिए प्राणपण से न्यौछावर होने की भावना जगाई थी और मार्ग की अनेकों दुगर्म कठिनाईयों के होते हुए भी हमें स्वतंत्रता प्राप्ति के लक्ष्य को पाने में सफलता मिली थी।

इसके विपरीत आज आजाद देश के नागरिकों के मन में कलुषता, लोलुपता और चरित्रहीनता दिखाई देती है। क्षेत्र चाहे कोई भी हो हर जगह मलिनता व्याप्त है। वातावरण में पवित्रता और व्यवहार में पावनता, निश्छलता और सहज सेवा उपकार की भावना कहीं स्पष्ट दिखाई बहुत कम दिख पाती है। अनाचार, दुराचार, भ्रष्टाचार का बोलबाला हो चला है। स्वार्थ की प्रबलता है। संबंधों में अदावट है, क्रिया-कलापों में दिखावट है, रूप में निरर्थक सजावट है, सेवाओं में गिरावट है, विभिन्न उत्पादों में मिलावट है तथा सही प्रगति पथ पर जगह जगह रुकावट है। पुराना भाईचारा, आपसी सम्मान, सद्ïभावना, कत्र्तव्यनिष्ठा और गुणवत्ता बढ़ाने के लिये कुछ सीखने की इच्छा लुप्त सी हो गयी हैं। इसी से वांछित परिणाम नहीं मिल पा रहे। धन का अपव्यय हो रहा है और संकल्पित लक्ष्य की प्राप्ति नहीं हो पा रही। यह गहन चिन्तन का विषय है कि ऐसा क्यों हो गया ?

लगता है इस सारी बढ़ती बदहाली का मूल कारण हमारे सोच और कार्य-सरणी में बदलाव है। मनुष्य वैसा ही बनता है जैसा वह सोचता है। विचार ही व्यक्ति के व्यावहारों के उद्ïगम हैं। लोकतांत्रिक पद्धति की शासन व्यवस्था में लोगों ने शायद ”स्वातंत्र्य’‘ शब्द का अर्थ ”स्वच्छन्ता’‘ समझ गलत विचार करना शुरु कर दिया है। ‘स्वच्छंदता’ का परिणाम स्वत: के भविष्य के लिए और साथ ही समाज के लिए भी घातक होगा- यह ध्यान में नहीं रखा गया है। दूसरा शायद लोगों ने केवल धन को ही सुख का पर्याय मान लिया है। इसीकारण कम से कम श्रम से थोड़े से थोड़े समय में अधिक से अधिक धन कमा लेने की होड़ लग गई है। कमाई की अंधी दौड़ में कोई किसी से पीछे नहीं रहना चाहता  इससे सही या गलत साधन का भेद भुला दिया गया है। इसी उथली विचार धारा ने सबको संकट में डाल दिया है, व्यक्ति, समाज और शासन सभी परेशान हैं।  नई-नई समस्याएँ ‘सुरसा’ के मुख सी बढ़ती जाती हैं।

पहले हमारा आदर्श था-”सादा जीवन, उच्च विचार’‘। आज उल्टा हो गया है-” ऊँचा जीवन, निम्न विचार’‘।

धन सदा ही सुखदायी ही नहीं समस्या उत्पादक भी होता है। अनुचित साधनों से धन की प्राप्ति परिवार में नये संकट ही लाती है। सुख सचमुच में धन प्राप्ति के लिए अंधी दौड़ में नहीं, प्रेम के निश्छल आदान-प्रदान में है। सहयोग और ईमानदारी में सुख के बीज छिपे होते हैं। परन्तु इस सचाई को भुलाकर नवीनता की चका-चौंध में जो गलत प्रयत्न धन पाने के लिए अपनाएँ जा रहे हैं उन्होंने ही सारी कठिनाइयाँ बढ़ा दी है।

