(सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश” जी का हिन्दी बाल -साहित्य एवं हिन्दी साहित्य की अन्य विधाओं में विशिष्ट योगदान हैं। श्री ओमप्रकाश जी के साप्ताहिक स्तम्भ “श्री ओमप्रकाश जी की लघुकथाएं ” के अंतर्गत उनकी मानवीय दृष्टिकोण से परिपूर्ण लघुकथाएं आप प्रत्येक गुरुवार को पढ़ सकते हैं। आज प्रस्तुत है उनकी शिक्षाप्रद लघुकथा “जनरेशन गेप ”। )
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – श्री ओमप्रकाश जी की लघुकथाएं – #5 ☆
☆ जनरेशन गेप ☆
पापाजी उसे समझा रहे थे ,” सीमा बेटी ! अब तुम्हारी सगाई हो गई है . अब इस तरह यार दोस्तों के साथ घूमने जाना, सिनेमा देखना, शापिंग करना ठीक नहीं है ?….” पापाजी उसे आगे कुछ समझते कि सीमा ने उन्हें बीच में रोकते हुए कहा , ” पापाजी ! आप भी ना , १७ वी सदी की बातें कर रहे है. हम नई पीढ़ी के लोग हैं. ऐसी पुरानी बातों में विश्वास नहीं करते हैं .”
अभी सीमा अपने पिताजी को जनरेशन गेप पर कुछ और लेक्चर सुनाती कि उस के मोबाइल के वाट्सएप्प पर एक सन्देश आ गया. जिसे पढ़- देख कर सीमा ‘धम्म’ से जमीन पर बैठ गई .
“क्या हुआ ?” सीमा के चेहर पर उड़ती हवाईया देख कर पापाजी ने पूछा तो सीमा ने अपना मोबाइल आगे कर दिया. जिस में एक फोटो डला हुआ था और नीचे लिखा था , ” सीमा ! मैं इतना भी आधुनिक नहीं हुआ हूँ कि अपनी होने वाली बीवी को किसी और के साथ सिनेमा देखते हुए बर्दाश्त कर जाऊ. इसलिए मैं तुम्हारे साथ मेरी सगाई तोड़ रह हूँ.”
यह पढ़- देख कर पापाजी के मुंह से निकल गया , “बेटी ! यह कौन सा जनरेशन गेप है ? मैं समझ नहीं पाया ?”
शायद सीमा भी इसे समझ नहीं पाई थी. इसलिए चुपचाप रोने लगी .
(श्री सुजित कदम जी की कवितायेँ /आलेख/कथाएँ/लघुकथाएं अत्यंत मार्मिक एवं भावुक होती हैं। इन सबके कारण हम उन्हें युवा संवेदनशील साहित्यकारों में स्थान देते हैं। उनकी रचनाएँ हमें हमारे सामाजिक परिवेश पर विचार करने हेतु बाध्य करती हैं। अब आप श्री सुजित जी की रचनाएँ “साप्ताहिक स्तम्भ – सुजित साहित्य” के अंतर्गत प्रत्येक गुरुवार को पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है उनकी कविता आभाळ दाटून आलं की..!)
