हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ अभी अभी # ९६५ ⇒ खिलाड़ी भावना ☆ श्री प्रदीप शर्मा ☆

श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए दैनिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “खिलाड़ी भावना।)

?अभी अभी # ९६५ ⇒ आलेख – खिलाड़ी भावना ? श्री प्रदीप शर्मा  ?

अगर किसी खेल में हार-जीत न हो, तो खेल का मज़ा ही क्या ! हर खेल जीतने के उद्देश्य से ही खेला जाता है। जो जीता वही सिकंदर कहलाता है। हारे को हरि नाम।

हर खेल में एक ही भावना होती है, प्रतिद्वंद्विता की भावना ! खेल की एक ही नीति होती है, रणनीति ! अगर भाई भाई भी कोई खेल खेलते हैं, तो एक हारता है, और एक जीतता है। महाभारत में युधिष्ठिर ने जुआ खेला था। पासे उल्टे पड़ते गए, वे सब कुछ हारते चले गए। राजसभा देखती रही, विदुर, भीष्म, कृष्ण कुछ न कर पाए और युधिष्ठिर द्रौपदी को भी हार बैठे। जहाँ शकुनि सामने होता है, हमेशा पासे उल्टे ही पड़ते हैं।।

आजकल सभी खेल पेशेवर हो गए हैं ! जीतने वाले को अगर बड़ी राशि और बड़ा पदक दिया जाता है, तो हारने वाले भी करोड़पति होने लग गए हैं। winner न सही, runner ही सही।

राजनीति भी एक खेल ही है ! यह सेवा का खेल है ! जो जीतेगा, सरकार बनाएगा, वही सेवा करेगा, जो हारेगा, वह न तो खेल छोड़ेगा और न ही सेवा करेगा। उसका खेला तो अब शुरू होता है। जो जीता है, उसे नहीं खेलने देना। वह एक ऐसी कबड्डी का खेल खेलता है, जिसमें सिर्फ टांग खींची जाती है। अगर सामने वाला गिर गया तो बच्चों की तरह ताली बजाई जाती है।।

खेल हो या राजनीति, जीतने के लिए हर तरह के खेल खेले जाते हैं। शक्ति प्रदर्शन, सूझबूझ और साम, दाम, दंड भेद सबका सहारा लिया जाता है। एक खेल मिलीभगत का भी होता है। जहाँ आर्थिक लाभ के लालच में शक्तिशाली हार जाता है और कमज़ोर विजयी हो जाता है। आईपीएल की भाषा में इसे सट्टा कहा जाता है। यह खेल भावना के विपरीत है।

राजनीति में चुनाव जीतने के लिए सभी तरह के हथकंडे अपनाए जाते हैं। ये कंडे गोबर के होते हैं और हाथ से बनाये जाते हैं। जब कभी ये हथकंडे भी काम नहीं आते, तो यही कहा जाता है, सारा गुड़ गोबर हो गया। पैसा, शराब और चुनावी वादे भी हथकंडों की श्रेणी में ही आते हैं।।

हमारे देश में दो ही तो राष्ट्रीय खेल हैं, राजनीति और क्रिकेट। राजनीति में खिलाड़ी भावना वैसे तो कम देखने को मिलती है। लेकिन सौजन्यवश, अगर जीता हुआ प्रत्याशी, हारे हुए प्रत्याशी को उसके घर जाकर बधाई दे दे, तो इसे खेल भावना का परिचय कहा जा सकता है।

चूँकि खिलाड़ी भावना, जिसे अधिक प्रभावी ढंग से व्यक्त करने के लिए अंग्रेज़ी में स्पोर्ट्समैन स्पिरिट कहते हैं, जैसा कि नाम से ही ज़ाहिर है, खेल से जुड़ी होती है, इसलिए आज भी खेल की हार-जीत केवल खेल के मैदान तक ही सीमित होती है। बाद में सभी हारे हुए, और जीते हुए खिलाड़ी पुरस्कार समारोह में एक दूसरे से हाथ मिलाते हैं, बधाई देते हैं। और खेल समाप्ति के बाद साथ साथ शॉपिंग करते हैं, प्रशंसकों को ऑटोग्राफ देते हैं।।

कितना विचित्र संयोग है ! इस बार चुनाव और आईपीएल टी-20 टूर्नामेंट, तकरीबन, साथ साथ ही चल रहे हैं। एक ओर अगर विश्व के सभी क्रिकेट के धुरंधर अपनी राष्ट्रीयता भूल एक बैनर के तले, पेशेवर तरीके से ही सही, अपनी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, कोई जीत रहा है, कोई हार रहा है, लेकिन प्रशंसक हर बॉल पर, और हर शॉट पर तालियाँ बजा रहे हैं और स्टेडियम में बैठे दर्शक ही नहीं, घरों में टीवी के सामने बैठे शौकीन और जानकार इस जेंटलमैन’स् गेम अर्थात सभ्य पुरुषों के खेल का आनंद ले रहे हैं, तो दूसरी ओर चुनावी माहौल में केवल एक दूसरे पर कीचड़ उछाला जा रहा है। लोकतंत्र के पवित्र उत्सव का मज़ाक उड़ाया जा रहा है।

चलिए मान लिया, everything is fair in love and war ! लेकिन क्या हम चुनावी हार जीत को क्रिकेट की हार जीत की तरह नहीं ले सकते ? नहीं कदापि नहीं ! ये चुनाव देश का भविष्य निर्धारित करेंगे, देश का भाग्य बदलेंगे। और हम मतदाता भाग्य-विधाता हैं। हमारे लिए यह चुनाव जीवन मरण का प्रश्न है। आईपीएल कोई भी जीते, हमें कोई मतलब नहीं। हमारा ध्यान तो इस ओर है कि इस बार किसकी सरकार बनती है। कोई खिलाड़ी भावना नहीं। खुला खेल फरूखाबादी।।

♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ अभी अभी # ९६४ ⇒ फटे कपड़े ☆ श्री प्रदीप शर्मा ☆

श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए दैनिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “फटे कपड़े।)

?अभी अभी # ९६४ ⇒ आलेख – फटे कपड़े ? श्री प्रदीप शर्मा  ?

कुछ कपड़े फट जाते हैं, तो कुछ कपड़े फाड़ दिए जाते हैं। हमारा जमाना कपड़े पहनकर फाड़ने का था। बाजार से पहले कपड़ा आता था, फिर खुशी खुशी दर्जी को नाप दिया जाता था। शादी, जन्मदिन अथवा पास होने की खुशी में ही नए कपड़े नसीब होते थे। तब दीवाली भी मिठाई और नए कपड़ों से ही मनाई जाती थी।

बड़े भाई के कपड़े आगे चलकर छोटे भाई के काम आते थे और बड़ी बहन के, छोटी बहन को। तब कहां टेरीकॉट और टेरिलिन के कपड़ों का चलन था। सूती कपड़ों को घर में वाशिंग मशीन में नहीं, मोगरी से कूटा जाता था। बरसात में कई दिनों तक कपड़े नहीं सूखते थे।।

मुझे अच्छी तरह याद है, मेरी सूती पैंट साइकिल अधिक चलाने के कारण अक्सर पीछे से ही फटती थी। बाकी सब जगह तो रफू हो जाता था, लेकिन तशरीफ के साथ मजाक नहीं चलता था। अगर पैंट पीछे से फटी, तो किसी काम की नहीं। कालांतर में फटी शब्द का अर्थ ही बदल गया।