भारतीय संस्कृति में तप और त्याग का धार्मिक महत्व रहा है। इसी पवित्र भावना ने समाज को बाँधे रखा है और ंमन को बेलगाम होकर दौडऩे से रोके रखा है। किन्तु आज अन्य सभ्यताओं की देखा देखी भारतीय संस्कारों को तिलांजलि देकर लोगों ने बाह्यï आकर्षणों में सुख की साध पाल ली है इससे ही देश बीमार हो गया है और इसका संक्रमण फैलता ही जा रहा है।

यदि हमें अपने देश को फिर स्वस्थ और समृद्ध बनाना है तो भारत भूमि की ही जलवायु की ही उपासना करनी होगी और युग की नवीनता को अपने कार्यक्रमों में उचित रूप से समायोजित करनी होगी। बिना सदाचरण, निष्ठा और नैतिकता को अपनायें जीवन में वास्तविक सुख-शांति और समृद्धि असंभव है।

© प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’

 ए २३३, ओल्ड मीनाल रेसीडेंसी, भोपाल, म.प्र. भारत पिन ४६२०२३ मो ७०००३७५७९८ apniabhivyakti@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ ॥ मार्गदर्शक चिंतन॥ -॥ दया धरम का मूल है॥ ☆ प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆

॥ मार्गदर्शक चिंतन॥

☆ ॥ दया धरम का मूल है ॥ – प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’☆

भारत का वैदिक धर्म जिसे सनातन धर्म की भी संज्ञा दी जाती है, मूलत: प्राकृतित विज्ञान पर आधारित है। यह प्रकृति का उपासक और समस्त मानव जाति का हितरक्षक है। इसकी प्रमुख भावना है-

”सर्वे सुखिन: सन्तु सर्वे सन्तु निरामया: 

सर्वे भद्राणि पश्यन्तु मा कश्चित दु:खंमाप्तुयात्’‘

आशय है सभी सुखी हों, सभी स्वस्थ हों, सबका कल्याण हो, किसी को कोई दुख न हो। यह उद्ïदात्त भावना न केवल मानव जाति हेतु ही है वरन सृष्टि के समस्त प्राणियों और वनस्पति जगत के लिये भी है। धर्म का मन्तव्य सुख, शांति, प्रगति और कल्याण ही है।

यह विश्व जिस अज्ञात, अलक्ष्य सर्व शक्तिमान  की सृष्टि है उसने यहाँ कुछ भी अकारण नहीं बनाया है। मनुष्य प्राणी वनस्पति सभी इस संसार में एक दूसरे के सहयोगी है, अत: प्राकृतिक क्रिया-कलापों के सुसंचालन हेतु सभी परस्पर पूरक की भूमिका का निर्वाह करते हैं। प्रत्येक की सुरक्षा और सुख हर दूसरे की सुरक्षा पर निर्भर हैं। यह सुरक्षा तभी संभव है जब मनुष्य के मन में सबके लिए रक्षा, दया और उदारता की भावना हो। यदि बारीकी से विचार किया जाय तो इस भूमण्डल में स्वार्थपूर्ति के लिए सबसे अधिक हिंसक प्राणी मनुष्य ही है। यदि मन में दया भाव है तो हिंसा का भाव स्वंय ही तिरोहित हो जाता है और व्यक्ति अपने नैसर्गिक धर्म का सहज ही निर्वहन कर सकता है। इसीलिये कहा गया हैं-

”दया धरम का मूल है, पाप मूल अभिमान,

तुलसी दया न छाँडिय़े जन लगि घट में प्राण॥’‘

जहाँ दया और उदारता की भावना लुप्त होती है, वहीं स्वार्थ भावना पल्लवित होने लगती है और स्वार्थ की पूर्ति के लिए व्यक्ति दूसरों के प्रति असहिष्णु होकर हिंसा करने को उद्धत हो जाता है। धार्मिक भावना की कमी और परिणाम की अदूरदर्शिता के कारण ही आज मनुष्य न केवल अन्य सजातीयों पर हिंसा कर रहा है बल्कि अन्य प्राणियों वनस्पतियों और समस्त सृष्टि के प्रति अनुदार और हिंसक हो गया है। विश्वव्यापी मनोमालिन्यपूर्ण आतंकवाद के बढ़ते चरण, पशुपक्षियों के अवैध शिकार, वृक्षों की अंधाधुंध कटाई, वनों का विनाश, नदियों का प्रदूषण, भूमि का अनियंत्रित उत्खनन, वायु और गगन का प्रदूषण सब इसी के दुष्परिणाम हैं। इन कारणों से स्वत: मानव-जीवन आये दिन अनेकों कष्ट भुगत रहा है और अपनी अदूरदर्शिता से अपने और सबके भविष्य को नई-नई उलझनों के जाल में फँसाता जा रहा है। दुनियाँ विनाश की कगार पर पहुचती जा रही है। 