(अग्रज एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सुरेश कुशवाहा ‘तन्मय’ जी जीवन से जुड़ी घटनाओं और स्मृतियों को इतनी सहजता से लिख देते हैं कि ऐसा लगता ही नहीं है कि हम उनका साहित्य पढ़ रहे हैं। अपितु यह लगता है कि सब कुछ चलचित्र की भांति देख सुन रहे हैं। आज के साप्ताहिक स्तम्भ “तन्मय साहित्य ” में प्रस्तुत है एक ऐसी ही लघुकथा “वातानुकूलित संवेदना”।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – तन्मय साहित्य – #4 ☆
☆ वातानुकूलित संवेदना ☆
एयरपोर्ट से लौटते हुए रास्ते में सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे पत्तों से छनती तीखी धूप-छाँव में साईकिल रिक्शे पर सोये हुए एक व्यक्ति पर अचानक नज़र पड़ी।
लेखकीय कौतूहलवश गाड़ी रुकवाकर उसके पास पहुँचा।
देखा – वह खर्राटे भरते हुए गहरी नींद सो रहा था।
समस्त सुख-संसाधनों के बीच मुझ जैसे अनिद्रा रोग से ग्रस्त सर्व सुविधा भोगी व्यक्ति को जेठ माह की चिलचिलाती गर्मी में इतने इत्मिनान से नींद में सोये इस रिक्शेवाले की नींद से कुछ ईर्ष्या सी होने लगी।
इस भीषण गर्मी व लू के थपेड़ों के बीच खुले में रिक्शे की सवारी वाली सीट पर धनुषाकार, निद्रामग्न रिक्शा चालक के इस कारुण्य दृश्य को आत्मसात कर वहाँ से अपनी लेखकीय सामग्री बटोरते हुए वापस अपनी कार में सवार हो गया
अनायास रिक्शेवाले से मिले इस नये विषय पर एक कहानी बुनने की उधेड़बुन मेरे संवेदनशील मस्तिष्क में उमड़ने-घुमड़ने लगी।
घर पहुंचते ही सर्वेन्ट रामदीन को कुछ स्नैक्स व कोल्ड्रिंक का आदेश दे कर अपने वातानुकूलित कक्ष में अभी-अभी मिली कच्ची सामग्री के साथ लैपटॉप पर एक नई कहानी बुनने में लग गया।
‘गेस्ट’ को छोड़ने जाने और एयरपोर्ट से यहाँ तक लौटने की भारी थकान के बावजूद— आज सहज ही राह चलते मिली इस संवेदनशील मार्मिक कहानी को लिख कर पूरी करते हुए मेरे तन-मन में एक अलग ही स्फूर्ति व उल्लास है।
रिक्शाचालक पर तैयार मेरी इस सशक्त दयनीय कहानी को पढ़ने के बाद मेरे अन्तस पर इतना असर हो रहा है कि, इस विषय पर कुछ कारुणिक काव्य पंक्तियाँ भी खुशी से मन में हिलोरें लेने लगी है।
अब इस पर कविता लिखना इसलिए भी आवश्यक समझ रहा हूँ कि – हो सकता है, यही कविता या कहानी इस अदने से रिक्शे वाले के ज़रिए मुझे किसी प्रतिष्ठित मुकाम तक पहुंचा दे।
(आज प्रस्तुत है सुश्री प्रभा सोनवणे जी के साप्ताहिक स्तम्भ “कवितेच्या प्रदेशात” में उनकी एक ऐसी कविता जो वर्तमान पीढ़ी की प्रत्येक सास अपनी बहू के लिए मन ही मन लिखती होंगी । किन्तु , प्रत्यक्ष में कोई प्रदर्शित कर पाती हैं और कोई नहीं कर पाती । कभी अहंकार (Ego) आड़े आ जाता है तो कभी कुछ। आपकी कविता में बहू ही नहीं बेटी का स्वरूप भी दिखाई देता है। सुश्री प्रभा जी को निश्चित रूप से ऐसे उत्कृष्ट साहित्य के लिए साधुवाद और उनकी लेखनी को नमन।
सास और बहू के रिश्तों पर उनकी भावना उनके ही शब्दों में –
“ सासू सुनेचं नातं युगानुयुगे वादग्रस्तच ठरलेलं आहे……माझ्या सूनेबद्दल च्या भावना व्यक्त करणारी कविता….