कुछ फटे पुराने कपड़ों की मां मजबूत थैली बना लेती थी। तब कहां कैरी बैग चलते थे। घर घर में सिलाई मशीन थी। पुराने कपड़ों का कायाकल्प घर में ही हो जाता था।।

बच्चों की फ्रॉक, झबले और महिला सदस्यों के ब्लाउज घर पर ही सिलते थे। एक मशीन आती थी जिससे बटन के लिए कमीज में सूराख किए जाते थे, जिसे काज कहा करते थे। काज बटन संस्कार किसी नए परिधान के तैयार होने का अंतिम चरण था। कपड़ों में मशीन से काज बटन लगवाने का काम मेरा था।

तब हम लोग इतनी चैरिटी अफोर्ड नहीं कर सकते थे कि पुराने कपड़े किसी गरीब को दे दें। मोहल्ले में कुछ औरतें पुराने कपड़ों के बदले बर्तन दे जाती थी। मधुर तान में जब वह आवाज लगाती थी, तो लगता था, संगीत की कोई नई धुन सुन रहे हैं। कपड़ों की पूरी जांच परख होती थी। फटे कपड़े और होली के रंगे कपड़े, हिकारत से निकाल दिए जाते थे। केवल साबुत कपड़े ही एक्सचेंज ऑफर में स्वीकार्य थे। किचन के कई पुराने बर्तन आज भी हमारे पुराने कपड़ों के त्याग का ही प्रतिफल है।।

वैसे अंदर की बात कौन बताता है। लेकिन जब सबकी फटी फिर रही है तो हम भी क्यों पीछे रहें।

हम लक्स अंडरवियर, डोरा बनियान और बंबइया चड्डी की बात कर रहे हैं। इन्हें होजियरी कहते हैं। अगर बनियान में एक छेद हो गया तो वह बहुत जल्द एक गड्ढे में परिवर्तित हो जाता है। रबर की तरह समय के साथ बनियान लंबा होता चला जाता है। कभी कभी तो शर्ट छोटी और बनियान लंबी हो जाती है। आधी बांह का बनियान, आधी बांह की शर्ट से बाहर ऐसा नजर आता है जैसे जनता चौक पर दूर से ही राजवाड़ा।

मर्दों में भी आजकल लंबी चड्डी पहनने का फैशन चल गया है। ना वह हॉफ पैंट है, ना फुल पैंट। फैशन आती रहती है जाती रहती है। टीवी सीरियल के महिला पात्रों की पीठ, ढंकी रहने के बावजूद इतनी उघाड़ी रहती है कि ब्लैक बोर्ड की तरह उस पर गणित के कुछ प्रश्न भी आसानी से हल हो जाएं। इस्स ! हमें तो शर्म आती है भाई। कपड़े तो ठीक, हमें तो दूध भी फटा हुआ अच्छा नहीं लगता। काश फटी जीन्स का भी फटे दूध की तरह पनीर बन जाता।।

♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ संजय उवाच # ३३० – सोंध ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(“साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच “ के  लेखक  श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है। साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।श्री संजय जी के ही शब्दों में ” ‘संजय उवाच’ विभिन्न विषयों पर चिंतनात्मक (दार्शनिक शब्द बहुत ऊँचा हो जाएगा) टिप्पणियाँ  हैं। ईश्वर की अनुकम्पा से आपको  पाठकों का  आशातीत  प्रतिसाद मिला है।”

हम  प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते रहेंगे। आज प्रस्तुत है  इस शृंखला की अगली कड़ी। ऐसे ही साप्ताहिक स्तंभों  के माध्यम से  हम आप तक उत्कृष्ट साहित्य पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।)

☆  संजय उवाच # ३३० ☆ सोंध… ?

असमय बरसात हुई है। कुछ बच्चे घर से मनाही के बाद भी भीगने के आनंद से स्वयं को वंचित होने से रोक नहीं पा रहे हैं। बच्चों के भीगने को लेकर परिजनों की अपनी चिंताएँ हैं। अलग-अलग घर से अपने-अपने बच्चे का नाम लेकर पुकार लग रही है। ऐसे में अपना आनंद अधूरा छोड़कर घर लौटे लड़के को डाँटती उसकी माँ का स्वर कानों में पड़ा, “आई टोल्ड यू मैनी टाइम्स बट यू डोंट लिसन। मिट्टी इज़ डर्टी थिंग.., मिट्टी को हाथ भी नहीं लगाना। यू अंडरस्टैंड?”…इस आभिजात्य(!)  माँ की चिंता कानों में पिघले सीसे की तरह उतरी।

मिट्ट इज़ डर्टी थिंग..!!  सृष्टि के 84 लाख जीवों में से एक मनुष्य को छोड़कर शेष सबका प्रकृति के साथ तादात्म्य है। बुद्धि का वरदान प्राप्त विकास की राह पर चलते मनुष्य से यह तादात्म्य अधिक अपेक्षित है। तथापि अनेक प्राकृतिक आपदाएँ झेलते मनुष्य की भस्मासुरी प्रवृत्ति आश्चर्यचकित करती है। अपनी लघुकथा ‘सोंध’ स्मरण हो आई। कथा कुछ इस प्रकार है-…..

‘इन्सेन्स- परफ्यूमर्स ग्लोबल एक्जीबिशन’.., इत्र बनानेवालों की यह यह दुनिया की सबसे बड़ी प्रदर्शनी थी। लाखों स्क्वेयर फीट के मैदान में हज़ारों दुकानें। हर दुकान में इत्र की सैकड़ों बोतलें। हर बोतल की अलग चमक, हर इत्र की अलग महक। हर तरफ इत्र ही इत्र।

अपेक्षा के अनुसार प्रदर्शनी में भीड़ टूट पड़ी थी। मदहोश थे लोग। निर्णय करना कठिन था कि कौनसे इत्र की महक सबसे अच्छी है।

तभी एकाएक न जाने कहाँ से बादलों का रेला आसमान में आ धमका। गड़गड़ाहट के साथ मोटी-मोटी बूँदें धरती पर गिरने लगीं। धरती और आसमान के मिलन से वातावरण महकने लगा।

..दुनिया के सारे इत्रों की महक अब अपना असर खोने लगी थीं।  माटी से उठी सोंध सारी सृष्टि पर छा चुकी थी।…..

इस लघुकथा का संदर्भ इसलिए कि अपनी क्षणभंगुर कृत्रिमता को अविनाशी प्राकृतिक के सामने खड़ा करता मनुष्य दयनीय लगने लगा है। मिट्टी से बना आदमी अपनी मिट्टी खुद पलीद कर रहा है।

मिट्टी में मिलने के सत्य को जानते हुए भी मिट्टी से एलर्जी रखने वाली मनुष्य की यह मानसिकता सचमुच भय उत्पन्न करती है।

© संजय भारद्वाज 

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार ☆ सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय, एस.एन.डी.टी. महिला विश्वविद्यालय, न्यू आर्ट्स, कॉमर्स एंड साइंस कॉलेज (स्वायत्त) अहमदनगर ☆ संपादक– हम लोग ☆ पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆ ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स ☆ 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

writersanjay@gmail.com

☆ आपदां अपहर्तारं ☆

🕉️ 2 अप्रैल से  एक माह की हनुमान साधना वैशाख पूर्णिमा तदनुसार 1 मई 2026 को संपन्न होगी। 🕉️