मन में दया के भाव का उद्ïगम व्यक्ति को हिंसा तथा अन्य विवादों की बुराइयों से रोकता है तथा समता की भावना को पल्लवित कर आनन्द स्नेह और संवेदना को पनपाता है। धर्म का यही उपदेश है कि दूसरों के साथ सदा वैसा ही व्यवहार किया जाना चाहिए जैसा कि व्यक्ति औरों से अपने प्रति किये जाने की चाह रखता है। सबके साथ संवेदना और सहानुभूति एक ऐसे वातावरण को सृजित करते हैं जिसमें आनन्द और मिठास होती है।

यदि इस दृष्टि को रखकर जीवन जिया जाय तो कभी कोई अधर्म या पाप  ही न हो। यही तो सबसे बड़ा धर्म है कि परहित में कोई बाधा न हो और सब संयमित रूप से हिल-मिल कर समाज में रह सकें।

महात्मा तुलसीदास जी ने भी रामचरित में यही कहा है-

परहित सरिस धरम नहिं भाई,

पर पीड़ा सम नहिं अधमाई॥

© प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’   

ए २३३, ओल्ड मीनाल रेसीडेंसी, भोपाल, म.प्र. भारत पिन ४६२०२३ मो ७०००३७५७९८ apniabhivyakti@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ संजय उवाच # 146 ☆ वारी – लघुता से प्रभुता की यात्रा – भाग – 3 ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(“साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच “ के  लेखक  श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।श्री संजय जी के ही शब्दों में ” ‘संजय उवाच’ विभिन्न विषयों पर चिंतनात्मक (दार्शनिक शब्द बहुत ऊँचा हो जाएगा) टिप्पणियाँ  हैं। ईश्वर की अनुकम्पा से आपको  पाठकों का  आशातीत  प्रतिसाद मिला है।”

हम  प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते रहेंगे। आज प्रस्तुत है  इस शृंखला की अगली कड़ी । ऐसे ही साप्ताहिक स्तंभों  के माध्यम से  हम आप तक उत्कृष्ट साहित्य पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।)

☆ संजय उवाच # 146 ☆ वारी – लघुता से प्रभुता की यात्रा – भाग – 3 ☆?

वारकरी से अपेक्षित है कि वह गले में तुलसी की माला पहने। ये माला वह किसी भी वरिष्ठ वारकरी को प्रणाम कर धारण कर सकता है। वारकरी संप्रदाय के लोकाचारों में शामिल है- माथे पर गोपीचंदन,धार्मिक ग्रंथों का नियमित वाचन, शाकाहार, सदाचार, सत्य बोलना, हाथ में भगवा पताका, सिर पर तुलसी वृंदावन, और जिह्वा पर राम-कृष्ण-हरि का संकीर्तन।

राम याने रमनेवाला-हृदय में आदर्श स्थापित करनेवाला, कृष्ण याने सद्गुरु- अपनी ओर खींचनेवाला और हरि याने भौतिकता का हरण करनेवाला। राम-कृष्ण-हरि का अनुयायी वारकरी पालकी द्वारा विश्रांति की घोषणा से पहले कहीं रुकता नहीं, अपनी दिंडी छोड़ता नहीं, माउली को नैवेद्य अर्पित होने से पहले भोजन करता नहीं।