आजच्या #कवितेच्या प्रदेशात मध्ये! ” – प्रभा सोनवणे
अब आप प्रत्येक बुधवार को सुश्री प्रभा जी का साप्ताहिक स्तम्भ – “कवितेच्या प्रदेशात” पढ़ सकते हैं । )
(संस्कारधानी जबलपुर की श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’ जी की लघुकथाओं का अपना संसार है। साप्ताहिक स्तम्भ – श्रीमति सिद्धेश्वरी जी की लघुकथाएं शृंखला में आज प्रस्तुत हैं उनकी एक भावुक एवं मार्मिक लघुकथा “निःशब्द ”। )
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – श्रीमति सिद्धेश्वरी जी की लघुकथाएं # 5 ☆
☆ निःशब्द ☆
दामोदर एक साधारण व्यक्ति। कद काठी सामान्य । थुलथला बदन और पान के शौकीन। मुंह से चारों तरफ से पान गिरना। गरीबी के कारण बुढापा जल्दी आ गया था। 50-52 साल के परन्तु लगते 70 साल के। प्लंबर का काम, घर घर जाकर काम करना जो उन्हें बुला ले। बेटे के नालायक निकल जाने के कारण दामोदर टूट चुके थे। पत्नी और बिना ब्याही बिटिया घर पर। रोजी से जो कुछ भी मिलता अपनी पत्नी को पूरा का पूरा ले जाकर दे देना।
अपने लिए कभी किसी से मांगने नहीं जाते। खुशी से दे दे तो गदगद हो जाना और यदि मेहनताना कम मिले तो कुछ कहना ही नहीं बस चलते बनना। उनके इस व्यवहार के कारण, सिविल एरिया पर नल सुधारना, पाईप बदलना छोटे-छोटे काम के लिये सिर्फ़ दामोदर का ही नाम होता था। सब काम बहुत मन लगाकर करना।
लगभग 3-4 महिने से दामोदर कहीं भी दिखाई नहीं दे रहे थे। सभी एक दूसरे से पूछते पर कहीं गांव में रहने के कारण उनका पता कोई नहीं जान रहा था। सिर्फ एक मोबाइल नंबर दे रखा था उसने।
अचानक एक दिन किचन का नल खराब हो जाने से, उस नम्बर पर काल करने से उधर से आवाज आई…. “कौन साहब बोल रहे हैं?”
“दामोदर जी घर पर है क्या?…..” बात शुरू करना चाहते थे। परन्तु उनकी पत्नी इतना ही बोल सकी, “वे अब इस दुनिया में नहीं रहे। एक माह पहले उनका देहांत हो गया।”
फोन पर “हैलो, हैलो….. ” की आवाज आती रही। पर उत्तर पर ‘निःशब्द ‘ कुछ बोल न सके। लगा शायद फोन आज डेड हो गया है।
(वरिष्ठ मराठी साहित्यकार श्री अशोक श्रीपाद भांबुरे जी का अपना एक काव्य संसार है । साप्ताहिक स्तम्भ अशोक भांबुरे जी यांची कविता अभिव्यक्ती शृंखला की अगली कड़ी में प्रस्तुत है एक कवि हृदय की कल्पना और कल्पना की सीमाओं में बंधी कविता “उडताही नाही आले”।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – अशोक भांबुरे जी यांची कविता अभिव्यक्ती # 5 ☆
उडताही नाही आले
बाहेर मला घरट्याच्या पडताही नाही आले
पंखाना धाक असा की उडताही नाही आले
हे बांध घातले त्यांनी हुंदके अडवले होते डोळ्यात झरे असतांना रडताही नाही आले
या काळ्या बुरख्या मागे मी किती दडवले अश्रू पुरुषांची मक्तेदारी नडताही नाही आले
धर्माचे छप्पर होते जातींच्या विशाल भिंती
मज सागरात प्रीतीच्या बुडताही नाही आले
या गोर्या वर्णाचीही मज भिती वाटते आता त्या अंधाराच्या मागे दडताही नाही आले
वरदान मला सृजनाचे नाकार कितीही वेड्या खुडण्याचे धाडस केले खुडताही नाही आले