💥 इसमें हनुमान चालीसा एवं संकटमोचन हनुमानाष्टक के पाठ किए जाएँगे। हनुमान चालीसा के 21 या अधिक पाठ करने वाले विशेष साधक तथा 51 या अधिक पाठ करने वाले महा साधक कहलाएँगे। 101 या अधिक पाठ करने वाले परम साधक कहलाएँगे। आत्म परिष्कार और मौन साधना साथ चलेंगे।💥

अनुरोध है कि आप स्वयं तो यह प्रयास करें ही साथ ही, इच्छुक मित्रों /परिवार के सदस्यों को भी प्रेरित करने का प्रयास कर सकते हैं। समय समय पर निर्देशित मंत्र की इच्छानुसार आप जितनी भी माला जप  करना चाहें अपनी सुविधानुसार कर सकते हैं ।यह जप /साधना अपने अपने घरों में अपनी सुविधानुसार की जा सकती है।ऐसा कर हम निश्चित ही सम्पूर्ण मानवता के साथ भूमंडल में सकारात्मक ऊर्जा के संचरण में सहभागी होंगे। इस सन्दर्भ में विस्तृत जानकारी के लिए आप श्री संजय भारद्वाज जी से संपर्क कर सकते हैं। 

संपादक – हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ अभी अभी # ९६३ ⇒ सच का सपना ☆ श्री प्रदीप शर्मा ☆

श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए दैनिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “सच का सपना।)

?अभी अभी # ९६३ ⇒ आलेख – सच का सपना ? श्री प्रदीप शर्मा  ?

कल सपने में मैंने सच को देखा ! या यह कहूं मैंने सच के दीदार किये, दर्शन किये। मैंने कभी खुली आंखों से सच का साक्षात्कार नहीं किया, जब भी आंख बंद की, कभी सच नजर नहीं आया और अचानक आज सपने में सच को सामने देखकर मुझे भरोसा नहीं हुआ कि मैं सच का सामना कर रहा हूं, दर्शन कर रहा हूं। हां, इतना अहसास ज़रूर था, कि मैं सपना देख रहा हूं।

आप भी सोचेंगे, जब सपना सिर्फ सपना ही होता है, कभी सच नहीं होता, तो सच सपने में क्यों और कैसे आ सकता है। लेकिन सत्य तो ईश्वर है, वह जब कहीं भी आ जा सकता है, तो मेरे सपने में भी सच बनकर आ सकता है। भले ही मैं उसे पहचान न पाऊं।।

आप सपने में आंख खोलकर नहीं देख सकते। सपने बंद आंखों से ही देखे जाते हैं। हां, सपनों को सच करने के लिए आंखें ज़रूर खोलनी पड़ती है, जागना पड़ता है, विवेकानंद बनना पड़ता है ;

उत्तिष्ठत जाग्रत प्राप्य वरान्निबोधत।

मेरे सामने सपने में सच था। मैने उसे देखने की कोशिश की। वह न तो नंगा था, न उसने फटी जींस पहन रखी थी, और ना ही वह अन्य किसी लिबास में था। स्वप्न में आप बड़े असहाय होते हैं। अवचेतन में बुद्धि और विवेक ताक में धरा रह जाता है, ठीक वैसे ही, जैसे बड़े बड़े मंदिरों में, प्रवेश के पूर्व, पर्स, कैमरा और मोबाइल तक लॉकर में रख लिया जाता है।।

जब बहुत देर तक सामने कुछ नज़र नहीं आया, तो मुझे सच पर शंका होने लगी। कहीं ऐसा तो नहीं कि सच वच कुछ नहीं, एक धोखा है, फरेब है, दिखावा है। काहे का शिव और सुंदर। क्या सपने में भी बोध होता है ! शायद सच मुझसे मुखातिब था, लेकिन सामने नहीं आ रहा था। लेकिन हां मैं उसे सुन रहा था। वह कह रहा था सच एक अहसास है जो हमेशा अपनी आत्मा के आसपास है। अंतरात्मा का सच से संबंध है।

हम जब भी खुद से दूर होते हैं, सच से दूर होते चले जाते हैं। अपने करीब रहना ही सच के करीब रहना है। अपने आप से दूर जाना सच से पीछा छुड़ाना है, झूठ के पीछे भागना है। सत्य में प्रकाश है, झूठ अंधकार है। सांच को आंच नहीं। मतलब क्या आत्मा की तरह सच को भी किसी अस्त्र अथवा शस्त्र से पराजित नहीं किया जा सकता।।

मैने देखा, अचानक सच कहीं गायब हो गया था और सपने में मैं सच से नहीं, अपने आप से ही बातें कर रहा था। मेरा अब भी यही मानना है, सपना कभी सच नहीं होता। सच कभी सपना नहीं होता। सच हकीक़त होता है, मीठा, कड़वा आपके अनुभव के आधार पर होता है। इतने लोग दुनिया में एक दूसरे को मज़ा चखाते हैं, कभी सच को भी चख लें, लोगों को भी सच का स्वाद चखाएं। वाकई, मज़ा आ जाएगा ..!!!

♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ अभी अभी # ९६२ ⇒ रिश्ते और डोर ☆ श्री प्रदीप शर्मा ☆

श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए दैनिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “रिश्ते और डोर।)

?अभी अभी # ९६२ ⇒ आलेख – रिश्ते और डोर  ? श्री प्रदीप शर्मा  ?

बचपन में हम मुंह से गुब्बारे फुलाते थे, इधर हमारा मुंह फूलता, उधर गुब्बारा फूलता। फूलने और फुलाने की भी एक सीमा होती है, जल्द से हमारा मुंह हटाते, गुब्बारे का मुंह मोड़ मोड़ कर बंद करते, और उसके मुंह पर एक धागा बांध देते। उसे वॉलीबॉल की तरह हवा में उछालते, लेकिन वह बेचारा हवा में टिक ही नहीं पाता। रिश्ते हवा में ऐसे ही नहीं टिकते।

कुछ गुब्बारे गैस के होते थे, वे हवा में भी उड़ते थे, बिना डोर के उड़ते थे। आसमान भी छूने की कोशिश करते, लेकिन हवा निकलते ही, उनकी उड़ान भी हवा हो जाती।।

फिर हमने आकाश में पतंग भी उड़ाई, जब तक डोर हमारे हाथ में रही, पतंग भी हवा में आसमान छूती रही। इधर डोर टूटी, उधर पतंग जमीन पर आ गिरी। बिना डोर के, हमने एक पंछी को आसमान छूते देखा है लेकिन कभी किसी पतंग को बिना डोर के आसमान में उड़ते नहीं देखा।

हमारे रिश्ते भी तो गुब्बारे जैसे ही हैं, थोड़ा प्रेम से मुंह लगाया, और रिश्ता खुशी के मारे फूलने, उछलने कूदने लगता है। कहीं रंग बिरंगी रिश्तों की पतंग आसमान छू रही है, और हम सिर्फ डोर संभाले हुए हैं। रिश्ते हवा में हो, बड़े सुंदर लगते हैं, अगर हवा प्रतिकूल हुई, डोर कमजोर हुई, रिश्ते औंधे मुंह जमीन पर आ गिरते हैं।।

आजकल हमने रिश्तों को गुब्बारों की तरह फुलाना सीख लिया है। बच्चों का जन्मदिन हो, मंगल प्रसंग हो, शिलान्यास, उद्घाटन, लोकार्पण, शादी की सालगिरह और अमृत महोत्सव, हार फूल के साथ गुब्बारों के प्रवेश द्वार, वातावरण को और अधिक रम्य और आकर्षक बना देते हैं। बस गुब्बारों का मुंह बंद हो, वे मुस्कुराहट बिखेरना जानते हैं।