वारकरी कम से कम भौतिक आवश्यकताओं के साथ जीता है। वारी आधुनिक भौतिकता के सामने खड़ी सनातन आध्यात्मिकता है। आधुनिकता अपरिमित संसाधन जुटा-जुटाकर आदमी को बौना कर देती है। जबकि वारी लघुता से प्रभुता की यात्रा है।

प्रभुता की यह दृष्टि है कि इस यात्रा में आपको मराठी भाषियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में अमराठी भाषी भी मिल जायेंगे। भारतीयों के साथ विदेशी भी दिखेंगे। इस अथाह जन सागर की समरसता ऐसी कि वयोवृद्ध माँ को अपने कंधे पर बिठाये आज के श्रवणकुमार इसमें हिंदुत्व देखते हैं  तो संत   जैनब-बी ताउम्र इसमें इस्लाम का दर्शन करती रही।

वारी, यात्री में सम्यकता का अद्भुत भाव जगाती है। भाव ऐसा कि हर यात्री अपने सहयात्री को धन्य मान उसके चरणों में शीश नवाता है। सहयात्री भी साथी के पैरों में माथा टेक देता है।

‘जे-जे पाहिले भूत, ते-ते मानिले भगवंत’..

हर प्राणी में, हर जीव में माउली दिखने लगे हैं। किंतु असली माउली तो विनम्रता का ऐसा शिखर है जो दिखता आगे है , चलता पीछे है। यात्रा के एक मोड़ पर संतों की पालकियां अवतार पांडुरंग के रथ के आगे निकल जाती हैं। आगे चलते भगवान कब पीछे आ गये, पता ही नहीं चलता। संत कबीर कहते हैं-

कबीरा मन ऐसा भया, जैसा गंगा नीर

पाछे-पाछे हरि फिरै, कहत कबीर-कबीर।

भक्तों की भीड़ हरिनाम का घोष करती हैं जबकि  स्वयं हरि भक्तों के नाम-संकीर्तन में डूबे होते हैं।

भक्त रूपी भगवान की सेवा में अनेक संस्थाएं और व्यक्ति भी जुटते हैं।  ये सेवाभावी लोग डॉक्टरों की टीम से लेकर कपड़े इस्तरी करने, दाढ़ी बनाने, जूते-चप्पल मरम्मत करने जैसी सेवायें निःशुल्क उपलब्ध कराते हैं।

वारी भारत के धर्मसापेक्ष समाज का सजीव उदाहरण है। वारी असंख्य ओसकणों के एक होकर सागर बनने का जीता-जागता चित्र है। वस्तुतः ‘वा’ और ‘री’ के डेढ़-डेढ़ शब्दों से मिलकर बना वारी यात्रा प्रबंधन का वृहद शब्दकोश है।

-आनंद का असीम सागर है वारी..

-समर्पण की अथाह चाह है वारी…

-वारी-वारी, जन्म-मरणा ते वारी..

-जन्म से मरण तक की वारी…

-मरण से जन्म तक की वारी..

-जन्म-मरण की वारी से मुक्त होने के लिए भी वारी…

वस्तुतः वारी देखने-पढ़ने या सुनने की नहीं अपितु अनुभव करने की यात्रा है। इस यात्रा में सम्मिलित होने के लिए महाराष्ट्र की पावन धरती आपको संकेत कर रही है।  विदुषी इरावती कर्वे के शब्दों में -महाराष्ट्र अर्थात वह भूमि जहाँ का निवासी पंढरपुर की यात्रा करता है। जीवन में कम से कम एक बार वारी करके महाराष्ट्रवासी होने का सुख अवश्य अनुभव करें। ….(इति)

© संजय भारद्वाज

☆ अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार ☆ सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय ☆ संपादक– हम लोग ☆ पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी   ☆  ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स ☆

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

writersanjay@gmail.com

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ आलेख – आत्मानंद साहित्य #132 ☆ जब मैं बूढ़ा हो जाऊँगा! ☆ श्री सूबेदार पाण्डेय “आत्मानंद” ☆

श्री सूबेदार पाण्डेय “आत्मानंद”