(श्री जयप्रकाश पाण्डेय जी की पहचान भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी के अतिरिक्त एक वरिष्ठ साहित्यकार की है। वे साहित्य की विभिन्न विधाओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं। उनके व्यंग्य रचनाओं पर स्व. हरीशंकर परसाईं जी के साहित्य का असर देखने को मिलता है। परसाईं जी का सानिध्य उनके जीवन के अविस्मरणीय अनमोल क्षणों में से हैं जिन्हें उन्होने अपने हृदय एवं साहित्य में सँजो रखा है । उन्होने यह साप्ताहिक स्तम्भ “जय प्रकाश पाण्डेय का सार्थक साहित्य” प्रारम्भ करने का आग्रह स्वीकार किए इसके लिए हम हृदय से आभारी हैं। प्रस्तुत है साप्ताहिक स्तम्भ की प्रथम कड़ी में उनकी एक कविता “तुम्हें सलाम”। अब आप प्रत्येक सोमवार उनकी साहित्य की विभिन्न विधाओं की रचना पढ़ सकेंगे।)
(सुप्रसिद्ध युवा साहित्यकार, विधि विशेषज्ञ, समाज सेविका के अतिरिक्त बहुआयामी व्यक्तित्व की धनी सुश्री अनुभा श्रीवास्तव जी के साप्ताहिक स्तम्भ के अंतर्गत हम उनकी कृति “सकारात्मक सपने” (इस कृति कोम. प्र लेखिका संघ का वर्ष २०१८ का पुरस्कार प्राप्त) को लेखमाला के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं। साप्ताहिक स्तम्भ – सकारात्मक सपने के अंतर्गत आज पाँचवी कड़ी में प्रस्तुत है “जैसा खाओ अन्न, वैसा रहे मन” इस लेखमाला की कड़ियाँ आप प्रत्येक सोमवार को पढ़ सकेंगे।)
स्वस्थ्य तन में ही स्वस्थ्य मन का निवास होता है. जीवन में सात्विकता का महत्व निर्विवाद है.संस्कारों व विचारो में पवित्रता मन से आती है, मन में शुचिता भोजन से आती है.इसीलिये निरामिष भोजन का महत्व है. बाबा रामदेव ने भी फलाहार तथा शाक सब्जियों के रस को जीवन शैली में अपनाने हेतु अभियान चला रखा है. किन्तु पिछले दिनों सी एस आई आर दिल्ली के एक वैज्ञानिक की लौकी के रस के सेवन से ही मृत्यु हो गई. लौकी के उत्पादन को व्यवसायिक रूप से बढ़ाने के लिये लौकी के फलों में प्रतिबंधित आक्सीटोन के हारमोनल इंजेक्शन लगाया जा रहे हैं.
कम से कम समय में फसलों के अधिकाधिक उत्पादन हेतु रासायनिक खाद का बहुतायत से उपयोग हो रहा है, फसल को कीड़ों के संभावित प्रकोप से बचाने के लिये रासायनिक छिड़काव किया जा रहा है. विशेषज्ञों की निगरानी के बिना किसानो के द्वारा जमीन की उर्वरा शक्ति बढ़ाने के लिये व किसी भी तरह फसल से अधिकाधिक आर्थिक लाभ कमाने के लिये आधुनिकतम अनुसंधानो का मनमानी तरीके से प्रयोग किया जा रहा है. इस सब का दुष्प्रभाव यह हो रहा है कि पौधों की शिराओ से जो जीवन दायी शक्ति फल, सब्जियों, अन्न में पहुंचनी चाहिये, उसमें नैसर्गिकता का अभाव है,हरित उत्पादनो में रासयनिक उपस्थिति आवश्यकता से बहुत अधिक हो रही है. यही नही खेतों की जमीन में तथा बरसात के जरिये पानी में घुलकर ये रसायन नदी नालों के पानी को भी प्रदूषित कर रहे हैं.
यातायात की सुविधायें बढ़ी हैं, जिसके चलते काश्मीर के सेव, रत्नागिरी के आम, या भुसावल के केले सारे देश में खाये जा रहे हैं,यही नही विदेशों से भी फल सब्जी का आयात व निर्यात हो रहा है. इस परिवहन में लगने वाले समय में फल सब्जियां खराब न हो जावें इसलिये उन्हें सुरक्षित रखने के लिये भी रसायनो का धड़ल्ले से उपयोग किया जा रहा है.
विक्रेता भी फल व सब्जियां ताजी दिखें इसलिये उन्हें रंगने से नही चूक रहे, फल व सब्जियों की प्राकृतिक चमक तो इस लंबे परिवहन में लगे समय से समाप्त हो जाती है किन्तु उन्हें वैसा दिखाने हेतु क्लोरोफार्म जैसे रसायनो का उपयोग किया जा रहा है. व्यवसायिक लाभ के लिये आम आदि, कच्चे फलों को जल्दी पकाने के लिये कार्बाइड का उपयोग धड़ल्ले से हो रहा है. इथेफान नामक रसायन से केले समय से पहले पकाये जा रहे हैं.