आजकल हमारे रिश्तों की डोर किसके हाथ में है, हमें ही पता नहीं। लगता है आज के रिश्ते भी रिमोट से ही चल रहे हैं। रिमोट से रिश्ते कंट्रोल ही नहीं होते, ऑफ/ऑन भी हो जाते हैं।।

पहले रिश्ते करीबी होते थे, हवा में नहीं होते थे। आप उन्हें छूकर, महसूस कर सकते थे। हमने रिश्तों को बहुत टटोलकर, सहेजकर रखा था कभी। आज रिश्ते, समय की तरह हाथों से फिसलते चले जा रहे हैं, और हम लाचार, असहाय, बस हाथ मलते जा रहे हैं।

पहले, हर रिश्ते पर हमारी नजर रहती थी। पानी के बीच भले ही लकीर खिंच जाए, रिश्तों के बीच लकीर खींचना कहां इतना आसान था। आज उन रिश्तों को किसी की नज़र लग गई है।।

कहां कहां जा बसे हैं आज, कभी हर पल साथ रहने वाले रिश्ते। जिन रिश्तों को हमने आज तक यादों में संजोया है, सपने भले ही रंगीन देखे हों, तब तो तस्वीरें भी श्वेत श्याम ही होती थी। आज दूर के रिश्ते रंगीन कैमरा कैद कर लेता है। गजब की मेमोरी है उसकी, उसका भी अपना मेमोरी कार्ड है।

हमारी मेमोरी आज तक फुल नहीं हुई, सभी यादें, तस्वीरें जीवंत कैद हैं। आज सबके हाथों में कैमरा है और मेमोरी फुल है। कोई चिंता नहीं, पैन ड्राइव है न।।

तस्वीरों के साथ साथ, आप चाहें तो रिश्ते भी डिलीट कर दें। कच्चे धागों के रिश्ते अधिक मजबूत होते थे आज के डिजिटल रिश्तों की तुलना में। यह राखी भी अब ई – राखी हो गई।

दर से दर, डोअर टू डोअर से हमारे रिश्तों की डोर आज बस गुब्बारा बनकर रह गई है। आज फुलाया, कल मुरझाया।

एक सुई की नोक ही काफी है इस रिश्ते की हवा निकालने के लिए।।

बच्चे समझदार हैं। गुब्बारे से खेल भी लेते हैं और उसे फोड़ना भी उनका खेल ही होता है। अभी उनकी उम्र गुब्बारों की उम्र है और हमारी उम्र, एक गुब्बारे जितनी। हमें अभी गुब्बारों से प्यार है, रिश्तों से प्यार है। बिना डोर के भी हम सहेज रहे हैं, प्रेम के रिश्ते, कुछ फूले हुए गुब्बारे, कुछ गुलदस्ते प्यारे प्यारे।।

♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य #३१६ ☆ यह भी गुज़र जाएगा… ☆ डॉ. मुक्ता ☆

डॉ. मुक्ता

(डा. मुक्ता जी हरियाणा साहित्य अकादमी की पूर्व निदेशक एवं माननीय राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित/पुरस्कृत हैं। साप्ताहिक स्तम्भ “डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य” के माध्यम से  हम  आपको प्रत्येक शुक्रवार डॉ मुक्ता जी की उत्कृष्ट रचनाओं से रूबरू कराने का प्रयास करते हैं। आज प्रस्तुत है डॉ मुक्ता जी की मानवीय जीवन पर आधारित एक विचारणीय आलेख यह भी गुज़र जाएगा। यह डॉ मुक्ता जी के जीवन के प्रति गंभीर चिंतन का दस्तावेज है। डॉ मुक्ता जी की  लेखनी को  इस गंभीर चिंतन से परिपूर्ण आलेख के लिए सादर नमन। कृपया इसे गंभीरता से आत्मसात करें।) 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य  # ३१६ ☆

☆ यह भी गुज़र जाएगा… ☆ डॉ. मुक्ता ☆

‘गुज़र जायेगा यह वक्त भी/ ज़रा सब्र तो रख/ जब खुशी ही नहीं ठहरी/ तो ग़म की औक़ात क्या?’ गुलज़ार की उक्त पंक्तियां समय की निरंतरता व प्रकृति की परिवर्तनशीलता पर प्रकाश डालती हैं। समय अबाध गति से निरंतर बहता रहता है; नदी की भांति प्रवाहमान् रहता है, जिसके माध्यम से मानव को हताश-निराश न होने का संदेश दिया गया है। सुख-दु:ख व खुशी-ग़म आते-जाते रहते हैं और यह सिलसिला अनवरत चलता रहता है। मुझे याद आ रही हैं स्वरचित पंक्तियां ‘दिन रात बदलते हैं/ हालात बदलते हैं/ मौसम के साथ-साथ/ फूल और पात बदलते हैं अर्थात् समयानुसार दिन-रात, हालात व मौसम के साथ फूल व पत्तियों का बदलना अवश्यंभावी है। प्रकृति के विभिन्न उपादान धरती, सूर्य, चंद्रमा, तारे आदि निरंतर परिक्रमा लगाते रहते हैं; गतिशील रहते हैं। सो! वे कभी भी विश्राम नहीं करते। मानव को नदी की प्रवाहमयता से निरंतर बहने व कर्म करने का संदेश ग्रहण करना चाहिए। परंतु यदि उसे यथासमय कर्म का फल नहीं मिलता, तो उसे निराश नहीं होना चाहिए;  सब्र रखना चाहिए। ‘श्रद्धा-सबूरी’ पर विश्वास रख कर निरंतर कर्मशील रहना चाहिए, क्योंकि जब खुशी ही नहीं ठहरी, तो ग़म वहां आशियां कैसे बना सकते हैं? उन्हें भी निश्चित समय पर लौटना होता है।