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – आत्मानंद साहित्य# 132 ☆

☆ ‌आलेख – जब मैं बूढ़ा हो जाऊँगा! ☆ श्री सूबेदार पाण्डेय “आत्मानंद” ☆

जब मैं बूढ़ा हो जाऊँगा, एकदम जर्जर बूढ़ा, तब तू क्या थोड़ा मेरे पास रहेगा? मुझ पर थोड़ा धीरज तो रखेगा न? मान ले, तेरे महँगे काँच के बर्तन मेरे हाथ से अचानक गिर जाए या फिर मैं सब्ज़ी की कटोरी उलट दूँ टेबल पर, मैं तब बहुत अच्छे से नहीं देख सकूँगा न! मुझे तू चिल्लाकर डाँटना मत प्लीज़! बूढ़े लोग सब समय ख़ुद को उपेक्षित महसूस करते रहते हैं, तुझे नहीं पता?

एक दिन मुझे कान से सुनाई देना बंद हो जाएगा, एक बार में मुझे समझ में नहीं आएगा कि तू क्या कह रहा है, लेकिन इसलिए तू मुझे बहरा मत कहना! ज़रूरत पड़े तो कष्ट उठाकर एक बार फिर से वह बात कह देना या फिर लिख ही देना काग़ज़ पर। मुझे माफ़ कर देना, मैं तो कुदरत के नियम से बुढ़ा गया हूँ, मैं क्या करूँ बता?

और जब मेरे घुटने काँपने लगेंगे, दोनों पैर इस शरीर का वज़न उठाने से इनकार कर देंगे, तू थोड़ा-सा धीरज रखकर मुझे उठ खड़ा होने में मदद नहीं करेगा, बोल? जिस तरह तूने मेरे पैरों के पंजों पर खड़ा होकर पहली बार चलना सीखा था, उसी तरह?

कभी-कभी टूटे रेकॉर्ड प्लेयर की तरह मैं बकबक करता रहूँगा, तू थोड़ा कष्ट करके सुनना। मेरी खिल्ली मत उड़ाना प्लीज़। मेरी बकबक से बेचैन मत हो जाना। तुझे याद है, बचपन में तू एक गुब्बारे के लिए मेरे कान के पास कितनी देर तक भुनभुन करता रहता था, जब तक मैं तुझे वह ख़रीद न देता था, याद आ रहा है तुझे?

हो सके तो मेरे शरीर की गंध को भी माफ़ कर देना। मेरी देह में बुढ़ापे की गंध पैदा हो रही है। तब नहाने के लिए मुझसे ज़बर्दस्ती मत करना। मेरा शरीर उस समय बहुत कमज़ोर हो जाएगा, ज़रा-सा पानी लगते ही ठंड लग जाएगी। मुझे देखकर नाक मत सिकोड़ना प्लीज़! तुझे याद है, मैं तेरे पीछे दौड़ता रहता था क्योंकि तू नहाना नहीं चाहता था? तू विश्वास कर, बुड्ढों को ऐसा ही होता है। हो सकता है एक दिन तुझे यह समझ में आए, हो सकता है, एक दिन!

तेरे पास अगर समय रहे, हम लोग साथ में गप्पें लड़ाएँगे, ठीक है? भले ही कुछेक पल के लिए क्यों न हो। मैं तो दिन भर अकेला ही रहता हूँ, अकेले-अकेले मेरा समय नहीं कटता। मुझे पता है, तू अपने कामों में बहुत व्यस्त रहेगा, मेरी बुढ़ा गई बातें तुझे सुनने में अच्छी न भी लगें तो भी थोड़ा मेरे पास रहना। तुझे याद है, मैं कितनी ही बार तेरी छोटे गुड्डे की बातें सुना करता था, सुनता ही जाता था और तू बोलता ही रहता था, बोलता ही रहता था। मैं भी तुझे कितनी ही कहानियाँ सुनाया करता था, तुझे याद है?

एक दिन आएगा जब बिस्तर पर पड़ा रहूँगा, तब तू मेरी थोड़ी देखभाल करेगा? मुझे माफ़ कर देना यदि ग़लती से मैं बिस्तर गीला कर दूँ, अगर चादर गंदी कर दूँ, मेरे अंतिम समय में मुझे छोड़कर दूर मत रहना, प्लीज़!