जनसामान्य का नैतिक स्तर इतना गिर चुका है कि केवल धनार्जन के उद्देश्य की पूर्ति हेतु अप्रत्यक्ष रूप से यह जो रासायनिक जहर शनैः शनैः हम तक पहुंच रहा है उसके लिये किसी के मन में कोई अपराधबोध नहीं है. सरकार इतनी पंगु है कि उसका किसी तरह कोई नियंत्रण इस सारी कुत्सित व्यवस्था पर नहीं है. आबादी बढ़ रही है, येन केन प्रकारेण इस बढ़ती जनसंख्या की आवश्यकताओ की पूर्ति हेतु हम उत्पादन बढ़ाने की अंधी दौड़ में लगे हुये हैं, किसी को भी इस प्रदूषण के दूरगामी परिणामों की कोई चिंता नहीं है, व्यवस्थायें कुछ ऐसी हैं कि हम बस आज में जीने पर विवश हे.
आर्गेनिक उत्पाद के नाम पर जो लोग नैसर्गिक तरीको से उत्पादित फल व सब्जियां बाजार में लेकर आ रहे हैं वे भी लोगों की इस भावना का अवांछित नगदीकरण ही कर रहे हैं.कथित नैसर्गिक उत्पादो के मूल्य नियंत्रण हेतु कोई व्यवस्था नही है, आर्गेनिक उत्पाद का उपयोग अभिजात्य वर्ग के बीच स्टेटस सिंबाल हो चला है.
बीटी बैगन का मसला
पहली जेनेटिकली मोडिफाइड खाद्य फसल बीटी बैगन के जरिए पैदा हुए विवाद ने ऐसी फसल के बारे में कई महत्त्वपूर्ण मुद्दे उठाये हैं. देश विदेश में अनेक कृषि अनुसंधान हो रहे हैं, जेनेटिकली मोडिफाइड खाद्य फसलें बनाई जा रही हैं. बीटी बैगन को महिको ने अमेरिकी कंपनी मोनसेंटो के साथ मिलकर विकसित किया है. बीटी बैगन में मिट्टी में पाया जाने वाला “क्राई 1 एसी” नामक जीन डाला गया है, इससे निकलने वाले जहरीले प्रोटीन से बैगन को नुकसान पहुंचाने वाले फ्रूट एंड शूट बोरर नामक कीड़े मर जाएंगे. दरअसल, बीटी बैगन को लेकर आशकाएं कम नहीं हैं. सामान्यतया एक ही फसल की विभिन्न किस्मों से नई किस्में तैयार की जाती हैं लेकिन जेनेटिक इंजीनियरिंग में किसी भी अन्य पौधे या जंतु का जीन का किसी पौधे या जीव में प्रवेश कराया जाता है जैसे सूअर का जीन मक्का में, इसी कारण यह उपलब्धि संदिग्ध व विवादास्पद बन गई है. बिना किसी जल्दबाजी या अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों के दबाव के बहुत समझदारी से विशेषज्ञों की राय के अनुसार इस मसले पर निर्णय लिये जाने की जरूरत है.