‘आप चाह कर भी अपने प्रति दूसरों की धारणा नहीं बदल सकते,’ यह कटु यथार्थ है। इसलिए ‘सुक़ून के साथ अपनी ज़िंदगी जीएं और खुश रहें’– यह जीवन के प्रति सकारात्मक सोच को प्रकट करता है। समय के साथ सत्य के उजागर होने पर लोगों के दृष्टिकोण में स्वत: परिवर्तन आ जाता है, क्योंकि सत्य सात परदों के पीछे छिपा होता है; इसलिए उसे प्रकाश में आने में समय लगता है। सो! सच्चे व्यक्ति को स्पष्टीकरण देने की कभी भी दरक़ार नहीं होती। यदि वह अपना पक्ष रखने में दलीलों का सहारा लेता है तथा अपनी स्थिति स्पष्ट करने में प्रयासरत रहता है, तो उस पर अंगुलियाँ उठनी स्वाभाविक हैं। यह सर्वथा सत्य है कि सत्य को हमेशा तीन चरणों से गुज़रना पड़ता है… ‘उपहास, विरोध व अंततः स्वीकृति।’ सत्य का कभी मज़ाक उड़ाया जाता है, तो कभी उसका विरोध होता है…परंतु अंतिम स्थिति है स्वीकृति, जिसके लिए आवश्यकता है– असामान्य परिस्थितियों, प्रतिपक्ष के आरोपों व व्यंग्य-बाणों को धैर्यपूर्वक सहन करने की क्षमता की। समय के साथ जब प्रकृति का क्रम बदलता है… दिन-रात, अमावस-पूनम व विभिन्न ऋतुएं, निश्चित समय पर दस्तक देती हैं, तो उनके अनुसार हमारी मन:स्थिति में परिवर्तन होना भी स्वाभाविक है। इसलिए हमें इस तथ्य में विश्वास रखना चाहिए कि यह परिस्थितियां व समय भी बदल जायेगा; सदा एक-सा रहने वाला नहीं। समय के साथ तो सल्तनतें भी बदल जाती हैं, इसलिए संसार में कुछ भी सदा रहने वाला नहीं। सो! जिसने संसार में जन्म लिया है, उसकी मृत्यु अवश्यंभावी है। इसके साथ-साथ आवश्यकता है मनन करने की… ‘ इंसान खाली हाथ आया है और उसे जाना भी खाली हाथ है, क्योंकि कफ़न में कभी जेब नहीं होती।’ इसी प्रकार गीता का भी यह सार्थक संदेश है कि मानव को किसी वस्तु के छिन जाने का ग़म नहीं करना चाहिए, क्योंकि उसने जो भी पाया व कमाया है, वह यहीं से लिया है। सो! वह उसकी मिल्कियत कैसे हो सकती है? फिर उसे छोड़ने का दु:ख कैसा? सो! हमें सुख-दु:ख से उबरना है, ऊपर उठना है। हर स्थिति में संभावना ही जीवन का लक्ष्य है।  इसलिए सुख में आप फूलें नहीं, अत्यधिक प्रसन्न न रहें और दु:ख में परेशान न हों…क्योंकि इनका चोली-दामन का साथ है। एक के जाने के पश्चात् ही दूसरे का पदार्पण होना स्वाभाविक है। इसमें एक अन्य भाव भी निहित है कि जो अपना है, वह हर हाल में मिल कर रहेगा और जो अपना नहीं है, लाख कोशिश करने पर भी मिलेगा नहीं। वैसे भी सब कुछ सदैव रहने वाला नहीं; न ही साथ जाने वाला है। सो! मन में यह धारणा बना लेनी आवश्यक है कि ‘समय से पूर्व व भाग्य से अधिक कुछ मिलने वाला नहीं।’ कबीरदास जी का यह दोहा ‘माली सींचै सौ घड़ा, ऋतु आय फल होइ’…. समय की महत्ता व प्रकृति की निरंतरता पर प्रकाश डालता है।

समय का पर्यायवाची आने वाला कल अथवा भविष्य ही नहीं, वर्तमान है। ‘काल करे सो आज कर. आज करे सो अब/ पल में प्रलय होयेगी, मूरख करेगा कब’ में भी यही भाव निर्दिष्ट है कि कल कभी आएगा नहीं। वर्तमान ही गुज़रे हुए कल अथवा अतीत में परिवर्तित हो जाता है। सो! आज अथवा वर्तमान ही सत्य है। इसलिए हमें अतीत के मोह को त्याग, वर्तमान की महत्ता को स्वीकार, आगामी कल को सुंदर, सार्थक व उपयोगी बनाना चाहिए। दूसरे शब्दों में ‘कल’ का अर्थ है– मशीन व शांति। आधुनिक युग में मानव मशीन बन कर रह गया है। सो! शांति उससे कोसों दूर हो गयी है। वैसे शांत मन में ही सृष्टि के विभिन्न रहस्य उजागर होते हैं, जिसके लिए मानव को ध्यान का आश्रय लेना पड़ता है।

ध्यान-समाधि की वह अवस्था है, जब हमारी चित्त-वृत्तियां एकाग्र होकर शांत हो जाती हैं। इस स्थिति में आत्मा-परमात्मा का तादात्म्य हो जाता है और उसका संबंध संसार व प्राणी-जगत् से कट जाता है; उसके हृदय में आलोक का झरना फूट निकलता है। इस मन:स्थिति में वह संबंध-सरोकारों से ऊपर उठ जाता है तथा वह शांतमना निर्लिप्त-निर्विकार भाव से सरोवर के शांत जल में अवगाहन करता हुआ अनहद-नाद में खो जाता है, जहां भाव-लहरियाँ हिलोरें नहीं लेतीं। सो! वह अलौकिक आनंद की स्थिति कहलाती है।

आइए! हम समय की सार्थकता पर विचार- विमर्श करें। वास्तव में हरि-कथा के अतिरिक्त, जो भी हम संवाद-वार्तालाप करते हैं; वह जग-व्यथा कहलाती है और निष्प्रयोजन होती है। सो! हमें अपना समय संसार की व्यर्थ की चर्चा में नष्ट नहीं करना चाहिए, क्योंकि गुज़रा हुआ समय कभी लौटकर नहीं आता। इसलिए हमें उसका शोक भी नहीं मनाना चाहिए। वैसे भी यह कहावत प्रसिद्ध है कि ‘नया नौ दिन, पुराना सौ दिन’ अर्थात् ‘ओल्ड इज़ गोल्ड’… पुरातन की महिमा सदैव रहती है। यदि सोने के असंख्य टुकड़े करके कीचड़ में फेंक दिये जाएं, तो भी उनकी चमक बरक़रार रहती है; कभी कम नहीं होती है और उनका मूल्य भी वही रहता है। सो! हम में समय की धारा की दिशा को परिवर्तित करने का साहस होना चाहिए, जो सबके साथ रहने से, मिलकर कार्य को अंजाम देने से आता है। संघर्ष जीवन है…वह हमें आपदाओं का सामना करने की प्रेरणा देता है; समाज को आईना दिखाता है और गलत-ठीक व उचित-अनुचित का भेद करना भी सिखाता है। इसलिए समय के साथ स्वयं को बदल लेना ही श्रेयस्कर है। जो लोग प्राचीन परंपराओं को त्याग, नवीन मान्यताओं को अपना कर जीवन-पथ पर अग्रसर नहीं होते; पीछे रह जाते हैं… ज़माने के साथ कदम से कदम मिलाकर नहीं चल सकते तथा उन्हें व उनके विचारों को मान्यता भी प्राप्त नहीं हो सकती। इसलिए संतोष रूपी रत्न को धारण कर, जीवन से नकारात्मकता को निकाल फेंके, क्योंकि संतोष रूपी धन आ जाने के पश्चात् सांसारिक धन-दौलत धूलि के समान निस्तेज, निष्फल व निष्प्रयोजन भासती है; शक्तिहीन व निरर्थक लगती है और उसकी जीवन में कोई अहमियत नहीं रहती। इसलिए हमें जीवन में किसी के आने  और भौतिक वस्तुओं व सुख-सुविधाओं के मिल जाने पर खुश नहीं होना चाहिए और उसके अभाव में दु:खी होना भी बुद्धिमत्ता नहीं है, क्योंकि सुख-दु:ख का एक स्थान पर रहना असंभव है, नामुमक़िन है… यही जीवन का सार है।

●●●●

© डा. मुक्ता

माननीय राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत, पूर्व निदेशक, हरियाणा साहित्य अकादमी

संपर्क – #239,सेक्टर-45, गुरुग्राम-122003 ईमेल: drmukta51@gmail.com, मो• न•…8588801878

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ अभी अभी # ९६१ ⇒ हल्दी और मेंहदी ☆ श्री प्रदीप शर्मा ☆

श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए दैनिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “हल्दी और मेंहदी।)

?अभी अभी # ९६१ ⇒ आलेख – हल्दी और मेंहदी ? श्री प्रदीप शर्मा  ?