जब समय हो जाएगा, मेरा हाथ तू अपनी मुट्ठी में भर लेना। मुझे थोड़ी हिम्मत देना ताकि मैं निर्भय होकर मृत्यु का आलिंगन कर सकूँ। चिंता मत करना, जब मुझे मेरे सृष्टा दिखाई दे जाएँगे, उनके कानों में फुसफुसाकर कहूँगा कि वे तेरा कल्याण करें। तुझे हर अमंगल से बचायें। कारण कि तू मुझसे प्यार करता था, मेरे बुढ़ापे के समय तूने मेरी देखभाल की थी।

मैं तुझसे बहुत-बहुत प्यार करता हूँ रे, तू ख़ूब अच्छे-से रहना। इसके अलावा और क्या कह सकता हूँ, क्या दे सकता हूँ भला।

© सूबेदार  पांडेय “आत्मानंद”

संपर्क – ग्राम जमसार, सिंधोरा बाज़ार, वाराणसी – 221208, मोबा—6387407266

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ ॥ मार्गदर्शक चिंतन॥ -॥ कर्मण्येवाधिकारस्ते’ ॥ ☆ प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’ ☆

॥ मार्गदर्शक चिंतन॥

☆ ॥ कर्मण्येवाधिकारस्ते’ ॥ – प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’☆

अर्थ है ”केवल कर्म पर ही तेरा अधिकार है यह मुहावरा विश्व प्रसिद्ध ग्रन्थ’‘ भगवत्ï-गीता के सुप्रसिद्ध श्लोक का एक चतुर्थांश है। भगवान श्री कृष्ण ने गीता में अर्जुन को समझाने के बहाने विश्व के मानव मात्र को कर्म करने का जो  अमर संदेश दिया है, वह अनुपम लोक कल्याणकारी सिद्धान्त है। इसमें कर्म की महत्ता प्रतिपादित की गई है क्योंकि कर्म के बिना न तो नव सृजन संभव है और न सृष्टि का संचालन। कर्म न केवल जीवन की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए ही आवश्यक है वरन्ï दैनिक जीवन में नवसृजन, प्रसन्नता तथा आनन्द की प्राप्ति और प्रगति व विकास के लिए भी अनिवार्य है। बिना कार्य के कोई उत्पादन संभव नहीं। खेत, हल और बीज के होते हुए भी यदि कि सान श्रम पूर्वक कर्म न करे तो फसल का उत्पादन असंभव हैं। ईंट, सीमेंट, रेत आदि के होते हुए भी यदि मजदूर परिश्रम न करे तो भवन नहीं बन सकता। इसी तरह केवल इच्छा करने मात्र से कोई उपलब्धि नहीं पा सकता। हर छोटी-बड़ी इच्छा को पूरी करने के लिए प्रकृति प्रदत्त समस्त साधनों के होते हुए भी बिना कर्म किए अर्थात्ï सोच-विचार श्रम किए बिना कुछ पाया नहीं जा सकता। कर्म के द्वारा इच्छानुसार अर्जन के लिए ही ईश्वर ने प्राणियों को कर्मेन्द्रियाँ दी हैं। कर्म के द्वारा कुछ भी असंभव नहीं है। आज की बड़ी-बड़ी वैज्ञानिक उपलब्धियाँ  मनुष्य के कठिन श्रम से किए गए कर्म के परिणाम हैं। कर्म की सृजनशीलता के आधार पर ही मनुष्य ने आज अन्तरिक्ष में उड़ान भरी है और कर्म के विश्वास पर ही कल और भी नये-नये चमत्कारों की प्राप्ति के लिये प्रयासरत है। कर्म की महानता को ही प्रतिपादित करते हुए तुलसीदास जी ने मानस में कहा है-

‘कर्म प्रधान विश्व करि राखा’-‘जो जस करिय सो तस फल चाखा॥’