जैविक खेती ही एक मात्र समाधान
आखिर इस समस्या का निदान क्या है ? भारत की परंपरागत धरती पोषण की नीति को अपनाकर गोबर, गोमूत्र और पत्ते की जैविक खाद के प्रयोग को बढ़ावा दिये जाने की जरूरत है. हम भूलें नहीं कि भारत की लंबी संस्कृति लाखों साल की जानी-मानी परखी हुई परंपरा है. इससे धरती की उपजाऊ शक्ति कभी कम नहीं हुई. पिछले कुछ हीं दशकों में रासायनिक खाद का प्रचार-प्रसार किया गया और इसका आयात अंधाधुंध ढंग से हुआ. यदि हम इसी वर्तमान नीति पर चलते रहे तो भारत की खेती का वही हाल होगा जो आज चीन की खेती का हो रहा है. जैविक खेती करने के लिए किसानो को गायों का पालन करना होगा ताकि खेत में ही गोबर और गोमूत्र की उपलब्धि हो सके जिससे जैविक खाद बनाई जावे. महात्मा गांधी की ग्राम स्वायत्तता की परिकल्पना आज भी प्रासंगिक बनी हुई है. “है अपना हिंदुस्तान कहाँ वह बसा हमारे गाँवों में”.. भारत का प्रमुख उद्योग कृषि ही है, अतः देश व समाज के दीर्घकालिक हित में सरकार को तथा स्वयं सेवी संस्थानो को जनजागरण अभियान चलाकर भावी पीढ़ी के लिये इस दिशा में यथाशीघ्र निर्णायक कदम उठाने की जरूरत है.
(आपसे यह साझा करते हुए मुझे अत्यंत प्रसन्नता है कि वरिष्ठ साहित्यकार आदरणीय डॉ कुन्दन सिंह परिहार जी का साहित्य विशेषकर व्यंग्य एवं लघुकथाएं e-abhivyakti के माध्यम से काफी पढ़ी एवं सराही जाती रही हैं । अब हम प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – “परिहार जी का साहित्यिक संसार” शीर्षक के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते रहेंगे। आज प्रस्तुत है उनकी लघुकथा – “दो पिताओं की कथा ” जो निश्चित ही आपको यह सोचने पर मजबूर कर देगी कि बदलते सामाजिक परिवेश में दोनों पिताओं में किसका क्या कसूर है? कौन सही है और कौन गलत? इससे भी बढ़कर प्रश्न यह है कि इस परिवेश में समाज की भूमिका क्या रह जाएगी? ऐसे ही साप्ताहिक स्तंभों के माध्यम से आप तक उत्कृष्ट साहित्य पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – परिहार जी का साहित्यिक संसार # 5 ☆
☆ दो पिताओं की कथा☆
कस्बे के एक समाज के प्रमुख सदस्यों की बैठक थी। समाज के एक सदस्य रामेश्वर प्रसाद की बेटी ने घर से भाग कर अन्तर्जातीय विवाह कर लिया था। अब लड़की-दामाद रामेश्वर प्रसाद के घर आना चाहते थे लेकिन रामेश्वर भारी क्रोध में थे। उनके खयाल से बेटी ने उनकी नाक कटवा दी थी और उनके परिवार की दशकों की प्रतिष्ठा धूल में मिल गयी थी।
बैठक में इस प्रकरण पर विचार होना था। समाज के एक सदस्य किशोरीलाल एक माह पहले अपनी बेटी का विवाह धूमधाम से करके निवृत्त हुए थे। लड़के वालों की मांगें पूरी करने में वे करीब दस लाख से उतर गये थे। इस बैठक में वे ही सबसे ज़्यादा मुखर थे।
रामेश्वर प्रसाद को इंगित करके वे बोले, ‘असल में बात यह है कि कई लोग अपने बच्चों को ‘डिसिप्लिन’ में नहीं रखते, न उन्हें संस्कार सिखाते हैं। इसीलिए ऐसी घटनाएं होती हैं। हमारी भी तो लड़की थी। गऊ की तरह चली गयी।’
रामेश्वर प्रसाद गुस्से में बोले, ‘यहाँ फालतू लांछन न लगाये जाएं तो अच्छा। हम अपने बच्चों को कैसे रखते हैं और उन्हें क्या सिखाते हैं यह हम बेहतर जानते हैं।’
समाज के बुज़ुर्ग सदस्यों ने किशोरीलाल को चुप कराया। फिर समस्या पर विचार-विमर्श हुआ। यह निष्कर्ष निकला कि लड़कों लड़कियों के द्वारा अपनी मर्जी से दूसरी जातियों में विवाह करना अब आम हो गया है, इसलिए इस बात पर हल्ला-गुल्ला मचाना बेमानी है। रामेश्वर प्रसाद को समझाया गया कि गुस्सा थूक दें और बेटी-दामाद का प्रेमपूर्वक स्वागत करें। अपनी सन्तान है, उसे त्यागा नहीं जा सकता। रामेश्वर प्रसाद ढीले पड़ गये। मन में कहीं वे भी यही चाहते थे, लेकिन समाज के डर से टेढ़े चल रहे थे।
यह निर्णय घोषित हुआ तो किशोरीलाल आपे से बाहर हो गये। चिल्ला चिल्ला कर बोले, ‘हमारी लड़की की शादी में दस लाख चले गये, हम कंगाल हो गये, और इनको मुफ्त में दामाद मिल गया। या तो इनको समाज से बहिष्कृत किया जाए या फिर समाज मेरे दस लाख मुझे अपने पास से दे।’
वे चिल्लाते चिल्लाते माथे पर हाथ रखकर बिलखने लगे और समाज के सदस्य उनका क्रन्दन सुनकर किंकर्तव्यविमूढ़ बैठे रहे।
( “साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच “ के लेखक श्री संजय भारद्वाज जी का साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं और जीवन के कटु अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।
श्री संजय जी के ही शब्दों में ” ‘संजय उवाच’ विभिन्न विषयों पर चिंतनात्मक (दार्शनिक शब्द बहुत ऊँचा हो जाएगा) टिप्पणियाँ हैं। ईश्वर की अनुकम्पा से इन्हें पाठकों का आशातीत प्रतिसाद मिला है।”
हम प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते रहेंगे। आज प्रस्तुत है इस शृंखला की द्वितीय कड़ी। ऐसे ही साप्ताहिक स्तंभों के माध्यम से हम आप तक उत्कृष्ट साहित्य पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।)
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच # 2 ☆
मनुष्य चंचलमना है। एक काम निरंतर नहीं कर सकता। उत्सवधर्मी तो होना चाहता है पर उत्सव भी रोज मना नहीं पाता।
वस्तुतः वासना अल्पजीवी है। उपासना शाश्वत है। कुछ क्षण, कुछ घंटे, कुछ दिन, महीने या धन की हो तो जीवन का एक कालखंड, इससे अधिक नहीं ठहर पाती मनुष्य की वासना। उपासना जन्म-जन्मांतर तक चल सकती है।
उपासना अर्थात धूनि रमाना भर नहीं है। सच्ची धूनि रमाना बहुत बड़ी बात है, हर किसीके बस की नहीं।
उपासक होने का अर्थ है-जिस भी क्षेत्र में काम कर रहे हो अथवा जिस कर्म के प्रति रुचि है, उसमे डूब जाओ, उसके लिए समर्पित हो जाओ। अपने क्षेत्र में अनुसंधान करो। उसमें नया और नया तलाशो, उसे अधिक और अधिक आनंददायी करने का मार्ग ढूँढ़ो।
हमारी हाउसिंग सोसायटी में हर घर से कूड़ा एकत्र कर सार्वजनिक कूड़ेदान में फेंकने का काम करनेवाला स्वच्छताकर्मी अपने साथ गत्ते के टुकड़े लेकर चलता है। डस्टबिन में नीचे गत्ता या मोटा कागज़ लगाता है। कुछ दिनों में कचरे से गत्ता या कागज़ जब गल जाता है, उसे बदलता है। यह उसके निर्धारित काम का हिस्सा नहीं है पर धूनि ऐसे भी रमाई जाती है।
उपासना ध्यानस्थ करती है। ध्यान आत्मसाक्षात्कार कराता है। स्वयं से साक्षात्कार परिष्कार करता है। परिष्कार चिंतन को दिशा देता है। चिंतन, चेतना में रूपांतरित होता है। चेतना, दिव्यता का आविष्कार करती है। दिव्यता जीवन को सच्चे उत्सव में बदलती है। साँस-साँस उत्सव मनाने लगता है मनुष्य।
आज संकल्प करो, न करो। बस उपासना के पथ पर डग भरो। आवश्यक नहीं कि इस जन्म में उत्सव तक पहुँचो ही। पर जो राह उत्सव तक ले जाए, उस पर पाँव रखना क्या किसी उत्सव से कम है?