हल्दी और मेंहदी दो ऐसी दी हैं, जो अपने ही रंग में रंगी हुई हैं, और जिसके हाथ लग जाती हैं, उन्हें भी हाथों हाथ रंग जाती हैं।

जहां भी रस्म है, रिवाज है, उत्सव है, तीज त्योहार है, खुशी का मौका है, शादी ब्याह है, दोनों दीदियां सज धजकर तैयार हैं।

हल्दी अगर एक गांठ है तो मेंहदी एक हरा भरा कांटेदार पौधा। हल्दी इतनी हेल्दी है कि खाई भी जाती है और लगाई भी जाती है। जब कि मेंहदी सिर्फ लगाई जाती है। कुदरत ने इन दोनों को इतना तबीयत से रंगा है कि जो भी इन्हें पीसता है, अथवा घोलता है, खुद इनके रंग में सराबोर हो जाता है।।

मेंहदी लगी मेरे हाथ! सिर्फ हाथ ही क्यों ? सर से पांव तक आजकल मेंहदी का सम्राज्य फैला हुआ है। कहीं कहीं तो यह आलम है कि रविवार की छुट्टी का दिन मेंहदी दिवस ही बन जाता है। मेंहदी आजकल सिर्फ श्रृंगार नहीं, फटते पांवों के लिए राहत है, किसी के लिए शौक है तो किसी के लिए रोजगार। चारों ओर फल फूल रहा मेंहदी का कारोबार।

गोरे गोरे हाथों में मेंहदी लगा के

नैनों में कजरा डाल के।

चली दुल्हनिया पिया से मिलने

छोटा सा घूंघट निकाल के।।

एक नहीं ऐसे कई लोकगीत ढोलक की थाप पर महिलाओं द्वारा गाये जाते हैं जब मेंहदी और हल्दी की रस्म होती है।

मेंहदी तो खैर महिलाओं की जीवन संगिनी है लेकिन हल्दी रस्म बड़ी खास होती है। एंटी बैक्टिरियल और एंटीसेप्टिक गुण तो होते ही हैं हल्दी में, रंग में निखार तो आता ही है, एक तरह का उबटन ही तो है हल्दी। हल्दी लगाई नहीं जाती, लगवाई जाती है। दूल्हा हो अथवा दुल्हन, गालों पर कितनी उंगलियां हल्दी लगाती हैं, कोई हिसाब नहीं।।

मेंहदी जहां जहां भी रच जाती है, बस प्रेम और रंग बरसाती है। जब कि हल्दी दूध में भी घुल जाती है, हड्डियों को मजबूत ही नहीं करती, खून भी बढ़ाती है। हल्दी का नाम लेकर हल्दीराम भले ही मशहूर हो गया हो, हमारे घर में एक बार नमक नहीं हो, चलेगा, हल्दी नहीं हो, नहीं चलेगा। कच्ची हल्दी भी बड़ी गुणकारी होती है। इसका अचार भी बनता है और सब्जी भी।

कैसी कहावत है यह, हींग लगे ना फिटकरी….? जब कि ना हींग में कोई रंग है और ना ही फिटकरी में। माना कि हींग में ही हिना के समान ही खुशबू है और फिटकरी पानी साफ करती है लेकिन जब भी चोखे रंग की बात होगी, खुशबू और महक की रात होगी, वहां हल्दी और मेंहदी हमेशा साथ होंगी। देखिए मेंहदी का रंग ;

बन्नी के गोरे गोरे हाथ

मेंहदी लगाओ रे।

इस पे बन्ने का लिख दो

नाम ..!!!

और अब हल्दी का रंग ;

सोने के कटोरवा में पिसल

हरदी अम्मा लहे लहे

हरदी लगावे ;

चटकार अम्मा लहे लहे।।

♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ आलेख # २८४ ☆ हनुमान जयंती विशेष – भक्ति, शक्ति और हरियाली… ☆ श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’ ☆

श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’

(ई-अभिव्यक्ति में संस्कारधानी की सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’ जी द्वारा “व्यंग्य से सीखें और सिखाएं” शीर्षक से साप्ताहिक स्तम्भ प्रारम्भ करने के लिए हार्दिक आभार। आप अविचल प्रभा मासिक ई पत्रिका की  प्रधान सम्पादक हैं। कई साहित्यिक संस्थाओं के महत्वपूर्ण पदों पर सुशोभित हैं तथा कई पुरस्कारों/अलंकरणों से पुरस्कृत/अलंकृत हैं। आपके साप्ताहिक स्तम्भ – व्यंग्य से सीखें और सिखाएं  में आज प्रस्तुत है एक विचारणीय रचना भक्ति, शक्ति और हरियाली। इस सार्थक रचना के लिए श्रीमती छाया सक्सेना जी की लेखनी को सादर नमन। आप प्रत्येक गुरुवार को श्रीमती छाया सक्सेना जी की रचना को आत्मसात कर सकेंगे।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ  – आलेख # २८४ ☆

☆ हनुमान जयंती विशेष – भक्ति, शक्ति और हरियाली… ☆  श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’ ☆

भक्ति, शक्ति और हरियाली: हनुमान जी का वो संदेश जिसे आज का युवा भूल रहा है… और फिर से पा सकता है।

हनुमान जयंती केवल शक्ति और पराक्रम का उत्सव नहीं, बल्कि अटूट भक्ति और प्रकृति से जुड़ाव का भी पावन अवसर है। हनुमान जी की सबसे बड़ी पहचान उनकी शक्ति नहीं, उनकी निष्कलंक भक्ति है—एक ऐसी भक्ति जिसमें अहंकार नहीं, केवल समर्पण है।

आज की युवा पीढ़ी सफलता, नाम और पहचान की दौड़ में कहीं न कहीं भीतर की शांति और जुड़ाव खोती जा रही है। ऐसे समय में हनुमान जी का जीवन हमें याद दिलाता है कि सच्ची शक्ति भक्ति से ही जन्म लेती है। जब मन ईश्वर से जुड़ता है, तब वही ऊर्जा प्रकृति के प्रति प्रेम में भी बदल जाती है।

हनुमान जी “पवनपुत्र” हैं—वायु के पुत्र। उनकी भक्ति केवल प्रभु तक सीमित नहीं थी, बल्कि हर उस तत्व तक फैली थी जो जीवन को सम्भव बनाता है। यही कारण है कि उनकी भक्ति हमें सिखाती है कि पेड़-पौधे, जल, वायु—ये सब भी पूजनीय हैं। जब हम एक पौधा लगाते हैं, उसकी सेवा करते हैं, तो वह भी एक प्रकार की भक्ति ही है—प्रकृति के प्रति समर्पण की भक्ति।

युवा अगर इस भाव को समझ ले, तो उसकी ऊर्जा केवल स्वयं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि समाज और पर्यावरण को भी संवारने लगेगी। आज की “ग्रीन मोटिवेशन” दरअसल वही भक्ति है, जो हनुमान जी ने अपने जीवन से सिखाई—सेवा, संरक्षण और संतुलन।

इस हनुमान जयंती पर, आइए हम केवल मंदिरों में दीप न जलाएँ, बल्कि अपने भीतर भी भक्ति का दीप प्रज्वलित करें। एक पेड़ लगाएँ, उसे प्रेम से सींचें, और हरियाली को अपना साथी बनाएँ। यही भक्ति का आधुनिक रूप है—जहाँ ईश्वर और प्रकृति दोनों का सम्मान हो।

“हनुमान जी की भक्ति जब जीवन में उतरती है, तो हाथ सेवा में लगते हैं और दिल प्रकृति से जुड़ जाता है।”

आपका यह भाव ही भक्ति को जीवित रखेगा और धरती को भी हरा-भरा बनाएगा।

**

©  श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’

माँ नर्मदे नगर, म.न. -12, फेज- 1, बिलहरी, जबलपुर ( म. प्र.) 482020

मो. 7024285788, chhayasaxena2508@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ विवेक साहित्य # ४०८ ☆ मानवीय सभ्यता और युद्ध ☆ श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – विवेक सहित्य # ४०८ ☆

?  आलेख – मानवीय सभ्यता और युद्ध ? श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

मानवीय सभ्यता की कहानी वास्तव में मनुष्य की जिजीविषा और उसके संघर्षों की एक लंबी दास्तान है।

सभ्यता सामाजिक नियमों का परिपालन चाहती है, इन मान्य प्रचलित नियमों की अवहेलना युद्ध की जन्मदात्री बनती है।

संपत्ति, संसाधन , स्त्री , या जमीन के लिए युगों से युद्ध होते रहे हैं।  हम पीछे मुड़कर देखते हैं तो पाते हैं कि विकास और विनाश  सिक्के के दो पहलू रहे हैं। सभ्यता का अर्थ अगर सुसंस्कृत होना है तो युद्ध उसी संस्कृति का एक काला अध्याय है।

आदिम युग में जब मनुष्य वनों में रहता था तब उसकी लड़ाई केवल अस्तित्व को बचाने की थी। वह भोजन के लिए लड़ता था और जंगली जानवरों से स्वयं की रक्षा करता था। धीरे धीरे उसने समूह में रहना सीखा और यहीं से समाज की नींव पड़ी। समाज बनने के साथ ही अधिकारों की भावना जागी और इसी भावना ने युद्ध को जन्म दिया।

प्रारंभिक बस्तियों ने जब नगरों का रूप लिया तो संसाधनों पर कब्जे की होड़ शुरू हो गई। नदियों के किनारों पर फली फूली सभ्यताएं पानी और उपजाऊ भूमि के लिए आपस में टकराने लगीं। विकास की दौड़ में मनुष्य ने पहिए का आविष्कार किया और इसी पहिए ने युद्ध के रथों को गति दी। धातु की खोज हुई तो कुल्हाड़ी के साथ साथ तलवारें भी बनाई जाने लगीं। यह एक विडंबना ही है कि मनुष्य ने अपनी बुद्धि का उपयोग जीवन को सुगम बनाने के साथ साथ दूसरों के जीवन को संकट में डालने के लिए भी किया। जैसे जैसे साम्राज्य बढ़े वैसे वैसे सीमाओं का विस्तार हुआ और उन सीमाओं की रक्षा के लिए रक्तपात अनिवार्य मान लिया गया।

इतिहास के पन्ने पलटें तो महान सभ्यताओं के उदय और पतन में युद्धों की बड़ी भूमिका रही है। मेसोपोटामिया से लेकर सिंधु घाटी तक और रोम के वैभव से लेकर चीन की महान दीवार तक हर जगह विजय और पराजय की गाथाएं अंकित हैं। महान सम्राटों ने शांति की स्थापना के नाम पर विशाल सेनाएं खड़ी कीं। उन्होंने विशाल किलों का निर्माण किया जो आज भी हमारी वास्तुशिल्प की उन्नति के गवाह हैं। लेकिन इन किलों की दीवारों के पीछे अनगिनत चीखें और रक्त की बूंदें दफन हैं। विकास ने हमें विज्ञान दिया और विज्ञान ने हमें बारूद थमा दिया। तलवारों की जगह तोपें आ गईं और आमने सामने की लड़ाई दूर से वार करने वाले हथियारों में बदल गई।

मध्यकाल तक आते आते युद्ध केवल जमीन का टुकड़ा जीतने का माध्यम नहीं रह गए। अब विचारधाराओं और धर्मों के नाम पर तलवारें खिंचने लगीं। मनुष्य ने कला और संस्कृति के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की लेकिन उसके भीतर का शिकारी कभी शांत नहीं हुआ। वह महलों में रहने लगा और रेशमी वस्त्र पहनने लगा पर उसकी आंखें अब भी पड़ोसी के वैभव पर टिकी रहती थीं। व्यापार के मार्ग खुले तो उन पर अधिकार जमाने के लिए नौसेनाएं तैयार की गईं। समुद्रों की लहरें भी मानवीय रक्त से लाल होने लगीं। खोज और आविष्कार की इस यात्रा ने मानवता को सात महाद्वीपों तक पहुँचाया लेकिन साथ ही गुलामी और शोषण की नई व्यवस्थाएं भी दीं।

औद्योगिक क्रांति ने दुनिया का चेहरा पूरी तरह बदल दिया। कारखानों से उत्पादन बढ़ा और देशों की भूख भी बढ़ गई। कच्चे माल की तलाश और तैयार माल को बेचने की होड़ ने विश्व को दो भयानक युद्धों की आग में झोंक दिया। बीसवीं सदी का विकास अभूतपूर्व था लेकिन इसी सदी ने हिरोशिमा और नागासाकी का वह मंजर भी देखा जिसने मानवीय चेतना को झकझोर दिया। परमाणु शक्ति जो ऊर्जा का स्रोत बन सकती थी वह सर्वनाश का प्रतीक बन गई। विज्ञान की सबसे बड़ी उपलब्धि ने ही मनुष्य को सबसे अधिक डरा दिया। आज हम अंतरिक्ष में बस्तियां बसाने की सोच रहे हैं लेकिन धरती पर शांति स्थापित करने में अब भी संघर्ष कर रहे हैं।

युद्ध ने तकनीकी विकास को गति तो दी है पर मानवीय मूल्यों को पीछे धकेल दिया है। हवाई जहाज से लेकर रडार और इंटरनेट तक कई महान आविष्कार युद्ध की जरूरतों के कारण ही अस्तित्व में आए। सेनाओं को बेहतर संचार चाहिए था इसलिए हमने सूचना क्रांति का सूत्रपात किया। सैनिकों की जान बचाने के लिए चिकित्सा विज्ञान ने नई ऊंचाइयां छुईं। लेकिन क्या इस भौतिक उन्नति की कीमत उन करोड़ों मासूमों की जान से ज्यादा है जो इन युद्धों में स्वाहा हो गए। सभ्यता का विकास तभी सार्थक है जब वह संवेदनशील समाज का निर्माण करे। आज की दुनिया हथियारों के ढेर पर बैठी है और एक छोटी सी चूक सदियों की मेहनत को राख कर सकती है।

आधुनिक युग में युद्ध का स्वरूप बदल गया है। अब केवल सीमाओं पर गोलियां नहीं चलतीं बल्कि आर्थिक और साइबर युद्ध के माध्यम से भी देशों को घुटनों पर लाया जाता है। हमने विकास के नाम पर प्रकृति को भी युद्ध का मैदान बना दिया है। जंगलों का कटना और प्रदूषण का बढ़ना भी एक तरह का युद्ध ही है जो हम अपनी आने वाली पीढ़ियों के खिलाफ लड़ रहे हैं। सच्चा विकास वह है जो समन्वय और सहअस्तित्व की भावना पर आधारित हो। मानवीय सभ्यता का भविष्य इस बात पर निर्भर नहीं करता कि हमारे पास कितने उन्नत हथियार हैं बल्कि इस पर निर्भर करता है कि हम आपसी मतभेदों को कितनी समझदारी से सुलझाते हैं।

सभ्यता की लंबी यात्रा में हमने बहुत कुछ सीखा है। हमने लोकतंत्र को अपनाया और मानवाधिकारों की बात की। अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं बनाई गईं ताकि संवाद के माध्यम से विवाद सुलझाए जा सकें। यह इस बात का संकेत है कि मनुष्य अब युद्ध की विभीषिका से ऊब चुका है। वह शांति और प्रेम की भाषा समझना चाहता है। बुद्ध और गांधी जैसे महापुरुषों ने हमें अहिंसा का मार्ग दिखाया जो आज भी सबसे अधिक प्रासंगिक है। विकास की परिभाषा केवल ऊंचे भवन और तेज रफ्तार गाड़ियां नहीं होनी चाहिए। एक ऐसा समाज जहां हर व्यक्ति सुरक्षित महसूस करे वही वास्तव में विकसित समाज कहलाने का अधिकारी है।

अंत में हमें यह समझना होगा कि युद्ध कभी किसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता। हर युद्ध अपने पीछे विनाश और प्रतिशोध की नई कहानियां छोड़ जाता है। मानवीय सभ्यता का वास्तविक उत्कर्ष तभी संभव है जब हमारी बुद्धि और हृदय के बीच संतुलन हो। हम विज्ञान की शक्ति का उपयोग दुखों को दूर करने के लिए करें न कि नए जख्म देने के लिए। भविष्य की राहें तभी प्रशस्त होंगी जब हम हथियारों को त्याग कर ज्ञान और करुणा के दीप जलाएंगे। सभ्यता की मशाल को जलते रहने के लिए शांति की हवा की जरूरत है न कि नफरत के तूफान की। मनुष्य को मनुष्य से जोड़ना ही विकास की अंतिम मंजिल होनी चाहिए।

 

© श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव

समीक्षक, लेखक, व्यंगयकार

लंदन प्रवास पर

ए २३३, ओल्ड मीनाल रेसीडेंसी, भोपाल, ४६२०२३, मो ७०००३७५७९८

readerswriteback@gmail.कॉम, apniabhivyakti@gmail.com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ अभी अभी # ९६० ⇒ कदर जाने ना ☆ श्री प्रदीप शर्मा ☆

श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए दैनिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “कदर जाने ना।)

?अभी अभी # ९६० ⇒ आलेख – कदर जाने ना ? श्री प्रदीप शर्मा  ? 

हम सभी की भावनाओं का ख्याल रखते हैं, और महिलाओं का सम्मान ही नहीं, कद्र भी करते हैं। साहित्य ने भले ही हमारी कद्र ना की हो, हम संगीत के कद्रदान हैं, और फिल्मी संगीत सुन सुनकर ही आज कानसेन बन बैठे हैं।

हमें ना तो कोई शिकायत जमाने से है और न ही कोई शिकायत अपनी पत्नी से। जिस तरह संगीत ने पिछले सत्तर सालों से हमारा साथ निभाया है, हमारी धर्मपत्नी भी पचास वर्षों से हमारा साथ निभाती चली आ रही है।

चले थे साथ मिलकर, चलेंगे साथ मिलकर। तुम्हें रुकना पड़ेगा, मेरी आवाज सुनकर।।

संगीत की हमारी शिक्षा दीक्षा केवल रेडियो सीलोन सुनने तक ही सीमित रही। आप चाहें तो हमें एक अच्छा श्रोता कह सकते हैं। हुस्न, इश्क, जुल्फ और दामन जैसे शब्द हमने यहीं से सीखे हैं। सहगल का दौर निकल चुका था और अनारकली, बैजू बावरा, मुगले आजम और मेरे महबूब का जमाना था। सुरैया, शमशाद, नूरजहां और खुर्शीद के साथ लता, आशा, रफी, तलत, किशोर और राजकपूर की आवाज मुकेश, के तराने लोग गुनगुनाते रहते थे।

जब जीवन में कोई कद्रदान मिलता है, तो आपकी लाइफ बन जाती है। आप किसी के हसबैंड बन जाते हैं, कोई आपकी वाइफ बन जाती है। आपने, अपना बनाया, मेहरबानी आपकी! हम तो इस काबिल ना थे, है कद्रदानी आपकी।।

मदनमोहन ही तो लाए थे वह खूबसूरत नगमा हमारे लिए!

आपकी नज़रों ने समझा, प्यार के काबिल हमें, और, जी हमें मंजूर है, आपका हर फैसला।

हर नजर कह रही, बंदा परवर शुक्रिया।

गृहस्थी की गाड़ी बस ऐसे ही तो चल निकली थी हमारी भी। सारे तीज, त्योहार और उत्सव कितने उत्साह से संपन्न होते थे। हरताली तीज हो अथवा करवा चौथ! तुम्हीं मेरे मंदिर, तुम्हीं मेरी पूजा। तुम्हीं देवता हो, तुम्हीं देवता। हमें अपने आप पर भरोसा नहीं होता था जब ऐसे गीत कानों में पड़ते थे; मैं तो भूल चली बाबुल का देस, पिया का घर प्यारा लगे।।

हमारे गीतकार वर्मा मलिक भी कम नहीं आग में घी डालने में! तेरी दो टकियां दी नौकरी, मेरा लाखों का सावन जाए। हाय हाय ये मजबूरी, ये मौसम और ये दूरी। लेकिन हमारी धर्मपत्नी बहुत समझदार निकली। छोड़ दें सारी दुनिया, किसी के लिए। ये मुनासिब नहीं आदमी के लिए। प्यार से जरूरी कई काम हैं, प्यार सब कुछ नहीं आदमी के लिए।

लेकिन किसे पता था, उम्र के इस पड़ाव पर आकर हमें भी मदन मोहन का ही यह गीत भी सुनना पड़ेगा ;

कदर जाने ना

मोरा बालम, बेदर्दी

कदर जाने ना …

हम संगीत प्रेमी तरानों और पत्नी के तानों को बराबर का महत्व और सम्मान देते हैं। आखिर इन ५० बरसों में ऐसा क्या बदल गया कि बालम, बेदर्दी हो गए। हमने तो कभी नहीं कहा, सजनवा बैरी हो गए हमार। कुछ तो गड़बड़ है।।

उम्र के साथ अगर महिलाएं धार्मिक होती चली जाती हैं तो पुरुष पॉलिटिकल! जिस टीवी पर कभी पूरा परिवार बैठकर दूरदर्शन देखता था, आजकल धर्मपत्नी में आस्था और सत्संग के संस्कार जाग गए हैं। न्यूज, शेयर मार्केट और कॉमेडी शो के लिए पति को मोबाइल और लैपटॉप का सहारा लेना पड़ता है। घर, घर नहीं, राज्यसभा लोकसभा टी वी हो चला है।

टेबल पर पत्नी चाय रखकर चली गई है, सीहोर वाले लाइव आ रहे हैं। नाश्ता कब का ठंडा हुआ पड़ा है। कानों में कुछ गर्मागर्म शब्द प्रवेश कर रहे हैं। पूरी जिंदगी इनके लिए खपा दी, लेकिन इन्होंने हमारी कभी कद्र ही नहीं की।।

लेकिन शब्द मोम बनकर नहीं पिघल रहे। लता का मधुर स्वर याद आ रहा है ;

लाख जतन करूं

बात न माने जी

बात न माने

मेरा दरद न जाने जी।

कदर जाने ना

हो कदर जाने ना

मोरा बालम बेदर्दी

कदर जाने ना …

सोचता हूं, अगर अभी भी कद्र नहीं जानी, तो बहुत देर हो जाएगी। घर घर की यही कहानी है। जागो बेदर्दी बालमों, अब तो जागो।।

♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈

Please share your Post !

Shares