इस संसार में कर्म की प्रमुखता है जो जैसा करता है वैसा ही परिणाम पाता है कर्मठता के विपरीत अकर्मण्यता को अपनाने वाले आलसी, सदा निराश और और उदास बने रहते हैं। केवल कामनाओं के स्वप्न देखते रहते हैं पर पाते कुछ नहीं। ‘दैव दैव आलसी पुकारा’ केवल भाग्य पर पूर्ण भरोसा करना उचित नहीं है। भाग्य भी उसी का साथ देता है जो कर्म करने को उद्यत होते हैं तथा कुछ पाने के लिए महत्वाकांक्षाएँ सँजोते हैं तथा श्रम करते हैं। लोक मान्य तिलक ने भी अपने ग्रंथ ‘गीता-रहस्य’ या ‘कर्म योग शास्त्र’ में कर्म और कत्र्तव्य के लिए मनुष्य को उन्मुख होने की सलाह दी है और गीता की वृहत व्याख्या में जीवन के युद्ध क्षेत्र में एक कर्मठ योद्धा की भाँति डटकर हर समस्या का सामना करने को कहा है। यही पुरुषार्थ है। संत बावरा जी महाराज ने भी कहा गीता की व्याख्या करते हुए कर्म और कर्मठता की पुरजोर वकालत की है। उन्होंने ईश्वर की उपासना और अपने कर्माे व कत्र्तव्यों की पूर्ति में लगे रहकर पूरी करने को श्रेष्ठ माना है। संसार के कर्मक्षेत्र से भागकर सन्यास लेने को श्रेयस्कर नहीं माना है।

यह तो सहज सभी के अनुभव की बात है कि कुछ न करने से बेहतर हमेशा कुछ कर्म करना ही हितकारी है क्योंकि कर्म से ही इच्छा की पूर्ति होती है। शायद इसी आशय को व्यक्त करती है यह सहज सी लोकोक्ति-”बैठे से बेगार भली।’‘ सक्रियता ही जीवन है। हाँ गीता का यह कथन और भी सार गर्भित है कि कर्म तो निरन्तर करते रहना चाहिए पर उसके फल के प्रति आशान्वित न रखकर हर कार्य करना चाहिए। व्यक्ति के हाथ में कर्म करने का अधिकार तो पूरा है और अच्छे कर्म का परिणाम भी अच्छा होता है किन्तु फिर भी फल ईश्वर के हाथ में है। इस भावना से मन लगाकर काम करने से मन में कभी निराशा नहीं होती और निरपेक्ष कत्र्तव्य बोध से, विपरीत परिणाम होने पर भी ईश्वरेच्छा का भाव होने के कारण किसी हितकारी विकास के लाभ की आशा न तो टूटती है और न हार का अनुभव ही होता है।

गीता के जिस परम उपदेश ने हताश और विषप्ण अर्जुन को युद्ध क्षेत्र कुरुक्षेत्र में अपने कत्र्तव्य की पूर्ति के लिए प्राणपण से जूझने को तैयार कर दिया वह हम सभी को कत्र्तव्य परायणता और कर्म के प्रति गहननिष्ठा की प्रेरणा देता है तथा यह शिक्षा नव जीवनदृष्टि देती हुई न तो कभी जीवनरण में हिम्मत हारने की और न ही कभी कर्म से विरत होने की, मूल्यवान सीख देती है। संकट के समय में भी मन को ताजगी और उत्साह से लबरेज रख कत्र्तव्य में जुटाये रखने वाली गीता यही कहती है कि-

आदमी है खुद अपना मित्र, स्वयं करना होता उद्धार,

समय को देता जो सम्मान, साथ देता उसका संसार।

बढ़ाचल, कभी न हिम्मत हार, कभी मत छोड़ कर्म का प्यार,

कर्म है जीवन का आनन्द, यही है जीवन का आधार॥

© प्रो. चित्र भूषण श्रीवास्तव ‘विदग्ध’   

 ए २३३, ओल्ड मीनाल रेसीडेंसी, भोपाल, म.प्र. भारत पिन ४६२०२३ मो ७०००३७५७९८ apniabhivyakti@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares